Thursday, 9 March 2017

सुधा का फोन

कुछ कहानियां कहे जाने की मांग करती हैं, लेकिन ये नहीं बतातीं कि उन्हें कहां से शुरू किया जाए। सुधा की कहानी में भी कुछ ऐसा ही है। उसे कई बिंदुओं से शुरू किया जा सकता है। कह सकते हैं कि उसकी एक कहानी में कई कहानियां शामिल हैं। या फिर यह भी कह सकते हैं कि शायद ज़िंदगी होती ही ऐसी है- एक साथ कई समानांतर कहानियां चलती रहती हैं- उनमें से कुछ उम्र के साथ बदलती रहती हैं और कुछ बिल्कुल नए सिरे से फूट पड़ती हैं। तो ऐसा करते हैं, सुधा की कहानी वहां से शुरू करते हैं, जहां से वह बननी शुरू हुई।
यानी बिल्कुल स्कूली दिनों से- जब हम दोनों साथ पढ़ा करते थे। दसवीं में साथ पढ़ते हुए गणित की मेरी एक किताब उसके पास रह गई। दरअसल उसके एक चाचा मेरे घर मुझे पढ़ाने आते थे- ट्यूटर के तौर पर। वे मेरी किताब मुझसे मांग ले गए थे। बाद में उन्होंने सुधा को कहा कि वह मुझे क्लासरूम में वापस कर दे। लेकिन ये वे दिन थे (या क्या पता, अब भी स्कूलों में वैसे ही दिन होते हों) जब कोएड यानी लड़के-लड़कियों के साझा स्कूलों में भी दोनों के झुंड अलग-अलग घूमा करते थे। लड़कियां लड़कों से कतई बात नहीं करती थीं। लड़के शरारतें कर लिया करते थे, लेकिन उन्हें अपनी सरहदें मालूम थीं। इन दोनों झुंडों में कुछ तेज़ और मुंहफट लड़कियां होतीं और कुछ मुंहज़ोर और बेशर्म लड़के जो कभी-कभी किसी बहाने बीच का पुल बना दिया करते, लेकिन बात इससे आगे नहीं जाती। सुधा ऐसी भी नहीं थी- उसके मुंह से तो आवाज़ भी नहीं निकलती थी।
तो सुधा के लिए किताब वापस करना एक मुसीबत बन गया। वह सहमी हुई सी मुझे देखती कि मैं उससे किताब मांग लूं तो वह वापस कर दे। लेकिन मैं इंतज़ार करता रहता कि वह किताब लाई हो तो अपनी ओर से मुझे लौटा दे। मांगने में, तब भी, एक अशालीनता लगती थी- भले ही वह अपनी चीज़ वापस मांगने की बात हो। बहरहाल, तीन दिन सहमी निगाहों और उत्सुक प्रतीक्षा की लुकाछिपी चलती रही। चौथे दिन, मैंने अपना सारा बल जुटा कर पूछा, सुधा, मेरी किताब तुम्हारे पास है? हड़बड़ाई हुई सुधा ने अपने झोले से किताब निकाली, सिर झुकाए हुए उसे वापस किया और तीर की तरह चली गई ताकि न कोई लड़का पूछे न लड़की कि मेरी किताब उसके पास कैसे पहुंच गई।
तीर की तरह निकल गई सुधा फिर लौटी नहीं। हमने 10वीं पास कर ली, कॉलेज चले गए। कॉलेज में भी उन लड़कियों की याद बनी रही जिनके साथ बरसों-बरसों साथ पढ़ाई की, लेकिन बात कभी नहीं की। शायद यही उनका रहस्य था, यही उनका जादू था। फिर कॉलेज भी छूट गया। ज़िंदगी बिल्कुल दूसरे सिरे पर आ चुकी थी, जहां से शुरुआतें ख़त्म हो जाती हैं, अंत शुरू हो जाते हैं।
लेकिन एक छोटे से स्कूल के छोटे से कमरे की छोटी-छोटी बेंचों के बीच, लड़के-लड़कियों के अलग-अलग झुंडों के बीच, जो सहमी हुई लड़की एक कुछ कम सहमे हुए लड़के को किताब थमा कर तीर की तरह निकल गई थी, वह पूरे 29 साल बाद अचानक तीर की तरह ही चली आई।
इस बार फेसबुक पर, एक मैत्री-अनुरोध की शक्ल में। मैं हैरान था- ये तो वही सुधा है- अपने साथ पढ़ने वाली। मैंने उसके प्रोफाइल पर क्लिक किया- पता चला कि वह एक बैंक में बड़ी अफसर है। बरसों से दिल्ली में रह रही है। मुझे तत्काल खयाल आया- जिन दिनों मां एम्स में भर्ती थी, उन दिनों भी सुधा यहीं रही होगी। लेकिन समंदर जैसे इस महानगर में दौड़ते-भागते, हांफते आदमी उनसे तो मिल नहीं पाता जिनका पता होता है, एक लापता दोस्त मुझे कहां मिलती। क्या हमने कभी एक-दूसरे को देखा होगा और पहचान नहीं पाए होंगे? या हो सकता है, एक-दूसरे को देखा ही न हो। ऐसा करिश्मा दिल्ली में कैसे हो सकता है? लेकिन कभी दस साल साथ पढ़ चुके दो लोग एक ही शहर में एक-दूसरे से बेख़बर आते-जाते घूमते रहे हों- यह कितनी दिल तोड़ने वाली बात थी- ख़ासकर उन दिनों, जब अपनी गहरी मायूसी के बीच- क्योंकि एम्स के डॉक्टर बता चुके थे कि मां बचेगी नहीं- मुझे किसी दोस्त की बहुत गहरी ज़रूरत थी।
बहरहाल, सुधा मेरे सामने थी- तस्वीर में वह मुस्कुरा रही थी- और उसकी बेफिक्र मुस्कुराहट में मैं उस सहमी हुई लड़की की याद कर रहा था जो हंसने की भी कोशिश करती थी तो सहम जाती थी। मुझे खयाल आया कि यह शायद बदले हुए हिंदुस्तान की बदली हुई लड़की है- अपने पेशे में लगी, अपने पांवों पर खड़ी।
फिर हमारी फोन पर बात हुई- यह एक अनजानी आवाज़ थी जिसमें 29 साल पुरानी अनुगूंजें खोजते हुए मुझे सहसा खयाल आया कि यह आवाज़ तो कायदे से कभी सुनी ही नहीं थी। दसवीं तक साथ पढ़ने वाली सुधा को तभी बोलते सुना था, जब टीचर्स कोई सवाल पूछते, और वह ठहर-ठहर कर इतनी सहमी आवाज़ में जवाब देती कि लगता कि बोलना भी उसके लिए लड़की होने की सरहद पार करना है। 29 साल बाद सुनी इस आवाज़ में भी पुरानी महीनी कायम थी, लेकिन सहमे होने का भाव गायब था। कुछ संकोच अलबत्ता ज़रूर था जो शायद इस बात से पैदा हुआ था कि वह एक ज़माने बाद एक ऐसे शख्स से बात कर रही है जो एक ज़माने पहले वाली डरी-सहमी लड़की को जानता था। शायद एक उम्रदराज़ होती लड़की अपनी आवाज़ में उस पुरानी लड़की को तलाश रही थी जो एक छोटे से शहर में छोटे से स्कूल में पढ़ती थी। फोन के इस तरफ जो लड़का था- यानी 45 बरस का पूरा आदमी- यानी मैं- अचानक अपनी आवाज़ के भारीपन से, परेशान हो उठा था। मैं भी अपनी आवाज़ में वह पुराना लड़कपन खोज रहा था जो सुधा नाम की लड़की को उसके बरसों पुराने एक अनजान परिचित की याद दिला पाता। हमने एक-दूसरे का हालचाल लिया, परिवारों के बारे में पूछा। उसने बताया, उसका बेटा टेंथ में है। ‘स्वप्न वास्केटबॉल का बहुत अच्छा खिलाड़ी है,’ वह अपनी महीन और संयत अंदाज में बता रही थी। मुझे बस इतना ख़याल आया, सुधा भी इसी उम्र की थी जब मैं उससे आख़िरी बार मिला था।
इसके बाद सुधा से मेरी मुलाक़ात भी हुई। हम अजनबियों की तरह मिले, लेकिन एक-दूसरे को तुरंत पहचान गए। उसने कहा भी, तुम बदले नहीं हो, कहीं भी दिखते, मैं पहचान लेती। मुझे भी कुछ ऐसा ही लगा, वह कहीं भी मिलती, मैं पहचान लेता।
अगर इन वाक्यों में किसी छूटी हुई रोमानियत की बू आ रही हो तो कृपया माफ करें। यह मिलना आत्मीय ज़रूर था, इसमें रोमानी कुछ नहीं था। हमारी इस मुलाकात में कई और लोग भी शामिल थे- वास्केटबॉल का बहुत अच्छा खिलाड़ी स्वप्न, यानी उसका बेटा, जिसके बारे में बताते वह थक नहीं रही थी, और स्वप्न के पिता और सुधा के पति विश्वास, जो अपने बारे में बताते थक नहीं रहे थे। वे एक्सपोर्ट-इंपोर्ट के धंधे में हैं लेकिन ज़्यादा मन नहीं लगता, किताबें भी लिखते हैं, भाषण देते हैं और...’और बस मौज करते हैं’, कंधे उचकाते हुए उन्होंने कहा था।
उस काफी अनौपचारिक माहौल में भी दो चीज़ें लगातार मेरा ध्यान खींच रही थीं- एक तो सुधा का संकोच, जो बहुत दिन बाद अपने एक ऐसे परिचित से, जिसे वह अपना मित्र भी नहीं बता सकती थी, मिलते हुए, संबोधन के बीच बार-बार झलक जा रहा था। फोन पर उसने सारी बातचीत के दौरान तुम का सहज और स्वाभाविक संबोधन इस्तेमाल किया था। लेकिन अब एक खिचड़ी दाढ़ी वाले को सामने पाकर वह तुम और आप के बीच झूलती सी लग रही थी। इस संकोच से मैंने उसे कुछ ढिठाई के साथ उबार लिया था- ‘यह आप-आप कब से करने लगी? स्कूल में तो तुम तू-तड़ाक करती थी?’ हालांकि यह कतई सच नहीं था, क्योंकि सुधा के मुंह से तू-तड़ाक तो क्या तुम-आप भी बमुश्किल बाहर आता था। लेकिन इस वाक्य का झूठ पहचानने के बावजूद वह कुछ खिल सी गई थी- आख़िर उसके 30 साल पुराने सहपाठी ने उसके पति के सामने उसकी नाक कुछ ऊंची कर दी थी। विश्वास साहब भी हो-हो हंसने लगे थे, ‘अरे भाई, मुझे भी बहुत डांटती रहती है।‘ इस लगातार दूसरे झूठ ने भी सुधा को एक झूठा मान तो दे ही दिया था। यानी मैं और विश्वास साहब- एक मित्र और एक पति- एक लड़की को अपने-अपने झूठ के सहारे दिलासा देने या उसका दिल जीतने की कोशिश कर रहे थे। ये कोशिश दरअसल दोनों की तरफ से सुधा को एक छूट थी- कि वह कुछ ज़्यादा अनौपचारिकता और अधिकार के साथ मुझसे पेश आ सकती थी। इसी आश्वस्त भाव से उसने कहा था, ‘तुम्हारा खाना बना रही हूं, घर में बीवी को बोल दो, पुरानी दोस्त मिल गई है, उसके यहां से खाना खाकर आऊंगा।‘
तो बात चल निकली थी। लेकिन यहां सुधा के संकोच के अलावा मुझे एक कारोबारी की तौलती हुई निगाहों का भी सामना करना पड़ रहा था। ‘आप तो पत्रकार हैं, ड्रिंक तो चलेगी?’ ‘इतना अच्छा पत्रकार नहीं हूं’, हंसते हुए मैंने कहा और बताया कि मैं दोस्तों के साथ बैठता तो हूं, लेकिन पीता नहीं हूं। ‘आप ज़रूर लें, मुझे दिक्कत नहीं होगी। यह नज़ारा कनखियों से देखती सुधा को मैंने देख लिया था। वह सहज नहीं थी, शायद नहीं चाहती थी कि विश्वास साहब मेरे साथ बैठकर अपने लिए शराब की बोतल खोलें। क्या यह पुराने मध्यवर्गीय संस्कारों का असर था जिसमें शराब पीने वाले शरीफ नहीं माने जाते? या सुधा को डर था कि दो-चार पेग लगाकर विश्वास साहब ऐसी कोई बात न कह डालें जो हम दोनों के लिए असहज हो?
लेकिन विश्वास साहब ने ऐसा कुछ नहीं कहा। वो सुधा से कहीं ज़्यादा सतर्क थे और लगातार मेरा जायज़ा रहे थे। नहीं, उन्हें कतई यह ख़तरा नहीं था कि उनकी बीवी इस पुराने दोस्त के साथ कुछ ज़्यादा क़रीब होगी। सुधा के साथ 25 बरस रहकर उन्होंने जान लिया था कि उसकी सीमाएं क्या हैं। कुछ सीमाएं शायद अपनी तरफ से भी खींच रखी होंगी। मगर कहीं यह एहसास ज़रूर था कि एक मशहूर न्यूज़ चैनल के और बड़ी सी गाड़ी से आए इस पत्रकार के सामने उनकी आर्थिक हैसियत भले बडी हो, लेकिन सामाजिक हैसियत वह नहीं है। उन्हें इस बात से कुछ राहत पहुंची कि मैं शराब नहीं पीता। शायद इसलिए कि शराब पीने वाला शराब न पीने वाले से बड़ा या ज़्यादा दबंग माना जाता है।
बहरहाल, कुल मिलाकर यह अच्छी शाम रही। जब डिनर निबट गया तो सुधा के चेहरे पर एक सरल राहत चली आई। गाड़ी स्टार्ट करते हुए हमने फिर से मिलने का वादा किया और विश्वास साहब कार के शीशे पर लगे PRESS को कुछ चुभती हुई नज़रों से निहारते रहे।
इसके बाद सुधा से और भी बातें होती रहीं। स्कूल के दूसरे दोस्तों को भी मैंने बताया कि सुधा से भेंट हुई। सब हैरान थे- यह गुमसुम-गायब लड़की कहां से चली आई? फोन पर सुधा उत्साह से छलकती मिलती- फिर बताती हुई कि स्वप्न वास्केटबॉल खेलने कहां जा रहा है और इस बार जूनियर टीम में तो उसका सलेक्शन ज़रूर हो जाएगा। अब पुराना संकोच जाता रहा था और वह अघिकारपूर्वक- लगभग इठलाती हुई- गप करती। एक दिन उसने कहा कि सच्चे मायनों में मैं ही उसका इकलौता दोस्त हूं। फिर कोई गलतफ़हमी न हो, इसलिए साफ भी किया कि बाकी सारे दोस्त तो विश्वास साहब की मार्फत बने हैं, उनकी पत्नियों से दोस्ती हो गई। ‘एक्सपोर्ट-इंपोर्ट में बहुत तरह के लोग मिलते हैं। लेकिन सबसे तुम दोस्ती नहीं कर सकते। विश्वास साहब भी बोलते हैं कि तुम्हारा दोस्त सबसे अलग है।‘ उसने कुछ हंसते हुए बताया था- इस इशारे के साथ कि किशोर साहब की नज़र में उसकी वैल्यू कुछ बढ़ गई है।
हम धीरे-धीरे फोन पर घनिष्ठ होते जा रहे थे। हमारे बीच कई बार बात हुई कि फिर मुलाकात हो, परिवार सहित बैठें, लेकिन मिलना कभी नहीं हुआ। इसके बावजूद अचानक मुझे एक दोस्त मिल गई थी- ऐसी दोस्त, जिससे मैं बड़ी सहजता से अपने बारे में बात कर सकता था। हमारे बीच बहुत सारे गुज़रे बरस थे जिनका कोई बोझ हमारी स्मृति पर नहीं था। हम दोनों पुराने दोस्तों को याद करते। मुझे अपनी क्लास के एक-एक लड़के और लड़की का नाम याद था, लेकिन उसने बताया कि उसे पांच लड़कियों के अलावा कुछ गिने-चुने लड़कों के नाम ही याद हैं। “तुम्हारा नाम याद था इसलिए तुम्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज दी थी,” उसने हंसते हुए कहा था। दरअसल यह बात मेरी समझ में बाद में आई कि नौकरी करने और इतने बरसों से दिल्ली में रहने के बावजूद उसके मूल तंतु नहीं बदले हैं- वह वही सुधा है, वह चुप्पा सी लड़की जो कुछ बोलती नहीं थी और जब बोलती थी तो बोलने से ज्यादा घबराती थी। उसने यह भी बताया कि दरअसल फेसबुक में वह ऐसे ही चली आई। उसकी बेटी ने उसके नाम का अकाउंट बनाया और जब स्कूल का नाम डाला तो फ्रेंड सजेश्चन में मेरा नाम चला आया। उसने भेज तो दिया लेकिन भेज कर घबरा गई थी।
‘मुझे तो यह भी पता नहीं था कि तुम दिल्ली में पत्रकार हो”, उसने बाद में बताया था। धीरे-धीरे हमारे बीच एक वर्तमान बनने लगा था। मिलना नहीं के बराबर लेकिन फोन पर अक्सर बात। उसने बताया नहीं, लेकिन मैं समझ गया कि विश्वास साहब इन दिनों ज़्यादा कुछ करते-वरते नहीं हैं। देश और समाज को सुधारने के नाम पर कोई एनजीओ बनाया है और कहीं न कहीं राजनीति में जाने की इच्छा भी रखते हैं। यहां अपनी बीवी का अचानक मिला दोस्त उनके लिए उपयोगी हो सकता था। लेकिन शायद एक मर्दाना संकोच था जिसकी वजह से उन्होंने अपने इस नए शौक की चर्चा मुझसे कभी नहीं की।
“तुम आम आदमी पार्टी में किसी को जानते हो?’ अचानक एक दिन फोन पर सुधा ने पूछा। मैं हंसने लगा, “क्यों तुम्हें चुनाव लड़ना है?’
वह भी हंसने लगी, लेकिन कुछ फीकी हंसी- ‘मुझे नहीं, लेकिन मेरे किसी परिचित को’।‘
लेकिन मेरे दिमाग में ख़तरे की घंटी बज चुकी थी। हो न हो, यह विश्वास साहब की चाहत होगी। मैंने सुधा को बताया कि मेरा किसी आम आदमी पार्टी वाले से कोई परिचय नहीं है।
‘लेकिन तुमने मेरे हसबैंड को बताया था कि योगेंद्र यादव तुम्हारे दोस्त हैं? तुम उनके घर भी गए हो कई बार?’
मैं बिल्कुल क्लीन बोल्ड था। तो मिस्टर विश्वास उस दिन की बातचीत में इस बात का ख़याल रख रहे थे। लेकिन मैंने हथियार नहीं डाले। ‘हां, बरसों पहले दोएक बार गया था। परिचय है, लेकिन दोस्ती का दावा नहीं कर सकता’, मैंने कन्नी काट ली।
‘हूं’ कह कर वह भी चुप हो गई थी। उसे अपनी दोस्ती की हदें भी मालूम थीं और शायद शालीनता के तकाज़े भी। शायद उसे यह भी लगा कि मेरी एक बार की मनाही के बाद उसे योगेंद्र यादव का ज़िक्र करने की ज़रूरत नहीं थी।
अचानक हम दोनों खामोश हो गए थे। जैसे आपस में बोले गए उस पहले झूठ की चट्टान हमारे बीच आ खड़ी हो गई हो। हम दोनों ने फिर तेजी से बात बढ़ाई, लेकिन यह वह हवा की तरह होने वाली बात नहीं थी जो हमारे बीच इन दिनों हुआ नहीं, बहा करती थी। हमने दुबारा बात करने का वादा कर फोन रख दिया।
लेकिन यह पहली बार हुआ था जब हमारी बातचीत अचानक ठिठकी हो। यह बात भी मेरे लिए मायूस करने वाली थी। क्या उसे मुझसे कहना चाहिए था? या मुझे उससे झूठ बोलना चाहिए था? या अगर उसने आम आदमी पार्टी के भीतर मेरा कोई परिचय खोजने की कोशिश की तो इसमें ग़लत क्या था? क्या इस तरह की हल्की-फुल्की मदद आम नहीं है? और इसमें मदद जैसा क्या है? क्या यह मेरी अतिरिक्त सतर्कता है जिसने मुझे अचानक झूठ बोलने पर मजबूर कर दिया? या कहीं मेरे भीतर उसके पति को लेकर कोई ईर्ष्या भाव है जिसकी वजह से मैंने उसकी मदद करना ज़रूरी नहीं समझा?
इतने सारे सवालों के बीच सही सवाल चुनने और जवाब देने की जहमत बड़ी थी इसलिए मैं इसे भूल गया। लेकिन मेरा अटकना शायद वह नहीं भूली थी। दिल्ली में चुनाव हो चुके थे और आम आदमी पार्टी के टिकट पर अप्रत्याशित ढंग से 28 नए चेहरे चुन कर आ चुके थे।
लेकिन इस दौरान न हमारी मुलाकात हुई न फोन पर बात हुई। वह अप्रत्याशित ढंग से मुझे दिल्ली के पुस्तक मेले में मिली। यह मुलाकात मेरे लिए अप्रत्याशित ज़रूर थी लेकिन उसके लिए अनायास नहीं थी। मैंने फेसबुक पर अपनी एक किताब के लोकार्पण की सूचना डाली थी और मित्रों से आग्रह किया था कि वे आएं। सुधा और विश्वास उसे ही देखकर आए थे।
लेकिन दोनों को वहां पहुंचने में देर हो गई थी। कार्यक्रम ख़त्म हो चुका था और भीड़ छंट चुकी थी। लेकिन मुझे यह भी अच्छा ही लगा। चलो कम से कम उस दिन के अनबोले के बाद अचानक यह मुलाकात तो हुई।
‘सुधा, यू आर ग्रेट, दोस्त का हमेशा ख़याल रखती हो।‘
सुधा ने कुछ कहा नहीं, बस मुस्कुरा दी और मेरी किताब मेरे हाथ से लेकर देखने लगी। फिर धीरे से उसने मुझे बधाई दी। मुझे इस अनायास मुलाकात में खयाल नहीं आया कि चुप्पी के एक कांटा हमारे-उसके नए बने रिश्तों के बीच चुभा हुआ है। मैंने उलाहने वाले अंदाज़ में कहा- ‘बस, फॉर्मल बधाई? अरे चलो पार्टी करते हैं।‘
‘नहीं-नहीं, हम लोगों को निकलना है। घर पर अम्मा जी अकेली हैं। स्वप्न भी बाहर गया हुआ है।‘ सुधा ने तत्काल कहा। बातचीत का टूटा हुआ सिरा विश्वास साहब ने संभाला, ‘क्या है भई, सुधा तो आने को तैयार ही नहीं थी, मैं इसे लेकर आया हूं।‘
सुधा ने कुछ आहत अंदाज़ में उनकी ओर देखा, लेकिन फौरन सफाई देने लगी, ‘अरे नहीं, मेरी तबीयत थोड़ी ढीली थी, बस इसलिए। सोचा था फोन कर दूंगी।‘
एक टी स्टॉल पर कुछ औपचारिक गपशप के बाद हम सब अपने-अपने रास्ते चल दिए थे। लेकिन मैंने तय किया था कि अगले दिन सुधा को फोन करूंगा।
अगले दिन बात हुई। इस बार मैंने तय किया था कि सुधा से सीधे पूछूंगा। वह शनिवार का दिन था और उसका बैंक बंद था। ‘सुधा, तुम नाराज हो मुझसे?’ सुधा को शायद इतने दो टूक सवाल की उम्मीद नहीं थी। उसने पहले इस सवाल से बचने की कोशिश की। यह ईमानदारी उसमें थी कि वह अपनी नाराज़गी अगर जताए नहीं तो झूठ के मुलम्मे से उसे छुपाए भी नहीं। लेकिन टालते-टालते वह सुबकने लगी।
मैं उसके सुबकने से स्तब्ध था- ‘सुधा, हुआ क्या है? अरे मैंने ऐसा क्या कह दिया?
सुबकियां थमने के बाद जो कुछ उसने बताया, उससे यह समझ में आया कि उस दिन उसने विश्वास साहब के दबाव में फोन किया था। उसका कहना था, विश्वास साहब को जो भी पॉलिटिक्स करनी हो, अपने बूते करें। उसके नए बने दोस्त को उसमें शामिल न करें।
‘अरे, इसमें इतना तूल देने की बात क्या है? तुमने ही मुझसे बात कर ली तो क्या बुरा किया? या विश्वास साहब ही कर लेते तो क्या गलत हो जाता? दोस्त हो यार तुम दोनों।‘ मैंने मामले को हल्का बनाने की गरज से कहा।
‘मामला बात करने न करने का नहीं है सुहास।‘ वह कुछ झुंझला सी गई- ‘तुम समझो। विश्वास साहब कारोबारी आदमी हैं। समझते हैं, हर चीज पैसे या दबाव से मिल जाएगी। तुमसे भी वो यही कहने वाले थे। कुछ लाख चंदा देने को तैयार थे और तुम्हें ये इशारा करते कि अगर तुम कुछ पैसे रख लो तो उसका भी बुरा नहीं मानेंगे।‘

मैं हंसने लगा था। मैंने कहा, ‘तुम उन्हें यह भी आजमा लेने देती। उन्हें पता चल जाता कि सबकुछ बिकाऊ नहीं होता है। तुम क्यों टेंशन लेने लगी?‘

‘नहीं’, उसने सिर झटक दिया- ‘तुम मेरे अलग तरह के दोस्त हो। तुमसे किसी और तरह का रिश्ता- ऐसा कारोबारी या स्वार्थ का- मुझे मंज़ूर नहीं है।‘
‘यह कैसी दोस्ती हुई कि हम एक-दूसरे के काम ही न आ सकें?’ मेरी कोशिश बात को हल्का कर ख़त्म करने की थी।
लेकिन सुधा बात हल्की करने को तैयार नहीं थी। “तुम फिर नहीं समझोगे। यह काम आना, मदद करना, यह तो सबसे चलता रहता है। तुम इतने साल बाद मिले हो तो इसलिए नहीं कि तुमसे कोई काम लूं। तुम नहीं मिलते तब भी तो हमारा काम चल ही रहा था न। तुमसे बात करते हुए अचानक मैं हल्की हो जाती हूं। इसलिए नहीं कि तुम कोई बडी अच्छी-अच्छी बात बोलते हो। बस इसलिए कि...’ वह कारण टटोलने लगी थी, ‘...शायद इसलिए कि तुम बहुत पुराने परिचित हो, लेकिन बिल्कुल नए हो। हमारे बीच कुछ नहीं है- न कोई स्वार्थ न कोई शिकायत न कोई डर न कोई अनजानापन। तुमसे बात करते हुए जैसे मैं आईने से बात करती हूं।‘

अब मैं चुप था। इस मामूली सी बैंक की अफसर के भीतर यह महसूस करने लायक जज़्बा और उसे बताने लायक सलीका होगा, यह मैंने सोचा नहीं था। हालांकि मुझे सोचना चाहिए था- ठीक जिस वजह से सुधा मुझसे बातचीत करती थी, उसी वजह से तो मैं भी उसे दोस्त मानता था- अतीत से निकली ऐसी पहचान जिस पर वर्तमान की घूल-मिट्टी नहीं है।
‘देखो कब तक चलता है यह सब’- क्या सब, यह मैंने नहीं पूछा, लेकिन समझ गया- शायद वह हमारे नए बने रिश्ते के बारे में कह रही थी और उस पर पड़ रहे पहले दबाव के बारे में।
उसके बाद कई दिन तक मेरी उससे बात नहीं हुई। एकाध बार फोन किया तो वह हां हूं करती रही। विश्वास जी की राजनीतिक उड़ान के बारे में पूछा तो उसने बात करने की अनिच्छा जता दी। यह समझ में ज़रूर आया कि विश्वास साहब ने उसे एक-दो बार यह ताना भी दिया कि तुम्हारा दोस्त सिर्फ गप करके तुम्हारा वक़्त ही जाया करता है या फिर किसी काम लायक भी है।
लेकिन धीरे-धीरे मैं समझ रहा था कि विश्वास साहब का आहत अहं हमारे और सुधा के बीच खड़ा है। उन्हें शायद इस बात का मलाल नहीं था कि राजनीति में उनके आने में मैंने कोई मदद नहीं की, बस इस बात का मलाल था कि उनकी पत्नी ने अपने दोस्त पर अपने उस अघिकार का इस्तेमाल नहीं किया जो वह कर सकती थी। दरअसल इसका एक मतलब यह था कि पत्नी ने उनकी ज़रूरत पर अपनी इच्छा को ज़्यादा अहमियत दी- या दोस्त के साथ अपने रिश्ते को ज़्यादा महत्वपूर्ण माना।
वजह जो भी रही हो, लेकिन मुझे लगा कि अब कुछ दिन मुझे सुधा को फोन नहीं करना चाहिए। शायद एक फासला पैदा होगा तो चीजें सामान्य होंगी।
लेकिन एक दिन अपने इनबॉक्स में मुझे एक लंबा सा मेसेज मिला- सुधा का- ‘सुहास, बुरा मत मानना, अब तुमसे बात नहीं हो पाएगी। ये मत समझना कि विश्वास मेरी और तुम्हारी दोस्ती नापसंद करते हैं। लेकिन कहीं कुछ इस दोस्ती में है जिससे वे अपने को छोटा महसूस करते हैं। शादी के 20 बरसों में पहली बार शायद मैं उनकी पकड़ से आज़ाद हुई। पहली बार ऐसा दोस्त बनाया जो सिर्फ़ मेरा था, या मेरी मार्फत हमारी जिंदगी में आया था, पहली बार उस दोस्त को वह नहीं कहा जो विश्वास चाहते थे कि मैं कहूं। मेरी यही आज़ादी शायद उन्हें खल रही है। कुछ कहते नहीं है, लेकिन सब कुछ कहने की ज़रूरत नहीं पड़ती।
सुहास, मेरे सामने बहुत रास्ते नहीं हैं। ठीक है कि नौकरी करती हूं। लेकिन जीने का अभ्यास ऐसा हो गया है कि विश्वास जिधर ले जाना चाहते हैं, उधर ही चली जाती हूं। इस अभ्यास को अब छोड नहीं सकती। छोड़ना उसको पड़ेगा जिसकी वजह से ये नए हालात बने हैं।
मैं अपना फेसबुक प्रोफाइल बंद कर रही हू। वैसे भी मुझे न इसका शौक है न इसकी फुरसत। स्वप्न के करिअर पर सारा ज़ोर लगाऊंगी। उसे एक बड़ा खिलाड़ी बनाऊंगी। लेकिन यह जरूर कहूंगी कि बेटा, अपनी पत्नी को उसके पुराने दोस्तों से वंचित मत करना। या उसमें दखल मत देना।
अभी रो रही हूं। लेकिन ऐसे ही ज़िंदगी कटी है। मुझे फोन मत करना। जरूरत पड़ी तो मैं ही करूंगी।‘
देखें, अब कब आता है सुधा का फोन।