Friday, 10 March 2017

चीनी कितने चम्मच

मैंने झुंझलाते हुए रिजर्वेशन चार्ट में अपनी सीट देखी , आदत से मजबुर अपने बगल वाली सीट के यात्री का विवरण भी देखने लगा , नाम : रूचि मिश्रा , उम्र , 27 साल . सोचा चलो सफर अच्छा रहेगा , " रूचि मिश्रा" कुछ सुना सा नाम लगा , फिर खुद पर ही हँसते हुए सोचा की मुझे तो सारे भारत भर की लडकियाँ जानी पहचानी लगाती है ..
दिल्ली वाले मामा ने मेरी शादी के लिए एक लड़की देखी थी ,और चाहते थे कि मै आ कर लड़की देख लू ,माँ कि 3 दिन की भूख हड़ताल और पापा के असहयोग आन्दोलन के बाद मैने अपने हथियार डाल दिए थे और आज कानपुर से दिल्ली जा रहा था ,लड़की देखने के बाद कौन कौन सी कमियाँ निकाल कर रिश्ते के लिए मना करना है उसके 26 बहाने अभी तक मै सोच चुका था , अभी तक लगभग 18 लड़कियों को मै ऐसे ही मना कर चुका था ,
लड़की देखने की औपचारिकता के बाद दिल्ली वाले दोस्तों के साथ मस्ती का फुल प्लान रेडी था .
खैर ट्रेन चलने के 4 मिनट पहले मुझे अपनी बगल की सीट के लिए आती जो लड़की दिखी उसे देख कर मै चौक गया . अरे ये तो वही है जिसने कल " Kanpur Womens Bank " का उदघाटन किया था ,और बतौर पत्रकार मैंने उस कार्यकम को कवर किया था , ह़ा रूचि मिश्रा नाम ही तो था , बैंक ऑफ विमेंस की Zonal Head .काफी अच्छा बोली थी ये कल , मै काफी प्रभावित हुआ था इनके विचारो से ,मैंने ध्यान से रूचि को देखा ,हल्का गोरा रंग माथे को ढ्पाते लम्बे बाल , सफेद कुर्ती ,नीली जींस ,माथे पर पेंट की छोटी सी पिली बिंदी ,और कोई मेंअप नही कोई दिखवा नही , आँखों में जिंदगी की वो चमक जो किसी को भी जीना सिखा दे , उसकी सुन्दरता उतेजना नही शांति देने वाली थी .
जैसे जैसे ट्रेन की रफ्तार बढ़ रही थी हमारी बाते भी रफ्तार पकड रही थी , मेरे अंदर का पत्रकार जग गया था , और वो रूचि से सवाल पर सवाल किये जा रहा था .
" तो रूचि जी ! , आपने अब तक शादी क्यों नही की ..? " मैंने बरबस ही सवाल किया .
जवाब देने की जगह रूचि कुछ पलो के लिए मेरे चेहरे को देखती रही जैसे कुछ तलाश रही हो , मुझे लगा गलत सवाल कर लिया है
" मेरा नाम भले ही रूचि हो , लेकिन कभी अपनी रूचि का कुछ नही कर पायी , अपने लिए कुछ अपने मन का करना था , इस लिए नही की शादी " एक चुप्पी के बाद रूचि ने जवाब दिया .
"मतलब , मै समझा नही ..? " मैंने उलझन भरे लहजे में पूछा .
रूचि ने कहना शुरु किया " मै उत्तर प्रदेश के छोटे से जिले से हू , छोटे शहरों की लड़कियों को बड़े सपने देखने का हक नही होता , मुझे भी नही था , माँ को 3 बेटियाँ थी , ये उनका वो गुनाह था जिसमे उनकी कोईं गलती नही थी , फिर भी उनको हरदम इसकी सजा मिली . हमारे यंहा लडकियाँ को इस लिए पढ़या जाता है ताकि वो पति के लिए तकिये पर " तुम कब आओगे " काढ़ सके , मुझे मैथ पसंद थी लेकिन घर वाले चाहते थे मै होम साइंस पढू , मुझे ऊची कूद पसंद पर सब चाहते थे की मै लेडिज संगीत में ढोलक बजाना सिखु , मेरे कुछ सपने थे जिन्हें मै पूरा करना चाहती थी ,और घर वाले शादी करके बोझ से छुटकारा "
" ह्म्म्म्म ..." मैंने एक लम्बी साँस ली और पैंट्री वाले से 2 चाय लाने के लिए बोला ,
" फिर ? "
" फिर क्या ? हर हफ्ते नीलामी वाले आने लगे , रुचि हल्की मुस्कान के साथ बोल रही थी , " जब लड़के वालो को आना होता था तो बेडसीट बदली जाती थी , कमरों के परदे बदले जाते थे ,काश हम खुद को भी बदल पाते ,बोन चाइना वाले कप निकाले जाते ,और एक लाल साड़ी में मुझे पैक करके उनके सामने बिठा दिया जाता , माँ पापा मेरे उन गुणों का बखान शुरू कर देते जो मुझे में है मुझे पता भी नही था , तरह के सवाल होते , पसंद नपसंद पूछी जाती ,
( काश कभी कोई मेरी पसंद भी पूछता ) किसी को शाकाहारी बहू चाहिए थी तो किसी को मांसाहारी , किसी हो घर सम्हालने वाली तो किसी को नौकरी वाली , मोल भाव होता
( हर लड़के की एक market value है ये मुझे पहले नही पता थी ) और इन सब के बीच में मै हो कर भी नही होती थी , मुझे इस नीलामी में सिर्फ 5 शब्द बोलने की इजाजत थी ताकि किसी को ये न लगे की मै गूंगी तो नही , जानते हो वो 5 शब्द क्या थे .? "
" नही आप बताये ? " मै खुद को अजीब सी बैचेनी में घिरा पा रहा था , उन दर्जनों लडकियों के चेहरे मेरी आँखों के सामने आ रहे रहे जिन्हें मैंने किन्ही न किन्ही वजहों से मना कर दिया था .
" चीनी कितने चम्मच लेगे आप ? " रूचि ने मुस्कुराते हुयी बोली ?
" मतलब " ??
" चीनी कितनी चम्मच लेगे आप " यही वो 5 शब्द थे जो मुझे अपनी नीलामी के दौरान बोलने थे , " रूचि ने मेरी आँखों में देखते हुए बोला .
"...जी " मै बस इतना ही बोल सका
" शुरू में कुछ दिन तो सब साथ थे ,फिर ..
देखे जाने के अगले दिन तक कोई न कोई नयी वजह आ जाती थी , जिस की वजह से रिश्ता नही हो सकता था , हर बार रिश्ता टूटने के बाद पिता जी माँ को शराब पी कर पिटते थे , जिस रिश्ते के होने की जीतनी उम्मीद होती उसके न होने पर माँ को मार उतनी ही ज्यादा पड़ती थी , पिता माँ को हम सब के बकरी कह के बुलाते थे क्युकी उनका बझस्थल छोटा था , इस लिए वो उन्हें कभी सम्पूर्ण स्त्री लगी ही नही "
मैं निशब्द सा सिर्फ उसे सुन रहा था ,शायद उस से नजरे मिलाने की हिम्मत नही थी मुझ में ,मेरे सारे सवाल दम तोड़ चुके थे।
एक छोटी चुप्पी के बाद रूचि ने फिर बोलना शुरू किया " जब 23वी बार भी मेरी नीलामी असफल रही तो पिता जी ने गुस्से में माँ का सर फोड़ दिया , मुझे भी मारा जिसका निशान अभी भी मेरे चेहरे पर है , " मैंने न चाहते हुए भी उसके चेहरे को देखा , माथे पर एक चोट का निशान था ,जिसे रूचि ने बहुत सफाई से बालो से छुपा रखा था . " ये चोट तन ज्यदा मन पर थी , मै माँ जैसी जिंदगी नही गुजरना चाहती थो ,मै अपने कल किसी और के हाथो में नही दे सकती थी , अब खुद को और नीलाम नही करवा सकती थी , मैंने घर छोड़ने का फैसला किया , और उसी दिन उस घर को हमेशा के लिए छोड़ दिया , और जो हू आपके सामने हू .. " आँखों में हल्की नमी के साथ रूचि ने अपनी बात खत्म की .
2 मिनट की चुप्पी के बाद मैंने पूछा " और माँ ?"
वो भरे गले से बोली " बस यही गम ही जी मै माँ अपने साथ न ला सकी , मैंने उन से बोल था मेरे साथ चलो पर अपना घर छोड़ कर आने को तैयार न हुयी ,... अपना घर जिसने उन्हें कभी अपना माना ही नही .."
मुझे लग रहा था की मेरे सामने रूचि मिश्रा नही एक आइना रखा है ,जिसमे अपना वो रूप देख रहा हू , जिस से मै बिलकुल अनजान रहा , मैंने मामा को sms कर दिया था , मै लड़की नही देखना चाहता , मुझे अभी शादी नही करनी , और अब मै किसी लड़की की नीलामी में शामिल नही होना चाहता
पैंट्री बॉय चाय दे गया था , चाय बनाते हुए अचानक से मेरे मुह से निकला " चीनी कितनी चम्मच लेगी आप ...? "

वासना की कड़ियाँ

बहादुर, भाग्यशाली क़ासिम मुलतान की लड़ाई जीतकर घमंउ के नशे से चूर चला आता था। शाम हो गयी थी, लश्कर के लोग आरामगाह की तलाश मे नज़रें दौड़ाते थे, लेकिन क़ासिम को अपने नामदार मालिक की ख़िदमत में पहुंचन का शौक उड़ाये लिये आता था। उन तैयारियों का ख़याल करके जो उसके स्वागत के लिए दिल्ली में की गयी होंगी, उसका दिल उमंगो से भरपूर हो रहा था। सड़कें बन्दनवारों और झंडियों से सजी होंगी, चौराहों पर नौबतखाने अपना सुहाना राग अलापेंगे, ज्योंहि मैं सरे शहर के अन्दर दाखिल हूँगा। शहर में शोर मच जाएगा, तोपें अगवानी के लिए जोर-शोर से अपनी आवाजें बूलंद करेंगी। हवेलियों के झरोखों पर शहर की चांद जैसी सुन्दर स्त्रियां ऑखें गड़ाकर मुझे देखेंगी और मुझ पर फूलों की बारिश करेंगी। जड़ाऊ हौदों पर दरबार के लोग मेरी अगवानी को आयेंगे। इस शान से दीवाने खास तक जाने के बद जब मैं अपने हुजुर की ख़िदमत में पहुँचूँगा तो वह बॉँहे खोले हुए मुझे सीने से लगाने के लिए उठेंगे और मैं बड़े आदर से उनके पैरों को चूम लूंगा। आह, वह शुभ घड़ी कब आयेगी? क़ासिम मतवाला हो गया, उसने अपने चाव की बेसुधी में घोड़े को एड़ लगायी। कासिम लश्कर के पीछे था। घोड़ा एड़ लगाते ही आगे बढा, कैदियों का झुण्ड पीछे छूट गया। घायल सिपाहियों की डोलियां पीछे छूटीं, सवारों का दस्ता पीछे रहा। सवारों के आगे मुलतान के राजा की बेगमों और मैं उन्हें और शहजादियों की पनसें और सुखपाल थे। इन सवारियों के आगे-पीछे हथियारबन्द ख्व़ाजासराओं की एक बड़ी जमात थी। क़ासिम अपने रौ में घोड़ा बढाये चला आता था। यकायक उसे एक सजी हुई पालकी में से दो आंखें झांकती हुई नजर आयीं। क्रासिंग ठिठक गया, उसे मालूम हुआ कि मेरे हाथों के तोते उड़ गये, उसे अपने दिल में एक कंपकंपी, एक कमजोरी और बुद्धि पर एक उन्माद-सा अनुभव हुआ। उसका आसन खुद-ब-खुद ढ़ीला पड़ गया। तनी हुई गर्दन झुक गयी। नजरें नीची हुईं। वह दोनों आंखें दो चमकते और नाचते हुए सितारों की तरह, जिनमें जादू का-सा आकर्षण था, उसके आदिल के गोशे में बैठीं। वह जिधर ताकता था वहीं दोनों उमंग की रोशनी से चमकते हुए तारे नजर आते थे। उसे बर्छी नहीं लगी, कटार नहीं लगी, किसी ने उस पर जादू नहीं किया, मंतर नहीं किया, नहीं उसे अपने दिल में इस वक्त एक मजेदार बेसुधी, दर्द की एक लज्जत, मीठी-मीठी-सी एक कैफ्रियत और एक सुहानी चुभन से भरी हुई रोने की-सी हालत महसूस हो रही थी। उसका रोने को जी चाहता था, किसी दर्द की पुकार सुनकर शायद वह रो पड़ता, बेताब हो जाता। उसका दर्द का एहसास जाग उठा था जो इश्क की पहली मंजिल है। क्षण-भर बाद उसने हुक्म दिया—आज हमारा यहीं कयाम होगा।

आधी रात गुजर चुकी थी, लश्कर के आदमी मीटी नींद सो रहे थे। चारों तरफ़ मशालें जलती थीं और तिलासे के जवान जगह-जगह बैठे जम्हाइयां लेते थे। लेकिन क़ासिम की आंखों में नींद न थी। वह अपने लम्बे-चौड़े पुरलुत्फ़ ख़ेमे में बैठा हुआ सोच रहा था—क्या इस जवान औरत को एक नजर देख लेना कोई बड़ा गुनाह है? माना कि वह मुलतान के राजा की शहजादी है और मेरे बादशाह अपने हरम को उससे रोशन करना चाहते हैं लेकिन मेरी आरजू तो सिर्फ इतनी है कि उसे एक निगाह देख लूँ और वह भी इस तरह कि किसी को खबर न हो। बस। और मान लो यह गुनाह भी हो तो मैं इस वक्त वह गुनाह करूँगा। अभी हजारों बेगुनाहों को इन्हीं हाथों से क़त्ल कर आया हूँ। क्या खुदा के दरबार में गुनाहों की माफ़ी सिर्फ़ इसलिए हो जाएगी कि बादशाह के हुक्म से किये गये? कुछ भी हो, किसी नाज़नीन को एक नजर देख लेना किसी की जान लेने से बड़ा गुनाह नहीं। कम से कम मैं ऐसा नहीं समझता। क़ासिम दीनदार नौजवान था। वह देर तक इस काम के नैतिक पहलू पर ग़ौर करता रहा। मुलतान को फ़तेह करने वाला हीरो दूसरी बाधाओं को क्यों खयाल में लाता? उसने अपने खेमे से बाहर निकलकर देखा, बेगमों के खेमे थोड़ी ही दूर पर गड़े हुए थे। क़ासिम ने तजान-बूझकर अपना खेमा उसके पास लगाया था। इन खेमों के चारों तरफ़ कई मशालें जल रही थीं और पांच हब्शी ख्वाजासरा रंगी तलवारें लिये टहल रहे थे। कासिम आकर मसनद पर लेट गया और सोचने लगा—इन कम्बख्त़ों को क्या नींद न आयेगी? और चारों तरफ़ इतनी मशाले क्यों जला रक्खी हैं? इनका गुल होना जरूरी है। इसलिए पुकारा—मसरूर। -हुजुर, फ़रमाइए? -मशालें बुझा दो, मुझे नींद नहीं आती। -हुजूर, रात अंधेरी है। -हां। -जैसी हुजूर की मर्जी। ख्व़ाजासरा चला गया और एक पल में सब की सब मशालें गुल हो गयीं, अंधेरा छा गया। थोड़ी देर में एक औरत शहजादी के खेमे से निकलकर पूछा-मसरूम, सरकमार पूछती हैं, यह मशालें क्यों बुझा दी गयीं? मशरूम बोला-सिपहदार साहब की मर्जी। तुम लोग होशियार रहना, मुझे उनकी नियत साफ़ नहीं मालूम होती।

कासिम उत्सुकता से व्यग्र होकर कभी लेटता था, कभी उठ बैठता था, कभी टहलने लगता था। बार-बार दरवाजे पर आकर देखता, लेकिन पांचों ख्व़ाजासरा देंवों की तरह खडें नजर आते थे। क़ासिम को इस वक्त यही धुन थी कि शाहजादी का दर्शन क्योंकर हो। अंजाम की फ़िक्र, बदनामी का डर और शाही गुस्से का ख़तरा उस पुरज़ोर ख्वाहिश के नीचे दब गया था। घड़ियाल ने एक बजाया। क़ासिम यों चौकं पड़ा गोया कोई अनहोनी बात हो गयी। जैसे कचहरी में बैठा हुआ कोई फ़रियाद अपने नाम की पुकार सुनकर चौंक पड़ता है। ओ हो, तीन घंटों से सुबह हो जाएगी। खेमे उखड़ जाएगें। लश्कर कूच कर देगा। वक्त तंग है, अब देर करने की, हिचकचाने की गुंजाइश नहीं। कल दिल्ली पहुँच जायेंगे। आरमान दिल में क्यों रह जाये, किसी तरह इन हरामखोर ख्वाजासराओं को चकमा देना चाहिए। उसने बाहर निकल आवाज़ दी-मसरूर। --हुजूर, फ़रमाइए। --होशियार हो न? -हुजूर पलक तक नहीं झपकी। -नींद तो आती ही होगी, कैसी ठंड़ी हवा चल रही है। -जब हुजूर ही ने अभी तक आराम नहीं फ़रमाया तो गुलामों को क्योंकर नींद आती। -मै तुम्हें कुछ तकलीफ़ देना चाहता हूँ। -कहिए। -तुम्हारे साथ पांच आदमी है, उन्हें लेकर जरा एक बार लश्कर का चक्कर लगा आओ। देखो, लोग क्या कर रहे हैं। अक्सर सिपाही रात को जुआ खेलते हैं। बाज आस-पास के इलाक़ों में जाकर ख़रमस्ती किया करते हैं। जरा होशियारी से काम करना। मसरूर- मगर यहां मैदान खाली हो जाएगा। क़ासिम- मे तुम्हारे आने तक खबरदार रहूँगा। मसरूर- जो मर्जी हुजूर। क़ासिम- मैने तुम्हें मोतबर समझकर यह ख़िदमत सुपुर्द की है, इसका मुआवजा इंशाअल्ला तुम्हें साकर से अता होगा। मसरूम ने दबी ज़बान से कहा-बन्दा आपकी यह चालें सब समझता है। इंशाअल्ला सरकार से आपको भी इसका इनाम मिलेगा। और तब जोर बोला-आपकी बड़ी मेहरबानी है। एक लम्हें में पॉँचों ख्वाजासरा लश्कर की तरफ़ चले। क़ासिम ने उन्हें जाते देखा। मैदान साफ़ हो गया। अब वह बेधड़क खेमें में जा सकता था। लेकिन अब क़ासिम को मालूम हुआ कि अन्दर जाना इतना आसान नहीं है जितना वह समझा था। गुनाह का पहलू उसकी नजर से ओझल हो गया था। अब सिर्फ ज़ाहिरी मुश्किलों पर निगाह थी।

<p>क़ासिम दबे पांव शहज़ादी के खेमे के पास आया, हालांकि दबे पांव आने की जरूरत न थी। उस सन्नाटे में वह दौड़ता हुआ चलता तो भी किसी को खबर न होती। उसने ख़ेमे से कान लगाकर सुना, किसी की आहट न मिली। इत्मीनान हो गया। तब उसने कमर से चाकू निकाला और कांपते हुए हाथों से खेमे की दो-तीन रस्सियां काट डालीं। अन्दर जाने का रास्ता निकल आया। उसने अन्दर की तरफ़ झांका। एक दीपक जल रहा था। दो बांदियां फ़र्श पर लेटी हुई थीं और शहज़ादी एक मख़मली गद्दे पर सो रही थी। क़ासिम की हिम्मत बढ़ी। वह सरककर अन्दर चला गया, और दबे पांव शहजादी के क़रीब जाकर उसके दिल-फ़रेब हुस्न का अमृत पीने लगा। उसे अब वह भय न था जो ख़ेमे में आते वक्त हुआ था। उसने जरूरत पड़ने पर अपनी भागने की राह सोच ली थी। क़ासिम एक मिनट तक मूरत की तरह खड़ा शहजादी को देखता रहा। काली-काली लटें खुलकर उसके गालों को छिपाये हुए थी। गोया काले-काले अक्षरों में एक चमकता हुआ शायराना खयाल छिपा हुआ था। मिट्टी की अस दुनिया में यह मजा, यह घुलावट, वह दीप्ति कहां? कासिम की आंखें इस दृश्य के नशे में चूर हो गयीं। उसके दिल पर एक उमंग बढाने वाला उन्माद सा छा गया, जो नतीजों से नहीं डरता था। उत्कण्ठा ने इच्छा का रूप धारण किया। उत्कण्ठा में अधिरता थी और आवेश, इच्छा में एक उन्माद और पीड़ा का आनन्द। उसके दिल में इस सुन्दरी के पैरों पर सर मलने की, उसके सामने रोने की, उसके क़दमों पर जान दे देने की, प्रेम का निवेदन करने की , अपने गम का बयान करने की एक लहर-सी उठने लगी वह वासना के भवंर मे पड़ गया।</p>

क़ासिम आध घंटे तक उस रूप की रानी के पैरो के पास सर झुकाये सोचता रहा कि उसे कैसे जगाऊँ। ज्यों ही वह करवट बदलती वह ड़र के मारे थरथरा जाता। वह बहादुरी जिसने मुलतान को जीता था, उसका साथ छोड़े देती थी। एकाएक कसिम की निगाह एक सुनहरे गुलाबपोश पर पड़ी जो करीब ही एक चौकी पर रखा हुआ था। उसने गुलाबपोश उठा लिया और खड़ा सोचता रहा कि शहज़ादी को जगाऊँ या न जगाऊँ या न जगाउँ? सेने की डली पड़ी हुई देखकर हमं उसके उठाने में आगा-पीछा होता है, वही इस वक्त उसे हो रहा था। आखिरकार उसने कलेजा मजबूत करके शहजादी के कान्तिमान मुखमंण्डल पर गुलाब के कई छींटे दिये। दीपक मोतियों की लड़ी से सज उठा। शहज़ादी ने चौंकर आंखें खोलीं और क़ासिम को सामने खड़ा देखकर फौरन मुंह पर नक़ाब खींच लिया और धीरे से बोली-मसरूर। क़ासिम ने कहा-मसरूर तो यहां नही है, लेकिन मुझे अपना एक अदना जांबाज़ ख़ादिम समझिए। जो हुक्त होगा उसकी तामील में बाल बराबर उज्र न होगा। शहज़ादी ने नक़ाब और खींच लिया और ख़ेमे के एक कोने में जाकर खड़ी हो गयी। क़ासिम को अपनी वाक्-शक्ति का आज पहली बार अनुभव हुआ। वह बहुत कम बोलने वाला और गम्भीर आदमी था। अपने हृउय के भावों को प्रकट करने में उसे हमेशा झिझक होती थी लेकिन इस वक्त़ शब्द बारिश की बूंदो की तरह उसकी जबान पर आने लगे। गहरे पानी के बहाव में एक दर्द का स्वर पैदा हो जाता है। बोला-मैं जानता हूँ कि मेरी यह गुस्ताखी आपकी नाजुक तबियत पर नागवार गुज़री है। हुजूर, इसकी जो सजा मुनाशिब समझें उसके लिए यह सर झुका हुआ है। आह, मै ही वह बदनसीब, काले दिल का इंसान हूँ जिसने आपके बुजुर्ग बाप और प्यारे भाईंयों के खून से अपना दामन नापाक किया है। मेरे ही हाथों मुलतान के हजारो जवान मारे गये, सल्तनत तबाह हो गयी, शाही खानदान पर मुसीबत आयी और आपको यह स्याह दिन देखना पडा। लेकिन इस वक्त़ आपका यह मुजरिम आपके सामने हाथ बांधे हाज़िर है। आपके एक इशारे पर वह आपके कदमों पर न्योठावर हो जायेगा और उसकी नापाक जिन्दगी से दुनिया पाक हो जायेगी। मुझे आज मालूम हुआ कि बहादुरी के परदे में वासना आदमी से कैसे-कैसे पाप करवाती है। यह महज लालच की आग है, राख में छिपी हुईं सिर्फ़ एक कातिल जहर है, खुशनुमा शीशे में बन्द! काश मेरी आंखें पहले खुली होतीं तो एक नामवर शाही ख़ानदान यों खाक में न मिल जाता। पर इस मुहब्बत की शमा ने, जो कल शाम को मेरे सीने में रोशन हुई, इस अंधेरे कोने को रोशनी से भर दिया। यह उन रूहानी जज्ब़ात का फैज है, जो कल मेरे दिल में जाग उठे, जिन्होंने मुझे लाजच की कैद से आज़ाद कर दिया। इसके बाद क़ासिम ने अपनी बेक़रारी और दर्दे दिल और वियोग की पीड़ा का बहुत ही करूण शदों में वर्णन किया, यहां तक कि उसके शब्दों का भण्डार खत्म हो गया। अपना हाल कह सुनाने की लालसा पूरी हो गयी।
लेकिन वह वासना बन्दी वहां से हिला नहीं। उसकी आरजुओं ने एक कदम और आगे बढाया। मेरी इस रामकहानी का हासिल क्या? अगर सिर्फ़ दर्दे दिल ही सुनाना था, तो किसी तसवीर को, सुना सकता था। वह तसवीर इससे ज्यादा ध्यान से और ख़ामाशी से मेरे ग़म की दास्तान सुनती। काश, मैं भी इस रूप की रानी की मिठी आवाज सुनता, वह भी मुझसे कुछ अपने दिल का हाल कहती, मुझे मालूम होता कि मेरे इस दर्द के किस्से का उसके दिल पर क्या असर हुआ। काश, मुझे मालूत होता कि जिस आग में मैं फुंका जा रहा हूँ, कुछ उसकी आंच उधर भी पहुँचती है या नहीं। कौन जाने यह सच हो कि मुहब्बत पहले माशूक के दिल में पैदा होती है। ऐसा न होता तो वह सब्र को तोड़ने वाली निगाह मुझ पर पड़ती ही क्यों? आह, इस हुस्न की देवी की बातों में कितना लुत्फ़ आयेगा। बुलबुल का गाना सुन सकता, उसकी आवाज कितनी दिलकश होगी, कितनी पाकीजा, कितनी नूरानी, अमृत में डूबीं हुई और जो कहीं वह भी मुझसे प्यार करती हो तो फिर मुझसे ज्यादा खुशनसीब दुनिया में और कौन होगा? इस ख़याल से क़ासिम का दिल उछलने लगा। रगों में एक हरकत-सी महसूस हुई। इसके बावजूद कि बांदियों के जग जाने और मसरूर की वापसी का धड़का लगा हुआ था, आपसी बातचीत की इच्छा ने उसे अधीर कर दिया, बोला-हुस्न की मलका, यह जख्म़ी दिल आपकी इनायत की नज़र की मुस्तहक है। कुड़ उसके हाल पर रहम न कीजिएगा? शहज़ादी ने नकाब की ओट से उसकी तरफ़ ताका और बोली–जो खुद रहम का मुस्तहक हो, वह दूसरों के साथ क्या रहम कर सकता है? क़ैद में तड़पते हुए पंछी से, जिसके न बोल हैं न पर, गाने की उम्मीद रखना बेकार है। मैं जानती हूँ कि कल शाम को दिल्ली के ज़ालिम बादशाह के सामने बांदियों की तरह हाथ बांधे खड़ी हूंगी। मेरी इज्जत, मेरे रूतबे और मेरी शान का दारोमदार खानदानी इज्जत पर नहीं बल्कि मेरी सूरत पर होगा। नसीब का हक पूरा हा जायेगा। कौन ऐसा आदमी है जो इस जिन्दगी की आरजू रक्खेगा? आह, मुल्तान की शहजादी आज एक जालिम, चालबाज, पापी आदमी की वासना का शिकार बनने पर मजबूर है। जाइए, मुझे मेरे हाल पर छोड़ दीजिए। मैं बदनसीब हूँ, ऐसा न हो कि मेरे साथ आपको भी शाही गुस्से का शिकार बनना पड़े। दिल मे कितनी ही बातें है मगर क्यों कहूँ, क्या हासिल? इस भेद का भेद बना रहना ही अच्छा है। आपमें सच्ची बहादुरी और खुद्दारी है। आप दुनिया में अपना नाम पैदा करेंगे, बड़े-बड़े काम करेगें, खुदा आपके इरादों में बरकत दे–यही इस आफ़प की मारी हुई औरत की दुआ है। मैं सच्चे दिल से कहती हूँ कि मुझे आपसे कोई शिकायत नहीं है। आज मुझे मालूम हुआ कि मुहब्बत बैर से कितनी पाक होती है। वह उस दामन में मुंह छिपाने से भी परहेज नहीं करती जो उसके अजीजों के खून से लिथड़ा हुआ हो। आह, यह कम्बख्त दिल उबला पड़ता है। अपने काल बन्द कर लीजिए, वह अपने आपे में नहीं है, उसकी बातें न सुनिए। सिर्फ़ आपसे यही बिनती है कि इस ग़रीब को भूल न जाइएगा। मेरे दिल में उस मीठे सपने की याद हमेशा ताजा रहेगी, हरम की क़ैद में यही सपना दिल को तसकीन देता रहेगा, इस सपने को तोड़िए मत। अब खुदा के वास्ते यहां से जाइए, ऐसा न हो कि मसरूर आ जाए, वह एक ज़ालिम है। मुझे अंदेशा है कि उसने आपको धोखा दिया, अजब नहीं कि यहीं कहीं छुपा बैठा हो, उससे होथियार रहिएगा। खुदा हाफ़िज!

क़ासिम पर एक बेसुधी की सी हालत छा गयी। जैसे आत्मा का गीत सुनने के बाद किसी योगी की होती है। उसे सपने में भी जो उम्मीद न हो सकती थी, वह पूरी हो गयी थी। गर्व से उसकी गर्दन की रगें तन गयीं, उसे मालूम हुआ कि दुनिया में मुझसे ज्यादा भाग्यशाली दूसरा नहीं है। मैं चाहूँ तो इस रूप की वाटिका की बहार लूट सकता हूँ, इस प्याले से मस्त हो सकता हूँ। आह वह कितनी नशीली, कितनी मुबारक जिन्दगी होती! अब तक क़ासिम की मुहब्बत ग्वाले का दूध थी, पानी से मिली हुई; शहज़ादी के दिल की तड़प ने पानी को जलाकर सच्चाई का रंग पैदा कर दिया। उसके दिल ने कहा-मैं इस रूप की रानी के लिए क्या कुछ नहीं कर सकता? कोई ऐसी मुसीबत नहीं है जो झेल न सकूँ, कोई आग नहीं, जिसमें कूद न सकूं, मुझे किसका डर है! बादशाह का? मैं बादशाह का गुलाम नहीं, उसके सामने हाथ फैलानेवाला नहीं, उसका मोहताज नहीं। मेरे जौहर की हर एक दरबार में कद्र हो सकती है। मैं आज इस गूलामी की जंजीर को तोड़ डालूँगा और उस देश में जा बसूँगा, जहां बादशाह के फ़रिश्ते भी पर नहीं मार सकते। हुस्न की नेमत पाकर अब मुझे और किसी चीज़ की इच्छा नहीं। अब अपनी आरजुओं का क्यों गला घोटूं? कामनाओं को क्यों निराशा का ग्रास बनने दूँ? उसने उन्माद की-सी स्थिति में कमर से तलवार निकाली और जोश के साथ बोला–जब तक मेरे बाजूओ में दम है, कोई आपकी तरफ़ आंख उठाकर देख भी नहीं सकता। चाहे वह दिल्ली का बादशाह ही क्यो ने हो! मैं दिल्ली के कूचे और बाजार में खून की नदी बहा दुंगा, सल्तनत की जड़े हिलाउ दुँगा, शाही तख्त को उल्ट-पलट रख दूँगा, और कुछ न कर सकूंगा तो मर मिटूंगा। पर अपनी आंखो से आपकी याह जिल्लत न देखूँगा। शहज़ादी आहिस्ता-आहिस्ता उसके क़रीब आयी बोली-मुझे आप पर पूरा भरोसा है, लेकिन आपको मेरी ख़ातिर से जब्त और सब्र करना होगा। आपके लिए मैं महलहरा की तकलीफ़ें और जुल्म सब सह लूंगी। आपकी मुहब्बत ही मेरी जिन्दगी का सहारा होगी। यह यक़ीन कि आप मुझे अपनी लौंडी समझते हैं, मुझे हमेशा सम्हालता रहेगा। कौन जाने तक़दीर हमें फिर मिलाये। क़ासिम ने अकड़कर कहा-आप दिल्ली जायें ही क्यों! हम सबुह होते-होते भरतपुर पहुँच सकते हैं। शहजादी–मगर हिन्दोस्तान के बाहर तो नहीं जा सकते। दिल्ली की आंख का कांटा बनकर मुमकिन है हम जंगलों और वीरानों में जिन्दगी के दिन काटें पर चैन नसीब न होगा। असलियत की तरफ से आंखे न बन्द की जिए, खुदा न आपकी बहादुरी दी है, पर तेगे इस्फ़हानी भी तो पहाड़ से टकराकर टुट ही जाएगी। कासिम का जोश कुछ धीमा हुआ। भ्रम का परदा नजरों से हट गया। कल्पना की दुनिया में बढ़-बढ़कर बातें करना बाते करना आदमी का गुण है। क़ासिम को अपनी बेबसी साफ़ दिखाई पड़ने लगी। बेशक मेरी यह लनतरानियां मज़ाक की चीज़ हैं। दिल्ली के शाह के मुक़ाबिलें में मेरी क्या हस्ती है? उनका एक इशारा मेरी हस्ती को मिटा सकता है। हसरत-भरे लहजे में बोला-मान लीजिए, हमको जंगलो और बीरानों में ही जिन्दगी के दिन काटने पड़ें तो क्या? मुहब्बत करनेवाले अंधेरे कोने में भी चमन की सैर का लुफ़्त उठाते हैं। मुहब्बत में वह फ़क़ीरों और दरवेशों जैसा अलगाव है, जो दुनिया की नेमतों की तरफ आंख उठाकर भी नहीं देखता। शहज़ादी–मगर मुझ से यह कब मुमकिन है कि अपनी भलाई के लिए आपको इन खतरों में डालूँ? मै शाहे दिल्ली के जुल्मों की कहानियां सुन चुकी हूँ, उन्हें याद करके रोंगेटे खड़े हो जाते हैं। खुदा वह दिन न लाये कि मेरी वजह से आपका बाल भी बांका हो। आपकी लड़ाइयों के चर्चे, आपकी खैरियत की खबरे, उस क़ैद में मुझको तसकीन और ताक़त देंगी। मैं मुसीबते झेलूंगी और हंस–हंसकर आग में जलूँगी और माथे पर बल न आने दूँगी। हॉँ, मै शाहे दिल्ली के दिल को अपना बनाऊँगी, सिर्फ आपकी खातिर से ताकि आपके लिए मौक़ा पड़ने पर दो-चार अच्छी बातें कह सकूँ।

लेकिन क़ासिम अब भी वहां से न हिला। उसकर आरजूएं उम्मीद से बढ़कर पूरी होती जाती थीं, फिर हवस भी उसी अन्दाज से बढ़ती जाती थी। उसने सोचा अगर हमारी मुहब्बत की बहार सिर्फ़ कुछ लमहों की मेहमान है, तो फिर उन मुबारकबाद लमहों को आगे की चिन्ता से क्यों बेमज़ा करें। अगर तक़दीर में इस हुस्न की नेमत को पाना नहीं लिखा है, तो इस मौक़े को हाथ से क्यों जाने दूँ। कौन जाने फिर मुलाकात हो या न हो? यह मुहब्बत रहे या न रहें? बोला-शहज़ादी, अगर आपका यही आखिरी फ़ैसाल है, तो मेरे लिए सिवाय हसरत और मायूसी के और क्या चारा है? दूख होगा, कुढूंगा, पर सब्र करूंगा। अब एक दम के लिए यहां आकर मेरे पहलू में बैठ जाइए ताकि इस बेकरार दिल को तस्कीन हो। आइए, एक लमहे के लिए भूल जाएं कि जुदाई की घड़ी हमारे सर पर खड़ी है। कौन जाने यह दिन कब आयें? शान-शौकत ग़रीबों की याद भूला देती है, आइए एक घड़ी मिलकर बैठें। अपनी जल्फ़ो की अम्बरी खुशबू से इस जलती हुई रूह को तरावट पहुँचाइए। यह बांहें, गलो की जंजीरे बने जाएं। अपने बिल्लौर जैसे हाथों से प्रेम के प्याले भर-भरकर पिलाइए। साग़र के ऐसे दौर चलें कि हम छक जाएं! दिलो पर सुरूर को ऐसा गाढ़ा रंग चढ़े जिस पर जुदाई की तुर्शियों का असर न हो। वह रंगीन शराब पिलाइए जो इस झुलसी हुई आरजूओं की खेती को सींच दे और यह रूह की प्यास हमेशा के लिए बुझ जाए। मए अग़वानी के दौर चलने लगे। शहज़ादी की बिल्लौरी हथेली में सुर्ख शराब का प्याला ऐसा मालूम होता था जैसे पानी की बिल्लौरी सतह पर कमल का फूल खिला हो क़ासिम दीनो दुनिया से बेख़बर प्याले पर प्याले चढ़ाता जाता था जैसे कोई डाकू लूट के माल पर टूटा हुआ हो। यहां तक कि उसकी आंखे लाल हो गयीं, गर्दन झ़ुक गयी, पी-पीकर मदहोश हो गया। शहजादी की तरफ़ वसाना-भरी आंखो से ताकता हुआ। बाहें खोले बढा कि घड़ियाल ने चार बजाये और कूच के डंके की दिल छेद देनेवाली आवाजें कान में आयीं। बाँहें खुली की खुली रह गयीं। लौडियां उठ बैठी, शहजादी उठ खड़ी हुई और बदनसीब क़ासिम दिल की आरजुएं लिये खेमे से बाहर निकला, जैसे तक़दीर के फ़ैलादी पंजे ने उसे ढकेलकर बाहर निकाल दिया हो। जब अपने खेमे में आया तो दिल आरजूओं से भरा हुआ था। कुछ देर के बाद आरजुओं ने हवस का रूप भरा और अब बाहर निकला तो दिल हरसतों से पामाल था, हवस का मकड़ी-जाल उसकी रूह के लिए लोहे की जंजीरें बना हुआ था।

शाम का सुहाना वक़्त था। सुबह की ठण्डी-ठण्डी हवा से सागर में धीरे धीरे लहरें उठ रही थीं। बहादुर, क़िस्मत का धनी क़ासिम मुलतान के मोर्चे को सर करके गर्व की मादिरा पिये उसके नशे में चूर चला आता था। दिल्ली की सड़के बन्दनवारों और झंडियों से सजी हुई थीं। गुलाब और केवड़े की खुशब चारों तरफ उड़ रही थी। जगह-जगह नौबतखाने अपना सुहाना राग गया। तोपों ने अगवानी की घनगरज सदांए बुलन्द कीं। ऊपर झरोखों में नगर की सुन्दरियां सितारों की तरह चमकने लगीं। कासिम पर फूलों की बरखा होने लगी। वह शाही महल के क़रीब पहुँचार तो बड़े-बड़े अमीर-उमरा उसकी अगवानी के लिए क़तार बांधे खड़े थे। इस शान से वह दीवाने खास तक पहुँचा। उसका दिमाग इस वक्त सातवें आसमान पर था। चाव-भरी आंखों से ताकता हुआ बादशाह के पास पहुँचा और शाही तख्त को चूम लिया। बादशाह मुस्काराकर तख़्त से उतरे और बांहें खोले हुए क़ासिम को सीने से लगाने के लिए बढ़े। क़ासिम आदर से उनके पैरों को चूमने के लिए झुका कि यकायक उसके सिर पर एक बिजली-सी गिरी। बादशाह को तेज खंजर उसकी गर्दन पर पड़ा और सर तन से जुदा होकर अलग जा गिरा। खून के फ़ौवारे बादशाह के क़दमो की तरफ़, तख्त की तरफ़ और तख़्त के पीछे खड़े होने वाले मसरूर की तरफ़ लपके, गोया कोई झल्लाया हुआ आग का सांप है। घायल शरीर एक पल में ठंडा हो गया। मगर दोनों आंखे हसरत की मारी हुई दो मूरतों की तरह देर तक दीवारों की तरफ़ ताकती रहीं। आखिर वह भी बन्द हो गयीं। हवस ने अपना काम पूरा कर दिया। अब सिर्फ़ हसरत बाक़ी थी। जो बरसों तक दीवाने खास के दरोदीवार पर छायी रही और जिसकी झलक अभी तक क़ासिम के मज़ार पर घास-फूस की सूरत में नज़र आती है।

रेपिस्ट

 विमला का विवाह बहुत छोटी उम्र में ही हो गया था। आठवीं कक्षा तक ही पढ़ पाई थी वह। एक अभागे दिन अपनी सहेली कमला के साथ उसके घर गई थी। कमला का भाई, राजन जो कि फौज में था उससे टकरा गया और पहली ही नज़र में दोनों एक दूसरे के दीवाने हो गए। विमला घर तो वापस आ गई पर उस रात सो न सकी।
उसकी आँखों के सामने राजन का फौजी रूप और आकर्षक कद-काठी ही घूमती रही। इधर राजन का भी वही हाल था। राजन से जब न रहा गया तो अपनी बहन से कह बैठा अपने मन की व्यथा, उधर उसी दिन विमला ने भी कमला से अपने मन की बात बता दी, पर कमला इस बात को कैसे अंजाम देती समझ नहीं पा रही थी आखिर वह भी तो सोलह साल की बच्ची ही थी। फिर भी दोनों को उसने ताजमहल के प्रांगण में मिलवाया। प्रेम की अग्नि में जल रहे दोनों प्रेमियों ने शाहजहाँ और मुमताज के मकबरों को छू कर अपने प्रेम का इज़हार किया।
राजन को वापस अपनी फौज की नौकरी पर जाना था वह केवल एक महीने की छुट्टी पर आया था, वह अपने इस पहले प्यार को खोना नहीं चाहता था। इसलिए जल्द ही विवाह के बंधन में बंधना चाहता था। उसने यह बात अपनी माँ को बताई। माँ सकते में आ गई। विमला उनकी जाति की नहीं थी, दूसरे उसकी उम्र भी बहुत कम थी। पर राजन कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था। उसने घर से भाग कर शादी करने की योजना अपनी माँ को सुना दी तो माँ ने घरवालों की सहमति से विमला के घर शादी के लिए रिश्ता भेजा। पहले तो वो लोग तैयार नहीं हुए पर अपनी विवशता और विमला की जिद के आगे उन्हें झुकना पड़ा।
बिना दहेज के आगे कोई रिश्ता मिलेगा या नहीं इस विचार के चलते, एक साड़ी में विमला को राजन के साथ विदा कर दिया गया। ससुराल पहुँच कर विमला ने सबका मन जीत लिया। अपार सौन्दर्य की मलिका तो वह थी ही, बड़ी ही व्यवहारकुशल गृहिणी के भी सभी गुण उसमें मौजूद थे। जल्द ही वह सबकी चहेती बन गई विशेष रूप से अपने ससुर जी की, जिनकी सेवा वह मन लगा कर करने लगी थी।
विमला के ससुराल में घूँघट-प्रथा थी। सिर्फ़ अपने कमरे में ही वह घूँघट खोल सकती थी। एक बार नहाकर अपने लम्बे बाल अपने कमरे की खिड़की से आती धूप में सुखा रही थी कि राजन के बड़े भाई रंजन की नज़र उसके चेहरे पर पड़ गई। वे एकटक देखते ही रह गए। विमला उनकी नज़र से बेखबर चेहरे पर पड़ी बालों की लटों को सुलझाती रही और उसके जेठ जी उसके अपूर्व सौन्दर्य का मीठी नज़रों से रसपान करते रहे। अचानक विमला ध्यान उनकी तरफ़ गया। रंजन की आँखों में भरी वासना की दहशत से भयभीत हिरनी की तरह वहाँ से भाग कर झट से घूँघट में अपना चेहरा छिपाने में ही उसने अपनी भलाई समझी।
राजन की छुट्टी समाप्त हो रही थी, उसे वापस अपनी नौकरी पर जाना था। विमला ने भी साथ चलने के लिए कहा पर राजन यह कह कर कि वहाँ पहुँचते ही मकान का इंतजाम करके उसे बुला लेगा, वापस चला गया। बहुत भरे हुए मन से दोनों ने एक दूसरे से विदा ली।
एक दिन विमला घर में अकेली थी। सभी लोग किसी विवाह समारोह में गए हुए थे। विमला का भाई उसे मायके लिवाने के लिए आने वाला था, इसलिए वह घर में अकेली थी। वह अपने कमरे में तैयार होने जा ही रही थी कि अचानक एक अनजाने स्पर्श से वह काँप उठी। रंजन ने पीछे से आकर उसके गले में अपनी बाहें डाल दी थीं और कस के पकड़ लिया था।
जकड़न इतनी जबरदस्त थी कि उसके लिए अपने आप को छुड़ाना मुश्किल हो रहा था। इसी बीच रंजन ने उसके गालों पर चुम्बनों की झड़ी लगा दी। तभी दरवाजे की कुंडी खड़की और वह रंजन की पकड़ से मुक्त हो पाई। विमला की आँखों में विरह के आँसू बह रहे थे और इस आकस्मिक घटना से वह फ़फ़क-फ़फ़क कर रो पड़ी। ऊपर से रंजन ने फ़रमान सुनाया,"खबरदार जो इस बात की चर्चा किसी से की' अगर किसी को इस बात का पता चला तो वह उसे घर में रहने नहीं देगा।"
अपने कपड़े संभालते हुए उसने घर का दरवाजा खोला। दरवाजे पर उसका भाई राजीव खड़ा था। वह उससे लिपट कर जोर-जोर से रो पड़ी। उसका चेहराघूँघटमें छिपा था इसलिए राजीव उसकेमन की व्यथा जान न पाया।
राजीव को बैठक में बिठा कर वह अपने कमरे में सामान लेने गई। कोने में जेठ जी खड़े थे। आँखें दिखाते हुए बोले, "याद रखना, इस घर में रहना है तो मेरी बात किसी से न कहना। नहीं तो जिंदगी भर पछताओगी।"
ससुराल से पहली बार मायके जा रही थी विमला मन में दु:ख और क्षोभ लिए हुए। भाई से कुछ कह नहीं सकती थी। पति का पता नहीं था उसके पास क्योंकि जाते समय राजन ने बताया था कि नई जगह का पता वहाँ पहुुँच कर ही भेज पाएगा। किसी तरह अपनी भावनाओं को छिपाते हुए कुछ दिन काट कर अपने ससुराल आ गई। वहाँ पहुुँच कर उसने राहत की साँस ली क्योंकि तब तक जेठ जी अपने परिवार समेत अपने घर जा चुके थे। इसी बीच उसे पता चला कि वह गर्भवती हो चुकी है। सास-ससुर की लाड़ली तो वह बन ही चुकी थी। घर में एक देवर और एक ननद भी थी जिन्होंने उसे हाथो-हाथ संभाला। सास ने उसे राजन के पास जाने से रोका, यह सोच कर विमला जैसी नादान लड़की की अनजाने शहर में कौन देखभाल करेगा?
मायके में ही विमला ने जुड़वाँ बच्चों को जन्म दिया। तब तक राजन भी छुट्टी लेकर आ गया था। दो महीने साथ बिता कर वह फिर अकेला ही वापस चला गया क्योंकि इस बार उसकी नियुक्ति ऐसी जगह हुई थी जहाँ वह अपने परिवार को साथ नहीं रख सकता था।
पति की जुदाई सहना विमला के लिए मुश्किल था पर दोनों बच्चों की परवरिश में एक वर्ष जल्दी ही गुजर गया। और फिर राजन आकर अपने परिवार को ले गया। जहाँ उसकी नियुक्ति हुई थी वहाँ तो वह परिवार को साथ नहीं रख सकता था, पर जहाँ उसे फौज की तरफ से मकान मिला वहाँ पर और भी परिवार रहते थे। छुट्टी के दिन राजन घर आ जाता था। इस तरह उनके परिवार की गाड़ी आगे बढ़ने लगी। जल्द ही विमला फिर से गर्भवती हो गई। इस बार राजन ने अपनी माँ को भी बुला लिया और उनकी देख-रेख में विमला ने मिलिट्री अस्पताल में तीसरे बच्चे को जन्म दिया।
तीन बच्चों की माँ बनने के बाद विमला का शरीर-सौष्ठव, चेहरे का आकर्षण और सौन्दर्य और भी बढ़ गया था। वह अपने बच्चों और पति की हर जरूरत का पूरा ध्यान रखती।
इसी बीच राजन के भाई रंजन का उनके घर आना हुआ। विमला के मन में उनकी उस कुप्रवृत्ति की याद ताजा हो आई जिसे वह एक बुरा सपना समझ कर न जाने कब से भुला बैठी थी। पर रंजन उसको इस नए रूप में देख एक बार फिर से मन्त्र-मुग्ध हो बैठा। इससे पहले वह कोई हरकत कर पाता विमला ने खुद ही राजन को उस भूली हुई घटना बता देने का निश्चय किया पर रंजन ने उसे इसका मौका ही नहीं दिया। उसके द्वारा पहले की गई कोशिश की आज तक कोई प्रतिक्रिया न होने पर उसने सहज भाव से समझ लिया कि अब भी विमला कोई प्रतिकार नहीं करेगी। उसने फिर से उससे छेड़-छाड़ करने की कोशिश की तो वह जोर से चिल्ला उठी। बगल के कमरे से उसकी सास दौड़ी आई तो वह अपने कपड़े सँभालती हुई बाहर की ओर भागी।
विमला की सास उसकी बदहवास हालत देख कर कुछ कह पाती कि रंजन ने पहले ही अपनी माँ से उलटे विमला के चरित्र पर ही दोषारोपण कर दिया और रंजन ने राजन के कान भी विमला के खिलाफ भर दिए। राजन कान का कच्चा था। अपने भाई की बातों पर ज्यादा विश्वास किया और विमला की एक न सुनी। विमला ने गिड़गिड़ा कर अपने प्यार की दुहाई दी, पहले हुई घटना का भी ज़िक्र किया पर राजन ने उसकी किसी भी बात पर विश्वास नहीं किया, उलटे उस पर ही दोषारोपण किया कि अगर रंजन ने पहले ही कुछ हरकत की थी तो अब तक वह क्यों चुप रही। विमला ने लाख समझाया कि वह रंजन की दी हुई धमकी से डर कर चुप थी। पर राजन के मन में उसके प्रति संदेह बढ़ता ही गया। इसका फायदा रंजन को यह मिला कि उसने न जाने कितनी काल्पनिक बातें विमला के खिलाफ राजन के मन में भर दीं।
इस अप्रत्याशित घटना ने राजन और विमला के जीवन में ज़हर घोल दिया। अब बात-बात पर राजन विमला के चरित्र पर संदेह करने लगा। यहाँ तक कि अब वह विमला के ऊपर हाथ भी उठाने लगा। कुछ वर्ष यों ही निकल गए। राजन का संदेह विमला पर इतना बढ़ गया कि उसने अपनी फौज की नौकरी भी छोड़ दी क्योंकि इस नौकरी में उसे कई-कई दिन बाहर रहना पड़ता था।
बच्चे बड़े हो रहे थे। जब भी राजन घर पर रहता घर में मानो तूफ़ान सा मचा रहता। अब उसने शराब भी पीना शुरू कर दिया और अपनी खुंदक मिटाने के लिए शराब के नशे में बच्चों की भी पिटाई कर देता था। उसके इस व्यवहार से विमला तो परेशान थी ही, बच्चे भी सहमे-सहमे से रहते। उस पर अब तो रंजन भाईसाहब खुल्लम-खुल्ला उनके घर में जब चाहे आ धमकते। दोनों भाई मिल कर शराब पीते और विमला और बच्चों को गालियाँ बकते। विमला चाह कर भी इस सबसे उबर नहीं पा रही थी। राजन अब जो नौकरी कर रहा था वह घर चलाने के लिए काफी नहीं थी, ऊपर से शराब का खर्चा।
एक बार छोटी सी बात पर राजन ने विमला की जम कर पिटाई कर दी। दिवाली का त्योहार नजदीक था। विमला के पिता त्योहार पर बच्चों के लिए मिठाई और कपड़े ले कर आए थे। उन्होंने विमला का यह हाल देखा तो दंग रह गए। विमला के हाथ की हड्डी टूट गई थी और राजन नशे में धुत पलंग पर पड़ा था। उनसे रहा न गया और वह बच्चों और विमला को अपने साथ ले गए। दूसरे दिन ही नशा टूटने पर राजन अपने ससुराल पहुँच गया। वहाँ उसने बहुत हंगामा किया। विमला को तो उसके पिता ने उसके साथ नहीं भेजा पर जबरदस्ती करके बच्चों को अपने साथ ले आया।
विमला बच्चों के साथ रहना चाहती थी पर पति की बेरूखी और मार-पिटाई से उसका तन और मन दोनों टूट चुके थे। उसके पिता किसी भी कीमत पर उसे वापस भेजना नहीं चाहते थे। वे चाहते थे कि विमला अपने पैरों पर खड़ी हो कर कुछ करे जिससे उसे राजन का मोहताज न होना पड़े। उन्होंने उसे नर्सिग का कोर्स करवा दिया। इधर राजन ने तीनों भाइयों के घर एक-एक बच्चा भेज दिया और उनकी परवरिश के लिए खर्च भेज कर अपने फ़र्ज़ की इतिश्री कर ली।
कोर्स के बाद विमला ने नौकरी करके कुछ वर्ष शांति से बिताए, पर रह-रह कर बच्चों की याद उसके मन को कचोटती थी। जब बच्चे कुछ समझदार हुए तो बड़ी लड़की आभा ने किसी तरह अपनी नानी के घर से अपनी माँ का पता लेकर, माँ को पत्र लिखा और साथ रहने के लिए जोर डाला। बेटी का पत्र पा कर विमला भाव-विभोर हो गई और बिना बताए ही राजन के घर आ गई। उन दिनों स्कूल की छुट्टियाँ चल रहीं थीं और तीनों बच्चे घर आए हुए थे। बच्चे अपनी माँ से लिपट कर बहुत रोए। शाम को जब राजन घर लौटा तो विमला को देख कर आग-बबूला हो गया। जब राजन की एक न चली तो वह शराब पी कर बिना खाए-पीए ही सो गया।
कुछ महीने शांति से गुजरे। बच्चे अपनी माँ के साथ रह कर बड़े खुश थे, पर राजन उससे बात तक न करता था। एक दिन फिर से रंजन भाईसाहब उस घर में पधारे। राजन और रंजन दोनों ने मिल कर शराब पी और बाहर जा कर होटल में खाना खाया। रात करीब बारह बजे दोनों लौटे। बच्चे और विमला सो रहे थे। अचानक विमला को अपने शरीर पर कुछ सिहरन महसूस हुई।
आँख खुली तो रंजन भाईसाहब उस पर झुके हुए थे। अपनी रजाई एक ओर फेंक कर वह चौंक कर उठ बैठी। नशे में धुत राजन का स्वर सुनाई दिया, "कान खोल कर सुन ले विमला, अगर तुझे इस घर में रहना है तो रंजन भाईसाहब की बात माननी होगी।" विमला अपने दोनों कानों को हाथों से ढकती हुई भाग कर दूसरे कमरे में घुस गई और अन्दर से दरवाजा बंद कर लिया। बड़ी बेटी आभा पानी पीने उठी थी, उसने वह सब अपनी आँखों से देखा और कानों से सुना, पर उस समय वह कुछ समझ नहीं पाई। सुबह बच्चों ने खिड़की से झाँक कर देखा तो विमला का शव पंखे से झूल रहा था। दोनों भाइयों ने पुलिस को बयान दिया कि विमला कुछ दिनों से मानसिक रूप से विक्षिप्त थी।
कौन मानसिक रूप से विक्षिप्त था?
किसने विमला का शारीरिक-शोषण करने के लिए मानसिक बलात्कार किया
यह बात समझदार होने पर ही बड़ी बेटी आभा समझ पाई। उसने विवाह नहीं किया और माँ बन कर अपने भाई-बहन को सँभाला।आज भाई-बहन अपने अपने पारिवारिक जीवन में व्यस्त हो गए हैं और दादा-दादी, नाना-नानी भी बन गए हैं। पर वहआज भी अपनी माँ की दर्दभरी चीखें और उन शब्दों की गूंज अपने कानों में सुना करती है जो उस रात को पानी पीते समय उसने अपने पिता से सुने थे।

उस रात की गंध

उस रात की गंध
लड़की मेरी आँखों में किसी अश्लील इच्छा की तरह नाच रही थी।
'पेट्रोल भरवा लें।' कह कर कमल ने अपनी लाल मारुति जुहू बीच जानेवाली सड़क के किनारे बने पेट्रोल पंप पर रोक दी थी और दरवाजा खोल कर बाहर उतर गया था।
शहर में अभी-अभी दाखिल हुए किसी अजनबी के कौतूहल की तरह मेरी नजरें सड़क पर थिर थीं कि उन नजरों में एक टैक्सी उभर आई। टैक्सी का पिछला दरवाजा खुला और वह लड़की बाहर निकली। उसने बिल चुकाया और पर्स बंद किया। टैक्सी आगे बढ़ गई। लड़की पीछे रह गई।
यह लड़की है? विस्मय मेरी आँख से कोहरे-सा टपकने लगा।
मैं कार से बाहर आ गया।
कोहरा आसमान से भी झर रहा था। हमेशा की तरह निःशब्द और गतिहीन। कार की छत बताती थी कि कोहरा गिरने लगा है। मैंने घड़ी देखी। रात के साढ़े दस बजने जा रहे थे।
रात के साढ़े दस बजे मैं कोहरे में चुपचाप भीगती लड़की को देखने लगा। घुटनों से बहुत बहुत ऊपर रह गया सफेद स्कर्ट और गले से बहुत-बहुत नीचे चला आया सफेद टॉप पहने वह लड़की उस गीले अँधेरे में चारों तरफ दूधिया रोशनी की तरह चमक रही थी। अपनी सुडौल, चिकनी और आकर्षक टाँगों को वह जिस लयात्मक अंदाज में एक दूसरे से छुआ रही थी उसे देख कोई भी फिसल पड़ने को आतुर हो सकता था।
जैसे कि मैं। लेकिन ठीक उसी क्षण, जब मैं लड़की की तरफ एक अजाने सम्मोहन-सा खिंचने को था, कमल गाड़ी में आ बैठा। न सिर्फ आ बैठा बल्कि उसने गाड़ी भी स्टार्ट कर दी।
मैं चुपचाप कमल के बगल में आ बैठा और तंद्रिल आवाज में बोला, 'लड़की देखी?'
'लिफ्ट चाहती है।' कमल ने लापरवाही से कहा और गाड़ी बैक करने लगा।
'पर यह अभी-अभी टैक्सी से उतरी है।' मैंने प्रतिवाद किया।
'लिफ्ट के ही लिए।' कमल ने किसी अनुभवी गाइड की तरह किसी ऐतिहासिक इमारत के महत्वपूर्ण लगते तथ्य के मामूलीपन को उद्घाटित करनेवाले अंदाज में बताया और गाड़ी सड़क पर ले आया।
'अरे, तो उसे लिफ्ट दो न, यार!' मैंने चिरौरी सी की।
जुहू बीच जानेवाली सड़क पर कमल ने अपनी लाल मारुति सर्र से आगे बढ़ा दी और लड़की के बगल से निकल गया। मेरी आँखों के हिस्से में लड़की के उड़ते हुए बाल आए। मैंने पीछे मुड़ कर देखा-लड़की जल्दी में नहीं थी और किसी-किसी कार को देख लिफ्ट के लिए अपना हाथ लहरा देती थी।
'अपन लिफ्ट दे देते तो...' मेरे शब्द अफसोस की तरह उभर रहे थे।
'माई डियर! रात के साढ़े दस बजे इस सुनसान सड़क पर, टैक्सी से उतर कर यह जो हसीन परी लिफ्ट माँगने खड़ी है न, यह अपुन को खलास भी करने को सकता। क्या?' कमल मवालियों की तरह मुस्कराया।
अपने पसंदीदा पॉइंट पर पहुँच कर कमल ने गाड़ी रोकी।
दुकानें इस तरह उजाड़ थीं, जैसे लुट गई हों। तट निर्जन था। समुद्र वापस जा रहा था।
'दो गिलास मिलेंगे?' कमल ने एक दुकानदार से पूछा।
'नहीं साब, अब्बी सख्ती है इधर, पन ठंडा चलेगा। दूर...समंदर में जा के पीने का।' दुकानदार ने रटा-रटाया-सा जवाब दिया। उस जवाब में लेकिन एक टूटता-सा दुख और साबुत-सी चिढ़ भी शामिल थी।
'क्या हुआ?' कमल चकित रह गया। 'पहले तो बहुत रौनक होती थी इधर। बेवड़े कहाँ चले गए?'
'पुलिस रेड मारता अब्बी। धंधा खराब कर दिया साला लोक।' दुकानदार ने सूचना दी और दुकान के पट बंद करने लगा। बाकी दुकानें भी बुझ रही थीं।
'कमाल है?' कमल बुदबुदाया, 'अभी छह महीने पहले तक शहर के इंटेलेक्चुअल यहीं बैठे रहते थे। वो, उस जगह। वहाँ एक दुकान थी। चलो।' कमल मुड़ गया, 'पाम ग्रोववाले तट पर चलते हैं।'
हम फिर गाड़ी में बैठ गए। तय हुआ था कि आज देर रात तक मस्ती मारेंगे, अगले दिन इतवार था - दोनों का अवकाश। फिर, हम करीब महीने भर बाद मिल रहे थे-अपनी-अपनी व्यस्तताओं से छूट कर। चाहते थे कि अपनी-अपनी बदहवासी और बेचैनी को समुद्र में डुबो दिया जाए आज की रात। समुद्र किनारे शराब पीने का कार्यक्रम इसीलिए बना था।
गाड़ी के रुकते ही दो-चार लड़के मँडराने लगे। कमल ने एक को बुलाया, 'गिलास मिलेगा?'
'और?' लड़का व्यवसाय पर था।
'दो सोडे, चार अंडे की भुज्जी, एक विल्स का पैकेट।' कमल ने आदेश प्रसारित कर दिया।
थोड़ी ही दूरी पर पुलिस चौकी थी, भय की तरह लेकिन मारुति की भव्यता उस भय के ऊपर थी। सारा सामान आ गया था। हमने अपना डीएसपी का हाफ खोल लिया था।
दूर तक कई कारें एक-दूसरे से सम्मानजनक दूरी बनाए खड़ी थीं - मयखानों की शक्ल में। किसी-किसी कार की पिछली सीट पर कोई नवयौवना अलमस्त-सी पड़ी थी-प्रतीक्षा में।
सड़क पर भी कितना निजी है जीवन। मैं सोच रहा था और देख रहा था। देख रहा था और शहर के प्यार में डूब रहा था। आइ लव बांबे। मैं बुदबुदाया। किसी दुआ को दोहराने की तरह और सिगरेट सुलगाने लगा। हवा में ठंडक बढ़ गई थी।
कमल को एक फिलीस्तीनी कहानी याद आ गई थी, जिसका अधेड़ नायक अपने युवा साथी से कहता है - 'तुम अभी कमसिन हो, याकूब, लेकिन तुम बूढ़े लोगों से सुनोगे कि सब औरतें एक जैसी होती हैं, कि आखिरकार उनमें कोई फर्क नहीं होता। इस बात को मत सुनना क्योंकि यह झूठ है। हरेक औरत का अपना स्वाद और अपनी खुशबू होती है।'
'पर यह सच नहीं है, यार।' कमल कह रहा था, 'इस मारुति की पिछली सीट पर कई औरतें लेटी हैं, लेकिन जब वे रुपयों को पर्स में ठूँसती हुई, हँस कर निकलती हैं, तो एक ही जैसी गंध छोड़ जाती हैं। बीवी की गंध हो सकता है, कुछ अलग होती हो। क्या खयाल है तुम्हारा?'
मुझे अनुभव नहीं था। चुप रहा। बीवी के नाम से मेरी स्मृति में अचानक अपनी पत्नी कौंध गई, जो एक छोटे शहर में अपने मायके में छूट गई थी - इस इंतजार में कि एक दिन मुझे यहाँ रहने के लिए कायदे का घर मिल जाएगा और तब वह भी यहाँ चली आएगी। अपना यह दुख याद आते ही शहर के प्रति मेरा प्यार क्रमशः बुझने लगा।
हमारा डीएसपी का हाफ खत्म हो गया तो हमें समुद्र की याद आई। गाड़ी बंद कर हमने पैसे चुकाए तो सर्विस करनेवाला छोकरा बायीं आँख दबा कर बोला, 'माल मँगता है?'
'नहीं!' कमल ने इनकार कर दिया और हम समुद्र की तरफ बढ़ने लगे, जो पीछे हट रहा था। लड़का अभी तक चिपका हुआ था।
'छोकरी जोरदार है सेठ। दोनों का खाली सौ रुपए।'
'नई बोला तो?' कमल ने छोकरे को डपट दिया। तट निर्जन हो चला था। परिवार अपने अपने ठिकानों पर लौट गए थे। दूर...कोई अकेला बैठा दुख सा जाग रहा था।
'जुहू भी उजड़ गया स्साला।' कमल ने हवा में गाली उछाली और हल्का होने के लिए दीवार की तरफ चला गया - निपट अंधकार में।
तभी वह औरत सामने आ गई। बददुआ की तरह।
'लेटना माँगता है?' वह पूछ रही थी।
एक क्वार्टर शराब मेरे जिस्म में जा चुकी थी। फिर भी मुझे झुरझुरी-सी चढ़ गई।
वह औरत मेरी माँ की उम्र की थी। पूरी नहीं तो करीब-करीब।
रात के ग्यारह बजे, समुद्र की गवाही में, उस औरत के सामने मैंने शर्म की तरह छुपने की कोशिश की लेकिन तुरंत ही धर लिया गया।
मेरी शर्म को औरत अपनी उपेक्षा समझ आहत हो गई थी। झटके से मेरा हाथ पकड़ अपने वक्ष पर रखते हुए वह फुसफुसाई, 'एकदम कड़क है। खाली दस रुपिया देना। क्या? अपुन को खाना खाने का।'
'वो...उधर मेरा दोस्त है।' मैं हकलाने लगा।
'वांदा नईं। दोनों ईच चलेगा।'
'शटअप।' सहसा मैं चीखा और अपना हाथ छुड़ा कर तेजी से भागा - कार की तरफ। कार की बॉडी से लग कर मैं हाँफने लगा - रौशनी में। पीछे, समुद्री अँधेरे में वह औरत अकेली छूट गई थी-हतप्रभ। शायद आहत भी। औरत की गंध मेरे पीछे-पीछे आई थी। मैंने अपनी हथेली को नाक के पास ला कर सूँघा - उस औरत की गंध हथेली में बस गई थी।
'क्या हुआ?' कमल आ गया था।
'कुछ नहीं।' मैंने थका-थका सा जवाब दिया, 'मुझे घर ले चलो। आई...आई हेट दिस सिटी। कितनी गरीबी है यहाँ।'
'चलो, कहीं शराब पीते हैं।' कमल मुस्कुराने लगा था।
तीन फुट ऊँचे, संगमरमर के फर्श पर, बहुत कम कपड़ों में, चीखते आर्केस्ट्रा के बीच वह लड़की हँस-हँस कर नाच रही थी। बीच-बीच में कोई दस-बीस या पचास का नोट दिखाता था और लड़की उस ऊँचे, गोल फर्श से नीचे उतर लहराती हुई नोट पकड़ने के लिए लपक जाती थी। कोई नोट उसके वक्ष में ठूँस देता था, कोई होंठों में दबा कर होंठों से ही लेने का आग्रह करता था और नोट बड़ा हो तो लड़की एक या दो सेकंड के लिए गोद में भी बैठ जाती थी। उत्तेजना वहाँ शर्म पर भारी थी और वीभत्स मुस्कुराहटों के उस बनैले परिदृश्य में सहानुभूति या संवेदना का एक भी कतरा शेष नहीं बचा था। पैसे के दावानल में लड़की सूखे बाँस-सी जल रही थी।
उस जले बाँस की गंध से कमरे का मौसम लगातार बोझिल और कसैला होता जा रहा था। मैं उठ खड़ा हुआ। 'नीचे बैठेंगे।' मैंने अल्टीमेटम-सा दिया।
'क्यों?'
'मुझे लगता है, लड़की मेरी धमनियों में विलाप की तरह उतर रही है।'
'शरीफ बोले तो? चुगद!' कमल ने कहकहा उछाला और हम सीढ़ियाँ उतरने लगे।
नीचेवाले हॉल का एक अँधेरा कोना हमने तेजी से थाम लिया, जहाँ से अभी-अभी कोई उठा था - दिन भर की थकान, चिढ़, नफरत और क्रोध को मेज पर छोड़ कर - घर जाने के लिए।
मुझे घर याद आ गया। घर यानी मालाड के एक सस्ते गेस्ट हाउस का दस बाई दस का वह उदास कमरा जहाँ मैं अपनी आक्रामक और तीखी रातों से दो-चार होता था। मुझे लगा, मेरी चिट्ठी आई होगी वहाँ, जिसमें पत्नी ने फिर पूछा होगा कि 'घर कब तक मिल रहा है यहाँ?'
मैं फिर बार में लौट आया। हमारी मेज पर जो लड़की शराब सर्व कर रही थी, वह खासी आकर्षक थी। इस अँधेरे कोने में भी उसकी साँवली दमक कौंध-कौंध जाती थी।
डीएसपी के दो लार्ज हमारी मेज पर रख कर, उनमें सोडा डाल वह मुस्कुराई, 'खाने को?'
'बॉइल्ड एग', कमल ने उसके उभारों की तरफ इशारा किया।
'धत्त।' वह शरमा गई और काउंटर की तरफ चली गई।
'धाँसू है न?' कमल ने अपनी मुट्ठी मेरी पीठ पर मार दी।
'हाँ। चेहरे में कशिश है।' मैं एक बड़ा सिप लेने के बाद सिगरेट सुलगा रहा था।
'सिर्फ चेहरे में?' कमल खिलखिला दिया।
मुझे ताज्जुब हुआ। हर समय खिलखिलाना इसका स्वभाव है या इसके भीतरी दुख बहुत नुकीले हो चुके हैं? मैंने फिर एक बड़ा सिप लिया और बगलवाली मेज को देखने लगा जहाँ एक खूबसूरत-सा लड़का गिलास हाथ में थामे अपने भीतर उतर गया था। किसी और मेज पर शराब सर्व करती एक लड़की बीच-बीच में उसे थपथपा देती थी और वह चौंक कर अपने भीतर से निकल आता था। लड़की की थपथपाहट में जो अवसादग्रस्त आत्मीयता थी उसे महसूस कर लगता था कि लड़का ग्राहक नहीं है। इस लड़के के जीवन में कोई पक्का-सा, गाढ़ा-सा दुख है। मैंने सोचा।
'इस बार में कई फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है।' कमल के भीतर सोया गाइड जागने लगा, 'फाइट सीन ऊपर होते हैं, सैड सीन नीचे।'
'हम दुखी दृश्य के हिस्से हैं?' मैंने पूछा और कमल फिर खिलखिलाने लगा।
शराब खत्म होते ही लड़की फिर आ गई।
'रिपीट।' कमल ने कहा, 'बॉइल्ड एग का क्या हुआ?'
'धत्त।' लड़की फिर इठलाई और चली गई।
उसके बाद मैं ध्वस्त हो गया। मैंने कश लिया और लड़की का इंतजार करने लगा।
लड़की फिर आई। वह दो लार्ज पेग लाई थी। बॉइल्ड एग उसके पीछे-पीछे एक पुरुष वेटर दे गया।
अंडों पर नमक छिड़कते समय वह मुस्करा रही थी। सहसा मुझसे उसकी आँख मिली।
'अंडे खाओगी?' मैंने पूछा।
मैंने ऐसा क्यों पूछा होगा? मैंने सोचा। मैं भीतर से किसी किस्म के अश्लील उत्साह से भरा हुआ नहीं था। तो फिर?
तभी लड़की ने अपनी गर्दन 'हाँ' में हिलाई, मेरे भीतर एक गुमनाम, अजाना सा-सुख तिर आया।
'ले लो।' मैंने कहा।
उसने एक नजर काउंटर की तरफ देखा फिर चुपके से दो पीस उठा कर मुँह में डाल लिए। अंडे चबा कर वह बोली, 'यहाँ का चिली चिकन बहुत टेस्टी है, मँगवाऊ?'
'मँगवा लो।' जवाब कमल ने दिया, 'बहुत अच्छी हिंदी बोलती हो। यूपी की हो?'
लड़की ने जवाब नहीं दिया। तेजी से लौट गई। मुझे लगा, कमल ने शायद उसके किसी रहस्य पर उँगली रख दी है।
चिली चिकन के पीछे-पीछे वह फिर आई। इस बार अपनी साड़ी की किसी तह में छिपा कर वह एक काँच का गिलास भी लाई थी।
'थोड़ी सी दो न?' उसने मेरी आँखों में देखते हुए बड़े अधिकार और मान भरे स्वर में कहा। उसके शब्दों की आँच में मेरा मन तपने लगा। मुझे लगा, मैं इस लड़की के तमाम रहस्यों को पा लूँगा। मैंने काउंटर की तरफ देखा कि कोई देख तो नहीं रहा। दरअसल उस वक्त मैं लड़की को तमाम तरह की आपदाओं से बचाने की इच्छा से भर उठा था। अपनी सारी शराब उसके गिलास में डाल कर मैं बोला, 'मेरे लिए एक और लाना।'
एक साँस में पूरी शराब गटक कर और चिकन का एक टुकड़ा चबा कर वह मेरे लिए शराब लेने चली गई। उसका खाली गिलास मेज पर रह गया। मैं चोरों की तरह, गिलास पर छूटे रह गए उसके होंठ अपने रूमाल से उठाने लगा।
'भावुक हो रहे हो।' कमल ने टोका। मैंने चौंक कर देखा, वह गंभीर था।
हमारे दो लार्ज खत्म करने तक, हमारे खाते में वह भी दो लार्ज खत्म कर चुकी थी। मैंने 'रिपीट' कहा तो वह बोली, 'मैं अब नहीं लूँगी। आप तो चले जाएँगे। मुझे अभी नौकरी करनी है।'
मेरा नशा उतर गया। धीमे शब्दों में उच्चारी गयी उसकी चीख बार के उस नीम अँधेरे में कराह की तरह काँप रही थी।
'तुम्हारा पति नहीं है?' मैंने नकारात्मक सवाल से शुरुआत की, शायद इसलिए कि वह कुँआरी लड़की का जिस्म नहीं था, न उसकी महक ही कुँवारी थी।
'मर गया।' वह संक्षिप्त हो गई - कटु भी। मानो पति का मर जाना किसी विश्वासघात सा हो।
'इस धंधे में क्यों आ गई?' मेरे मुँह से निकल पड़ा। हालाँकि यह पूछते ही मैं समझ गया कि मुझसे एक नंगी और अपमानजनक शुरुआत हो चुकी है।
'क्या करती मैं?' वह क्रोधित होने के बजाय रुआँसी हो गई, 'शुरू में बर्तन माँजे थे मैंने, कपड़े भी धोए थे अपने मकान मालिक के यहाँ। देखो, मेरे हाथ देखो।' उसने अपनी दोनों हथेलियाँ मेरी हथेलियों पर रगड़ दीं। उसकी हथेलियाँ खुरदुरी थीं - कटी-फटी।
'इन हथेलियों का गम नहीं था मुझे जब आदमी ही नहीं रहा तो...' वह अपने अतीत के अँधेरे में खड़ी खुल रही थी, 'बर्तन माँज कर जीवन काट लेती मैं लेकिन वहाँ भी तो...' उसने अपने होंठ काट लिए। उसे याद आ गया था कि वह 'नौकरी' पर है और रोने के लिए नहीं, हँसने के लिए रखी गई है।
'और पीने का?...' वह पेशेवर हो गई। कठोर भी।
'मैं तुम्हारे हाथ चूम सकता हूँ?' मैंने पूछा।
'हुँह।' लड़की ने इतनी तीखी उपेक्षा के साथ कहा कि मेरी भावुकता चटक गई। लगा कि एक लार्ज और पीना चाहिए।
अपमान का दंश और शराब की इच्छा लिए, लेकिन मैं उठ खड़ा हुआ और कमल का हाथ थाम बाहर चला आया। पीछे, अँधेरे कोनेवाली मेज पर, चिली चिकन की खाली प्लेट के नीचे सौ-सौ के तीन नोट देर तक फड़फड़ाते रहे - उस लड़की की तरह।
बाहर आ कर गाड़ी के भीतर घुसने पर मैंने पाया - उस लड़की की गंध भी मेरे साथ चली आई है। मैंने अपनी हथेलियाँ देखीं - लड़की मेरी हथेलियों पर पसरी हुई थी।
पता नहीं कहाँ-कहाँ के चक्कर काटते हुए जब हम रुके तो मारुति खार स्टेशन के बाहर खड़ी थी। रात का सवा बज रहा था।
कह नहीं सकता कि रात भर बाहर रहने का कार्यक्रम तय करने के बावजूद हम स्टेशन पर क्यों आ गए थे। शायद मैं थक गया था। या शायद घबरा गया था। या फिर शायद अपने कमरे के एकांत में पहुँच कर चुपचाप रोना चाहता था। जो भी हो, हम स्टेशन के बाहर थे - एक-दूसरे से विदा होने का दर्द थामे।
उसी समय कमल के ठीक बगल में, खिड़की के बाहर, एक आकृति उभर आई। वह एक दीन-हीन बुढ़िया थी। बदतमीज होंठों से निकली भद्दी गाली की तरह वह हमारे सामने उपस्थित हो गई थी और गंदे इशारे करने लगी थी।
मुझे उबकाई आने लगी।
'क्या चाहिए?' कमल ने हँस कर पूछा।
'चार रुपए।'
'एकदम चार। क्यों भला?'
'दारू पीने का है, दो मेरे वास्ते, दो उसके वास्ते,' बुढ़िया ने एक अँधेरे कोने की तरफ इशारा किया।
'वौ कौन?' कमल पूछ रहा था।
'छक्का है। मैं उसकेइच साथ रहती।' बुढ़िया ने इशारे से भी बताया कि उसका साथी हिजड़ा है।
'बच्चा नहीं तेरे को?' कमल ने पूछा।
'है न!' बुढ़िया की आँखें चमकने लगीं, 'लड़की है। उसकी शादी हो गई माहीम की झोपड़पट्टी में। लड़का चला गया अपनी घरवाली को ले कर। धारावी में धंधा है उसका।'
'तेरे को सड़क पर छोड़ गए?' मेरी ऊब के भीतर एक कौतूहल ने जन्म लिया, 'पति क्या हुआ तेरा?'
'बुड्ढा परसोईं मरेला है। पी के कट गया फास्ट से, उधर दादर में। अब्बी मैं उसकेइच साथ रहती।' बुढ़िया ने फिर अपने साथी की तरफ इशारा किया और पिंड छुड़ाती-सी बोली, 'अब्बी चार रुपिया दे न!'
'तेरा घर नहीं है?' कमल ने पर्स निकाल कर चार रुपए बाहर निकाले।
'अख्खा मुंबई तो अपना झोपड़पट्टी है।' बुढ़िया ने ऐसे अभिमान में भर कर कहा कि उसके जीवट पर मैं चौंक उठा। कमल के हाथ से रुपए छीन बुढ़िया अपने साथी की तरफ फिसल गई, जो एक झोंपड़ी के पास खड़ा था - प्रतीक्षातुर।
मैं पेशाब करने उतरा। झोंपड़ी किनारे अँधेरे में मैं हल्का होने लगा।
झोंपड़ी के भीतर बुढ़िया और उसका साथी कच्ची शराब खरीद कर पी रहे थे। बुढ़िया अपने साथी से कह रही थी, 'खाली पीली रौब नईं मारने का। अपुन भी तेरे को पिला सकता, क्या? ओ कारवाले सेठ ने दिया। रात-रात भर कार में घूमता साला लोक, रहने को घर नईं साला लोक के पास और अपुन से पूछता, तेरे को सड़क पे छोड़ गए क्या?' बुढ़िया मेरा मजाक उड़ा रही थी।
दारू गटक कर दोनों एक-दूसरे के गले में बाँहें डाले, झूमते हुए झोंपड़ी के बाहर आ रहे थे।
'थू!' बुढ़िया ने सड़क पर ढेर-सा बलगम थूक दिया और कड़वाहट से बोली, 'चार रुपिया दे के साला सोचता कि अपुन को खरीद लिया।'
मैं अभी तक अँधेरे में था, हतप्रभ। मारुति को अभी तक खड़े देख बुढ़िया ठिठकी फिर अपने साथी से बोली, 'वो देख गाड़ी अब्बी भी खड़ेला है। मैं तेरे को बोली न, घर नईं साला लोक के पास।'
'सच्ची बोली रे तू।' बुढ़िया के साथी ने सहमति जताई और दोनों हँसते हुए दूसरी तरफ निकल गए।
कलेजा चाक हो चुका था। खून से लथ-पथ मैं मारुति की तरफ बढ़ा। बाहर खड़े-खड़े ही मैंने अपना निर्जीव हाथ कमल के हाथ में दिया और फिर तेजी से दौड़ पड़ा प्लेटफार्म की तरफ।
'क्या हुआ? सुनो!' कमल चिल्लाया मगर तब तक मैं ट्रेन के पायदान पर लटक गया था।
सीट पर बैठ कर अपनी उनींदी और आहत आँखें मैंने छत पर चिपका दीं। और यह देख कर डर गया कि ट्रेन की छत से बुढ़िया की गंध लटकी हुई थी।
मैंने घबरा कर अपनी हथेलियाँ देखीं - अब वहाँ बुढ़िया नाच रही थी।

फ्लर्टिंग मेनिया

विक्रांत ने सुबह जैसे ही अपना फेसबुक ओन किया, उसे शिवाली का मैसेज मिला ... शिवाली अभी 15 दिन पहले ही फेसबुक पर उसकी दोस्त बनी थी । प्रोफाइल के मुताबिक वो 21 साल की खूबसूरत लड़की थी ,जो उसके ही शहर के इंजीनिरिंग कॉलेज में फाइनल सेमिस्टर में पढ़ रही थी।
शिवाली: हाइ ! डिअर गुड मॉर्निंग.. !
विक्रांत ने जवाब लिखा : गुड मॉर्निंग स्वीटू !
शिवाली : कितनी देर तक सोते हो ..10 बजने वाले हैं
विक्रांत : सारी रात तुम्हे मिस जो करता रहा !..नींद देर से आई
शिवाली : सच में..?
विक्रांत : और क्या !... अपना नंबर दो न यार ,कितनी बार मांग चुका हूँ । मैं कोई आवारा लड़का थोड़े ही हूँ, जो इतना डरती हो ,अच्छी साख है मेरी ,8 किताबे आ चुकी हैं मार्किट मे ! अच्छे एडवरटाइजिंग जॉब में हूँ !
शिवाली: लेखकों से डर लगता है..बड़े फ़्लर्ट होते हैं ... मेरा दिल टूट गया तो ?
विक्रांत : पहले दिल तो दो ...यकीन मानो टूटने नहीं देंगे !
शिवाली : ओके ... कहते हो तो मान लेती हूँ ...मिलोगे आज ? पहले जान लूँ ..फिर नंबर दूंगी
विक्रांत : वाओ ... बोलो कब और कहाँ ?
शिवाली : सीसीडी .. गौरव टावर शाम 5 बजे ..लेट मत होना ..शार्प फाइव !
विक्रांत : ओके ..डिअर...डन !... नाउ गिव मी अ टाइट हग !
शिवाली : वो तो मिलोगे जब दूंगी ..बाय
विक्रांत के खून का दौरा थोड़ा बढ़ गया ...दिल तेजी से जो से धड़कने लगा था
" बड़ी बोल्ड है यार !...आज तो दिन बन गया " सोचते हुए वो चाय बनाने किचन की ओर बढ़ गया
आज ऑफिस में बहुत काम था ।एक दो विज्ञापन लिखने का भी कॉन्ट्रैक्ट मिला था , बार बार घडी पर नज़र जाती ,आज घडी सुस्त है क्या ? मोबाइल पर टाइम चेक करता है ,घडी तो ठीक है !
तभी उसका मोबाइल बजा पूजा का फ़ोन था ,पूजा आजकल उसकी गर्ल फ्रेंड है ,शहर के बड़े अखबार में जर्नलिस्ट है ।
"सुबह से दो बार फ़ोन कर चुकी ..उठाया क्यों नहीं..न कॉल बैक किया ! "
'यार थोड़ा बिजी था ...करने ही वाला था कि तुम्हारा ..फ़ोन आ गया "
"कभी तो मुझे लगता है कि मैं ही तुम्हे प्यार करती हूँ ,तुम्हे तो कोई मतलब ही नहीं " पूजा ने चिड़चिड़ाते हुए कहा
"फिर वही बात.... अरे यार !काम तो करना ही होगा न ! सारे दिन तुमसे रोमांस तो नहीं कर सकता ,ऐसा है ,तो प्यार है,ऐसा नहीं है ,तो प्यार नहीं है..."
"ठीक है.. आई लव यू !.मिलोगे शाम को ...बहुत याद आ रही है ...चार दिन हो गए "
" चार दिन ही तो हुए हैं... आज बहुत काम है....मीटिंग्स हैं ...संडे को देखते है ...बाय "
पूजा बड़ी प्यारी और खूबसूरत लड़की थी, पर विक्रांत को रोक टोक पसंद नहीं थी ,वो खुद भी पूजा को कभी नहीं रोकता ।चाहे वो जैसे रहे ..जिससे बात करे... कई बार वो चिड़ के कह भी देता था
"प्लीज पूजा ...आई वांट स्पेस !...मुझे घुटन होती है "
" घुटन !...मिलते ही कितना हो ?.वक़्त कहाँ देते हो मुझे ? अगर स्पेस चाहिए, तो अलग हो जाओ..एंड एन्जॉय योर स्पेस !..प्यार में तो साथ चाहिए होता है, स्पेस नहीं..।"
ऐसे ही हफ्ते -दस दिन में उनकी भयंकर लड़ाई होती और फिर सुलह हो जाती । ऐसे करते- करते एक साल निकल गया था ।
पूजा विक्रांत को बहुत प्यार करती थी, उसके प्यार को देखते हुए विक्रांत हमेशा आश्वस्त रहता था ।उसके घर वाले लगातार शादी को ज़ोर दे रहे थे पर वो विक्रांत के अलावा किसी से शादी को सोच नहीं सकती थी ।हालांकि उसके दोस्त और सर्किल में विक्रांत की खडूस आदमी की इमेज बनी हुई थी ।अक्सर पूजा को समझाया जाता कि वो विक्रांत के साथ अपना टाइम खराब कर रही है ,वो हस्बैंड टाइप मटेरियल है ही नहीं !...कइयों के साथ फ़्लर्ट कर चुका है ।पर जब इंसान प्यार में अँधा होता है तब उसे कुछ दिखाई नहीं देता ।
 पूजा विक्रांत से शादी को कहती, तो वह टाल देता "यार अभी मुझे अच्छे से सेट होने दो ..साथ तो हूँ न ..अभी भरोसा नहीं है तो ,शादी के बाद भी नहीं होगा ..."
थोड़ी बहुत कहा सुनी होती, फिर दो चार दिन में सब नार्मल हो जाता ।
विक्रांत कई सालों से अकेला रहता था ,उसके माता पिता दूसरे शहर में थे । हमेशा आज़ाद घूमने वाले को दो पल की कैद भी बुरी लगती है , अपने हिसाब से सोना-जागना, खाना- पीना ,किसी तरह की कोई फ़िक्र या ज़िम्मेदारी भी नहीं.,बस कमाओ, उड़ाओ ।
 पूजा शहर के लिटरेरी सर्किल में सबसे ज्यादा डिसइरेबल थी, उसके साथ होना फक्र की बात थी, जबकि उसके पीछे शहर के आधे जर्नलिस्ट और एडिटर्स थे ...पर पूजा ने उसे चुना था । पूजा के साथ होना उसे अच्छा लगता था ,पर अपनी सहूलियत के दायरे में ,और शायद इसी वजह से दोनों में बहुत खट पट होती,जहाँ पूजा उसके लिए दिलो जान से समर्पित थी, वही वो उसे अक्सर फॉर ग्रांटेड लेता था । वो ज़िम्मेदारी से बचता था ..बंधना नहीं चाहता था ।
 विक्रांत जल्दी जल्दी काम निपटाने में लगा था ,आज उसे लेट नहीं होना है ।भले ही पूजा को आधे एक घंटे इंतज़ार करा ले ,पर शिवाली को आधा मिनट भी नही ,आखिर फर्स्ट इम्प्रैशन इस द लास्ट इम्प्रैशन !
गौरव टावर उसके ऑफिस से ज़्यादा दूर नहीं था। साढ़े चार बजते ही उसने सीट छोड़ दी ,बाहर निकला ही था कि ऑफिस के गेट पर एक पुराना दोस्त मिल गया ,छह महीने पहले ही मुंबई शिफ्ट हुआ है , फिल्मो में छोटे मोटे रोल कर रहा है ,थोड़ा पैसा कमाने लगा है ,जब भी जयपुर आता है ,हर बार ये ज़रूर कहता है "यार फ्लाइट लेट थी " ।
विक्रांत को उसे देख बड़ी कोफ़्त होती थी... उसने विक्रांत को+ बड़े ज़ोर से गले लगा लियाविक्रांत को लगा जैसे ये मुंबई से वापस ,उसे गला घोट के मारने ही आया है उसके नाम की सुपारी लेकर.!
"आओ विक्रांत भाई ज़रा कॉफ़ी पीतें हैं ! तुमसे ख़ास काम भी है ,मैं तो दोपहर में ही आ जाता ..पर फ्लाइट लेट हो गयी "
"बिना काम कभी आते हो तुम..? साला फेकू ! पिओन छोटेलाल ने कल ही तुझे गरीब रथ से उतरते देखा था ! "विक्रांत मन में बड़बड़ाया
"अभी तो मुझे एक बहुत ज़रूरी काम से जाना है . ...भाई ! शाम को मिलते हैं, कुछ गला तर हो ,तो बात बने ...फ्लाइट से आते जाते हो और मुझे हमेशा कॉफ़ी में टरका देते हो..." विक्रांत बोला
"हाँ हाँ ..क्यों नहीं ...फ़ोन करता हूँ शाम को "
जैसे तैसे उससे पीछा छुड़ा के विक्रांत ने बाइक स्टार्ट की ..साइड मिरर में देखा तो शर्ट डेट पर जाने के लिहाज़ से थोड़ी फीकी नज़र आ रही थी।  उसने तुरंत ऑफिस के पास एक शॉपिंग मॉल की तरफ बाइक घुमा ली ।.एंट्री पर ही पीटर इंग्लैंड का शोरूम था ,जल्दी बाज़ी में चेक वाली गुलाबी शर्ट पसंद की ,वहीँ चेंजिंग रूम में चेंज किया ,जेब से कंघा निकाल कर अपनी जुल्फे सेट की । शीशे में देख कर थोड़ा स्टाइल मारने का अभ्यास किया
"स्मार्ट लग रहा है ...यार ..वो इक्कीस की है तो तू भी छब्बीस से ज़्यादा का नहीं लग रहा ..." कहते हुए उसने खुद को आँख मारी
घडी पर नज़र पड़ते ही वो घबरा गया केवल पांच मिनट बचे थे पांच बजने में ,पेमेंट कर कर के उसने बाइक दौड़ा दी । .
"शर्ट बड़ी महंगी है यार विक्रांत ! ... आज पता चला, जब खुद पेमेंट करना पड़ा ...जब से पूजा ज़िन्दगी में आई है,हर 20-25 दिन में एक ब्रांडेड शर्ट गिफ्ट करती है ...बड़ा दिल है बेचारी का! " सोचते हुए वो मुस्करा दिया
5 बज के 5 मिनट पर वो सीसीडी में हांफता हुआ दाखिल हुआ । 3-4 जोड़े बैठे हुए थे , कोई भी अकेली लड़की नज़र नहीं आई ।
"थैंक गॉड ! मैं लेट नहीं हुआ "
साइड में रखे एक सोफे पर सज के बैठ गया और एक बार फिर अपनी नज़र दौड़ाईएक लेखक टाइप का लगने वाला बुड्ढ़ा आदमी अकेला बैठा कॉफ़ी पी रहा था ,विक्रांत ये सोच के सहम गया कि कहीं ये ही तो नही ,जो फेक अकाउंट बना के मजे लेता हो ! थोड़ी देर में एक खूबसूरत लड़की मुस्कराती हुई आई और बुड्ढे से हाथ मिला कर बैठ गयी ।
"साला बुड्ढ़ा ..क्या किस्मत है! .भजन कीर्तन की उम्र में सीसीडी में डेटिंग कर रहा है !"
 सवा पांच हो गए थे , तभी किसी ने उसके कंधे पर हाथ मारा...पलट के देखा तो शब्द मुँह में और रक्त शिराओं में जम गया ! उसकी गर्ल फ्रेंड पूजा थी!
"अरे विक्रांत ..तुम यहाँ कैसे .. ?तुम्हारी तो मीटिंग थी न...आजकल मीटिंग्स सीसीडी में होने लगी हैं . "
"हाँ ..हाँ .. वो ..वो क्लाइंट ने यही बुला लिया..एक एड फिल्म की स्क्रिप्ट डिसकस करनी थी "..बड़ी कोशिशों के बाद मुँह से कुछ बोल पिघले
पूजा अपनी दोस्त विजया के साथ थी ..विक्रांत को विजया फूटी आँख नहीं सुहाती थी ..पूजा तो सीधी थी ,उसकी बातों में आ जाती पर विजया हमेशा पूजा को पट्टी पढ़ाती रहती थी
"मैं तो विजया के साथ शॉपिंग पर आई थी ..अच्छा हुआ तुम मिल गए ..जब तक तुम्हारा क्लाइंट नहीं आता हम साथ में कॉफ़ी पी लेते हैं "
"हेलो जी ..! विक्रांत जी ..! की हाल है त्वडा " विजया बोल पड़ी
पंजाबी अक्सर वो तब बोलती थी, जब उसके पास अपराधी के खिलाफ ठोस सबूत होता था ... !
उसने फीकी सी मुस्कान फेंकी ..मन में तो वो बहुत डरा हुआ था , सही कहते हैं लोग, बुरे काम का बुरा नतीजा ..
"यार इनको भी शॉपिंग को यही आना था ..क्या करूँ..? अगर शिवाली आ गयी तो ऐसी की तैसी हो जाएगी ..और आज तो विजया भी साथ है ... तीन ब्रेकअप कर चुकी है ..लड़ने में एक्सपर्ट है ...आज तो मुझे स्वयं ब्रह्मा भी नहीं बचा सकते ..मुझे यहाँ से जाना चाहिए " विक्रांत का दिमाग फुल स्पीड ब्रॉडबैंड की तरह दौड़ रहा था ।
"डिअर ..मैं एक बार क्लाइंट को फ़ोन कर लूँ "विक्रांत ने धीमे से पूजा का हाथ दबाया
"हाँ ..आप आये नहीं अभी तक... मैं तो वेट..."कहते हुए वो सोफे से उठा और थोड़ी दूर जाके बात करने लगा ।
वापस लौटे हुए बोला "आई आम सॉरी यार मुझे जाना होगा ..उनके ऑफिस में ही डिसकस करेंगे..तुम कॉफ़ी पिए..मैं पे कर देता हूँ "
"ओह्हो ये तो बड़ा बुरा किया शिवाली ने डेटिंग कैंसिल कर दी !" कहते हुए विजया बड़ी ज़ोर से हंसी
विक्रांत का चेहरा धूप में रंग उड़े कपडे जैसा हो गया। पूजा का चेहरा गुस्से से तमतमा रहा था .. !
"विक्रांत ..मैं कभी सोच भी नहीं सकती थी कि तुम इतने बड़े फ़्लर्ट और झूठे इंसान होगे ! मेरे लिए तुम्हारे पास टाइम नहीं और 20-21 साल की लड़कियों से फ्लिर्टिंग करते हो,छुप छुप के मिलने आते हो ..हाउ डेयर ! यू चीट मी.."उसकी आँखों से आंसू टपक पड़े
आस पास के लोग अपनी कॉफ़ी पर ज़्यादा इनकी बातों पर ज़्यादा ध्यान देने लगे थे ,माहौल लगातार गरम होता जा रहा था।
"सुनो ..सुनो पूजा ..!ऐसा कुछ नहीं ,आओ यहाँ से बाहर चलते हैं,तमाशा मत करो ..प्लीज.!लोग देख रहे हैं !"विक्रांत गिड़गिड़ाया
"तमाशा ! ..ओये तू जो किता है ,वो के है ...! ड्रामेबाज ! "विजया बीच में कूद पड़ी
पूजा गुस्से में उठ खड़ी हुई और दनदनाती हुई सीसीडी से बाहर निकल गयी, विजया और विक्रांत ने उसे फॉलो किया
"पूजा ऐसा कुछ नहीं है डिअर..आई लव यू ...! शिवाली से मेरी काम से सिलसिले में मीटिंग थी "
"टाइट हग वाली मीटिंग....? मैं ही हूँ शिवली !जो तुमसे 15 दिन से चैटिंग कर रही हूँ,सब कहते थे पर मैंने सिर्फ तुम्हारा विश्वास किया ..और तुमने साबित कर दिया कि तुम वही हो ,जो लोग तुम्हारे बारे में कहते थे ..!परवर्ट ..सिक ! "
"यार ..प्लीज तुम ओवर रियेक्ट कर रही हो... मैं एक राइटर हूँ और लोगो की मानसिकता जानने के लिए मैं हल्का फुल्का मज़ाक ..बातचीत करता हूँ ..इसका मतलब ये नहीं कि मैं धोखेबाज हूँ ...ये मेरे प्रोफेशन की डिमांड है !"
"अच्छा ... मुझे तो आज पहली बार पता चला कि फ़्लर्टिंग भी किसी प्रोफेशन की डिमांड होती है ..! आज हग मांग रहे हो ...कल बिस्तर में जा घुसोगे ..? मैं अब तुम्हारे साथ एक पल नहीं रह सकती "
"प्यार में कभी छुपाया नहीं जाता ,हमेशा तुमने मुझे झूठ बोला ,छुपाता वही है जिसको डर होता है और डरता वही है जो गलत करता है ... रिश्ते वही चलते हैं जिनमे ट्रांसपरेन्सी हो " पूजा रोते हुए बोली
"तुम्हारे पास तो प्यार की हमेशा एक नयी परिभाषा रहती है ... मैंने पहले ही दिन कह दिया था कि फेसबुक कभी हमारे रिलेशन के बीच नहीं आएगा ... मैं बस आज के युवाओ की मेंटलिटी जानने को ........"
"मैं तो अब आई हूँ, पिछले चार साल से तुम फेसबुक पर फ़्लर्ट ही कर रहे थे ..क्या चार साल काफी नहीं होते ,मेंटलिटी जानने को ...??? बड़े राइटर बनते हो ...उन्ही एक्सपेरिएंस को तोड़ मरोड़ के लिखते रहो... या उम्र भर फ्लिर्टिंग ही करोगे..? खैर जो करना है करो,मुझे क्या...,जो होना था हो गया.... पर देखना तुम कभी सुखी नहीं रहोगे...! जो एक अच्छा इंसान न हुआ वो अच्छा राइटर कैसे होगा ..!"
"सुनो तो .."
"चुप करो .. ! इसलिए मुझे देखते ही अपना फेसबुक ऑफ कर लेते थे,रात 2 बजे तक ऑनलाइन रहते हो ,तुमने सोचा ये तो अंधी है और अंधी बनी रहेगी..। अच्छा हुआ मैंने विजया की बात सुनी ..और देखो तुम्हारा सारा सच आज मेरे सामने है ..! इट स आल ओवर !विक्रांत ..! आई हेट यू ..यू हेव बिट्राएड मी ! "
पूजा ने रोते हुए कार का दरवाज़ा भड़ाक से बंद किया और कार स्टार्ट कर दी
फिर कार का शीशा नीचे कर के बोली....
"एंड डोंट यू डेयर टू कॉल मी एवर ..! अभी तो तुम्हारे सारे दोस्तों को तुम्हारा सच बताउंगी ..बड़े देवता बने फिरते हो न ...सूरत इतनी भोली और काम ...खैर बताने से भी क्या होगा ,बदनामी तो मेरी ही है न ! "
 विक्रांत ने इधर उधर देखा,वो कई लोगो की तीखी नज़रो के निशाने पर था ,उसने बाइक स्टार्ट की और वापस ऑफिस की तरफ मुड़ गया। उसने कभी सोचा नहीं था कि ये फ़्लर्टिंग मेनिया उसे इतना महंगा पड़ जायेगा । आज बड़ी बेइज़्ज़ती हुई सबके सामने ,कल ऑफिस तक भी खबर आ जाएगी,गौरव टावर में वैसे ही बहुत भीड़ रहती है पता नहीं कितने जानने वालो ने देखा होगा । वो पूजा को जानता था, गुस्से में वो वक़्त हालात ,और जगह सब भूल जाती थी और कई कई बार सड़क पर ही रोने चीखने चिल्लाने लगती थी । इस बार तो वाकई उसने गलती की थी
"खैर ! छोड़ो एक दो दिन में अपने आप ठीक हो जाएगी "
रात तक पूजा का कोई फ़ोन नहीं आया । विक्रांत ने फेसबुक पर जा कर देखा तो पूजा नज़र नहीं आई,शायद उसने ब्लॉक कर दिया होगा ।चोरी छुपे चाहे जो कर लो पर अपराधी वही होता है जो पकड़ा जाये !उसका मन दुखी था ,आज वाकई उसे अपराधबोध हो रहा था।
एक बार पूजा को फ़ोन मिलाया तो उसने काट दिया ,दुबारा हिम्मत नहीं हुई । सारी रात बैचनी में फ़ोन की स्क्रीन देखते हुए कट गयी ।सुबह थोड़ी आँख लगी तो दरवाज़े पर हुई खटखटाहट ने जगा दिया वो झटके से उठा
"शायद पूजा होगी !"
 अक्सर लड़ाई के बाद वो सुबह सुबह सॉरी बोलने आ जाती थी । देखा तो उसका दोस्त विमलेश था ,दोनों एक ही कसबे से थे और बारहवी दोनों ने साथ ही की थी ।
"गुड मॉर्निगं यार ...बहुत दिन से मिला नहीं तो सोचा आ जाऊं ..कल गांव जा रहा हूँ ,दस दिन के लिए ..कुछ मरम्म्त वगैरह करनी है, बहन की शादी पास आ रही है .....चाय तो पिला "
"दूध लाता हूँ अभी "
चाय पीते हुए विमलेश दुनिया जहान की बातें करता रहा पर आज जैसे विक्रांत तो कहीं और ही खोया हुआ था । इतनी उदासी उसने अपने भीतर कभी महसूस नहीं की थी ,जैसे उसे बुरी तरह जकड लिया हो और उसे एक एक सांस लेने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही हो।
"क्या बात है..कुछ परेशान दिखा रहा है ..तबियत ठीक है ?"विमलेश ने चिंतित सा दिखने की कोशिश की
"हाँ ..बस काम ज़्यादा था तो नींद पूरी नहीं हुई..थोड़ा सर दर्द है "
"अच्छा ! तू थोड़ा सो ले ..घर कुछ भेजना हो तो शाम तक बता देना "
 वो फिर पसर गया... आज खाना बनाने वाली भी नहीं आई ,12 बजे तक यूँ ही पड़ा पड़ा छत देखता रहा । तभी फ़ोन बजा! झटके से मोबाइल उठा के देखा ....पर स्क्रीन पर ऑफिस लिखा देख के मायूस हो गया
" आज तबियत ठीक नहीं ...आ नहीं पाउगा ... हाँ मैं मेल कर देता हूँ थोड़ी देर में "
वो फिर लेट गया ,कितनी ही लड़कियां उसके जीवन में आई और गयी ,कुछ की तो अब उसे शक्ल भी याद नहीं आती ..कुछ दिन ...साल ...स्मृति से ऐसे लोप हो जाते हैं ..जैसे कभी थे ही नहीं ...! कोई याद भी दिलाये तो याद नहीं आते और आ भी जाते है ,तो बहुत धुंधले !पर पिछले साल का बीता हर दिन उसे आज याद आ रहा था ... उसने सोचा भी नहीं था कि पूजा उसकी स्मृति में इतना गहरी बसी हुई है !
जब पूजा उसे याद दिलाती थी कि "पहली बार हम यहाँ मिले थे ..तुमने मुझे पहली बार तब छुआ था..ऐसे पहली बार किस किया था .."
तो वो इरिटेट हो जाता था ..."क्या एक ही बात बार बार .."
 पर आज वो समझ पाया कि वो हर लम्हा उसके प्यार में जीती थी ,महसूस करती थी ... !
 प्रेम एक अदृश्य ऊर्जा की तरह होता है ...सिर्फ महसूस होता है और हमारी आदत बन जाता है ..हम में से कुछ लोग उस ऊर्जा के प्रति अपना ग्रेटिटूड शो नहीं करते और जब वो ऊर्जा हमे मिलनी बंद हो जाती है तो हम छटपटाने लगते हैं ...तब हमे अहसास होता है कि हमारे जीवन में बहुत कुछ अच्छा केवल उस ऊर्जा की वजह से ही था ...
 आज वो इस बात को महसूस करके बेहद तकलीफ में था ...छटपटा रहा था !
" मैंने हमेशा ही उसे इग्नोर किया ,जब अपनी सहूलियत और मन हुआ तो वक़्त दिया ।सच ही तो हैं अगर वो ऐसे किसी लड़के से अंतरंग हो कर बातें करती और मिलने जाती तो क्या मैं उसे माफ़ कर पाता?पूजा की नाराजगी जायज है ,पर क्या ये रिश्ता अब हमेशा को टूट गया ?क्या वो मुझे आखिरी बार माफ़ नहीं करेगी ?"
इतने सवाल और पछतावा कि वजन से उसका सर चकराने लगा ..रात से कुछ खाया भी नहीं था ।हिम्मत कर के पूजा को फ़ोन लगाया।
उसने नहीं उठाया ।थोड़ी देर सोचा और फिर एस ऍम एस  किया
" मेरा एक्सीडेंट हो गया है "
कोई जवाब नहीं आया ।
 जो लड़की उसे बुखार होने पर पच्चीस किलोमीटर भागे आती थी ..साथ में जूस फल और न जाने क्या क्या ले आती ,उसके लिए अदरक तुलसी की चाय बनाती ..
और कहती "अब आराम करो ..मैंने ऑफिस से छुट्टी ले ली है , मैं यही बैठ के किताब पढ़ती हूँ ,तुम्हारे साथ होना मुझे बहुत अच्छा लगता है"
और फिर मैं 2-3 घंटे सो जाता ..जब उठता तो काफी हल्का महसूस करता था ..सच ! उसके होने में ही जादू था । और आज उसे मेरे एक्सीडेंट की खबर से भी कोई फ़र्क़ नहीं पड़ रहा ...शायद बहुत नाराज है ! "
एक बार और फ़ोन मिलाया ...
इस बार फ़ोन उठा लिया गया
"हेलो पूजा पूजा ...! "
"एक्सीडेंट हो गया तो मैं क्या करूँ ..? मर जाते तो मुझे ज़्यादा ख़ुशी होती ..!.बुला लो उन्ही में से किसी एक को जिनके साथ फेसबुक पर आशिक़ी करते हो .... और प्लीज मुझे अब दोबारा फ़ोन मत करना ,जिस तरह तुमने मेरा दिल तोडा है ..उसके बाद मुझे संभलने में वक़्त लगेगा ..मेरा विश्वास किरचे- किरचे हो गया ...अब उम्र भर मेरी रगो में ये किरचे दौड़ेगी ..तकलीफ देती हुई ! "
वो कुछ बोल पाता इससे पहले उसने फोन काट दिया ।
"लड़ती -सुनाती भी शायराना अंदाज़ में है !" सोच के उसके होठों पर हँसी तैर गयी ,पर जल्दी ही उसे अहसास हुआ कि उसका तो ब्रेकअप हो गया है तो उसने फिर उदासी की मोटी चादर ओढ़ ली ।
 पूजा की आवाज़ सुन के थोड़ा आराम महसूस हुआ तो उठ के नहाने गया ।नहा के कपडे ढूंढने लगा तो गहरे हरे रंग की टी -शर्ट हाथ आई ...ये भी पूजा ने ही दी थी ,पूजा हमेशा कहती थी "इतना प्यार कोई नहीं करेगा ..."
 "सच तो कहती थी... मैंने तो उसे एक साल में एक फूल तक नहीं दिया "
  अब उस खुद पर बेहद गुस्सा आ रहा था । इंसान की ये फितरत होती है ,जब तक उसे उसकी गलतियां गिनाओ वो चिढ़ता है और जब उसे उसकी गलतियों के साथ अकेला छोड़ दो ,तो कुछ समय में उसे खुद ब खुद अपनी गलतियों का अहसास हो जाता है ,जो समझदार होते हैं उन्हें जल्दी हो जाता है और वो सब संभाल लेते हैं और जो मगरूर होते हैं, उन्हें वक़्त समझा देता है हमेशा को अकेला कर के !
 इस मामले में विक्रांत वाकई समझदार था कि उसे एक दिन में ही अपनी भूल का अहसास हो गया । उसने फिर एस ऍम एस किया
"चाहे गालियां दे लो ..पर यूँ रिश्ता न तोड़ो ,मैं नहीं जी पाउँगा तुम्हारे बिना ..आई रियली लव यू !'
कोई जवाब नहीं आया .ये वही पूजा थी जो उसके एक एस ऍम एस पर जवाब में एस ऍम एस की झड़ी लगा देती थी !
"वाकई ये तो ब्रेकअप ही हो गया लगता है ...क्या करूँ ?राजेश से सलाह लेता हूँ "
राजेश उसका जिगरी दोस्त था ,खुद का बिजनस था ,बीवी बच्चों वाला शरीफ आदमी था, वो हमेशा उसे समझाता था "यार उम्र बढ़ रही है शादी ब्याह कर ले ..कब तक यूँ इधर उधर टाइम पास करेगा "
उसने फ़ोन मिलाया ...
"राजेश भाई ..बड़ा ज़रूरी काम है ..अभी मिलना है "
"अच्छा ..तो शो रूम पर आजा "
"नहीं भाई ..मेरी तबियत ठीक नहीं ..इतना दूर नहीं आ पाउँगा "
"अरे क्या हुआ ...?अच्छा ! तो ऐसा कर गौरव टावर आ जा, सीसीडी में मिलते हैं ! "
सीसीडी का नाम सुनते ही विक्रांत घबरा गया ,अब तो वो अगले 1-2 साल तक उधर का रुख नहीं करेगा ।
"नहीं ...आप मुझे डब्लू टीपी में के ऍफ़ सी में मिलो ..कुछ खा भी लेंगे कल रात से कुछ नहीं खाया "
"ठीक है यार !आता हूँ आधे घंटे में "
 डब्लू टी पी में पहुंचे आधा घंटा हो गया था ,पर राजेश का कुछ अता पता नहीं था,.दो बार कॉल भी किया ।
“आज पता चल रहा है इंतज़ार करना ,पूजा तो उसके एक कॉल पर भागी आती थी । सच में जीवन साथी की जगह कोई नहीं ले सकता ,बाकी सब अपनी सहूलियत देखते हैं । एक बार मान जाये तो एकदम सुधर जाऊंगा !”
तभी पसीना पोंछता हुआ हैरान परेशान सा राजेश नज़र आया,.विक्रांत ने हाथ हिला के इशारा किया
"अरे यार !क्या हो गया ..तूने तो मुझे डरा ही दिया था ...ये डब्लू टी पी वाले भी न !.पार्किंग से ऊपर आने में पूरे पंद्रह मिनट लग जाते हैं ...आज तो कार भी तेरी भाभी ले गयी तो गर्मी में बाइक पर भागता हुआ आया हूँ ..उस पर टायर पंचर हो गया ....मैं तो ...."
"भाई मैं परेशान हूँ ! "विक्रांत ने उसे लगाम लगाई वरना वो अगले आधे घंटे तक चुप होने के मूड में नहीं दिखता था ।
"हाँ बोल न तो क्या हुआ ..? वही तो पूछ रहा हूँ ! "
"पूजा ने रिश्ता तोड़ दिया "
'हय..! क्या बात कर रहा है ..क्यों ? कही शादी वादी कर रही है ? मैं तो पहले ही कहता था शादी करो और खत्म करो झंझट ...आजकल लड़कियां इतना इंतज़ार नहीं करती पर तू मेरी कभी सुनता है ...मुझे तो पहले ही....."
विक्रांत तो फिर टोकना पड़ा ..और सारी कहानी उन्हें डिटेल में सुना दी
"हम्म्म .... भाई गलती तो 100 परसेंट तेरी ही है ..."
"जानता हूँ पर मैं उसे वापस पाना चाहता हूँ ..सच उससे शादी करना चाहता हूँ...अब आप ही बताओ कि कैसे मानेगी ? आपको बहुत मानती है , आप उसे समझाओ न कि एक बार मिल ले !मेरा तो फ़ोन ही नहीं उठा रही अब ! "
 राजेश भाई थोड़ी देर गहन मुद्रा में सोचते रहे । इस बीच आर्डर लेने के लिए लड़का तीन बार चक्कर लगा चुका था, उसके चेहरे पर कुछ ऐसे भाव थे “ फ़ोकट में थोड़े ही बैठने को है ये जगह ! “
"आतें सुबह से कुलबुला ही रहीं हैं ! ज़िंदा रहा तो फिर आगे सोच पाएंगे !" ये सोच के विक्रांत उठ के कुछ आर्डर कर आया ..
"देखो उसे अपना फेसबुक पासवर्ड दे दो ...लेकिन पहले अपने पिछले पाप मिटा देना ..! मुझे तो यही आखिरी रास्ता दिखता है । 2 साल पहले इसी वजह से मेरे तलाक की नौबत आ गयी थी, तो मैंने भी यही किया था। तब से एकदम सुकून और शांति है ,इन कामो में थोड़ी देर का सुख मिलता है ,बाकी हमेशा तनाव बना रहता है ..तुम भी अब सुधर जाओ "
 आर्डर आ गया था ... विक्रांत को हमेशा से KFC का चिकन पसंद था ,पर आज वो स्वाद नहीं आ रहा था ,खाते हुए वो एक अंधभक्त की तरह लगातार राजेश की बातों पर मुंडी हिला रहा था ।
"और हाँ पूजा के लिए एक अच्छी सी अंगूठी खरीदो , डायमंड रिंग ही लेना ,पैसे बचाने के चक्कर में मत रहना । मैं उससे बात करके शाम को मिलने को राजी करता हूँ । तुम मिलो और पहले उसे पासवर्ड देना फिर शादी के लिए प्रपोज़ करते हुए अंगूठी पहना देना ...समझे कुछ ?"
"हूँ ..! "
"अरे ...क्या हूँ ..? अरे मेरी बीवी तो डायमंड सेट पर राजी हुई थी ,ऊपर से सब ससुराल वालो के सामने माफ़ी अलग मांगनी पड़ी थी ! ..बड़ी बेज़्ज़ती हुई थी यार ! "
 उसने चिकेन छोड़कर ,राजेश को गले से लगा लिया .. दोस्त वाकई भगवान का रूप होते हैं ! तारणहार !
 शाम तक पुराने काले कारनामे मिटा कर, उसके दिल का बोझ काफी हद तक कम हो गया था
"पूजा सच कहती थी ..जब प्यार है तो छुपाना कैसा छुपाता वही है जो गलत होता है ! "
राजेश भाई का फ़ोन आ चुका था ,पूजा मिलने को तैयार है, लेकिन सिर्फ दस मिनट को, इससे ज़्यादा वक़्त नहीं है ,उसके पास !
वो ख़ुशी से तैयार होने लगा ,सोचा ...
"शेव कर लूँ ,नहीं रहने देता हूँ थोड़ी बड़ी हुई शेव से ज़्यादा दुखी दिखूँगा ,उसका दिल पिघलेगा ! "
 जौहरी बाजार जा कर, एक खूबसूरत डायमंड रिंग खरीदी,डायमंड रिंग की वजह से थोड़ा कॉंफिडेंट फील कर रहा था ..
"भले ही एकदम से माफ़ न करे पर डायमंड को ठुकरा नहीं पायेगी!"
पूजा बाहर पार्किंग में ही खड़ी मिल गयी ...
"हेलो पूजा !...अंदर चले ? "
"बोलो क्या काम है अब ? मुझे जल्दी जाना है " पूजा रुखाई से बोली
पूजा का चेहरा सूजा हुआ था ,ऑंखें भी छोटी छोटी दिख रही थी,
(" लगता है सारी रात रोई है ..")
"प्लीज यार ऐसा मत कहो... जो कहोगी , वो करुँगा "
"ठीक है ..गाडी में बैठो ..मुझे रेस्टोरेंट में कोई तमाशा नहीं करना ! "पूजा थोड़ा नरम हुई
"सिर्फ राजेश भाईसाहब के कहने पर मिलने आई हूँ ...वरना तो मैं तुम्हारी शक्ल भी नही देखना चाहती ..." उसने गाडी चलाते हुए कहा
"पूजा क्या एक साल का रिश्ता एक दिन में टूट सकता है ...?"
"एक साल से तुम धोखा तो ही दे रहे हो..एक तरफा रिश्ता था ,मेरी तरफ से । मैंने तोड़ दिया !मुझे अब नहीं रहना ...तुम जैसे फ़्लर्ट आदमी के साथ .."
"अरे यार ! मैं सुधर गया हूँ ...ये...."
"बड़ी तेज़ रफ़्तार है तुम्हारे सुधरने की ..! .एक ही रात में सुधर गए....! "
"ये लो मेरा फेसबुक पास वर्ड ... जिसे चाहो उसे ब्लॉक कर दो " एक छोटा लिफाफा देते हुए बोला
"भाड़ में जाओ ...मुझे नहीं चाहिए " पूजा ने लिफाफा डैशबोर्ड पर फेंक दिया
"और मैं अब खुद को पूरी तरह तुम्हे सौंप रहा हूँ..प्लीज ! शादी कर लो मुझ से ! " कहते हुए उसने जेब से अंगूठी का डिब्बा निकाला
पूजा ने तुरंत ब्रेक लगाया, अविश्वसनीय नज़रों से उसे घूरा
“एक साल से तो तुम शादी टालते रहे , अब एक ही दिन में कैसे राजी हो गये ? इसलिए न कि कहीं ये सीधी साधी लड़की मेरे चंगुल से न निकल जाए ! अब मैं तुम्हारी किसी बात पर यकीन नहीं करने वाली ! ”
“प्लीज पूजा गलती का अहसास तो एक पल में हो जाता है और मैंने तो पिछले चौबीस घंटे में एक एक पल खुद को कोसा है ..पल पल मरा हूँ !” विक्रांत की आँखों से आंसू बह निकले !
पूजा उसके आंसू देख असहज हो गयी
“मेरे सामने ये घडियाली आंसू मत बहाओ..मैं तुम्हें किसी सूरत में माफ़ नहीं करुँगी !”
“पूजा तुम्ही तो कहती थी प्यार में माफ़ कर देना चाहिए ..एक आखिरी मौका दो ..मैं साबित कर दूंगा कि मैं तुम्हे सच्चा प्यार करता हूँ”
पूजा कुछ कहना चाहती थी , पर विक्रांत ने उसके मुँह पर हाथ रख दिया
"सच डिअर ..चाहे तो कुछ दिन आजमा लो ... ! प्रोबेशन पर रख लो !”
पूजा की हँसी छूट गयी ,उसने रोते हुए विक्रांत को गले लगा लिया और विक्रांत को ऐसा महसूस हुआ जैसे उसके जलते हुए शरीर पर पहली बारिश की बूंदें गिरने लगी हों !
विक्रांत ने उसकी ऊँगली में अंगूठी पहना दी और राजीiनामा होने के बाद दोनों डिनर करने एक रेस्टोरेंट में घुस गए !

दिल्ली गर्ल

मौसम अपने पूरे शबाब पर था , साँझ धीरे से झीने काले दुपट्टे मे अपने अंगों को ढ़क रही थी । लाखो मद मस्त दिल अपनी आँखों के दांतों तले साँझ का शबाब चबा रहे थे , पर वो इन सब से बेखबर अपने टाइपराइटर की टिक.. टिक.. टिक मे खोई हुई थी । वो जितनी जल्द हो सके अपने अस्तित्व के टुकड़ों को पन्नो में छुपा देना चाहती थी ,जिसे बाद में उसकी संताने जोड़े और जाने अपनी माँ के सम्पूर्ण नक़्शे को । उसकी इस व्यस्तता के बीच अचानक गरम मादकता से दहकते हुए होंठ उसके कानों से टकराए , धीरे – धीरे होंठ कानों को चूमते हुए गले तक जाने लगे और होंठो का अनुसरण करती हुई नाक गालों को सहलाने लगी । कमर पर उँगलियों के बल चलते दो हाथ कसते चले गए ...”आज तो इसकी जगह मुझे बाहों में ले लो “…… अनुराग की फुसफुसाती उन्मादी आवाज उसके कानो में गूंजने लगी.....
वो झटके से कुर्सी छोड़ कर खड़ी हो गयी , तेजी से टाइपराइटर से पेज खींच कर लपेटते हुए बोली ...
“ अरे आप !!!! आज जल्दी आ गए । “
“ हूँ सोचा मौका भी है दस्तूर भी तो क्यूँ ना फायदा उठाया जाए । हम्म...... बोलो क्या कहती हो । देखो आज मौसम कैसे प्रेमालाप में डूबा है “ अनुराग ने उसे अपनी ओर खींचना चाहा
“ आपको अब थोड़े लिहाज़ में रहना चाहिए, शादी को दस साल हो गए हैं और आपकी ये आवारगी नहीं छूट रही “ उसने रुखाई से जवाब देते हुए जैसे खुद को पर्वत से टकराने से रोका
“ आवारगी ???? कब और कैसे मूड खराब करना है तुमसे बेहतर कोई नहीं जानता । महीने में अट्ठाईस दिन मैं ब्रह्मचार्य निभाता हूँ ...क्या है ये सब ...तुम किस टाइप की औरत हो ???”
“ शोध चल रहा है , तब तक आप जैसी हूँ वैसी ही झेल लीजिये । बैठिए , चाय ले आती हूँ । “ बोलने से पहले वो किचन की ओर बढ़ चुकी थी ,पीछे हवा में छूटी उसकी आवाज़ गूंज कर अनुराग तक संदेश दे रही थी
अनुराग ने बेतरतीब से कपड़े खोलकर यहाँ वहाँ फेंक दिए और गुस्से से दाँत चबाता हुआ बाथरूम की ओर बढ़ गया । मुंह हाथ धोकर उसने खुद को शीशे में कढ़ाई से निहारा और वापस आकर केवल लुंगी बांधकर बालकनी में जाकर बैठ गया । अपने रोज के टाइम पास की तरह उसने मोबाइल पर पॉर्न साइट खोली और व्यस्त हो गया । दूसरी ओर वो किचन में चाय चढ़ा कर खड़ी – खड़ी अपने मन मे झुलस रही थी, सोच रही थी की अनुराग जब भी पास आते है लगता है असंख्य गिरगिट उसकी देह को चाट रहे हैं और मतलब निकलते ही नया रूप धरकर उसके मुंह पर थूक देंगे । उनकी सासों की गर्मी मेरे शरीर का ताप नहीं बढ़ातीं बल्कि मुझे ज्वालामुखी के मुहाने खड़ा कर देती हैं । जी करता है ज़ोर से चिल्लाऊँ और पूंछू – जिस औरत के विचारों , पसंद ना नापसंद की आपको परवाह नहीं उसके शरीर की इतनी भूख क्यों ??? गिरगिट का स्वभाव होता है रंग बदलना जैसे अनुराग का स्वभाव है खुद को सभी की नजर मे परफेक्ट साबित करना , चाहे उसके लिए किसी ओर को जहन्नुम नसीब हो । अनुराग के कदम भावुकता , ज़िम्मेदारी , प्रेम और त्याग के पथ पर नहीं चलते, उसके कदम चलते हैं दिमागी चालों के उस शतरंज पर जहां वो लंबी तैयारी करता है की किससे क्या और कब करवाना है और वो रोज खुद को उबालती है ,छानती है , परोसती है लेकिन अनुराग उसे एक ही घूंट में खत्म कर जाते है ,डकार तक भी नहीं आने देते ।
चाय और खुद को छानकर वो बालकनी मे आ गयी । उसे देखते ही अनुराग अपना कप उठा कर जाने लगे तो वो बोली –
“ आप पॉर्न साइट्स देखते हैं , मुझे पता है ! “
“ तो.......???कहीं बाहर तो मुंह मारने नहीं जाता ?”
“ आप जा पाएंगे ???”
“ वॉट डू यू मीन मैडम ? ये तीन साल में दो बच्चे क्या तुम्हारा भाई गिरा गया है ?”
“नहीं , आपके ही हैं ....तब तक मैंने उम्मीद नहीं खोई थी&nbsp; ...सुना था शीतल जल के बार – बार स्पर्श से चट्टानों के रूप बदल जाया करते हैं ?” उसकी आवाज सर्द पड़ती जा रही थी
“जो जैसा होता है उसे वैसा ही मिलता है । तुम्हें भी मिला है और तुम्हारी झूठी कहानियों में मैं आने वाला नहीं हूँ ...डोंट ट्राई टू टीच मी एंड फीड मी ... । “ अनुराग शांत घातक आवाज में शब्दों को चबा गए
“फिर तो ये आप पर भी लागू हुआ ना , आप जैसे हैं वैसा भोग रहें हैं और भोगेंगे भी । “
“ गलती भूगत रहा हूँ , कुछ गलतियों का कभी सुधार नहीं हो सकता ...” कहकर अनुराग कमरे की ओर चले गए लेकिन अपने पीछे माहौल में जहर घोल गए ।
&nbsp;वो चाय के हर घूंट के साथ हवा में फैले जहर को गले से नीचे धकेलने लगी । उँगलियाँ कप पर काँपने लगी और आखिर मे दोनों पोखर लाख रोकने पर भी बह निकले । एक – एक मोती गिरता जाता और उसकी अंजुरी को यादों से भरता जाता । अनुराग ने जब उसे शादी के लिए परपोज किया था तो उसके अस्तित्व के साथ – साथ उसके नाम से भी उसे बेइंतिहान मोहब्बत हो गयी थी । अनुराग .. अनुराग ... अनुराग ,मीठे सुर की भांति गूँजता रहता था । दोनों ने मोहब्बत को तव्व्जो दी और धर्म को धक्का मार दिया । हिन्दू धर्म उंच नीच के हजारों भेदों में बंटा हुआ है लेकिन उन दोनों के लिए इतना काफी था की वो दोनों हिन्दू है और दोनों में से कोई नीच जात नहीं है । दोनों एक ही आफिस में थे । &nbsp;वो दिल्ली में जन्मी – पढ़ी लिखी जैन धर्म की कन्या थी और अनुराग बिहार से गाँव सनोली के ब्राह्मण थे । कुछ वर्षों पूर्व ही उनका परिवार कानपुर सैटल हो गया था । गाँव में घर – खेत थे जिसकी देख रेख के लिए अनुराग का परिवार जाता रहता था । &nbsp;उसकी गंभीर , संस्कारी आदतों ने अनुराग पर गहरा प्रभाव छोड़ा था और अनुराग की पारिवारिक स्नेहिल समझ उसको बहुत भाती थी । ये पसंद मन ही मन प्रेम में परिवर्तित हुई और अनुराग ने उसे शादी के लिए परपोज कर दिया । उसे परिवारों के खिलाफ जाकर जीवन भर दुख उठाने से कुछ दिन अभी रो लेना बेहतर लगा था लेकिन अनुराग नहीं माना । उनका प्यार टीन ऐज़ का उबाल नहीं था उसमें संतोष और धीरज की भावना थी । परिवारों का सम्मान सर्वोपरी था इसलिए मान मनोवर के बाद दोनों परिवारों की रजामंदी से दिल्ली में ही छोटी सी शादी कर दी गयी ।
ससुराल आने पर उसे पता चला की गाँव और कानपुर के जानकारों से कहा गया है की वो भी बिहारी परिवार (शाडींलय गोत्र ) से है और उसकी माँ की गंभीर बीमारी के चलते जल्दबाज़ी में दिल्ली में ही शादी करनी पड़ी । उसे गहरा आघात पहुंचा था । माँ की झूठी बीमारी के नाम पर हर आने जाने वाले को सलामती की कहानी कहना उसे आहत करता था । अनुराग से पूछने पर उनका दो टूक जवाब था –
“तुम शहर की पैदाइश हो ना इसलिए गाँव के संस्कारों और नियमों को नहीं जानती ,अगर किसी को भी पता चला की तुम जैन थी तो मेरी बहनो की शादी होना मुश्किल हो जाएगा । किस मुंह से बुलाते रिशतेदारों को शादी में ??? तुम्हारे घर से कोई जात वाली कहानी कह देता तो ??”
“ अगर आपको ये सब की परवाह थी तो किसी बिहारी कन्या को चुनना चाहिए था । आपको मुझसे मेरी पहचान छीनने का कोई हक नहीं है । “
“ये सब जरूरी था और अपनी बहनो के लिए मैं कुछ भी कर सकता हूँ । “
“ तो आप मुझे छोड़ देते , आप पर कोई दबाव नहीं था । मेरे साथ ऐसा क्यूँ किया ?”
“ देखो , तुम कुछ भी थी लेकिन अब बिहारी हो बस इससे वास्ता रखो । “
“ और मेरे घर वाले ? वो क्यूँ खुद को छिपाएं ?”
“ करना तो पड़ेगा । मैं अपनी बहनो के लिए तुम्हारा जीवन दांव पर लगा सकता हूँ “ अनुराग कठोरता से कहकर चले गए &nbsp;लेकिन ये दबे शब्दों की धमकी वो समझ चुकी थी । अब लगभग ये रोज का किस्सा हो गया । उसके पहुँचने से पहले उसकी बदनामी लोगों तक पहुंचा दी जाती । लोग उससे अजीब -अजीब से सवाल करते , संदेह की नजरों से देखते और वो ....!!!! वो समझ ही नहीं पाती की आखिर इस छींटाकशी का कारण क्या है । अनुराग के माँ बाप छोटी बड़ी बातों मे उसे बेइज्जत करते , कम दहेज का ताना देते । अनुराग से कहने पर वो उसे परिवार तोड़ने के आरोप से छलनी कर देते । उसे प्रथम गर्भावस्था के दौरान गाँव ले जाया गया था । गाँव मे लगा जैसे बहू ना आई हो सर्कस से बंदरिया पकड़ी गयी हो । औरतें पूछती –
“ का जी , ये लंबी बाल गाँव आने की खातिर बढ़ाई हो का ? बरोनी भी नहीं बनवाई हो ? सहर में तो सुने है हर दूसरे रोज पार्लर जाती हो “
दूसरी बोली
“ए भाभी sssआपकी लाइफ तो एकदमे मस्त है । सुने हैं हफ्ता में छ दिन होटलें में खातीं हैं , का चाय भी नहीं बनाना आता आपको ? अएसे में हमारा भईया का खाएगा और का निचोड़ेगा ?”
“अरी हटीं , हमनी के बात करे दओ । बहुरिया हमारा सीधा बाबू के फंसा तो ली हो पर ऐसे काम नहीं चलेगा । रूप तो ढल जाता है , गुण काम देता है , सुन्नी ई ई ई .... भई दिल्ली की हो तो रंग ढंग तो तुमको नहीं हैं हम सब सुन चुके है बाबू की माई से । तुम्हारी माई का सोची थी की खाली दिल्लीए बस जाने से बेटी गुणी हो जाएगी । बाबू की माई के सताना छोड़ो और निमन बनो । “ बड़की बुआ अपना फरमान सुना कर चली गयी थी ।
पाँच दिन ये सिलसिला चलता रहा , औरतें आती और उसे , उसी के दिल्ली गर्ल यानि बिगड़ी लड़की यानि असंस्कारी होने के किस्सों के साथ रीति - नीति का पाठ पढ़ा कर जातीं । औरते उसे अय्याश होटलों में खाने वाली , सिनेमा देखने वाली , फैशनेबल असंस्कारी लड़की के सम्मान से पुरस्कृत कर चुकी थीं लेकिन क्यों ??? कब और किसलिए ??
उससे रहा ना गया तो बड़की बुआ की बेटी से पूछ लिया –
“ बबुनी हम होटलों में खाते हैं , कुछ पकाना नहीं जानते । ये सब किसने कहा रे सब से ?”
“ और कौन ? आपकी सास कहीं हैं । बड़की दीदी भी बता देती हैं । सचे भाभी आपको कुछ नहीं बनाना आता ?”
“ कहो क्या खाना चाहती हो , हम अभी बना देंगे । हमें खाना बनाने से लेकर सिलाई – कढ़ाई सब आता है । हम अपनी शादी को छोड़कर कभी पार्लर नहीं गए हैं । पिक्चर भी बचपन में देखे थे और फिर शादी के बाद इस घर आकर देखें हैं । इस घर मे तो सभी को घूमने का बहुत शौक है फिर हमारे बारे में .......!!!! “ उसे रोना आ गया था
“जाने दो भाभी ...होता है , अभी आप नयकी कीनिया है ना “वो कहकर तो चली गयी लेकिन बाहर सबको उनके बीच हुए वार्तालाप का ढिंढोरा पीट दिया । गाँव मे तो कुछ नहीं कहा गया लेकिन कानपुर आकर बड़े ही विचित्र ढंग से उसे सबक सिखाया गया । घरवालों की अनुराग के साथ गुप्त मीटिंग हुई और अनुराग का व्यवहार उसके प्रति बदलता गया । गाँव की बातें अनुराग से कहने पर उसने ये कहकर टाल दिया की गाँव वाले मज़ाक कर रहे होंगे ,वहाँ भाभीयों और बहुओं के साथ ऐसा किया जाता है , दिल्ली की हो ना गाँव घर का मज़ाक तुम्हें समझ नहीं आता है ।
&nbsp;वो तड़प उठी थी , अब अनुराग उसकी सोच पर भी उंगली उठाने लगे थे । क्या उसे मज़ाक और संजीदगी का अंतर नहीं मालूम या मनुष्य के चेहरे के भावों से वो ये समझ नहीं पाती की वो किस मूड की बात कर रहा है । वो तो गाँव था लेकिन कानपुर के पड़ोसी , दोस्त भी तो उसे ऐसी ही समझते हैं । ये विचारों का युद्ध उसे मानसिक आघात देता रहता । वो जिस भी काम को करे उसकी निंदा की जाती , उसी काम को उसकी ननदें करें तो वो गुणवती कहलाती । उसके बनाए खाने को ननदों के नाम से मेहमानों के समक्ष परोसा जाता । उसकी पाक कला का परिचय कुछ यूं दिया जाता
“इसकी माँ कहाँ कुछ सिखाई है जी , खुद भी छहतरी है इसे भी बना दी है । नखरा करवा लो बस , दिल्ली की हैं ना । कोई तो पाप किए होंगे हम जो ई बाबू को फंसा ली । “
उसकी गर्भावस्था की परेशानियों को कोरे ड्रामे का नाम दिया गया । उसकी सूखती देह को उसकी मनबड़पनती कहा गया –
“अजी , का कहें घर का खाना इनको अच्छा नहीं न लगता है । “
अनुराग को पीठ पीछे मनघड़न्त कहानियों के द्वारा उसके बुरे व्यवहार के किस्से सुनाए जाते , इसके बाद वो चाहे कितनी भी सफाई दे अनुराग उसे झूठी और घर फोड़ू कहते । अजीब सी दलदल का शिकार हुई थी वो ना धंस रही थी और ना निकल । धीरे – धीरे वक्त के साथ उसे एहसास हुआ की उससे शादी करना अनुराग का प्रेम नहीं था बल्कि उसके पुरुषत्व का नमूना था । वो अनुराग को पसंद तो थी लेकिन शादी की हद तक नहीं , मगर उसके पारिवारिक सोच के चलते अनुराग ने मैरिज परपोजल का एक्का फेंका था । अनुराग को उम्मीद नहीं थी की वो शादी के नाम पर भी उसे चार छ महीना घूमने का पास नहीं देगी । उसने बात सीधी घरवालों को कह दी थी और अब अनुराग फंस गए थे । पारिवारिक स्तर पर बात ना बनती देख जब उसने अनुराग को शादी ना करने का फैसला सुनाया था तो उसके पुरुष अहंकार पर चोट लगी थी । कोई लड़की उसको ना कैसे कह सकती है ? होगी दिल्ली गर्ल , माई फुट ... ।
एक सोची समझी योजना के तहत अनुराग ने उसे और उसके घरवालों को मनाया था , हर बात को ऐसे पेश किया था की कोई ना ना कर सके । अनुराग के घरवाले इस बात पर राजी हुए थे की वो उसे एक नौकरानी या आया का दर्जा तो देंगे लेकिन दिल से कभी बहू नहीं मानेगे । उसका किसी संपति, यहाँ तक की अनुराग की तंख्वाह पर भी कोई हक नहीं होगा । पुरुषत्व के अहंकार में अनुराग ने बिना उसके बारे में सोचे सब स्वीकार कर लिया था ।
अनुराग के इस घृणित कृत्य ने उसे खुद से ही विरक्त कर दिया था और दिल्ली गर्ल के लेबल ने उससे उसकी मुस्कान छिन ली थी । शेष थे उसकी बगिया में खिले दो पौधे (संताने), जिनके पतों से वो अपने ज़ख्म सहलाती थी ।
इस सब के बीच दिल्ली गर्ल ने अनुराग से पति सत्ता के नाम पर अपने साथ होने वाले बलात्कार पर रोक लगा दी थी । बिना कोई कारण बताए वो अनुराग को अपनी देह से दूर धकेल देती थी । अनुराग उसकी देह को केवल तब भोग सकता था जब उसकी इच्छा हो और वो जानती थी झूठे कलयुगी राम के रोल से निकल कर अनुराग कभी कोई ऐसा काम नहीं करेंगे जिससे बदनामी हो । सबकी नजरों मे अच्छे बने रहने का भूत उनके सिर पर सवार रहता है । वो ससुराल और समाज के तानो और गलत व्यवहार को चुप्पी से सहती । अपने गुस्से में भी शांत रहती और शांति में भी गहरा कोप पालती । नित नए श्रिंगार से अपनी देह के उभारों को सुशोभित करती और अनुराग को ललचाती । अनुराग के नजदीक आने पर वो उसे बिना कारण दिए धिक्कार देती । जिस पुरुष अहंकार ने उससे उसका स्वर्ग छीना था उसके तिलमिलाने पर वो असीम आनंद की अनुभूति को जीती ।
अपनी शांति के लिए उसने कल्पनाओं में अपने एक अनाम प्रेमी को जन्म दिया था , जिसके अनछूए हाथो को थामकर वो प्रेम की गलियों में भटकती फिरती । आकारविहीन प्रेमी के कदमों से कदम मिलाकर जीवन का सफ़र तय करती । उसके अस्पष्ट अधरों से अधर मिलाकर प्रेमरस का स्वाद लेती , अधनींदी अवस्था में अपने खामोश शरीरविहीन प्रेमी के साथ प्रेमगीत गाते हुए प्रेमालाप करती । वो जानती थी बिना आँखों में झाँके सच्चे प्रेम को महसूस नहीं किया जा सकता लेकिन जीवन काटने के लिए ये मृगतृष्णा उसके लिए डूबते को तिनके का सहारा थी ।

लक्ष्मीनिवास बिडला

किसी जमाने में एक चोर था। वह बडा ही चतुर था। लोगों का कहना था कि वह आदमी की आंखों का काजल तक उडा सकता था। एक दिन उस चोर ने सोचा कि जबतक वह राजधानी में नहीं जायगा और अपना करतब नहीं दिखायगी, तबतक चोरों के बीच उसकी धाक नहीं जमेगी। यह सोचकर वह राजधानी की ओर रवाना हुआ और वहां पहुंचकर उसने यह देखने के लिए नगर का चक्कर लगाया कि कहां कया कर सकता है।
उसने तय कि कि राजा के महल से अपना काम शुरू करेगा। राजा ने रातदिन महल की रखवाली के लिए बहुतसे सिपाही तैनात कर रखे थे। बिना पकडे गये परिन्दा भी महल में नहीं घुस सकता था। महल में एक बहुत बडी घडीं लगी थी, जो दिन रात का समय बताने के लिए घंटे बजाती रहती थी।
चोर ने लोहे की कुछ कीलें इकठटी कीं ओर जब रात को घडी ने बारह बजाये तो घंटे की हर आवाज के साथ वह महल की दीवार में एकएक कील ठोकता गया। इसतरह बिना शोर किये उसने दीवार में बारह कीलें लगा दीं, फिर उन्हें पकड पकडकर वह ऊपर चढ गया और महल में दाखिल हो गया। इसके बाद वह खजाने में गया और वहां से बहुत से हीरे चुरा लाया।
अगले दिन जब चोरी का पता लगा तो मंत्रियों ने राजा को इसकी खबर दी। राजा बडा हैरान और नाराज हुआ। उसने मंत्रियों को आज्ञा दी कि शहर की सडकों पर गश्त करने के लिए सिपाहियों की संख्या दूनी कर दी जाय और अगर रात के समय किसी को भी घूमते हुए पाया जाय तो उसे चोर समझकर गिरफतार कर लिया जाय।
जिस समय दरबार में यह ऐलान हो रहा था, एक नागरिक के भेष में चोर मौजूद था। उसे सारी योजना की एक एक बात का पता चल गया। उसे फौरन यह भी मालूम हो यगा कि कौन से छब्बीस सिपाही शहर में गश्त के लिए चुने गये हैं। वह सफाई से घर गया और साधु का बाना धारण करके उन छब्बीसों सिपाहियों की बीवियों से जाकर मिला। उनमें से हरेक इस बात के लिए उत्सुक थी कि उसकी पति ही चोर को पकडे ओर राजा से इनाम ले।
एक एक करके चोर उन सबके पास गया ओर उनके हाथ देख देखकर बताया कि वह रात उसके लिए बडी शुभ है। उसक पति की पोशाक में चोर उसके घर आयेगा; लेकिन, देखो, चोर की अपने घर के अंदर मत आने देना, नहीं तो वह तुम्हें दबा लेगा। घर के सारे दरवाजे बंद कर लेना और भले ही वह पति की आवाज में बोलता सुनाई दे, उसके ऊपर जलता कोयला फेंकना। इसका नतीजा यह होगा कि चोर पकड में आ जायगा।
सारी स्त्रियां रात को चोर के आगमन के लिए तैयार हो गईं। अपने पतियों को उन्होंने इसकी जानकारी नहीं दी। इस बीच पति अपनी गश्त पर चले गये और सवेरे चार बजे तक पहरा देते रहे। हालांकि अभी अंधेरा था, लेकिन उन्हें उस समय तक इधर उधर कोई भी दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने सोचा कि उस रात को चोर नहीं आयगा, यह सोचकर उन्होंने अपने घर चले जाने का फैसला किया। ज्योंही वेघर पहुंचे, स्त्रियों को संदेह हुआ और उन्होंने चोर की बताई कार्रवाई शुरू कर दी।
फल वह हुआ कि सिपाही जल गये ओर बडी मुश्किल से अपनी स्त्रियों को विश्वास दिला पाये कि वे ही उनके असली पति हैं और उनके लिए दरवाजा खोल दिया जाय। सारे पतियों के जल जाने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाया गया। दूसरे दिन राजा दरबार में आया तो उसे सारा हाल सुनाया गया। सुनकर राजा बहुत चिंतित हुआ और उसने कोतवाल को आदेश दिया कि वह स्वयं जाकर चोर पकड़े।
उस रात कोतवाल ने तेयार होकर शहर का पहरा देना शुरू किया। जब वह एक गली में जा रहा रहा था, चोर ने जवाब दिया, ‘मैं चोर हूं।″ कोतवाल समझा कि लड़की उसके साथ मजाक कर रही है। उसने कहा, ″मजाक छाड़ो ओर अगर तुम चोर हो तो मेरे साथ आओ। मैं तुम्हें काठ में डाल दूंगा।″ चोर बाला, ″ठीक है। इससे मेरा क्या बिगड़ेगा!″ और वह कोतवाल के साथ काठ डालने की जगह पर पहुंचा।
वहां जाकर चोर ने कहा, ″कोतवाल साहब, इस काठ को आप इस्तेमाल कैसे किया करते हैं, मेहरबानी करके मुझे समझा दीजिए।″ कोतवाल ने कहा, तुम्हारा क्या भरोसा! मैं तुम्हें बताऊं और तुम भाग जाओं तो ?″ चोर बाला, ″आपके बिना कहे मैंने अपने को आपके हवाले कर दिया है। मैं भाग क्यों जाऊंगा?″ कोतवाल उसे यह दिखाने के लिए राजी हो गया कि काठ कैसे डाला जाता है। ज्यों ही उसने अपने हाथ-पैर उसमें डाले कि चोर ने झट चाबी घुमाकर काठ का ताला बंद कर दिया और कोतवाल को राम-राम करके चल दिया।
जाड़े की रात थी। दिन निकलते-निकलते कोतवाल मारे सर्दी के अधमरा हो गया। सवेरे जब सिपाही बाहर आने लगे तो उन्होंने देखा कि कोतवाल काठ में फंसे पड़े हैं। उन्होंने उनको उसमें से निकाला और अस्पताल ले गये।
अगले दिन जब दरबार लगा तो राजा को रात का सारा किस्सा सुनाया गया। राजा इतना हैरान हुआ कि उसने उस रात चोर की निगरानी स्वयं करने का निश्चय किया। चोर उस समय दरबार में मौजूद था और सारी बातों को सुन रहा था। रात होने पर उसने साधु का भेष बनाया और नगर के सिरे पर एक पेड़ के नीचे धूनी जलाकर बैठ गया।
राजा ने गश्त शुरू की और दो बार साधु के सामने से गुजरा। तीसरी बार जब वह उधर आया तो उसने साधु से पूछा कि, ″क्या इधर से किसी अजनबी आदमी को जाते उसने देखा है?″ साधु ने जवाब दिया कि "वह तो अपने ध्यान में लगा था, अगर उसके पास से कोई निकला भी होगा तो उसे पता नहीं। यदि आप चाहें तो मेरे पास बैठ जाइए और देखते रहिए कि कोई आता-जाता है या नहीं।″ यह सुनकर राजा के दिमाग में एक बात आई और उसने फौरन तय किया कि साधु उसकी पोशाक पहनकर शहर का चक्कर लगाये और वह साधु के कपड़े पहनकर वहां चोर की तलाश में बैठे।
आपस में काफ बहस-मुबाहिसे और दो-तीन बार इंकार करने के बाद आखिर चोर राजा की बात मानने को राजी हो गया ओर उन्होंने आपस में कपड़े बदल लिये। चोर तत्काल राजा के घोड़े पर सवार होकर महल में पहुंचा ओर राजा के सोने के कमरे में जाकर आराम से सो गया, बेचारा राजा साधु बना चोर को पकड़ने के लिए इंतजार करता रहा। सवेरे के कोई चार बजने आये। राजा ने देखा कि न तो साधु लौटा और कोई आदमी या चोर उस रास्ते से गुजरा, तो उसने महल में लौट जाने का निश्चय किया; लेकिन जब वह महल के फाटक पर पहुंचा तो संतरियों ने सोचा, राजा तो पहले ही आ चुका है, हो न हो यह चोर है, जो राजा बनकर महल में घुसना चाहता है। उन्होंने राजा को पकड़ लिया और काल कोठरी में डाल दिया। राजा ने शोर मचाया, पर किसी ने भी उसकी बात न सुनी।
दिन का उजाला होने पर काल कोठरी का पहरा देने वाले संतरी ने राजा का चेहरा पहचान लिया ओर मारे डर के थरथर कांपने लगा। वह राजा के पैरों पर गिर पड़ा। राजा ने सारे सिपाहियों को बुलाया और महल में गया। उधर चोर, जो रात भर राजा के रुप में महल में सोया था, सूरज की पहली किरण फूटते ही, राजा की पोशाक में और उसी के घोड़े पर रफूचक्कर हो गया।
अगले दिन जब राजा अपने दरबार में पहुंचा तो बहुत ही हतरश था। उसने ऐलान किया कि अगर चोर उसके सामने उपस्थितित हा जायगा तो उसे माफ कर दिया जायगा और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कीह जायगी, बल्कि उसकी चतुराई के लिए उसे इनाम भी मिलेगा। चोर वहां मौजूद था ही, फौरन राजा के सामने आ गया ओर बोला, "महाराज, मैं ही वह अपराधीह हूं।″ इसके सबूत में उसने राजा के महल से जो कुछ चुराया था, वह सब सामने रख दिया, साथ ही राजा की पोशाक और उसका घोड़ा भी। राजा ने उसे गांव इनाम में दिये और वादा कराया कि वह आगे चोरी करना छोड़ देगा। इसके बाद से चोर खूब आनन्द से रहने लगा।

समझौता

जब माँ का फोन आया, तब मैं स्नान घर से बाहर निकल रहा था। मेरे रिसीवर उठाने से पहले ही शिखा ने फोन उठा लिया था।
माँ उससे कह रही थीं, "शिखा, मैंने तुम्हें एक सलाह देने के लिए फोन किया है। मैं जो कुछ कहने जा रही हूँ, वह सिर्फ मेरी सलाह है, सास के नाते आदेश नहीं फिर भी उम्मीद है तुम उस पर विचार करोगी...और हो सका तो मानोगी भी...'
-" बोलिए, माँजी ?'
 "शिखा, तुम्हारे देवर पंकज की शादी है। वह कोई गैर नहीं, तुम्हारे पति का सगा भाई है। तुम दोनों का व्यापार अलग है, घर अलग है, कुछ भी तो साझा नहीं है फिर भी तुम लोगों के बीच मधुर संबंध नहीं हैं बल्कि यह कहना अधिक सही होगा कि संबंध टूट चुके हैं। मैं तो समझती हूँ कि अलग-अलग रह कर संबंधों को निभाना ज्यादा आसान हो जाता है। वैसे उसकी गलती क्या है ? बस यही कि उसने तुम दोनों को इस नए शहर में बुलाया...अपने साथ रखा और नए सिरे से व्यापार शुरू करने को प्रोत्साहित किया।.... हो सकता है, उसके साथ रहने में तुम्हें कुछ परेशानी हुई हो...एक-दूसरे से कुछ शिकायतें भी हों किंतु इन बातों से क्या रिश्ते समाप्त हो जाते हैं ? उसकी सगाई में तो तुम नहीं आई थीं किंतु शादी में जरूर आना ...बहू का फर्ज परिवार को जोड़ना होना चाहिए।'
 "तो क्या मैंने रिश्तों को तोड़ा है ? पंकज ही सब जगह हमारी बुराई करते फिरते हैं। लोगों से यहाँ तक कहा है कि "मेरा बस चले तो भाभी को गोली मार दूँ..उसने आते ही हम दोनों भाईयों के बीच दरार डाल दी।'... माँजी, दरार डालने वाली मैं कौन होती हूँ.... असल में पंकज के भाई ही उनसे खुश नहीं हैं। मुझे तो अपने पति की पसंद के हिसाब से चलना पड़ेगा..वह कहेंगे तो आ जाऊँगी।'
 देखो, मैं यह तो नहीं कहती कि तुमने रिश्ते को तोड़ा है लेकिन कभी जोड़ने का प्रयास भी नहीं किया। रही बात लोगों के कहने की तो कुछ लोगों का काम यही होता है...वे इधर-उधर की झूठी बातें करके परिवारों में, संबंधों में फूट डालते रहते हैं और झगड़ा करा कर मजा लूटते हैं...तुम्हारी गलती बस इतनी है कि तुमने दूसरों की बातों पर विश्वास कर लिया...देखो शिखा, मैंने आज तक कभी तुम्हारे सामने चर्चा नहीं की किंतु आज कह रही हूँ, तुम्हारी शादी के बाद किसी ने हमसे कहा था -" आप कैसे घर की लड़की को बहू बना कर लाए हैं।सुना है कि इस की भाभी को दहेज के लिए सब ने मिल कर बहुत सताया था ..परिवार के सभी लोगों का नाम हत्या के सिलसिले में पुलिस में दर्ज था।.. कुँआरी लड़की है, शादी में दिक्कत आएगी, यही सोच कर रिश्वत खिला कर उसका नाम, घर वालों ने उस केस से निकलवाया था।'....
 अगर शादी से पहले हमें यह बात पता चलती तो शायद हम सच्चाई जानने का प्रयास भी करते लेकिन तब तक तुम बहू बन कर हमारे घर आ चुकी थीं।..हमने कहने वाले को फटकारते हुए कहा था-- "शिखा अब हमारे घर की बहू है, आपको हम से इस तरह की बात नहीं कहनी चाहिए...वैसे भी आज कल तो यह फैशन सा हो गया हैं कि लड़की की ससुराल में न पटे या किसी वजह से वह आत्महत्या करले तो पूरे परिवार को दहेज के लिए सताने या हत्या के आरोप में फँसा दो।'... शिखा यह सब पुरानी बातें बता कर मैं तुम्हें दुखी नहीं करना चाह रही बल्कि समझाना चाह रही हूँ कि आँखें बंद करके लोगों की बात पर विश्वास नहीं कर लेना चाहिए.. खैर मैंने तुम्हें पंकज की शादी में आने के लिए फोन किया था...मानना, न मानना तुम्हारी मर्जी पर निर्भर करता है।"
 इतना कह कर माँ ने फोन काट दिया था। माँ ने कई बार हम दोनो भाइयों के खराब रिश्तों को लेकर मुझे भी समझाने की कोशिश की थी किंतु मैंने उनकी पूरी बात कभी नहीं सुनी बल्कि उन पर यही दोषारोपण करता रहा कि वह मुझ से ज्यादा पंकज को प्यार करती हैं इसलिए उन्हें मेरा ही दोष नजर आताहै, पंकज का नहीं। इस पर वह हमेशा यहाँ से रोते हुए ही लौटी थीं।
लेकिन सच्चाई तो यह है कि मैं खुद भी पंकज के खिलाफ था। हमेशा दूसरों की बातों पर विश्वास करता रहा। इस तरह हम दोनों भाईयों के बीच खाई चौड़ी होती गई लेकिन आज फोन पर की गई माँ की बातें सुन कर मैं कुछ हद तक उनसे सहमत हुआ हूँ।माँ यहाँ नहीं रहती । शादी की वजह से ही यहाँ आई हुई है। वह हम दोनों भाइयों के बीच अच्छे संबंध न होने की वजह से बहुत दुखी रहतीं है। इसीलिए यहाँ बहुत कम आतीं है।
 लोग सही कहते हैं, अधिकतर पति पारिवारिक रिश्तों को निभाने के मामले में पत्नी पर निर्भर हो जाते हैं। उसकी नजरों से ही अपने रिश्तों का मूल्यांकन करने लगते हैं। शायद यही वजह है, पुरुष अपने माता-पिता, भाई-बहनों आदि से दूर होते जाते हैं और ससुराल वालों के नजदीक होते जाते हैं।दूसरे शब्दों में यों भी कहा जा सकता है कि महिलाएँ, पुरुषों की तुलना में अपने रक्त संबंधों के प्रति अधिक वफादार होती हैं। इसीलिए अपने पीहर वालों से उनके संबंध मधुर बने रहते हैं बल्कि कड़ी बन कर वे पतियों को भी अपने परिवार से जोड़ने का प्रयास करती रहती हैं। वैसे पुरुष का अपने ससुराल से जुड़ना गलत नहीं है। गलत है तो यह कि पुरुष रिश्तों में संतुलन नहीं रख पाते। वे नए परिवार से तो जुड़ते हैं किंतु धीरे-धीरे अपने परिवार से दूर होते चले जाते हैं।
भाई-भाई में, भाई-बहनों में कहा सुनी कहाँ नहीं होती लेकिन इसका मतलब यह तो नहीं होता कि संबंध समाप्त कर लिए जाएँ। मेरे साथ भी यही हुआ। जाने-अनजाने में पंकज से ही नहीं मैं अपने परिवार के अन्य सदस्यों से भी दूर होता चला गया।सही मायने में देखा जाए तो संपन्नता व कामयाबी के जिस शिखर पर बैठ कर मैं व मेरी पत्नी गर्व महसूस कर रहे है, उसकी जमीन मेरे लिए पंकज ने ही तैयार की थी। उसके पूर्ण सहयोग व प्रोत्साहन के बिना अपनी पत्नी के साथ मैं इस अजनबी शहर में रहने व अल्प पूँजी से नए सिरे से व्यवसाय शुरू करने की बात सोच भी नहीं सकता था। उसका आभार मानने के बदले मैंने उस रिश्ते को दफन कर दिया। मेरी उन्नति में मेरे ससुराल वालों का एक प्रतिशत भी योगदान नहीं था किंतु धीरे-धीरे वही मेरे नजदीक होते गए। दोष शिखा का नहीं, मेरा था। मैं ही अपने निकटतम रिश्तों के प्रति ईमानदार नहीं रहा। जब मैंने ही उनके प्रति उपेक्षा का भाव अपनाया तो मेरी पत्नी शिखा भला उन रिश्तों की कद्र क्यों करती ?
 समाज में साथ रहने वाले मित्र, पड़ोसी, परिचित सब हमारे हिसाब से नहीं चलते। हममें मतभेद भी होते हैं, एक-दूसरे से नाखुश भी होते हैं, आगे-पीछे एक-दूसरे की आलोचना भी करते हैं लेकिन फिर भी संबंधों का निर्वाह करते हैं। उनके दुख-सुख में शामिल होते हैं फिर अपनों के प्रति ही हम इतने कठोर क्यों हो जाते हैं ? उनकी जरा जरा सी त्रुटियों को बढ़ा चढ़ा कर क्यों देखने लगते हैं ? कुछ बातों को नजरअंदाज क्यों नहीं कर पाते ? तिल का ताड़ क्यों बना देते हैं ?
 मैं सोचने लगा, पंकज मेरा सगा भाई है यदि जाने-अनजाने उसने कुछ गलत किया या कहा भी है तो आपस में मिल-बैठ कर मतभेद मिटाने का प्रयास भी तो कर सकते थे। गलत फहमियों को दूर करने के बदले हम रिश्तों को समाप्त करने के लिए कमर कस लें, यह तो समझदारी नहीं है। असलियत तो यह है कि कुछ शातिर लोगों ने दोस्ती का ढोंग रचाते हुए हमें एक-दूसरे के विरुद्ध भड़काया. हमारे बीच की खाई को गहरा किया। हमारी नासमझी की वजह से वे अपनी कोशिश में कामयाब भी रहे क्योंकि हमने अपनों की तुलना में गैरों पर अधिक विश्वास किया।
मैंने निर्णय कर लिया कि अपने फैसले मैं खुद लूँगा। पंकज की शादी में शिखा जाए या न जाए किंतु मैं समय पर पहुँच कर भाई का फर्ज निभाऊँगा। उसकी सगाई में भी शिखा की वजह से ही मैं तब पहुँच पाया जब प्रोग्राम समाप्त हो चुका था।सगाई वाले दिन मैं जल्दी ही दुकान बंद करके घर आ गया था लेकिन शिखा ने कलह शुरू कर दीथी। वह पंकज के प्रति शिकायतों का पुराना पुलिंदा खोल कर बैठ गई थी। उसने मेरा मूड इतना खराब कर दिया था कि जाने का उत्साह ही ठंडा पड़ गया। मैं बिस्तर पर पड़ा पड़ा सो गया था। जब नींद खुली तो रात के दस बज रहे थे। मन अंदर से कहीं कचोट रहा था कि तेरे सगे भाई की सगाई है और तू यहाँ घर में पड़ा है। फिर मैं बिना कुछ विचार किए देर से ही सही, पंकज के घर चला गया था।
 मानव का स्वभाव है कि अपनी गलती न मानकर दोष दूसरे के सिर मढ़ देता है जैसे कि यह दोष मैंने शिखा के सिर मढ़ दिया.... ठीक है, शिखा ने मुझे रोकने का प्रयास अवश्य किया था किंतु मेरे पैरों में बेड़ी तो नही डाल दी थीं । दोषी मैं ही था। वह तो दूसरे घर से आई है। नए रिश्तों में एकदम से लगाव नहीं होता। मुझे ही कड़ी बनकर उसको अपने परिवार से जोड़ना चाहिए था जैसे उसने मुझे अपने परिवार से जोड़ लिया है...।
 शिखा की सिसकियों की आवाज से मेरा ध्यान भंग हुआ। वह बाहर वाले कमरे में थी। वह नहीं जानती थी कि मैं स्नान करके बाहर आ चुका हूँ और दूसरे फोन पर माँ व उसकी पूरी बातें सुन चुका हूँ। मैं सहजता से बाहर गया और उससे पूछा-- "शिखा, रो क्यों रही हो ?'
 "मुझे रुलाने का ठेका तो तुम्हारे घर वालों ने ले रखा है। अभी आपकी माँ का फोन आया था... आपको तो पता है न, मेरी भाभी ने आत्महत्या की थी। आपकी माँ ने आरोप लगाया है कि भाभी की हत्या की साजिश में मैं भी शामिल थी " कह कर वह जोर जोर से रोने लगी।
 "बस, यही आरोप लगाने के लिए माँ फोन किया था ?'
"उनके हिसाब से मैंने रिश्तों को तोड़ा है...फिर भी वह चाहती हैं कि मैं पंकज की शादी में जाऊँ। मैं इस शादी में हर्गिज़ नहीं जाऊँगी, यह मेरा अंतिम फैसला है...तुम्हें भी वहाँ नहीं जाना चाहिए।'
 "सुनो, हम दोनों अपना-अपना फैसला करने के लिए स्वतंत्र हैं। मैं चाहते हुए भी तुम्हें पंकज के यहाँ चलने के लिए बाध्य नहीं करना चाहता किंतु अपना निर्णय लेने के लिए मैं स्वतंत्र हूँ..मुझे तुम्हारी सलाह नहीं चाहिए।'
"तो तुम जाओगे ?..... तुम्हारे व मेरे खिलाफ वह जगह-जगह इतना जहर उगलता फिरता है फिर भीजाओगे ?"
 "उसने कभी मुझ से या मेरे सामने किसी से ऐसा नहीं कहा। लोगों के कहने पर हमें पूरी तरह विश्वास नहीं करना चाहिए। लोगों के कहने की परवाह मैं ने की होती तो तुम्हें कभी भी वह प्यार न दे पाता, जो मैंने तुम्हें दिया है। अभी तुम माँ द्वारा आरोप लगाए जाने की बात कर रही थीं। पर वह आरोप उन्होंने नहीं लगाया...लोगों ने उन्हें ऐसा बताया होगा। आज तक मैंने भी इस बारे में तुम से कुछ पूछा या कहा नहीं...आज कह रहा हूँ..तुम्हारे ही कुछ परिचितों ने मुझ से भी कहा था कि शिखा बहुत तेज मिजाज की लड़की है। अपनी भाभी से भी उसकी नहीं पटती थी। सब के जुल्मों से परेशान होकर उसकी भाभी की मौत हुई थी। पता नहीं वह हत्या थी या आत्महत्या'...लेकिन मैंने उन लोगों की परवाह नहीं की...'
 " क्या तुम भी मुझे अपराधी समझते हो ? मैं तो बस इतना जानती हूँ कि यह हमारे कुछ दुश्मनों की साजिश थी।... हमारे परिवार को फसाया गया था..इसी वजह से मेरी शादी में कई बार रुकावटें आर्इं।'
 "मैं तुम्हें अपराधी नहीं समझता...न ही मैंने कभी उन लोगों की बातों पर विश्वास किया था। अगर विश्वास किया होता तो तुम से शादी न करता। पर हम यह क्यों नहीं सोचते कि जैसे वह सब बातें पूरी तरह से सच नहीं थीं वैसे ही पंकज के खिलाफ हमें भड़काने वालों की बातें भी झूठी हो सकती है, उन्हें हम सत्य क्यों मान रहे हैं ?'
 "लेकिन मुझे नहीं लगता कि ये बातें झूठी हैं।.... खैर, लोगों ने सच कहा हो या झूठ, मैं तो उन की शादी में नहीं जाऊँगी। एक बार भी उन्होंने मुझ से शादी में आने को नहीं कहा।'
 "कैसे कहता ?..सगाई पर आने के लिए तुम से कितना आग्रह कर के गया था। यहाँ तक कि उसनेतुमसे अनजाने में हुई किसी गल्ती के लिए माफी भी माँगी थी फिर भी तुम नहीं गर्इं। इतना घमंड अच्छा नहीं...उसकी जगह मैं होता तो मैं भी दोबारा बुलाने न आता।'
 " सब नाटक था .....लेकिन आज तुम्हें क्या हो गया है ?... आज तो पंकज की बड़ी तरफदारी कर रहे हो ?'
तभी द्वार की घंटी बजी । पंकज आया था। उसने शिखा से कहा-- "भाभी, भैया से तो आपको साथ लाने की कह चुका हूँ, आप से भी कह रहा हूँ। आप आएँगी तो मुझे खुशी होगी। अब मैं चलता हूँ, बहुत काम करने को पड़े हैं।'
 पंकज प्रत्युत्तर की प्रतीक्षा किए बिना लौट गया। मैंने पूछा-- "अब तो तुम्हारी यह शिकायत भी दूर हो गई कि तुम से उसने आने को नहीं कहा.. अब क्या इरादा है ?'
 "इरादा क्या होना है...हमारे पड़ोसियों से तो एक सप्ताह पहले ही आने को कह गया था। मुझे एक दिन पहले न्योता देने आया है। असली बात तो यह है कि मेरा मन उनसे इतना खट्टा हो गया है कि मैं जाना नहीं चाहती...मैं नहीं जाऊँगी।'
 "तुम्हारी मर्जी' कह कर मैं दुकान पर चला आया।
 थोड़ी देर बाद ही शिखा का फोन आया -- 'सुनो, एक खुशखबरी है... मेरे भाई हिमांशु की शादी तय हो गई है...दस दिन बाद ही शादी है।...उसके बाद कई महीने तक शादियाँ नहीं होंगी...इसीलिए जल्दी शादी करने का निर्णय लिया है।'
"बधाई हो, कब जा रही हो ?'
"पूछ तो ऐसे रहे हो, जैसे मैं अकेली ही जाऊँगी..तुम नहीं जाओगे ?'
"तुमने सही सोचा, तुम्हारे भाई की शादी है, तुम जाओ, मैं नहीं जाऊँगा।'
"यह क्या हो गया है तुम्हें...कैसी बातें कर रहे हो ? मेरे माँ-बाप की जग-हँसाई कराने का इरादा है क्या ? सब पूछेंगे, दामाद क्यों नहीं आया तो क्या जवाब देंगे ? लोग कई तरह की बातें बनाएँगे..'
"बातें तो लोगों ने तब भी बनाई होंगी जब एक ही शहर में रहते हुए सगी भाभी होकर भी तुम देवर की सगाई में नहीं गर्इं..और अब शादी में भी नहीं जाओगी। जग-हँसाई क्या यहाँ नहीं होगी या फिर इज्जत का ठेका तुम्हारे खानदान ने ही ले रखा है...हमारे खानदान की तो कोई इज्जत ही नहीं है ?'
"मत करो तुलना दोनों खानदानों की...मेरे घर वाले तुम्हें बहुत प्यार करते हैं...क्या तुम्हारे घर वाले मुझे वह इज्जत व प्यार दे पाये ?'
"हरेक को इज्जत व प्यार अपने व्यवहार से मिलते है।'
"तो क्या तुम्हारा अंतिम फैसला है कि तुम मेरे भाई की शादी में नहीं जाओगे ?'
"अंतिम ही समझो यदि तुम मेरे भाई की शादी में नहीं जाओगी तो मैं भला तुम्हारे भाई की शादी में क्यों जाऊँगा ?'
"अच्छा, तो तुम मुझे ब्लैकमेल कर रहे हो ?' कह कर शिखा ने फोन रख दिया।
दूसरे दिन पंकज की शादी में शिखा को आया देख कर माँजी का चेहरा खुशी से खिल उठा था। पंकज भी बहुत खुश था।
माँ ने स्नेह से शिखा की पीठ पर हाथ रखते हुए कहा -- "शिखा, तुम आ गर्इं, मैं बहुत खुश हूँ..मुझे तुम से यही उम्मीद थी।'
"आती कैसे नहीं, मैं आपकी बहुत इज्जत करती हूँ। आप के आग्रह को कैसे टाल सकती थी ?'
मैं मन ही मन मुस्कुराया। शिखा किन परिस्थितियों के कारण यहाँ आई, यह तो बस मैं ही जानता हूँ। उसके ये संवाद भले ही झूठे थे पर अपने सफल अभिनय द्वारा उसने माँ को प्रसन्न कर दिया था।... यह हमारे बीच हुए समझौते की एक सुखद सफलता थी।