Thursday, 9 March 2017

सेवा भाव

  जून का महीना था। नीम की एक डाल पर बैठा व्यक्ति कुल्हाड़ी से दूसरी डाल को काट रहा था। तभी जोरदार आँधी आयी। कुल्हाड़ी हाथ मंे लिये वह व्यक्ति हड़बड़ाकर नीचे जमीन पर गिर गया। गिरने से उसे चोट तो आयी ही, साथ में कुल्हाड़ी की धार से उसके एक पैर में गहरी चोट भी आ गयी। किसी प्रकार लड़खड़ाता हुआ वह अपने घर पहुंचा।
उसे इस हालत में देखकर उसकी पत्नी घबरा गयी। वह दौड़कर नीम की पत्तियां तोड़कर ले आई। पत्तियों को पीस कर उसने उसके घाव पर रखकर पट्टी से बांध दिया। शरीर के अन्य भागों पर जहाँ चोट लगी थी, पिसी हुई हल्दी को गर्म किये गये सरसों के तेल में मिलाकर लगा दिया।
चोट तो एक दो दिन में ठीक हो गयी किन्तुु घाव भरने में समय लगा। घाव में पिसी हुई नीम की पत्तियों को वह एक सप्ताह तक भरती रही। फिर उसने उसमें नीम की छाल के नीचे की पपड़ी दो बूंद जल के साथ फर्ष पर रगड़कर लगाना प्रारम्भ किया। कुछ ही दिनों में घाव पूरी तरह से ठीक हो गया।
 कुछ दिनों बाद फिर वह कुल्हाड़ी लेकर पेड़ काटने के लिए जब घर से बाहर निकलने लगा तो उसकी पत्नी ने उससे पूछा- ‘‘कहाँ जा रहे हो?’’
 ‘‘फिर वही पेड़ काटने जा रहा हूँ।’’ प्रत्युत्तर में वह बोला।
 ‘‘रुको, जरा बैठ जाओ’’ उसकी पत्नी ने कहा।
 जब वह न चाहते हुए भी बैठ गया तो उसकी पत्नी कहने लगी- ‘‘जरा सोचो, अभी एक माह पूर्व आप उसी पेड़ से गिरे हो। कितनी गहरी चोट आयी थी? कितना गहरा घाव था और कैसे ठीक हुआ था? बताओ न, आप ही बताओ।
‘‘घाव तो तुम्हारी मेहरबानी से ठीक हुआ था।’’ उसने अपनी पत्नी से कहा।
 "नहीं कतई नहीं। उसी हरे नीम के वृक्ष की पत्तियों एवं उसकी पपड़ी का सब कमाल था। वृक्ष तो मनुष्य के इतने सहायक हैं जितना मनुष्य, मनुष्य का नही है। वह हमें प्राणवायु देते हैं। फल, फूल, लकडि़यां देते हैं। वृक्षो में सेवाभाव होता है। इनसे बनी औषधियां मनुष्य के काम आती हैं किन्तु मनुष्य है कि वह हिंसक...... स्वार्थी ........ निरास्वार्थी ....... है।’’
 पत्नी की ये मार्मिक बातें सुनकर वह स्तब्ध रह गया और भीतर बहुत गहरे डूब गया।