Thursday, 9 March 2017

हर रात के बाद सुबह होती है....

दारोगा ने एसपी को फोन किया।
- साहब शमेरवा वाला मामला मीडिया में आ सकता है।
- कैसे? एसपी ने सवाल किया।
- शमेरवा को लेकर रिपोर्ट लिखवाने दो मीडिया वाले आए थे।
- रिपोर्ट लिखी तो नहीं?
- नहीं।
- उन लोगों ने क्या कहा?
- मुझसे तो कुछ नहीं कहा लेकिन एक सिपाही से धमकी दी है कि टीवी देखते रहना। मुझे तो डर लग रहा है कि कहीं मामला मीडिया में आ गया तो दलित का मामला होने के नाते काफी दिक्कत हो जाएगी।
- तुम चिंता न करो। हमारे साथ मंत्री हैं। मैं उन्हें बताता हूं। वही कुछ करेंगे। उनका मामला नहीं होता तो हमें क्या था।
एसपी ने मंत्री को फोन किया।
- सर, शमेरवा के साथ मीडिया वाले हैं।
- तो क्या उखाड़ लेंगे? मंत्री गुर्राया।
- सर, खबर छपने या टीवी चैनलों पर चलने के बाद हमें कार्रवाई करनी पड़ेगी।
- कार्रवाई करोगे घंटा। पता करो कौन मीडिया वाले हैं उसके साथ। उठाकर सालों को बंद कर दो किसी आरोप में।
- यह इतना आसान नहीं है सर। वे एक प्रमुख टीवी चैनल में वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्हें किसी आरोप में फंसाना आसान नहीं है। डीजीपी साहब का फोन आया था। वह कह रहे थे कि उन पर भी कार्रवाई के लिए दबाव है। राजधानी के कई मीडिया वाले उनसे फोन पर बात कर चुके हैं।
- ठीक है में डीजीपी से बात करता हूं। तुम चिंता मत करो।
मंत्री डीजीपी से बात करता है।
- डीजीपी साहब क्या हो रहा है?
- कुछ नहीं सर।
- सुना है मेरे क्षेत्र में कुछ गड़बड़ है। कुछ नक्सली सक्रिय हैं और वह क्षेत्र की शांति भंग करना चाहते हैं।
- हमारे पास ऐसी तो कोई जानकारी नहीं है। हां, सूदखोर अखिलेश और शमेर वाले मामले में मीडिया बीच में आ गया है। हालांकि अभी तक खबर कहीं छपी नहीं है न ही किसी टीवी चैनल पर प्रसारित की गई है लेकिन खबर है कि किसी चैनल पर जल्द ही यह खबर प्रसारित हो जाएगी। इसके बाद दिक्कत हो जाएगी। हमारे न चाहते हुए भी अखिलेश के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी।
- इससे पहले कि खबर चले उन पत्रकारों को नक्सली बताकर अंदर करा दो।
- यह काम इतना आसान होता तो अब तक हो गया होता। ऐसा करने पर हम बुरी तरह से फंस जाएंगे। उनके साथ मीडिया है। हंगामा काट देंगे। हमारी तो मिट्टी पलीत हो जाएगी। मीडिया पीछे पड़ गया तो सरकार भी जा सकती है। आप समझ सकते हैं कि जब सरकार ही नहीं रहेगी तो ...।
- तो ठीक है समझौता करा दो। लेकिन अखिलेश के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
- कोशिश करके देखते हैं।
डीजीपी ने एसपी और एसपी ने दारोगा को फोन किया।
- मामले में सझौता करा दो।
- सर, अखिलेश को न केवल शमेरवा की भैंस लौटानी पड़ेगी बल्कि ब्याज के पैसे भी नहीं मिलेंगे।
- जो करना पड़े करो लेकिन मामला नहीं बढ़ना चाहिए।
उधर रेतराम की दुकान पर चर्चा थी।
- रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
- फिर तो बल्लू शमेरवा को लेकर घर आ गए होंगे?
- नहीं अभी घर नहीं आए हैं।
- कहीं मुंह छिपाकर बैठे होंगे।
- यह भी तो हो सकता है आगे की रणनीति बना रहे हों। पत्रकार हैं सरकार हिला देते हैं तो एक दारोगा की औकात ही क्या है?
- वह तो दिख ही गया।
- कभी-कभी जो दिखता है वह सच नहीं होता। यदि अभी तक बल्लू भैया घर नहीं आए हैं तो समझ लो कि मामला बहुत गंभीर हो गया है।
- ये तो तय है कि जो खेल अखिलेश ने शुरू किया है उसे खत्म बल्लू भैया ही करेंगे।
- फिलहाल तो बल्ल्लू महराज बिना कोई रन बनाए आउट हो चुक हैं।
- तुम समझे नहीं। बल्लू महराज कभी बैट्समैन रहे ही नहीं। वह तो तेज गेंदबाजी करते हैं। उनका रनअप बहुत लंबा है। और गेंद इतनी तेजी से आती है कि बैटिंग करने वाले को तो कभी-कभी दिखाई ही नहीं देती।
- वैसे भी वह यार्कर और रिवर्स स्वींग के मास्टर हैं।
- फिर भी अखिलेश अच्छी बैटिंग कर गए?
- कोई बात नहीं, अगले स्पैल का इंतजार करिये।
बल्लू थाने से निकलने के बाद सीधे रानी के यहां पहुंच गए। उस समय वह कहीं गई हुई थी। उसे फोन करके बुलाया गया। रानी के आते ही यह तय किया गया कि कल सुबह ही वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ थाने पर धरना-प्रदर्शन करेंगी। रानी ने ही बल्लू को बताया कि इस मामले में इलाके के विधायक अखिलेश की मदद कर रहे हैं। उन्हीं के दबाव में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इतना जानने के बाद बलराम ने अपने चैनल में फोन करके मामले को विस्तार से बताया और प्रदेश की राजधानी के रिपोर्टरों को भी सतर्क कर दिया। उन्हे आदेश दिया कि मंत्री जी का कच्चा चिठ्ठा इकट्ठा करे। पुलिस को भी नहीं छोड़ना है। मुख्यमंत्री सहित सभी को लपेटना है। उसने यह भी आशंका जता दी कि हो सकता कि पुलिस उन्हें किसी मामले में फंसा दे। बहुत उम्मीद है कि वह नक्सली आदि साबित करने की कोशिश करे। यदि ऐसा होता है तो उसके पास पूरी रिपोर्ट तैयार है उसे चैनल पर चला दे।
बल्लू और दीक्षा को पहले से ही पता था कि पुलिस उनकी मदद नहीं करेगी इसलिए उन्होंने गुप्त कैमरे से दारोगा और सिपाही की बातें रिकार्ड कर ली थीं। इसके अलावा उन्होंने पूरे मामले की रिपोर्ट भी तैयार कर ली थी। उसे आज रात ही अंतिम रूप देकर कल दिन में चैनल में प्रसारित करना था। उन्होंने थाने पर पहुंचने से पहले ही प्रदेश की राजधानी के अपने चैनल के ब्यूरो पत्रकार को बता दिया था। यह भी कह दिया था कि वह डीजीपी से बात करके मामले पर नजर रखे। यह ऐसी खबर हो सकती है जिससे सरकार हिल जाएगी। चूंकि खबर किसी और चैनल के पास होगी नहीं तो हमारा चैनल भी हिट हो जाएगा। हालांकि ब्यूरो चीफ ने पहले आनाकानी की लेकिन जब बलराम ने आदेश दिया कि उसे यह करना है तो वह माना।
रापादूबे गांव में बल्लू की कार दाखिल हुई तो गांव अंधेरे में डूब चुका था। घरों में मिट्टी के तेल के दिए और लालटेन जरूर जल रहे थे। कुछ सम्पन्न घरों में इनवर्टर की लाइट जगमगा रही थी। लेकिन अधिकतर घरों में अंधेरा हावी था। ऐसा लग रहा था कि समूचा गांव किसी अंधेरी सुरंग में समा गया है।
रात के आठ बज गए थे। अब तक बल्लू के घर नहीं पहुंचने से घर वाले चिंतित हो उठे थे। उनके मन में तरह-तरह के ख्यालात आ जा रहे थे। यही हाल शमेरवा की बीवी फूलो का था। वह अपने छोटे बच्चे को गोद में लिए शमेर का इंतजार कर रही है। उसकी बारह साल की बेटी खाना बना रही है। बड़ा बेटा उसी के पास बैठा दर्द से कराह रहा है। अखिलेश के लठैत जब भैंस ले जा रहे थे तो वह उनसे उलझ गया था। इससे खींझ कर लठैतों ने कई लाठी उसे मार दी थी। फूलोे ने हालांकि उसे हल्दी वगैरह लगा दी थी लेकिन दर्द था कि रह-रह कर समुद्र की लहर की तरह उठ जाता था। ऐसा होने पर वह कराह कर रह जाता।
अपनी झोपड़ी के दरवाजे पर बैठी फूलो की आंखें बाहर से आने वाले रास्ते पर लगी हैं। बेटा ठीक होता तो वह बलराम के यहां भेज चुकी होती लेकिन उसके दर्द को देखते हुए वह उसे भेज न सकी। बेटी को भेजना उसने उचित नहीं समझा। दुआरे बंधी चार बकारियां अब अपनी-अपनी जगह बैठ गई हैं। भैंस का खूंटा सूना हो गया है। फूलो ने उस खूंटे को देखा तो उसे लगा जैसे वह रो रहा है। फूलो के कालेजे में ही एक हूक उठी और वह अनजाने दर्द से कराह उठी।
तभी उसकी आंखें तेज रोशनी में चुंधिया गईं। यह बलराम की कार थी। बल्लू ने सबसे पहले शमेर को उसके घर छोड़ना उचित समझा था। कार से उतरने के बाद शमेर ने हाथ जोड़कर कहा कि आप सब को परेशानी हुई हमारी वजह से।
- नहीं ऐसी कोई बात नहीं है। बल्लू और दीक्षा ने एक साथ कहा। तुम निश्चिंत रहो। भैंस तुम्हारी मिलेगी। लोग तरह-तरह की बातें करेंगे लेकिन उन पर कान मत देना। यह रात गुजार जाने दो सुबह अच्छी खबर लेकर आएगी।
शमेर को छोड़कर बल्लू अपने घर पहुंचा। पहुंचते ही मां ने शिकायती लहजे में कहा कि बहुत देर कर दी भैया?
- इन्हें इसकी कहां चिंता है कि इनका भी कोई इंतजार कर रहा है। पिता जी ने तंज कसा।
- क्या हुआ काम हो गया। मां ने पूछा।
- नहीं। पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। बल्लू ने कहा।
- वह तो मैं पहले ही कह रहा था।
- तो अब क्या होगा? मां ने पूछा।
- पैसा देगा तो भैंस मिलेगी। पिता जी ने कहा।
- देखते हैं। अब जब मामले में हाथ डाल ही दिया है तो किसी न किसी अंजाम तक तो पहुंचाना ही होगा। बल्लू ने कहा।
- तुमको इस मामले में पड़ना ही नहीं चाहिए था। मां ने कहा।
- यहां न होता तो न पड़ता। था तो पड़ गया।
- इससे हमें क्या मिलेगा? मां ने फिर कहा।
- हर काम मिलने के लिए नहीं किए जाते मां।
- बेवजह भी तो कोई काम नहीं करना चाहिए। पिता जी ने कहा।
- इसे मैं बेवजह नहीं कर रहा हूं। यह हमारा दायित्व बनता है। फर्ज है कि हम सच के साथ रहें। सच का साथ दें।
- इनका साथ जब इनकी चुनी गई सरकार ही नहीं दे रही है तो दूसरे को क्यों देना चाहिए? कहने को दलितों की सरकार है। दलित महिला मुख्यमंत्री है लेकिन उसके ही राज्य में दलितों को सताया जा रहा है। उसी की पुलिस उसी के समाज को नहीं सुन रही है। मुख्यमंत्री को इसकी चिंता नहीं है। वह तो मूर्तियां बनवाने में व्यस्त है। सत्ता मिली है तो सभी दलित महापुरुषों को भगवान बना दो। जनता के पैसे का ऐसा दुरुपयोग शायद ही किसी सरकार ने किया होगा। पिता जी ने कहा।
- दलित महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित करने में कोई बुराई नहीं है।
- जनता का पैसा बर्बाद हो रहा है और तुम कह रहे हो कि कोई बुराई नहीं है।
- मूर्तियां और भी महापुरुषों की लगी हैं। पैसा वहां भी जनता का लगा है। लेकिन उस पर कोई सवाल नहीं उठाता।
- जीते जी तो किसी ने अपनी मूर्ति नहीं बनवाई।
- बेशक। सदियों से शोषित और दलित समाज को मुख्यधारा में लाने और उनमें सांस्कृतिक और राजनीतिक आत्मसम्मान-स्वाभिमान जगाने के लिए यह जरूरी है। मैं इसे गलत नहीं मानता।
- तुमसे तो बहस करवा लो। चार किताबें पढ़ क्या लिए कि अपने आपको पता नहीं क्या समझने लगे हो। पिता जी ने उलाहना दी।
- खाना खा कर सोओ। दिन भर परेशान हो गए हो। बातें सुबह करना। मां ने कहा। तो बहस पर विराम लगा।
अखिलेश का फोन मंत्री जी को।
- ये दारोगा पागल हो गया है क्या?
- क्या हो गया?
- कह रहा है कि शमेरवा को भैंस वापस करनी होगी। उससे समझौता करना पड़ेगा। साले का दिमाग खराब हो गया है।
- दिमाग को ठंडा रखो। जानते तो कुछ हो नहीं।
- क्या नहीं जानता? वो दो कौड़ी का आदमी मुझे नीचा दिखाएगा? मेरा पैसा नहीं देगा और मैं उससे समझौता करूंगा?
- उस दो कौड़ी के आदमी के साथ मीडिया वाले हैं।
- ये मीडिया क्या होता है?
- अखबार पढ़ते हो?
- कभी-कभी।
- टीवी पर न्यूज देखते-सुनते हो?
- कभी-कभी।
- कभी-कभी देखते-सुनते और पढ़ते हो तो जानते हो कि इसमें जो खबरें छपती हैं प्रसारित होती हैं उसे पत्रकार लिखते हैं। यदि वह किसी के खिलाफ कोई खबर छाप दें और टीवी पर दिखा दें तो उसकी ऐसी की तैसी हो जाती है।
- यहां पत्रकार कहां से आ गए?
- शमेरवा को लेकर रिपोर्ट लिखाने गए थे। एक लड़का और एक लड़की है।
- क्या मंत्री जी आप भी न अच्छा मजाक करते हैं। हंसते हुए अखिलेश कहता है। अरे वह तो मेरे गांव का ही है। दिल्ली में किसी टीवी चैनल में नौकरी करता है। आजकल एक लौड़िया को लेकर आया हुआ है। मुझे तो लगता है लड़की को भगाकर लाया है।
- तुम्हारे गांव का है लेकिन तुम्हें यह नहीं पता कि वह पत्रकार है। वह तुम्हारे खिलाफ है। शमेरवा का साथ दे रहा है। वह खबर चलाने वाला है। जिसे तुम लौड़िया कह रहे हो वह भी पत्रकार है। टीवी चैनल में काम करती है। दोनों तुम्हारे बहाने हमारे खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। यदि उन्होंने समाचार टीवी पर चला दिया तो हमारे लिए दिक्कत हो जाएगी।
- वो साला बल्लुआ इतना बड़ा आदमी हो गया कि उससे मंत्री भी डरने लगा। साला दो कौड़ी का आदमी। उसका दादा भींख मांगता था और वह हमें आंखें दिखा रहा है। अखिलेश ने कहा तो फोन पर ही लेकिन यह उसका खुद से ही संवाद था।
- एक कहावत सुने हो अखिलेश।
- क्या?
- कहते हैं कि घर की मुर्गी दाल बराबर होती है। वह तुम्हारे गांव का है इसलिए तुम्हें ऐसा लग रहा है। लेकिन यह हकीकत है कि वह पत्रकार है। इस समय हमारी भलाई इसी में है कि हम उसकी बात मान लें। जब वह गांव से चला जाएगा तो हम अपना हिसाब-किताब बराबर कर लेंगे।
- तो हमें शमेरवा के यहां भैंस लेकर जाना होगा?
- नहीं पुलिस वाले आएंगे तुम किसी और के साथ भिजवा देना।
- साला यह तो आत्महत्या करने जैसा होगा।
- महराज, चार कदम आगे बढ़ने के लिए कभी-कभी दो कदम पीछे हटना पड़ता है। प्रेम और युद्ध का यह नियम है।
रात में जब पूरा गांव सो रहा था तब बलराम और दीक्षा रिपोर्ट तैयार कर रहे थे। वह हर एंगल से मामले को इस तरह से पेश करना चाहते थे कि खबर चलते ही मुख्यमंत्री की कुर्सी हिल जाए। रिपोर्ट में मंत्री से लेकर पुलिस और सरकार की नीतियां तक सवालों के घेरे में थी। यही नहीं दलित पार्टी की मुखिया की दलित और ब्राह्मण की सोशल इंजीनियरिंग को भी कठघरे में खड़ा किया गया था।
वहीं रानी अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैनर और नारे लिखी तख्तियां बनाने में मशगूल थी। उसे भी अपनी जन-ताकत दिखाने का मौका मिल गया था। वह मंत्री को दिखाना चाहती थी उसके साथ कितनी जनता है। जिस जनता ने उसे वोट देकर विधायक बनाया और वह मंत्री बन गया है वह उसकी पुंगी भी बजा सकती है। वह चाहती थी कि यह प्रदर्शन ऐसा हो कि मंत्री की कुर्सी हिल जाए। हालांकि उसे डर भी था कि पार्टी की मुखिया उससे नाराज हो सकती है लेकिन वह यह भी चाहती थी कि इसी बहाने कम से कम दीदी की आंख तो खुले। जिन लोगों के दम पर वह शासन कर रही हैं वह उनकी बुनियाद को दीमक की तरह किस तरह खोखला कर रहे हैं। वैसे तो किसी धरना-प्रदर्शन से पहले वह दीदी को बता देती थी लेकिन इस बार उसने ऐसा करना मुनासिब नहीं समझा। उसका मानना था कि जब यह मामला मीडिया के माध्यम से दीदी तक पहुंचेगा तो वह सोचने पर विवश हो जाएंगी। प्रदर्शन को विशाल बनाने के लिए रातों-रात उसने आसपास के गांवों के हजारों लोगों को संदेश भिजवा दिया। उसका संदेश पाते ही लोग अपने-अपने घर से निकल भी गए। सुबह होने से पहले हजारों की संख्या में लोग उसके दरवाजे पर थे।
नींद पूरी रात अखिलेश को भी नहीं आई। सुबह नए हालात का मुकाबला करने के लिए वह तर्क ही ढूंढ़ते रहे।
नींद शमेर को भी नहीं आई। वह रात भर अपने भविष्य को लेकर आशंकित रहा। उसे डर लग रहा था कि पता नहीं मामले में अब क्या होगा। हालांकि थाने से वापस आते हुए उसने यह सवाल बलराम से किया था।
- अब मेरा क्या होगा भैया?
- वही तो मैं भी सोच रहा हूं। बल्लू ने कहा था।
- अखिलेश महराज हमारा जीना हराम कर देंगे। भैंस तो ले ही गए हैं।
- तुम चिंता न करो। वक्त का इंतजार करो। हम तुम्हारे साथ हैं। आदमी की जिंदगी में रात और सुबह दोनों आते-जाते रहते हैं। यह एक प्रक्रिया है। इसी तरह सुख-दुख, मुसीबत और खुशी भी आते-जाते रहते हैं। हर रात के बाद सुबह होती है। रात न आए तो आदमी के दिमाग को आराम न मिले और उसे अगले दिन के लिए न ऊर्जा मिले और न ही ताजगी। उसकी जिंदगी निरस हो जाएगी। संकट की यह जो रात तुम्हारी जिंदगी में आई है इसमें इतना आराम करो कि शरीर नई ऊर्जा से भर जाए ताकि अगली सुबह तुम उसका उपयोग अपनी खुशियों को पाने के लिए कर सको।
बल्लू की बात शमेर समझ नहीं पाया था। अब भी नहीं समझ पा रहा है।