Thursday, 9 March 2017

ड्रिम्स अनलिमिटेड

दोनों के हाथ से सारे कार्डस और चिठ्ठियां छूटकर नीचे गिर गए थे. वे अवाक खड़ी थीं, आंखें हैरानी के मारे फैली हुई. खुद को ठगा हुआ समझें या छला हुआ, कुछ समझ में नहीं आ रहा था. पर दोनों की हालत एक जैसी हो रही थी जो ठगे और छले जाने के बाद होती है.इतने सालो तक कोई उन्हें ठगता रहा, वे ठगाती रहीं, अलग अलग छोरो पर बैठी हुई. अपनी हालत पर हंसी भी आ रही थी और तरस भी. दोनों आमने सामने खड़ी थीं और उन्हें सूझ नहीं रहा था कि अब उस आदमी को सबक कैसे सिखाएं.
कई तरीके सोचे पर कोई कारगर तरीका सूझ नहीं रहा था उस वक्त.
पिछले कुछ सालो से जिस राज को खुशबू की तरह सहेज कर दराज में बंद कर रखा था और उदासी और मनहूसियत भरे लम्हों में जिसे कभी देख पढ कर जी लेती थीं, कि कहीं कोई है जो उन्हें इतना पसंद करता है, इतनी परवाह करता है और इतने सुंदर सुंदर खत लिखा करता है. काली स्याही से लिखे खत और ग्रीटिंग्स पर फूलो से सुंदर हस्ताक्षरो में लिखी दिली बातें , उन्हे अहसास कराती कि वे इस बेमुरौव्वत दुनिया में इतनी गैर जरुरी भी नहीं हैं.
उनके लिए भी इस कायनात में कहीं फूल खिला करते हैं। कोई है जो उनकी उदास शामों को चहक से भर देता है और अपने सुंदर अक्षरों से सौ सौ ब्लब जला देता है, एक साथ। इस बेहद खुली दुनिया में उनके पास भी छुपाने को कुछ था, वे खत और कार्डस जो हर तीसरे चौथे दिन टपक जाया करता था. तीसरे दिन से दो जोड़ी आंखें डाक पर गड़ जाती थीं और चौथे दिन पूरा दफ्तर महकता उन खतों की खुशबू से. वे मुस्कुराती एक ही वजह से पर समझती थी कि वजह कोई और होगी हमें क्या..,कह कर कंधे उचका कर आमने सामने से निकल जातीं. हर चौथे दिन दफ्तर में ज्यादा काम होता और कई नए सलोगन लिखे जाते, जिंगल तैयार होते या कोई बोल तैयार हो जाते. उन बोलो में रुहानी छुअन होती और अपनी स्थायी और ऊबाऊ कुर्सी पर बैठा अड़ियल ढ़ढियल विकास सरकार उछल पड़ता.
“आई नो इट. वनली गर्ल्स कैन डू इट. रोहन अब इस लाइन को जरा धुन में पिरो कर सुनाओ या डायलाग की तरह बोलो- ”कुछ कही, कुछ अनकही....”
रोहन हड़बड़ाता हुआ लपकता और बौस के हाथ से प्रिंट आउट लेता- ”यस बौस, लाइन इज वेरी टचिंग, स्पेशली फोर वीमेन. किसी प्रोडक्ट के साथ अटैच कर दें, फिट है बौस , मैं क्लाइंट पटा लूंगा...।” दोनों कापी एडीटर की अक्सर तारीफ होती और मीडिया प्लानर प्रकाश बहल और मीडिया बायर रोहन दोनों अपने क्लायंट से पके होने के वाबजूद दोनों कापी एडीटर की कापी पर कभी खींजते नहीं। उन्हें लगता कि क्लायंट की समझदारी में ही कोई कमी है। दोनों कापी एडीटर मेहनत से कभी नहीं भागती. विशाल कई बार उनकी लाइन्स खारिज कर देता-“मजा नहीं आया, इसमें जज्बात उभर कर नहीं आ रहे, इसमें चाहिए लय, जो स्त्री के मन को छू जाए और पुरुष भी चौंक जाए, समथिंग समथिंग इंटेरेस्टिंग सोनिया, राइमा, यू कैन ट्राई. तुम इसे लिखो..शायद दोनों को देख कर मुझे कोई आयडिया आए. प्लीज डौंट माइंड सोनिया. ये क्लाइंट बहुत पैसे देगा...हमें इसे हाथ से नहीं जाने देना है..चाहे हमें बाहर से किसी को हायर करना पड़े..वैसे यकीन है कि तुम कर लोगी...ट्राई टू अंडरस्टैंड...”
विशाल पहले खारिज करता, फिर उसकी महत्ता स्वीकारता और फिर समझाता और कहीं शून्य खो जाता, जैसे कोई लाइन हवा में तलाश रहा हो और फिर सोनिया और राइमा पर विश्वास जताने लगता । जिस दिन कोई विज्ञापन का कंटेंट पास हो जाता उस दिन तो दोनों दसवीं मंजिल पर नहीं, क्षितिज की खोज में उड़ान पर होतीं. सबसे मजेदार कि दोनों एक दूसरे को न धरती पर ठीक से देख पा रही थीं न आकाश में. अपना अपना गगन और अपना क्षितिज और बीच में विज्ञापन कंपनी का यह छोटा सा दफ्तर. जहां अनेक पुरुष साथियो के बीच दो अधेड़ होती लड़कियां थीं, जिनके बीच एकता न हो, इसकी पूरी कोशिश पूरा दफ्तर करता और सफल होता.
राइमा और सोनिया, दो अलग अलग स्त्रियां, पर उम्र की राह पर साथ चलती हुई सबको दिख रही थीं। कौपी एडीटर के लिए इनके जैसा कोई नहीं। ताजा ताजा टीवी पर सर्फ और कोल्ड क्रीम का विज्ञापन सबसे हिट जा रहा था और जिसकी कापी इन्हीं दोनों की लिखी हुई थी। दोनों के बीच अबोला सा बैर किसी को समझ में नहीं आता था, सिवाए ढढियल विशाल सरकार के। रोहन कई बार पूछता तो विशाल का तर्क होता..प्रति स्पर्ध्दा में बेहतर चीजें निकल कर आती हैं, तुम देखते नहीं हो, हमारी एजेंसी की वीमेन प्रोडक्ट के विज्ञापन कितने हिट हो रहे थे। इनमें एक दूसरे से बेहतर देने की ललक है और हमें इसका फायदा उठाना है...। विशाल कुटिल मुस्कान रोहन पर फेंकता हुआ सर्फ का विज्ञापन गाते हुए इधर उधर टहल देता। बाकी लोग भी कहां कम थे। कभी सोनिया के पास फुसफुसाते तो कभी राइमा के कान में। दोनों के कानों में सबसे ज्यादा फुसफुसाहटें भरी हुई थीं जो उन्हें चैन नहीं लेने देती थीं। ठीक इसी माहौल में बेआवाज सुखो का प्रवेश उन्हें भला लगने लगा था और दोनों को एक दूसरे की खबर न थी। पूरा दफ्तर उनके परिवर्तन को देख कर चकित तो था पर सब कुछ उनकी समझ से बाहर था। अब न उनके आपस में नयनों के बाण चलते न शब्दों के तीर कलेजा को चीरते हुए पार होते। न कभी झगड़ा सुलझाने रोहन को बीच बचाव करना पड़ता. एक दूसरे के काम को हिकारत से देखना जैसे उनकी अदा ठहरी। विशाल भी खुलेआम दोनों में से किसी एक की तारीफ करना बंद कर चुका था। राइमा और सोनिया की हालत किसी यात्री की तरह थी, जो रोज सही वक्त पर आकर अपनी सीट ग्रहण कर लेता है। कल तक सोनिया की डेस्क पर मोबाइल पर डाउनलोडेड गाना बजता था, धीमे धीमे- ”ना कोई उमंग है, ना कोई तरंग है...”कई बार रोहन झुंझला कर कहता, गाने बदलो नहीं तो मोबाइल तोड़ दूंगा। फिर वह टयून करती- ”आप यूं फासलो से गुजरते रहे...”
रोहन को यह गाना भाता और इसे बर्दाश्त कर जाता। राइमा अभी तक अस्सी के दशक से बाहर निकली नहीं थी। वह गोविंदा-रवीना के प्यार भरे नगमो में अपने सुकून की तलाश करती और खुद ही सुनती, वायर लगा कर। कभी कभी उसके होठ बज उठते तो सब समझ जाते कि वह क्या गा रही है। शादी की एक्सपायरी डेट की तरफ बढती हुई दोनों लड़कियां अचानक बदल चुकी थीं। आपस में वैसे ही बैर भाव था। काम में गति और आ गई थी। गाने बदल गए थे शायद। कौपी पहले से और जोरदार होने लगी थी। रोहन सब नोट कर रहा था। पर दोनों आपस में भी, बाकी साथियों से भी बेखबर थीं। उन्हें सिर्फ डाक से आने वाले खतों की खबर चाहिए थी। वे दोनों पी जी होस्टल में रहती थीं, इसलिए चिठ्ठियां दफ्तर के पते पर आती थीं। कुछ वक्त से पहले उन्हें डाक देख कर इतना खुश नहीं देखा गया था। जितना इन दिनों दिख रही थीं। राइमा अपने ड्राअर को बार बार खोलती और बंद करती। सोनिया अपना बैग कई बार खोलती और कुछ ढूंढने की कोशिश करती। रोहन ने गौर किया कि खतों का सिलसिला एक साथ ही शुरु हुआ था। लेकिन सब कुछ सात परदे के अंदर छिपा हुआ था। पता नहीं चल पा रहा था। एक का ड्राअर, दूसरे का बैग में सुरंग था, या वह महल के उस बंद कमरे की तरह था जिसका ताला खोलने की इजाजत किसी को नहीं थी। न उसके बारे में पूछने की। दोनों की मुद्राएं इतनी तनी हुई रहतीं कि कोई कुछ पूछ न लें। राइमा जानती थी कि मोटी मोटी ग्रीटिंग्स किसी की नजर से छिपी हुई कैसे रह सकती है। छुपाने की भरसक कोशिशें जरुर करतीं पर रोहन की तेज नजर सबकुछ ताड़ रही थीं। उसे बहुत दिलचस्प सा मामला लग रहा था। सोचा किसी दिन पूछूंगा, लंच टाइम, दोनों से अलग अलग।
वह सोचता ही रह गया और पूछने की नौबत नहीं आई।
अचानक दोनों के चेहरे एक साथ उतरे हुए दिखने लगे। खतों और ग्रीटिंग्स को लेकर बेचैनी कुछ थम सी गई दिखती थी। अपने डेस्क पर वे ज्यादा देर बैठने लगी थीं। रिसेप्शन पर फोन काल्स कम कर दिए थे। जैसे उनके भीतर कोई नदी बर्फ हो गई हो। लहरें ठिठक गईं हों या कोलाहल मे वे अब अपनी आवाजें सुनने लगी हों। कभी कभार एक दूसरे को देख कर मुस्कुराने लगीं थीं। लैपटाप से आंखें हटा कर इधर उधर भी देख लेती थीं। बैग और ड्राअर बीच बीच में खुल जाया करता था, पर अब उसमें पहले जैसा आवेग नहीं दिखाई देता था।
रोहन को बड़े ग्रुप से विज्ञापन का आफर मिला था। वह खुश था और उसकी कापी वह देश के सबसे मशहूर विज्ञापन के गीतकार हेमंत जोशी से लिखवाना चाहता था। गाने के बोल चाहिए थे। सोनिया और राइमा तुकबंदी तो बढिया कर लेती थीं, पर इसमें थोड़ी मजेदार, लज्जतदार, चुटीलापन जरुरी थी। रोहन को लगता था कि लड़कियों में सेंस आफ हयूमर कम होता है।
विशाल ने भी उसे बाहर से कापी एडीटर हायर करने की सहमति दे दी लेकिन एक नया और अनजाना नाम बताया और उस नाम की जमकर तारीफ की। प्रियम शुभम। विशाल ने इस नाम की ऐसे घोषणा की जैसे उनकी खोज हो।
“अरे यार, ही इज माइंड ब्लोइंग, ही इज यंग व्बाय, क्या शेर कहता है, उसकी गजलें भी मैंने पढी हैं, एक एक लाइन माशा अल्लाह, वी नीड दिस गाई .”
“हू इज प्रियम ? कभी नाम सुना नहीं. ”
“अरे, किस दुनिया में रहते हो आपलोग। सगुन सर्फ का एड इन दिनों सबसे हिट जा रहा है. सुनी नहीं ये लाइन- “इसे आजमाए, चमक बढाए.. जो दिलो के मैल भी साफ कर जाए..अम्मा के हाथो की चमक, चमकाए दिलो को....” कुछ इसी टाइप का भाव है न ? विशाल लाइन्स ठीक से नहीं बोल पा रहा था।
“गोरेपन की क्रीम का एक एड भी हिट हो रहा है...विकास क्या लाइन है उसकी..कुछ शायरी टाइप है न ? बहुत चुटीला है. दो लड़कियां हैं उसमें, एक लड़का है, गांव का, दोनों को एक ही क्रीम थमाता है, एक सांवली ही रहती है, दूसरी गोरी हो जाती है फिर वह बोलता है..वो लाइन सुपरब है...माइंड ब्लोइंग...वीमेन्स वर्ल्ड प्रोडक्ट के लिए ये लड़का परफेक्ट है.”
विशाल मुग्ध होकर बोले जा रहा था-
विकास ने भी दोनों एड पसंद किए थे लेकिन इतने भी नहीं जितना विशाल बढा चढा कर बता रहा था। दो सफल एड के वाबजूद विकास नए लड़के पर दांव खेलने को तैयार नहीं था, पर जब बास ही तैयार है तो..। क्लाइंट कई बार नए नाम पर तैयार नहीं होते, चाहे बड़ा नाम कूड़ा लाइन ही लिख कर क्यों न दे दे।
प्रियम का नाम उस गोल टेबल के चारो तरफ गूंज रहा था। सब हैरान थे। हैरान तो उस वक्त दो जोड़ी आंखें भी थीं। उनके मुंह से कोई बोल नहीं फूट रहा था। उनके होठ सिल गए थे। आंखों में गर्द सी जमती जा रही थी...।
“राइमा...व्हाट यू थिंक?”
विशाल ने पूछा
“अं..हां...हां...वो...जैसा आपको ठीक लगे...पहले उनका काम देख लेते तो...”
“सोनिया, तुम बताओ। तुम जानती हो उसे प्रियम को ? अब सब जान जाएंगे. मैंने उसका लिखा पढा है. मेरे पास उसकी कई कापी पड़ी है. उसने भेजी है. और सबसे बड़ी बात कि उसके पक्ष में चार क्लाइंटस ने लिख कर भेजा है और इस समय उसे कई विज्ञापन एजेंसीज हायर करना चाहती हैं, उसमें दम है, उसकी कापी देखना, उसकी लिखावट देखना, उसके पास भाषा है, अभिव्यक्ति है और उसकी सबसे बड़ी क्वालिटी है, बड़े क्लाइंट को पटा लेने की . ”
“फिक्सर लगता है बौस, कहां रहता है ?”
रोहन ने आंख दबाई.
“दिल्ली में ही है. हाल ही में आया है और अपनी अच्छी पहचान बना ली है. आगे जाएगा...”
विशाल उसके लेखन से ज्यादा उसकी दूसरी कलाओं से प्रभावित दिख रहा था।
“वह फिक्सर नहीं, एक नंबर का सलफेट है, सच अ बास्टर्ड.. ”
सोनिया के मुंह से अचानक गंदी गाली निकली। लगा जैसे मुंह से धुंआ निकल रहा हो, मानो इंजन फेल हो चुका हो ।
“लंपट है साला..फ्राड...ऐसे लोगो से आप काम करवाएंगे ? ”
राइमा अचानक उठ खड़ी हुई। पूरा चेहरा तमतमा रहा था। सबने हैरानी से दोनों का मुंह देखा। सोनिया को लगा, राइमा उसका साथ दे रही है। दोनों वहां से एक साथ उठकर अपनी सीट पर आ गईं। सभी दोनों लड़कियों के बीच इतनी दोस्ती देख कर हैरान थे। सोनिया के समर्थन में राइमा उतर आई थी, ये बात सबको चौका रही थी। खुद सोनिया हैरानी में ऊभ-चुभ हो रही थी। पर कैसे रिएक्ट करे, ये सोच नहीं पा रही थी। दिमाग ठिकाने नहीं था। राइमा, सोनिया के रिएक्शन पर चकित थी कि अचानक प्रियम के नाम पर इसे क्या हो गया। उसे लगा, राइमा से अपना दुख शेयर कर सकती है। सोनिया ने अपने बैग के सुरंग में हाथ डाला-
“देखो, साला, बास्टर्ड, छह महीने से दिल्ली में है, हमें पता तक नहीं...कितने और कैसे कैसे खत लिखा करता था, कितनी बड़ी बड़ी बातें, शेर गजलें, पागल बना दिया था. मुझे क्या पता कि औरंगाबाद से दिल्ली आ धमका और दिल्ली आकर इतना बड़ा तोप बन गया, दैड बास्टर्ड वाज ट्राइंग टू बी फूल मी, मैं बनती रही, मुझे बनाता रहा, उसकी मीठी मीठी बातों ने, मैसेज ने, ग्रीटिंग्स ने, ओह...यह सब छल था। मैंने क्या क्या सोच लिया था.”
“क्या..रियली ??”
राइमा की हैरानी कुछ अलग सी थी।
“तुमने धोखा कैसे खाया ? एक अनजान आदमी, जिसे तुमने देखा तक नहीं था !”
“कई बार हम अनजाने ही किसी के पीछे भागने लगते हैं राइमा...कोई रीजन नहीं होता..शायद होता होगा..मुझे कुछ समझ में नहीं आया..बस वह जीवन में दाखिल होता चला गया, पूरी ताकत के साथ। बहुत फोर्स है उसकी बातों में, उसकी लैंग्वेज में, उसके अंदाज में । कई बार लाइन्स लिखने में मैंने उसकी कौपी की है, स्वीकारती हूं..। मुझे उसकी भाषा में जो गरमाई थी, वह खींचती थी उसकी तरफ। जो हमारे भीतर कमी होती है, हम बाहर वही तो ढूंढते हैं।“
सोनिया के होठ सूख रहे थे। जैसे सारा रस निचोड़ लिया हो किसी ने।
“बहुत बुरा फील कर रही हूं यार...ठगा हुआ सा..मूर्ख बना कर, हमें ही इस्तेमाल करके कोई हमें ही नेस्तनाबूद कर गया।“
सोनिया थोड़ी देर चुप रही। दफ्तर में कुछ गिरने की आवाज आई थी। चहल पहल फिर से शुरु हो गई थी।
“पर तुम बताओ...तुम क्यों उसको गाली दे रही थी ?”
अचानक जैसे सोनिया को कुछ सुधि आई। पतली काया हिली।
राइमा इस सवाल पर चुप रही।
सोनिया फिर खो रही थी, कहीं दूर..आंखों के सामने काले काले खूबसूरत अक्षर घूम रहे थे। वाक्य टूट टूट कर हवा में फैल रहे थे, कुछ आवाजें हवा में फैल रही थीं..। चोट गहरी थी।
राइमा ने अपना हाथ उसके हाथ पर रखा।
“सोनिया, झांसे में तुम ही नहीं..मैं भी आ गई थी...ये देखो । ”
“क्या ???”
सोनिया के गले से अजीब सी आवाज निकली। कई भावो से लिप्त आवाज।
“ये देखो.”
सारे खत एक ही स्याही से लिखे गए, रच रच कर लिखे गए, वक्त लगा कर लिखे गए, सारी बातें शाय़रीनुमा..दोनों से दिल्ली के बारे में तमाम जानकारियां मांगी थी, शेर के अंदाज में..क्लाइंटस की सूची मांगी थी, शेर के अंदाज में, रंग बिरंगी फूल पत्तियां बनी हुईं, इतनी खूबसूरत लिखावट किसी की नहीं हो सकती...जैसे छपे हुए अक्षर, अक्षरो से ही इश्क हो जाए। सारे ग्रिटिंग्स एक से, एक से खत, एक से शेर और गजलें और एक-सी मांगी गईं जानकारियां, कापी लिखने की कला से लेकर शब्दों के अनुशासन से लेकर, विज्ञापन कला पर छोटी छोटी बातें...सवाल...। मोहक बातें...फिदा करने और फिदा होने लायक बातें...दिल से आरपार उतरती हुईं बातें..दुखो को सहलाती हुईं बातें, सुखो को द्विगुणित करती बातें..कस्बे के भोले नायक के खत जैसे हो सकते थे, शहरी नायिका के लिए। वह लिखता है-ईमेल करना नहीं आता, किसी तरह मैसेज कर लेता है..बस लिखने पढने का शौक है और दिल्ली आकर अपनी पहचान बनाने का सपना। राइमा और सोनिया दो अलग छोर...ये दोनों अनजान थीं, पर वह अनजान नहीं था...वह जानता था कि दोनों एक ही एजेंसी में काम करती हैं और एक दूसरे से उतनी ही दूर हैं जितनी धरती से आकाश। वह धरती आकाश के बीच के फासले पर एक कीमियागर की आत्मा उड़ान भर रही थी। वह ढूंढ रही थी, उस व्यक्ति और एजेंसी को जिसने साल 2006 का सबसे हिट विज्ञापन बनाया था। जिसके बोल हरेक जुबान पर थे। एजेंसी के बाद इन दोनों अनजान लड़कियों तक पहुंची जिनके जरिए वह अपने सपनो को पूरा कर सकती थी।
“आई कांट बिलिव दिस...ओ गौड..ही इज सच ए...सोनिया विस्फारित नजरों से सारे खत-खतूत देख रही थी। बिल्कुल एक से...बातें भी वहीं...और हम बेवकूफ बनते रहे.....”
“मैंने उसे सारी एजेंसी और क्लाइंट के नंबर भेजे थे.”
राइमा बड़बड़ा रही थी, अफसोस से भरी हुई, अपराध सा कुछ कुछ..
“मैंने उसे दिल्ली का रास्ता दिखाया था. वह दिल्ली आकर सबसे पहले मुझसे मिलने वाला था.”
“और वह छह महीने से यहां है...इतने जुगाड़ कर लिए...मुझे खबर तक नहीं...”
“तभी मैं कहूं कि अचानक उसके खत आने बंद क्यों हो गए, मैसेज का जवाब देना बंद, और एक दिन नंबर भी चेंज.”
“मैं तो चिंतित हो गई थी. लगा एक बार औरंगाबाद का चक्कर लगा आऊं.”
“वहां जाने की तो मैं भी सोच रही थी...पर उसके खत की खूशबू खोने के भय से जा नहीं पाई। लगा कहीं भ्रम न टूट जाए. ”
“कोई इतना सेल्फिश, इतना चतुर, इतना शार्प कैसे हो सकता है यार ? इतने कम समय में अपनी धाक जमा ली. ”
“क्या हम सचमुच उससे प्यार.., क्या हम किसी अभाव को भर रहे थे या अपने लिए कोई स्थायी आसरा ढूंढ रहे थे ?”
“मैंने खुद को ठीक से टटोला नहीं यार “
“मैंने टटोला..पिछले छह महीने में जब से उसके खत आने बंद हुए, मैं उसे अपने जेहन से झटक चुकी थी। अब मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। तुम्हें कुछ ज्यादा झटका लगा है शायद। यू वर नौट प्रीपेयर फौर इट..। हम विज्ञापन की दुनिया में हैं सोनिया, हमारी दुनिया बहुत तेज गति से आगे बढती है, फ्रेम दर फ्रेम, हम अटक के नही रह सकते। एक लाइन पसंद नहीं आई, दूसरी लिखो, लाइन पुरानी हो गई, नयी लिखो, हिंदी में नहीं लिख सकते, रोमन में लिखो, पर लिखो, फेको बाजार में..उपभोक्ता के मुंह पर दे मारो। ले उलझ, जाल में फंस..।“
सोनिया ने राइमा की तरफ देखा। वह कुछ बदली हुई दिख रही थी। कुछ ज्यादा कान्फिडेंट, निश्चिंत और संयमित। सोनिया की तरह उसके चेहरे पर बारह नहीं बज रहे थे।
रोहन देख रहा था, समझ रहा था, दो स्त्रियां खुल रही थीं, स्त्रियां जब खुलती हैं तो और पास ही आती हैं। सारे विषाद, सारे ठगने वाले कारक उस खुलने में ध्वस्त हो जाते हैं । दरारे भर रही हैं और उनमें उगे बरगद, पीपल सब उखड़ रहे हैं। डस्टबीन कचरे से भर गया था।
उस शाम पूरे दफ्तर ने देखा-सुना-
दो स्त्रियां जोर जोर से एक साथ हंस रही थीं। एक के ठहाके में असमंजस का बंधन था, दूसरे के ठहाके में खुला आसमान था जिसमें जिंदगी कहीं भी उड़ कर जा सकती थी।