Friday, 10 March 2017

उसके बिना

   उसके  बिना उसने कहा, “जहाँ भी रहो, जैसे भी रहो बस खुश रहो।”
 समर का दर्दभरा प्रश्न गूँजा, “तुम्हारे बिना? कैसे?”
 उसे बरबस कोई उत्तर नहीं सूझा। कैसे? वह क्या बताए, वह भी तो इसी प्रश्न का उत्तर ढूँढ रही है। खुश रहे? उसके बिना? कैसे?
 पर उनके पास और विकल्प ही क्या है? मरने से तो अच्छा ही है की जिया जाए।जीवन तो ईश्वर का उपहार है उसे नष्ट करने का साहस हम मनुष्य कैसे कर सकते हैं। चाहे यह प्रश्न मस्तिष्क के हर तंतु में कौंधता ही रहे, हर आती जाती साँस के संग कि वो सचमुच जीवित हैं एक दूसरे के बिना।
 उसका रोम रोम काँप रहा है, रो रहा है, विनती कर रहा है। कभी सोचती है, वह उसे मिला ही क्यों, विधाता ने उन्हें मिलाकर कौन सा कार्य सिद्ध किया। जीवन भर की पीड़ा, इतनी घनी पीड़ा उसका ह्रदय क्या सह पाएगा। कैसे जिएगी बिना उसके? जब तक वह नहीं मिला था जीवन कितना आसान था। पर वह मिला, उसका मिलना लिखा था और वो मिला और अब हर समय बस उसके साथ उसके पास रहने की इच्छा उसका जीवन दुश्वार बना चुकी है।
  तीन वर्ष पहले,काश की वह उस दिन उर्मिला के घर नहीं गयी होती, कॉपी तो वह दूसरे दिन क्लास में भी ले सकती थी और अपना छूटा कार्य पूरा कर सकती थी।उन दिनों वह बीमार न पड़ती तो क्लासेज भी मिस न होतीं और उसे उर्मिला के घर न जाना पड़ता और वहाँ अचानक उसके ममेरे भाई समर से उसका मिलना भी न होता और तब यह अगाध प्रेम का अंकुर भी न फूटता। पर अब सोचने से क्या अब तो यह सब कुछ हो चुका।अब वे दोनों एक प्राण हैं जीवन का हर सुख-दुःख, अच्छे-बुरे अनुभव एक जीवनसंगी के रूप में भोगना चाहते हैं, जीना चाहते हैं। ऐसा नहीं की उसने अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखने का प्रयास नहीं किया। किया, बहुत किया पर जैसे जन्म और मृत्यु किसी के वश में नहीं होता वैसे ही किसी के प्रति अटूट प्रेम का भाव भी अपने वश में नहीं होता। होता तो क्या वह रोक न लेती, उसे पता नहीं है क्या कि जिस समाज में उसने जन्म लिया है वहाँ प्रेम करने से अक्षम्य अपराध कोई दूसरा नहीं है। कोई अन्य जघन्य से जघन्य अपराध करके भी इस समाज में जिया जा सकता है मसलन किसी की ज़मीन हथिया कर, हत्या कर, झगडा फ़साद कर, समाज अगर क्षमा नहीं करेगा तो जान से भी नहीं मारेगा। पंचायत बैठेगी, मुकदमे चलेंगे, पर ज़िन्दा तो रहेंगे ही। पर अगर किसी से प्रेम किया तो उसका मात्र एक ही परिणाम है मृत्यु।
 समर कहता है भागकर शादी कर लेते हैं बाद में सब मान जाएँगे।पर उसे पता है समर को इतनी समझ नहीं है या है भी तो उसे इसके परिणाम की भयानकता नहीं पता। उसके माता-पिता कभी नहीं मानेंगे इस बात के लिए।प्यार वो चाहे जितना भी करते हों पर समाज और उसके बंधनों से अधिक नहीं।उसे पता है भागकर शादी कर लेने का भी परिणाम क्या होगा। उसके पड़ोस में रहनेवाली सुशीला दीदी का हश्र क्या वह मरते दम तक भूल पाएगी। प्यार तो उन्हें भी सब बहुत करते थे उनके परिवारवाले भी और पूरे गाँववाले भी।
 यथा नाम तथा गुण, सुन्दर, योग्य, शालीन, सुघड़ सुशीला दीदी पूरे गाँव में एक अनुकरणीय व्यक्तित्व थीं। पढने में इतनी अच्छी थी कि वो गाँव की पहली लड़की थीं जिन्हें गाँव से १५ किलोमीटर दूर कॉलेज जाने की अनुमति मिली थी, बी.एस.सी. की पढाई के लिए।मिलती भी क्यों न बारहवीं की परीक्षा में उन्होंने पूरे ज़िले में टॉप किया था। गाँव का नाम रोशन कर दिया था।पर उन्हीं सुशीला दीदी को एक लड़के से प्रेम करने और चुपचाप भागकर शादी कर लेने पर, पंचायत ने जान से मारने का आदेश दिया था। वह दोनों कब तक भागते, छुप-छुप कर रहते,पकड़े गए और निर्दयता से उन्हे मार दिया गया।गाँव का गौरव, प्रेम जैसे जघन्य अपराध की अग्नि में भस्म हो गयीं , एक सुनहरा भविष्य काला अतीत बन गया। प्रेम जैसे अपराध के लिए दंड का एक ज्वलंत उदहारण बन गयीं। गाँव के युवक युवतियों के लिए एक दुःस्वप्न। नहीं, नहीं, वह भागकर कहाँ जाएँगे , दुनिया इतनी बड़ी कहाँ कि दो प्रेमियों को खो जाने दे, देर-सवेर पकड़े जाएँगे और फिर एक और सुशीला का अंत। दो साल भी तो नहीं हुए इस भयावह घटना को घटे हुए। उसे सुशीला दीदी का अंत नहीं चाहिए। वह समर को जानबूझकर मौत के मुँह में नहीं धकेल सकती उसे अपनी परवाह नहीं पर जिसे वह अपने प्राणों से अधिक चाहती है उसे कैसे जानबूझकर इस आग में झोंक दे। उसे अपना ह्रदय कठोर करना ही होगा। प्रेम करना उसके वश में नहीं था पर यह तो उसके वश में है, जब वह ही नहीं मानेगी तो समर को उसकी बात माननी ही पड़ेगी।उसे पता है सुशीला दीदी का उदहारण उसे उसके निर्णय से नहीं डिगा पाएगा । जब प्रेम प्रबल होता है तो किसी भी प्रकार के भय के लिये कहाँ स्थान होता है।
 
 अतः उसने अपने आँसू पीकर यथासंभव अपनी आवाज़ को संयत रखकर उत्तर दिया, “वैसे ही जैसे मुझे रहना है, वैसे ही जैसे संसार के सभी मानव, पशु और पक्षी रहते हैं, जिनकी इच्छा के विरुद्ध ईश्वर उनके प्रिय, उनके प्राणों का आधार छीन लेते हैं। जीते तो वे हैं ही अपने प्रियजनों के वियोग में मर तो नहीं जाते। उसी तरह हमें भी रहना ही होगा, इस संसार में एक-दूसरे के बिना भी जीना ही होगा।”
 “पर....”
 “नहीं भागकर शादी की बात मत करना, यह संभव नहीं है। कोई साथ नहीं देगा और कोई देना चाहकर भी दे नहीं पाएगा” समर की बात उसने बीच में ही काट दी।
 थोड़ी देर दोनों चुप रहे। फिर आहत स्वर में समर ने धीरे से पुनः कहा, “एक बार फिर सोच लो, कोई न कोई उपाय तो निकलेगा ही, तुम ऐसे कैसे हिम्मत हार गयीं। इतना डरती क्यों हो? इतना आसान नहीं है। कैसे रहेंगे एक-दूसरे के बिना, तुम कहती हो खुश रहो। तुम्हारे बिना? कैसे?” समर जैसे स्वयं से ही बात कर रहा था।
 “हम इस बारे में बहुत बार बात कर चुके हैं, अब फिर वही बातें, कोई लाभ नहीं है। कुछ नहीं हो सकता। तुम जानते हो माँ-पिताजी ने मेरी शादी तय कर दी है।” उसने अन्यमनस्क सा जवाब दिया।
 “हाँ......हूँ...” ये दर्दभरा मोड़ उनके जीवन में तभी से तो आया है। “ये सुमति कुछ सुनती क्यों नहीं, वह उसके लिए क्या मायने रखती है उसे कैसे समझाए, एक बार मान जाए तो उसके लिए दुनिया की हर ताकत से लड़ लेगा। भाग्य में क्या बस इतना ही साथ था, एक बार सुमति मान जाए” उसने मन ही मन सोचा। “ऐसे जीकर भी क्या करेंगे” वह मन ही मन बुदबुदाया।
 “जल्दी ही तुम भी शादी कर लेना, मुझसे लाख गुना अच्छी लड़की मिल जाएगी तुम्हे। फिर धीरे धीरे सब भूल जाओगे” चुप्पी तोड़ते हुए उसने कहा।
 समर के मन में कडवाहट भर गई। इच्छा हुई कोई तीखा जवाब दे, पर दे न पाया, आज के बाद पता नहीं कभी मिल भी पाएँगे या नहीं। वह उसका दिल नहीं दुखाना चाहता था। उसे पता था उसके मन पर क्या बीत रही है। वह उससे अलग तो नहीं महसूस कर रही, उसे पता है, वह समझता है। इतना कठोर बनने का नाटक, क्या वह उसे जानता नहीं। लड़कियाँ इतनी डरपोक क्यों होती हैं।
 “तुम शादी तो करोगे न?” उसे चुप देखकर उसने आशंकित होकर पूछा।
 “पता नहीं” समर ने बुझा सा जवाब दिया।
 उसने सहमकर उसकी ओर देखा।
 “ऐसा मत करना, मुझे बहुत दुःख होगा” उसने असहाय होकर प्रार्थना सी की।
 “अब कम से कम यह निर्णय तो तुम मुझ पर छोड़ दो” उसने भरसक नरम लहज़े में कहा।
 उसने धीरे से अपना सर उसके कंधे पर टिका दिया। उसके आँसू उसका कन्धा भिगोते रहे, मानो उनके प्रेम के दाहसंस्कार के बाद अंतिम अर्घ्य अर्पित कर रहे हों।   
समर आगे कुछ न बोल पाया।

********************************
आज सुबह से मौसम का मिज़ाज बदला हुआ है। बादल की गड़गड़ाहट अजीब बेचैनी पैदा कर रही। बरसात के मौसम में कब इंद्रदेव कृपालु हो जाएँ, पता ही नहीं चलता। इस छोटे से पुराने शहर में जीवन अपनी एक नियत गति से चलता है। न अधिक न कम। बड़े शहरों जैसे न हर दिन जीवन एक जंग जैसा लगता है न गाँव जैसा शुद्ध ठहरा-ठहरा सा। सुमति ने खिड़की से परदे खींचकर हटाए तो थोड़ी देर मंत्रमुग्ध सी काले-काले बादलों से ढके आकाश को देखती रह गई। खुले आकाश में अठखेलियाँ करते काले-स्लेटी बादलों की सभा, सभापति के अभाव में अस्त-व्यस्त हो रही थी। मानो किसी दुर्लभ वस्तु के लिए छीना-झपटी करते नटखट बादल अनुशासनहीन बच्चों के समान एक-दूसरे को धक्का दे-देकर बेतहाशा शोर मचा रहे हैं।
 “माँ....माँ....” अचानक उसकी 22 वर्ष की बेटी सिद्धि की पुकार से उसकी तन्द्रा भंग हुई और वह आकाश से सीधे धरती पर आ गिरी।
 “क्या कर रही हैं माँ, यहाँ खिड़की पर खड़े-खड़े, बहुत जोर कि भूख लगी है। जल्दी से नाश्ता दीजिये न कॉलेज के लिए देर हो रही है।”उसने अपने भीगे लम्बे बाल जल्दी-जल्दी सुलझाते हुए कहा।
 फिर अचानक ठिठक कर बोली, “माँ! मैंने आपको डिस्टर्ब कर दिया न, आपको बादलों को देखना बहुत अच्छा लगता है न। पर माँ सुबह-सुबह समय किसके पास है, जो बैठकर बादलों को निहारता रहे और बरसात में तो ये जब देखो तब बिना बुलाए मेहमान की तरह आ धमकते हैं, बाद में आराम से देख लीजिएगा।"
 तब तक सुमति किचन में जा चुकी थी और अपनी लाड़ली इकलौती बेटी के लिए फटाफट नाश्ता तैयार करने लगी थी। नाश्ता देकर उसने पूछा, “इस ख़राब मौसम में तेरा कॉलेज जाना ज़रूरी है।”
 सिद्धि जल्दी जल्दी परांठे मुँह में ठूँसती हुई बोली “और क्या! ये ख़राब मौसम तो पूरी बरसात चलना है, इसके पीछे कितनी क्लासेज मिस करूँगी माँ।” फिर ठहर कर बोली, “घबराइए मत थोड़ी देर में बिलकुल साफ़ हो जाएगा बस रास्ते में फैले कीचड़ में अपने आगमन और प्रस्थान की निशानी छोड़ जाएगा।”
 कहते कहते सिद्धि ने अपनी स्कूटी स्टार्ट की और सुमति के देखते-देखते आँखों से ओझल हो गई। सुयश सिद्धि के जाने के पहले ही जा चुके थे। सुबह सात बजे के निकले वह रात दस बजे के पहले घर नहीं आ पाते। उनकी व्यवसायिक व्यस्तता दम लेने की फुर्सत नहीं देती।
सिद्धि के जाते ही सुमति अपने रोजमर्रा के कार्यों मे व्यस्त हो गई। उसकी बेटी सिद्धि में उसके प्राण बसते हैं। उसके कॉलेज जाते ही वह बेसब्री से उसकी वापसी की प्रतीक्षा करने लगती है। लंच तक उसकी क्लासेज समाप्त हो जाती हैं।फिर माँ बेटी साथ ही भोजन करती हैं। सिद्धि दिन भर का ब्योरा धाराप्रवाह सुनाती रहती है और "अच्छा" "हाँ" "हूँ" "फिर" जैसे शब्दों से वह बीच बीच में पर्याप्त योगदान दे देती है।
पर आजकल सुमति सिद्धि में अलग तरह का परिवर्तन देख रही है।पहले की तुलना में सिद्धि आजकल कम बोलती है। खोई- खोई सी रहती है। एक अनकही चिंता सी उसके चेहरे पर तैरती रहती है। सुमति को थोड़ा आश्चर्यमिश्रित चिंता होती है उसे देखकर। बेटी के बिना बताए ही उसे एक अव्यक्त अनहोनी महसूस होती है। कुछ दिनों से वह प्रतीक्षा कर रही है की सिद्धि उसे स्वयं ही बताएगी। उसके जैसी मुखर लड़की, जो क्या छोटी क्या बड़ी हर बात अपनी माँ से बताए बिना रह नहीं पाती वह कब तक उसे नहीं बताएगी। पर उसकी यह प्रतीक्षा कुछ अधिक ही लम्बी खिंच गयी है, किसी बड़ी विपत्ति की आशंका से उसका ह्रदय कचोटता रहता है। सुमति ने मन ही मन तय कर लिया है की शीघ्र ही वह अवसर और सिद्धि का मूड देखकर अपनी लाड़ली बेटी से इस बारे में बात अवश्य करेगी। हो सका तो आज ही, हाँ! आज ही उसने मन ही मन निश्चय किया।
 सिद्धि की क्लासेज 1 बजे तक समाप्त हो जाती हैं और वह लगभग 1.20 तक घर आ जाती है। घर से कॉलेज स्कूटी से १० मिनट के अंतराल पर ही तो है। सुमति की आँखें कभी घड़ी की टिकटिक पर तो कभी बाहर घर के गेट पर लगी हुई थी। जब तक बेटी घर ना आ जाए उसका यही हाल रहता है। उस दिन सुमति दो बजे तक घर आ गई। आते ही सफाई देनेवाले अंदाज़ में बोली,
“माँ! ट्रैफिक का तो बुरा हाल है आजकल और इस बरसात में तो सड़कों पर जो जगह जगह घाव उभर आये हैं उनसे तो सड़क पर ड्राइव करना किसी पनिशमेंट से कम नहीं है।” फिर अपराधबोध से ग्रस्त होते हुए सी बोली, “माँ! आप मेरी प्रतीक्षा मत किया करिए समय पर खाना खा लिया करिए, कॉलेज में मुझे अक्सर देर हो जाती है आप तब तक भूखी रहती हैं।”
 “पर ये देर पहले तो नहीं होती थी, आजकल क्लासेज क्या देर तक चलतीं हैं?" उसने पूछा।
 “हाँ.... माँ कुछ ऐसा ही समझ लो” सिद्धि ने झिझकते हुए जवाब दिया।
 “पर तुझे तो पता है कि मैं तेरे  बिना लंच नहीं कर पाती, थोड़ी देर ही सही, तेरा लंच भी तो लेट हो जाता है, फटाफट हाथ मुँह धो ले फिर खाते हैं। बड़ी भूख लगी है।” सुमति ने इस समय कुछ पूछना उचित नहीं समझा।
 लंच करके जब दोनों थोड़ी देर आराम करने लगीं तो यह समय सुमति को उचित लगा अपनी आशंका दूर करने के लिए। उसने सिद्धि से बिना कोई भूमिका बाँधे साफ़-साफ़ अपने मन में चल रही उथल-पुथल को शब्दों का रूप देकर पूछ लिया। सिद्धि इस अप्रत्याशित छानबीन से चौंक गई। उसे पता तो था की माँ से कुछ भी छुपाना आसान नहीं है और बताना तो है ही पर किस तरह, किन शब्दों में, वह सोच नहीं पाई थी। एक तरह से उसने राहत की साँस भी ली की यह विषय माँ ने स्वयं ही छेड़ दिया। अब तक उसने माँ से कुछ भी नहीं छुपाया था और इतनी बड़ी बात माँ को न बताना, उसके मन पर पड़ा हर समय यह भारी बोझ उसका चैन उड़ाए हुए थे। थोड़ी देर वह चुप रही, जैसे उचित शब्द तलाश रही हो। फिर साहस करके धीरे-धीरे उसने अनुराग के बारे में माँ को सब कुछ बता दिया। अनुराग उसकी क्लास में पढ़ता था, उससे उसका परिचय, धीरे- धीरे बढ़ता आकर्षण और फिर गहरे प्रेम में परिणति।
 सुमति को गहरा झटका लगा, उसने स्वप्न में भी नहीं सोचा था कि उसकी अत्यंत मेधावी, सरल और सज्जन बेटी इन चक्करों में पड़ सकती है। पर साथ ही साथ उसके ह्रदय में यह तथ्य भी गूँजा कि उसकी सिद्धि अब बच्ची नहीं है, 22 वर्ष की एम. एस. सी. अंतिम वर्ष की छात्रा है। उसने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो यह उसकी भूल है कि वह उसे अभी गोद में खेलती नन्ही सिद्धि ही समझ रही, जबकि उसकी गोद के आगे की संभावनाओं को उसने कब का नाप लिया है और समय के साथ अपनी भावनात्मक आवश्यकताओं का आसमान भी पहचान और छू लिया है। वह इतनी अज्ञानी, मूढ़ कैसे बनी रही, मन ही मन उसने आहत मन से स्वयं को लताड़ा। क्या मेधावी, सरल और सज्जन बच्चों को प्रेम जैसे व्यापक और सर्वाधिक कोमल भाव को आत्मसात् करने का, स्पर्श करने का अधिकार नहीं है। साथ ही उसने सोचा की जब वह लगातार अनुराग के बारे में उत्साहित होकर उसे बताती रहती थी तो उसने ध्यान क्यों नहीं दिया की अनगिनत नामों में इसी एक नाम पर उसकी आँखों में एक अलग चमक, आवाज़ में एक अलग उत्साह क्यों छलकने लगता था।
 पर अब तो सच सामने था। बेटी प्रेम की अछूत दुनिया में प्रवेश कर चुकी थी, वह निषिद्ध फल चख चुकी थी जिसका अंत.....उसका ह्रदय काँप उठा। इन 24 वर्षों में न तो समाज बदला था, न उसकी मान्यताएँ और न सोच। इन 24 वर्षों में वह अब तक अनगिनत सुशीलाओं का हश्र देख और सुन चुकी थी। क्रूर से क्रूरतम अंत। कैसी उन्नति और प्रगति, ब्लैक एंड वाइट टी.वी. से कलर्ड, डिजिटल टी.वी और लैंडलाइन से सेल फ़ोन और इन्टरनेट के साम्राज्य में दुनिया के प्रवेश करने के बावजूद भी तो कुछ बातें बिलकुल भी नहीं बदलीं। प्रायः ही समाचारपत्रों में पढ़ने और सुनने को मिल जाता है की कैसे समाज तो समाज माता-पिता ही अपने बच्चों को मान सम्मान के नाम पर निर्दयता से मार देते हैं। उदाहरणों की कमी है क्या?
 क्या उसकी बच्ची भी...... या फिर वह भी उसी की तरह अपनी भावनाओं और चाहतों का गला अपने ही हाथों घोंटकर “उसके बिना” जीने के लिये बाध्य हो जाएगी।उसका विचार आते ही उसका ह्रदय तड़प उठा। इतने वर्षों में क्या एक भी दिन ऐसा गया जब उसे उसकी याद न आई हो। कितना भी भुलाओ किसी न किसी बहाने, किसी न किसी बात पर यादों के तार उसी से जुड़ जाते हैं और वह तड़प कर रह जाती है। उसने मुड़ कर कभी संपर्क नहीं किया, पता नहीं क्या सोचकर उसने सारे रास्ते बंद कर दिए।उर्मिला से ही थोड़ा बहुत पता चला कि वह आगे शिक्षा पूरी करने के लिए विदेश चला गया और वापस नहीं आया और न ही किसी से कोई विशेष संपर्क रखा।
 वैसे तो सुमति को किसी बात की कोई कमी नहीं, एक अच्छा पति, एक अच्छा घर, प्राणों से प्यारी बेटी, दुनिया भर की सुख-सुविधाएँ सब कुछ उसके जीवन को खुशहाल बनाने के लिए पर्याप्त होने चाहिए पर फिर भी उसका मन भटकता ही रहता है। सब कुछ होकर भी कुछ नहीं। उसका ह्रदय-मन जैसे वहीं ठहर गया और जीवन समय की गति संग बहता गया और वह अनजाने ही अन्यमनस्क चुपचाप बहती रही।इससे अच्छा तो वह भी सुशीला दीदी ही बन जाती शायद वह ही बेहतर होता।
 क्या उसकी बेटी भी उसी की तरह एक उधार की ज़िन्दगी सा आजीवन जीती रहेगी, मन मार कर, स्वप्नों को मसलकर, चुप समाज के थोपे नियमों और कृत्रिम जीवन के साथ।“नहीं!! नहीं......” उसका मन चीत्कार उठा। वह अपनी बेटी को जानती है, उसका ही प्रतिरूप है। पर वह अपनी बेटी को न सुशीला दीदी का भयावह अंत देने देगी न उसका स्वयं का दोहरा, कृत्रिम जीवन।
 उसकी बेटी उसे अपने मन की बात बताने में सफल हुई तो कुछ तो पिछले 24 वर्षों में मूक किंचित परिवर्तन समाज में दे पाने में समर्थ हो पाई है वह। उसने तो कभी साहस तक नहीं किया अपने माता-पिता से इस विषय पर बात भी करने की। किंचित परिवर्तन तो है। वह अपनी बेटी को अकेला नहीं छोड़ेगी, उसके सुख-दुःख में साए सा हर पल उसका साथ निभाने वाले वह और सुयश, जीवन के इस कठिनतम मोड़ पर अपनी बच्ची का साथ कदापि नहीं छोड़ेंगे। उसे पता है सुयश एक पारिवारिक और आश्चर्यजनक रूप से खुले विचारों के व्यक्ति हैं जो यदि समाज को महत्व देते हैं तो व्यक्तिगत स्वतंत्रता को रत्ती भर भी कमतर नहीं आँकते। वह दोनों मिलकर परिवार, जाति, गोत्र, समाज सबका अपनी बच्ची के लिए उसके सपनों को यथार्थ बनाने के लिए, सामना कर लेंगे सबका दंश सह लेंगे। गलत या सही जिसे जो भी लगे पर अपनी बेटी को अपने निर्णय स्वयं करने और ज़िन्दगी अपनी शर्तों पर जीने योग्य बनाने के लिए पूरा अवसर देंगे। मात्र भौतिक और बाह्य प्रगति और उन्नति कोई मायने नहीं रखती जब तक विचारों और व्यवहार में प्रगति नहीं झलकती। एक दृढ़ निश्चय से उसका मुख दीप्त हो उठा। वह अपनी बच्ची को डरपोक नहीं बनने देगी। उसे “उसके बिना” जीवन जीने को मजबूर नहीं होने देगी और इसके लिए जिससे भी लड़ना पड़ेगा वह लड़ेगी। खोखले समाज से, अव्यवहारिक, अप्रासंगिक और क्रूर कुरीतियों और मान्यताओं से, नकारात्मक,शुष्क और निर्दय विचारों के स्वामी हृदयहीन कथित समाज और धर्म के ठेकेदारों से। उसे अपनी वर्षों की तड़प और दर्द का मानो मलहम मिल गया।
 सिद्धि अपनी बात कहने के बाद चुपचाप अब तक माँ के चेहरे पर आते जाते भावों को बारीकी से पढ़ने का निरंतर सफल-असफल प्रयास कर रही थी। माँ की इस लम्बी चुप्पी से उत्पन्न अपनी घबराहट और बेचैनी से हारकर बोल उठी,
 “माँ! मैं आपकी भावनाओं को चोट नहीं पहुँचाना चाहती, अगर आप नहीं चाहती तो मैं अनुराग को समझा लूँगी। आप लोगों की सहमति के बिना हम कोई कदम नहीं उठाएँगे।
 आप जो चाहेंगी हम वैसा ही करेंगे पर मुझे नहीं लगता मैंने कोई ग़लत निर्णय लिया है। अनुराग आपको भी बहुत पसंद आएगा। आपने मुझमें वो संस्कार दिए है कि मैं अच्छे और बुरे की पहचान कर उचित निर्णय ले सकूँ। अनुराग बहुत अच्छा लड़का है माँ। उससे बेहतर जीवनसाथी मुझे नहीं मिल सकता।” उसने सहमकर धीरे से आगे जोड़ा, “माँ! किसी से हार्दिक प्रेम हो जाए तो इसमें क्या बुराई है? मैंने क्या ग़लत किया।”
 “तुमने कुछ ग़लत नहीं किया बेटी और प्रेम करने में कोई बुराई नहीं है, मुझे तुम्हारे निर्णय के औचित्य पर भी कोई संदेह नहीं है। तुम एक समझदार और बुद्धिमान लड़की हो। अच्छे-बुरे में अंतर समझती हो। मुझे तुम पर सदैव गर्व रहा और अब भी है।” उसने सिद्धि का प्रेम से सिर सहलाते हुए कहा।
 “अनुराग को हमसे कब मिलवा रही हो?” उसने स्नेह से सिद्धि की आँखों में झाँकते हुए पूछा।
 सिद्धि जिसकी आँखें प्रसन्नता के अतिरेक से भीग चुकी थीं। माँ के गले में बाहें डालकर बोली, “जब आप कहो।” और सुमति एक दृढ़ मुस्कान के साथ उठ खड़ी हुई, इस सुखद विचार और विश्वास के साथ की उसकी बेटी सिद्धि को तो कम से कम आजीवन “उसके बिना” जीने का दंश तो नहीं भुगतना पड़ेगा।
  "साहित्य अमृत" मासिक पत्रिका के दिसम्बर 2015 अंक में प्रकाशित।