वह अपनी आदत से एकदम उलट आज सुबह तीन बजे से उठ बैठी , उम्र के इस पड़ाव पर ऐसी बैचेनी! ऎसी तो पहली डेट पर नहीं हुई थी.
बाथरूम के भाप जमे आईने में वह अपने गेहुंआ कोवों और उभारों वाले अक्स को देखते हुए मुस्करा पड़ी। शॉवर बंद करते हुए एक बार फिर आईने मे अपनी देह किसी माडल की तरह घूम कर अलग - अलग कोणों से देखते हुए वह होंठों ही होंठों मे बुदबुदायी - “ हम्म नॉट बेड ! मैपल, स्टिल यू आर परफ़ेक्ट।“
गुलाबी लैसेज़ में अपने सुघड़ शरीर को क़ैद करने की चेष्टा में पीछे की तरफ़ हाथों को मोड़ के हुक लगाते हुए कहीं खो गयी। शादी के बाद जब ऎशले ब्रॉन ने उसे उसके साइज़ को ले कर ताना दिया था. आज उसकी हमउम्र सहेलियाँ अपने बेतरतीब फैले उभारों को आईने तक के आगे खोलते शर्माती है.
"आई स्टिल लुक परफेक्ट इन स्विम सूट ।"
यह सच है कि मैपल ब्रॉन अपनी उम्र से बहुत छोटी महिलाओं को भी कॉम्पलेक्स देती है। उसने जल्दी - जल्दी बालों को ड्रायर से सुखाया फिर जीन्स और एक सुर्ख़ लाल शर्ट पहन कर, हल्की सी लिपिस्टक होंठों पर फिरा, तैयार हो कर एक बार अपने आप को देख कर मुस्कुरा पड़ी - हम्म! लेकिन अगले ही पल वह सहम गई, उसका मन डूबने सा लगा. वह कहीं कुछ ग़लत तो नहीं करने जा रही?
जब बच्चे बड़े हो जाते है तो वो अपनी भूमिका बदल कर आपके ही अभिभावक बनने लगते हैं, पूछ-ताछ और बंदिशें लगाने लगते हैं. - आपके लिबास, आपके फोन और आपके दोस्तों को लेकर, बड़े होते बच्चे जो अपनी प्रायवेसी, अपनी ज़िंदगी में आपकी जायज़रोक-टोक को भी बर्दाश्त नहीं कर सकते, वो ही आपकी साँसो का भी हिसाब माँगने में नहीं शर्माते। ये कैसा अजीब व्यवहार है, मैपल समझ नहीं पाती. शायद यह उनकी अपनी असुरक्षाहो, स्वार्थ तो क्या ही होगा? ख़ास तौर पर जब आप ‘सिंगल पैरेंट’ हो।
मैपल ने गहरी सांस लेकर, खुद को सहेजा - ज़िंदगी, तुझ पर भी तो मेरा कोई सुख उधार होगा न! टैक्सी के लिये फोन करके उसने एक नज़र अपने सामान पर डाली, कहीं कुछ छूटा तो नहीं? बारह साल बीत गये, ज़िंदगी तेरे कर्ज़ चुकाते हुए. जब ऎशली बिना कुछ कहे दोनों छोटे बच्चों की ज़िम्मेदारी उस पर डाल चला गया था। अब दोनों पढ़ लिख कर ख़ूबसूरत जवान हो गए हैं. ख़ुदमुख्तार ! बेटे ने अपनी पसंद से शादी कर ली, मुंबई जा बसा. छोटी भी चुन चुकी है, अपनी एडवर्टाईज़मेंट एजेंसी की नौकरी और होने वाला जीवन साथी. वैसे दोनों की पसंद, उसे भी पसंद ही है, लेकिन ‘ एक बार अपना माम को पूछना तो बनता था न। ‘
आज संडे है, छोटी सो रही है अभी अच्छा है वरना चलते - चलते कुछ कह बैठती, या सवालों की बरसात करती तो मूड आफ हो जाता. दरवाज़ा बंद करने से पहले उसे गुडबाय किस किया तो वो कुनमुनायी. उसने बहुत प्यार से कहा - “दरवाज़ा बंद कर लेना , खाना टेबल पर रखा है खा लेना।“ उनीदी आँखें को खोलते हुए वह बोली - “बाय मॉम” ।
नीचे टैक्सी मे सामान रख कर बोली - बस स्टैंड । सड़कें ख़ाली थीं. बस कुछ अख़बार वाले छोकरे और म्युनपिलटी की सफ़ाई कर्मचारी अपनी झाड़ूँओ की खर्र- खर्र से सुबह की शांति भंग कर रहे थे । बस में अपनी सीट पर बैठ कर उसने आँखें बंद कर लीं. आँखे मूंदे - मूंदे ही पिछले दिनों की यादों के केलिडोस्कोप में उतर गई । दो साल हो गए उस बात को? वह एक ख्वाब ही सा था. जब वो देश के सुदूर पूर्व के उस हिस्से मे एक एन. जी. ओ. के बुलावे पर गयी थी । वहाँ उसकी मुलाक़ात एक बहुत अजीब - से व्यक्ति से हुई थी. सारे दुनियावी सुखों, सुविधाओं से दूर स्थानीय जनजातियों की सहायता करता. अपनी दुनिया मे मग्न वह उसे सिर्फ़ कामकरते देखती. दिन भर एक भीड़ आदिवासियों, युवा लड़के - लड़कियों की भीड़ उसे घेरे रहती. कभी वह हाईवे पर अपना ओपन एयर स्टॉल खोल कर बीमार लोगों को दवा बांटा करता मुफ्त. बुढियाएं उसे अपने आंगनों की सब्जियाँ, गृहणियाँ घर के बने अचार दे जातीं. वह मना करता तो वे हंस कर उसके घने सफेद - काले बालों को हिला देतीं.
वह उसके छोटे से घर के सामने बने एक गेस्ट-हाउस में ठहरी थी. सुबह शाम उसके कमरे से आने वाली मंत्रों की ध्वनि उसे सम्मोहित करती थी. कभी ग़लती से जल्दी नींद खुल जाती तो बाहर देखती कि वह सुबह सुबह नंगे बदन अपनी लंबी भुजायें हवा मे उठाये आँखें बंद किये सूरज को जल तर्पण कर रहा है । नियम से सुबह - शाम तुलसी चौरे पर दिया जलाता हुआ दिखता। ये कैसा शख़्स है, जो अपने आप में इतना सुखी और संतुष्ट है! इस उम्र में, सभ्यता से दूर इस जंगल में यह क्या पाता होगा? हर किसी के लिये प्यार, किसी पर कभी ग़ुस्सा करते नहीं सुना उसे । कई बार गंदे - संदे लोग इसे छू लेते हैं, यह नाक टपकते बच्चों को गोद ले लेता है.
मैपल फाईनेंशियल कॉर्डिनेटर है, जो स्वयंसेवी संस्थाओं और सरकार के आर्थिक पक्ष को देखते हैं, देश और विदेश से आर्थिक सहायता प्राप्त करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं का दौरा उसके और उसकी टीम के जिम्मे है.
उस दिन गेस्ट हाउस के डायिनंग हाल से निकलते हुए दरवाज़े पर उसकी उससे मुलाक़ात हुई. उसने सहज मुस्कुराहट के साथ सर को एक तरफ़ थोड़ा झुकाते हुए अपना परिचय दिया - “गुडआफ्टर नून, मैं आशुतोष आत्रेय, आप मिसिज़ ब्रॉन हैं? आपका इस जंगल में स्वागत है.”
“ जी. शुक्रिया. मैं मैपल हूँ. आप मुझे मिसिज़ ब्रॉन न कहें. जंगल है तो औपचारिकता भी क्यूं हो?”
उसकी आँखों में उसकी हिंदी पर चमक कौंधी है, यह मैपल उसी पल जान गई. उसने उसके चेहरे को गौर से देखा, क्या है इसके चेहरे में, इसकी आँखों में जाना - पहचाना सा? वह अंदर से कुछ बेचैन हो गई. वह उतना ही शांत जैसे कि जंगल!!
“ आपको खाना ठीक तो लग रहा है न? वैसे मैं अपना खाना खुद बनाता हूँ, यहाँ का खाना पसंद न हो तो मैं बना कर भेज सकता हूँ. बस एक दिक्कत है कि मैं पूरी तरह शाकाहारी हूँ.”
“ नहीं - नहीं, आप क्यों तकलीफ़ करेंगे. खाना अच्छा है. लेकिन आपका इनवीटेशन मैं रिज़र्व में रख रही हूँ. कभी यहाँ का खाना बहुत बुरा लगा तो चली आऊंगी. वैजीटेरियन खाने से मुझे परहेज़ नहीं.” दोनों हंस दिए. मैपल चल कर अपने कमरे में आ गई. वह अपनी जिप्सी की ओर बढ़ गया.
दोपहर की नींद से पहले मैपल अजीब से ख्यालों में घिर गई. कौन है ये? यहाँ अकेला किसी भटकी आत्मा - सा. नाम से तो नॉर्थ इंडियन है. या मराठी? वह उससे आकर्षित क्यूँ हो रही है? कहीं इस एकांत में, इस आज़ादी के साथ उसका मन और देह ....हट! उम्र के इस दौर में जिस्मों का आकर्षण ऐसा पुरज़ोर नहीं होता कि आप मजबूर हो जाये अपने दिल के हाथों। वह अपने मन को डपट कर सो गई.
वह उससे दिन में रोज़ अपने सादा से ऑफिस में रोज़ उसके साथ अपनी सटीक ज़ुबानी योजनाओं और मगर बेतरतीब किस्म के बने लेज़ियर और फाईल्स के साथ मिलता. वह मन ही मन खीजती लेकिन ऊपर से सौजन्यता से कहती.
“ मि. आत्रेय..”
”अंहहं आशुतोष.”
“हाँ, आशुतोष जी, ज़बानी योजनाएँ और ज़बानी जमा खर्च को सरकार नहीं मानती. मेरी मानिए आप इतने बड़े एन जी ओ का काम खुद संभाल नहीं सकते. कोई क्लर्क तो रख लें. जो आपके फाईनेंस वाले काग़ज़ - फाईल संभाले. आपको पैसा कम नहीं मिल रहा. आपकी योजनाएँ कहती हैं आपको और पैसा चाहिए.”
” मैपल, यहाँ जंगल में कोई क्लर्क रहने आएगा? यहाँ लड़के दसवीं पास करते ही शहर भागते हैं. एक लड़की थी पहले, जो मेरा बहुत सारा काम संभालती थी. शादी करके चली गई. रही पैसे की बात यहाँ के बारह गाँव हैं जिनमें हम स्कूल, हॉस्टल, दवाएँ, मिडवाईफ़ - एंबुलेंस और स्वरोजगार के ट्रेनिंग सेंटर चलाते हैं. जैसा मैंने बताया कि यहाँ के लड़कों के रोज़गार के लिए हम यहाँ वाईल्ड - लाईफ़ ईको - टूरिज्म सेंटर लाना चाहते हैं कि ये पढ़े - लिखे लड़के शहर न भागें अपनी विरासत यह जंगल सहेजें.”
” तो प्रॉपर प्रपोज़ल, पेपर्स, फाईल्स तो चाहिएंगे न? आपने इतना कैसे कर लिया?”
”बस कर लिया, आपके जैसे दोस्तों के भरोसे....एक मेरा दोस्त है आई.ए.एस. वह आकर करवा जाता है साल में एक बार....” कह कर उसने उसकी आँखों में झाँका.
क्यों देखता है ये इन निगाहों से? क्या है ऐसा जो खींचता है अपनी ओर ? इसे देख कर बचपन क्यूँ याद आता है? लापरवाह बचपन और पैरों के नीचे दौड़ती ज़मीन, सर पर भागता आसमान?
खुले घास के मैंदान, समंदर. मन किया कि पूछे कि कभी आप गोआ रहे हो? मराठी हो कि कोंकणी?
“आप कहाँ के हैं आशुतोष?”
” उत्तरप्रदेश, लखनऊ.”
“अच्छा न जाने क्यों लगा कि..”
”क्या?....”
”नहीं...यूँही...”
एक अजीब से बंधन से जुड़ गये थे वे दोनों बिना कुछ कहे सुने । वो ख़ामोशी से उसके उस प्रवास को सुखद बनाने की कोशिशें कर रहा था. उसकी पसन्द - नापसन्द के मुताबिक़ मीनू मे होने वाले बदलाव, स्टाफ़ का बिहेवियर सब उसके ख़ामोशी से किये प्रयासों की चुग़ली कर रहा था। वह अपने में आने वाले बदलाव से अनजान तो नहीं थी, अपने ड्रेसिंग सेंस को ले कर शुरू से रेबलियस रही है ,पर इस ख़ामोश अनजाने की आँखों मे आने-जाने वाले रंग क्यों उसे मजबूर कर देते हैं? अपने लिबास को बदलने को। कुर्ते और चूड़ीदार वह अनजान - पुरातन जगह के कारण उठा ज़रूर लाई थी लेकिन पहनने का उसका मन न था. उसने एक दिन स्कर्ट और ट्राउज़र की जगह चूड़ीदार - कुर्ता पहन कर अपने बालों को खुला छोड़ दिया, छोटी सी बिंदी लगा ली. उस दिन उसकी आँखों मे आने वाली ख़ामोश प्रशंसा की चमक ने उसे एक अनोखी ख़ुशी से लबरेज़ कर दिया. उस दिन हर वक़्त उसकी निगाहें भी उसे ही खोजती रहीं। वह भी उसके साथ दिन भर बनी रही. उसके साथ पास के गाँव चली जाती. एक शाम उसने खाने पर दावत दी. सादा - सा मगर स्वादिष्ट खाना बनाया था उसने. मूंग दाल, भिंडी. रायता और परांठे. छोटी सी सादा टेबल पर सुरुचि से रखा. दोनों आमने सामने बैठ गए.
“ ओह, माफ़ करना मैपल. कोशी बता रहा था कि तुम खाने से पहले पीना पसंद करती हो.” वह ऎसे ढंग से बोला कि मैपल झैंप गई. मन ही मन बोली - ऎसे बोल रहा है जैसे कि मैं पक्की दारूबाज़ होऊँ.
“ नहीं. ऎसा कुछ नहीं. बहुत कभी - कभी. यहाँ मुझे नींद नहीं आती बस इसलिए, मैं अपने ही साथ लाई थी अपनी जिन.”
”वैसे कभी - कभी तो ठीक है, पर इस उम्र में लिवर का ख्याल रखना चाहिए.”
मैपल को और खीज हुई...” मुझे पता है, मैं कभी - कभी ही....”
“ कोई बात नहीं...”
उस रोज़ मैपल इस प्यूरिटान (शुद्धतावादी) से उखड़ गई. “ नॉट माय काईंड ऑफ ( मेरी तरह का नहीं है यह. लेकिन फिर भी उनके बीच पनपता सा ये अटपटा सा रिश्ता क्या था? दोनों बार - बार अपने आप को समझाते रहे - नहीं! कुछ भी तो नहीं, सिर्फ सीधी - सादी दोस्ती है। जिसका कोई नाम नहीं होता. बेवकूफ़ी है यह सोचना कि ये कुछ और है. दो विपरीत ध्रुव हैं दोनों. कभी एक दूसरे की उपस्थिति नज़रअंदाज़ करने की नाकाम कोशिश भी करते। वह शाम को कमरे में बंद हो जाती, वह बंद कमरा देख अपनी जिप्सी उठा कर निकल जाता तो देर रात लौटता. वह कभी नहीं जान पाता कि कमरे में अंधेरा करके कोई उसे आते - जाते देखता रहा है.
फिर वो दिन भी आ गया जब बच्चों के एक ‘अर्जेंट काल’ के बाद से उसे वहाँ से अचानक जाना पड़ गया । वह उस दिन भी अपने आकर्षण से घबरा कर उससे बच रही थी, और वह जिप्सी लेकर पास के गाँव में गया हुआ था. उसने उसकी फाईल्स पूरी कर दीं थीं और प्रोजेक्ट प्रपोज़ल पर एप्रूव लिख कर, उनकी एक-एक कॉपी रख लीं. डिस्ट्रिक्ट हैडक्वार्टर फोन करके गाड़ी बुलवा ली और उसके आने से पहले ही गौहाटी एयरपोर्ट पहुँच जाएगी. उसने फोन करके ना तो अपने जाने की वजह बताई ना कोई औपचारिक विदाईली. शायद अपने आप से डर रही थी कि इतने जतन से छुपाया राज आँखों के ज़रिये ज़ाहिर ना हो जाये।
वह सुबह से ग़ायब है, चलो अच्छा ही है । पर जब टैक्सी दरवाज़े पर आ खड़ी हुई तो मन किस क़दर बैचेन हो गया टेलीफोन अपने हाथों मे थामे देर तक खड़ी रही यह सोचती हुई कि क्या कहूँगी, क्या सोचेगा मेरे बारे मे , उसके मन मे अपनी बनी छवि के कहीं खंडित होने का भय,नहीं उसके मन मे वो ऐसे ही रहना चाहेगी प्यारा दोस्त बन कर ।भले उसे फिर कभी न पा सके। बाहर निकलते हुए बहुत भावुक हो गयी क़दम खुदबाखुद उसके बंद दरवाज़े पर थम गये बुदबुदायी बुद्धू कभी नहीं जान पाओगे की तुम मेरे लिये क्या हो दोस्त भाई ,अभिभावक या चिरन्तन प्रेमी जिसे खोजती भटकती रही आज तक ,अब मिले हो उस मोड़ पर जहाँ क्या नाम दूँ। इस अनाम रिश्ते को? मैं तो तुम्हारे बारे में कुछ भी नहीं जानती, मैंराईटल स्टेटस कि शादी-शुदा हो कि... ।
सारे रास्ते वो ना हो कर भी साथ था। वो बार बार उन ख़यालों से बाहर निकलने की कोशिश करती रही। हंह! वो तो जहाँ जाती है पुरूष उसकी ओर खिंचे चले आते ही हैं - “सो व्हाट इफ़ ही वाज टेकिंग एकस्ट्राकेयर?”
पर? बार बार ये पर क्यों सर उठा लेता है ? घर आकर वह महानगर की व्यस्तताओं में खो गई. बच्चों की रोज़ की नई समस्याओं के बीच उलझी रहती पर वो साये सा हर वक़्त कहीं से भी आ धमकता - क्यों क्या हुआ ? क्यों मुझे बिन बताए चली गईं?
” इतना ही था तो मेरा नंबर तो वह मेरे दफ्तरवालों से ले ही सकता है. कर लेता खुद कॉल.मैं फालतू ही उसको लेकर इतना फिक्रमंद हूँ, उसके लिए मैं एन.जी.ओ. के फाईनेंस का जरिया हूँ, उसका काम तो हो ही गया. लेकिन थैंक्स तो बनता था, पर वह अक्खड़ रस्टिक क्यों थैंक्स कहेगा?”
मैपल उसके ख़यालों से जितना दूर जाने की कोशिश करती वे और-और मकड़ी के जाल से लिपटते जाते । एक रोज़ इंटरनेट पर उसे खोजने की कोशिश की, सोशल वेबसाईट्स, उसके एन जी ओ के नाम से पर उस जंगल में बसे शख़्स को नहीं खोज सकी. उसके दफ्तर में कंप्यूटर तक तो ढंग का नहीं. नेट है पर चलता ही कभी - कभी है. आज के स्मार्ट फोन के ज़माने में वह बेसिक सा फोन लिए घूमता है.
लखनऊ में हुई एक सेमिनार में उसे वह बहुत याद आया, मन हुआ कि कहे मैं तुम्हारे ‘होमटाउन’ में हूँ. उसने इस बैचेनी से निजात पाने का पक्का इरादा कर ही लिया. उसने ३००० किमी दूर उस एन. जी. ओ. के दफ़्तर में फोन किया. फोन किसी लड़की ने उठाया, वह अपरिचित थी. शायद नई क्लर्क!
“आशुतोष के कमरे में फोन लगा दो.”
“मैम, क्या कहूँ सर से?किसका फोन है?”
“ उनसे कहिए कि मैपल का फोन है.” उसने अचकचा कर अपना नाम बताया. दिल की धड़कनें ऎसे शोर कर रहीं थीं कि जैसे कोई ड्रम बज रहा हो. वह बार - बार अपने ओठो पर जीभ घुमा रही थी, दूसरे छोर पर फोन की घंटी बजे जा रही थी- “उठा भी लो घमंडी!” लेकिन फोन कटने के बाद की लम्बी बीप सुनाई देने लगी । गुस्से और क्षोभ से उसकी आँखें तरल हो आईं - नहीं करूँगी अब कोई फोन - वोन. ख़ुद नहीं कर सकता था ? अहसान फ़रामोश कहीं का. न सही थैंक्स हाल ही पूछ लेता! क्या पता किया हो बेचारे ने. ऑफिस वालों ने पर्सनल मोबाईल नंबर न दिया हो. मैं वहाँ से आकर, पहले बेटे के पास मुंबई, फिर बेटी के इम्तहानों के कारण घर पर छुट्टी लेकर रही. वह उसकी पैरवी करते हुए खुद ही उसकी वकील बन गई और दुबारा फोन पर वही नंबर दबा दिया. घंटी बज रही थी. वह मन में बिलकुल एग्ज़ाम के पहले की तरह दोहरा रही थी - अगर ये कहेगा तो ये कहूँगी और अगर इस बार भी ना उठा तो? क्लर्क के पास नम्बर छोड़ दूँगी कि बता देना अर्जेंटली कॉल बैक करें। इस बार कनेक्ट होते ही उसकी आवाज़ सुनायी पड़ी - हल्लो!
वह उसकी आवाज़ सुनकर क्यों सकते में आ गई? सारा का सारा अत्मविश्वास दिल का चोर ले उड़ा? हड़बड़ायी - सी बोली - “ मैं मैपल, पहचाना?”
” यस मैंम गुड इवनिंग कैसी हैं आप?” वो इतना फॉर्मल क्यों लग रहा है? दोस्त कहा था..लेकिन, अपने से शर्मिंदा वह सब भूल गयी कि क्या कहना था. दोनों के बीच एक मौन पसर गया था. लेकिन मौन चुप नहीं था. उनके बीच जो बहुत कुछ अनकहा छूट गया था मौन कहे जा रहा था. वह सिर्फ उसकी गहरी सांसे महसूस कर रही थी अपने कानों में, उसका चेहरा लाल हुआ जा रहा था. फिर जल्दी से कहा, “ आपका प्रपोज़ल लगभग अप्रूव्ड है. मेरा नं नोट कर लीजिये. साथ ही अपना ई - मेल एड्रेस एस. एम. एस. कर दीजिए. मैं उन ईको टूरिज़्म वाली साउथ अफ्रीकन वेबसाईट्स लिंक भेज दूँगी।“
” यस मैंम बोलिये, बस एक मिनट. हाँ बोलिये.....” मैंम सुन कर उसका दिल डूब रहा था. लेकिन उसकी आवाज़ की एक थरथराहट उसने महसूस कर ही ली. वह बोलती रही वो नोट करता रहा फिर आज्ञाकारी बच्चे सा बोला - जी भेज दूँगा । कुछ देर वो फोन पकड़े रही पर वो ख़ामोश था, वह समझ रही थी उस ख़ामोशी की भाषा को पर ये कहता क्यों नहीं है कुछ, यही कह दे कि - बिन बताए क्यों चली गईं थीं? हार कर उसने ‘ओके’ कर के फोन डिसकनेक्ट कर दिया। मन में सोचा - भाड़ में जाए, अब आगे उस की ज़िम्मेदारी, दोस्त - दोस्त करके काम करवा लिया.”
घर पहुँच कर भी वह कई दिन तक अपना सैल फोन देखती - नो मैंसेज ! अब ग़ुस्सा आने लगा था, क्या समझता है अपने आप को साला ऑर्थोडॉक्स ! फिर भी इंतज़ार रहता, शायद दफ्तर में आएगा उसका फोन. और आख़िर एक दिन मैंसेज आ ही गया - गुड मार्निंग मैंम और ई मेल आई डी! बस !! वह बड़ी देर तक इस रूखे मैंसेज को देखती रही. वो चंद चमकते लफ़्ज़ ... जिनके पीछे से, जिनके बीच से उसकी छवियाँ उभर रही थीं. वो बोले जा रहा है वह सुन रही है, उसकी योजनाएँ, वह देख रही है एकटक उसकी उठती - गिरती भौंहों और उसकी मुद्राओं, उसके अंदाज़ को,उसकी लंबी उंगलियों को और भी पता नहीं क्या - क्या... उसकी तंद्रा को भंग किया बेटी की आवाज़ ने - “माम आप सुनती क्यों नहीं कितनी देर से बुला रही हूँ. मैं कॉलेज जा रही हूँ.”
”अच्छा” बेटी के जाते ही उसने कंम्प्यूटर खोल लिया. उसने एक मेल में उसे ईको टूरिज़्म की साउथ अफ्रीकन लॉजेज़ के लिंक और फोटोग्राफ़्स भेजे. अगले लिंक में एक रूमानी अंग्रेज़ी गाना भेजा - दोज़ वर द डेज़. वह चाहेगा तो सब समझ जायेगा। दिन पर दिन बीत गए वह अब उसकी तरफ से उदासीन होने लगी थी. क्योंकि कोई उत्तर नहीं. मेल बाक्स में पड़ी सैकड़ों ई - मेल्स के बीच एक वही ई - मेल नहीं होती । खुद पर उसे खीज हो रही थी. “ क्या सोचता होगा! कितनी डैसपरेट है ये लेडी, या यही सोच ले कि ये गोअन महिलाएं....छि:...”
लगभग एक महीने बाद उसका मैंसेज आया - “ यहाँ नेट काम नहीं कर रहा इसलिये मेल नहीं चेक कर पाया हूँ. आप इसे अन्यथा ना लीजियेगा।“
आगे मैंम की जगह डियर मैपल ने ले ली और संदेशों की फ्रीक्वेन्सी बड़ती गयी, उन दिनों का ज़िक्र । अकसर उनके संदेश एक दूसरे के हू - ब- हू होते इस पर दोनों हैरान होते। आख़िर एक दिन उसने ई - मेल चैक की. “दोज वर द डेज़”
उत्तर आया - वो दिन बार - बार आ सकते हैं. अगर तुम चाहो. दोनों के बीच संवाद तो चल पड़ा. लेकिन ज़िंदगी की मोहलतों ने समय लगा लिया. वह नए प्रोजेक्ट में व्यस्त हो गया. तो मैपल बेटे की शादी में. दोनों यह जानते थे कि जब सच में कोई रूहानी फुरसत होगी तो वे मिलेंगे.
“ कहाँ और कब? ” उसने पूछा था.
” इस धुँए और शोर भरे शहर से दूर जहाँ मैं खुद को ‘क्वीन’ समझ सकूँ और मुझे हर तरह से सुकून और फुर्सत हो.”
आज उनकी ये चिरप्रतीक्षित मुलाक़ात होनी है । सारी प्लानिंग आशुतोष ने ही की है. उसे तो बस से एक निश्चित जगह पर पहुँचना है, बाकि सरप्राईज़ है. उसने कहा है वो वहीं हाई-वे पर खड़ा मिलेगा, जहाँ वह बस से उतरेगी.
पाँच घंटे धूल भरी सड़कों पर चल कर बस एक झटके से रूकी, कंडक्टर बोला - मैडम जी आपका स्टॉप । वह हड़बड़ायी - सी अपना सामान ले कर उस सुनसान सड़क पर उतर गयी। दूर - दूर तक कुछ भी नहीं. ना कोई दुकान, ना पेड़ - वेड़ ही. ये क्या जगह है? और वो है कहाँ है जिसने कहा था कि वह यहीं खड़ा मिलेगा? अक्टूबर का महीना लेकिन धूप कड़क की कड़क! उस मीलों - मील फैले मटमैंले विस्तार में अपने पनामा हैट और रंगीन छाता पकड़े मैपल रेगिस्तान में धूप में ही खिल पड़ा इंद्रधनुष लग रही थी। उस सुनसान से, वह कुछ डर सा गयी, हालाँकि उसकी मजबूत कदकाठी देख कर पंगा लेते लोग डरते थे।
वह बेचैनी में उसका सैल फोन मिलाए जा रही थी लेकिन वह भी ‘स्विच आफ’ का संदेश दे रहा था ? वह और उसका सड़ियल बेसिक फोन. इतना पैसा मिलता है उसके एन जी ओ को, एक ढंग का स्मार्टफोन नहीं खरीद सकता? क्या होगा अगर वह नहीं आया तो! मूडी तो है ही. पता नहीं आए ही ना! क्या करेगी ऐसे में? कैसे नहीं आएगा? देर रात तक तो वो बातें करता रहा था। अचानक फोन की घंटी बजी वही था, वो उस पर चीख पड़ी - “कहाँ हो तुम मैं कितनी देर से यहाँ खड़ी हूँ. इस गॉड फोरसेकन प्लेस में, यू आर टू मच।“
दूसरी तरफ़ से शांत स्वर में वो बोला - “बस दस मिनट और जहाँ हो वहीं रहना.”
वो बड़बड़ाती रही । उसकी बस सड़क के उस पार रुकी तो उसका उतरना वह नहीं देख पायी. उसने गरदन घुमाई तो देखा कि बस के जाने के बाद वो अपने बैग को घसीटता हुआ अपनी चिरपरिचत मुस्कान बिखेरता हुआ, अपनी लंबी - चौड़ी देह को झुमाता हुआ ‘लायन किंग’ की तरह उसकी तरफ चला आ रहा था. उसकी इस अदा को देखते ही उसका ग़ुस्सा काफूर हो गया उसके बढ़े हाथों को पकड़ते हुए हुए शिकायती स्वर मे बोली - तुम भी ना!
वह भूल गई कि यह वही धूल भरा विस्तार है, और सर पर चाँदनी नहीं धूप है. दोनों एक दूसरे की आँखों में देखते हुए ढेर से सवाल - जवाब मन में दबाए अपने - अपने बैग घसीटते हुए चल दिये ।
“हम जा कहाँ रहे हैं आखिर?”
” बस पास में ही है.”
“नज़र तो कुछ भी नहीं आ रहा दूर दूर तक. तुम आये हो कभी पहले ?
” नहीं पर है यहीं - कहीं मिल जायेगा।“
” क्या मिल जाएगा आशु?”
“ हमारी क्वीन का राजमहल”
” आर यू क्रेज़ी?”
वह हँस दिया और उसके कंधों को अपनी बाँह से घेर लिया. “ मेरे साथ हो न. मुझ पर भरोसा है न?”
वह उसके कंधे पर बच्चों की तरह टिक गई. कैसा पागल है ये आदमी हर वक़्त निश्चिंत! इसे कभी कोई तनाव क्यों नहीं होता? वो चलते चले जा रहे थे. दूर - दूर कहीं बबूल तो कहीं खेजड़े के पेड़ नज़र आ रहे थे। उसकी बाँहों के घेरे में सुनसान सड़क पर चलते चले जाना अब उसे अच्छा लग रहा था. कितना कुछ कहने को था. उसी धूल - धूप - पसीने में चोरी - चोरी उसने उसके होंठों पर पहला चुंबन लिया. दोनों रोमांच से काँप रहे थे। हाथों को कस कर थामे वो युवा हनीमून मनाने अनजान जगह चले आए जोड़े से नज़र आ रहे थे। तभी पीछे से बैलों के घुंघरूओं की आवाज़ सुनायी दी । दोनों झटके से हाथ छुड़ा कर, अलग होकर उसकी प्रतीक्षा करने लगे । ऊँचे - पूरे सफ़ेद बैलों के पीछे सर पर गमछा लपेटे, कानों मे बाली पहने, धूप का काला चश्मा लगाये एक नौजवान था. उन दोनों को देखकर अपनी घनी बट लगा कर तीखी की गई मूँछों में मुस्कुराया, “ कठे जाओ ला सरकार?”
आशुतोष बोला - मानवेंद्र सिंग जी की हवेली.
“ठाकुर सा तो अठै कोनी बिराजे सा. हवेली में तो अब कोई नी रेवे, आप गुलाब - महल में तो नी जावा चावो?”
”हाँ, हमें वही जाना है. मानवेंद्र हमारे दोस्त हैं।“
“फिर आप तो मोबाईल फोण लगा देते, वहाँ से गाड़ी आ जाती. कोई नी, आप हमारे मेहमान हो. आपको इस गरीब किसान भौमिया की गाड़ी मे बैठने से उजर नी होवे तो...महल के निचले पोल तक छोड़ दूँ. यहाँ से अभी अढ़ाई कोस और है...”
”नहीं, नहीं भौम्या, हम खुद किसान हैं, हमें तो आनंद ही आएगा.”
” तब तो... विराजो सा.” हम अपने बैग रख कर पुआल के ऊपर बिछी दरी पर बैठ गये. उसने बैलों को कच कच किया, बैल हचक कर चल दिए. अब वो उत्साह मे भरकर कोई गीत गुनगुना रहा था, शब्द समझ से परे थे पर भाव उसकी आवाज़ की लरज से उभर रहे थे कि ये विरही की पुकार है। कहीं दूर मोर की मिलन को आतुर आवाज़ मानो माहौल को सावन की पूर्णता प्रदान कर रही थी।
वे दोनों एक दूसरे को देख कर आँखों - आँखों मे अर्थ पूर्ण ढंग से मुस्कुरा पड़े । बैलों की घंटियों की रुनझुन के बीच वे कब उस गाँव की संकरी गलियों के बीच पहुँच गये पता ही न चला. गाँव के बच्चों की टोली उन्हें कौतुहल से देख रही थी. तीसरी क़सम का वो गीत आशुतोष की आँखो के आगे जीवंत हो उठा. मैपल अजब ढंग से लजा रही थी । उस फिल्म में वहीदा रहमान को एक्टिंग करने की ज़रूरत ही नहीं पड़ी होगी । आशुतोष मैपल के सुर्ख़ कानों को देखता रहा, वह नज़र चुरा रही थी. ऊँचाई पर खड़ी उस भव्य महलनुमा हवेली के दरवाज़े पर गाड़ी के रूकने से वे दोनों वर्तमान में आये.
भौमिया ने सादर सामान उतार दिया और कहा - भाई सा, आप का ठिकाणा. गुलाब महल की बड़ी पोल. यहाँ से आप ऊपर फोन करलें. मैं और म्हारे बैल इसके आगे जाने की हैसियत नहीं रखते। मैपल ने पर्स से सौ का नोट निकाला तो भौमिया बोला - भाई सा ने बोला कि आप भी किसान हो, फिर रुपिया क्यों, हम आपके गाँव आएंगे भाभी सा तब हिसाब कर लेणा. उसने झुक कर खम्मा घणी किया तो आशुतोष ने उसे बाजुओं मे कस कर कहा - भौमिया, तू पक्का आना. मैं रेल का टिकट भेजूंगा. ये मेरा कार्ड रख. इसमें फोन नंबर है. तेरे पास मोबाईल है?”
” है न भाई सा. कैमरे वाला. एक फोटू तो बनता है. ” उसने मोबाईल चमकाया, जो आशुतोष के मोबाईल से बेहतर था. हम तीनों ने एक सैल्फी ली. तब तक गेट पर खड़े साफ़ा धारी गार्ड ने आगे बढ़कर - हमारा परिचय जान कर, सामान उठाया और झुककर कहा - पधारो सा ।
“ नाओ यू कैन फील लाईक ए क्वीन.”
तब आशुतोष ने बताया कि राजस्थान के अंदरूनी इलाके के इस हैरिटेज हवेली होटल में वह आमंत्रित है. यह उसके बोर्डिंग स्कूल के ज़माने के एक करीबी दोस्त का है. वह खुशी के मारे चीख पड़ी.
आज़ादी के पैंसठ बरस इस इलाके में मोबाईल और अन्य सुविधाएं आ गईं पर न यहाँ का पहनावा बदला, ना बातचीत का तौर तरीक़ा. अपनी संस्कृति के प्रति ऐसा जुड़ाव और सम्मान दुर्लभ है। कोई और समय होता तो आशुतोष को इसमें सामंती सोच की बू आ सकती थी. लेकिन अभी उसे ये सम्मान पूर्ण तौर - तरीका पसंद आ रहा था. दोनों ने तलहटी से पहाड़ी के तरफ़ उठी हुई हवेली को देखा. किसी ज़माने मे बहुत भव्य रही होगी ये हवेली. पूरी पहाड़ी पर फैली. पथरीला रास्ता, पत्थर की ही सीढ़ियाँ, पुरानी पेंटिंग्स, झूले, फूलो की लतरें रेगिस्तान में एक मायालोक की सृष्टी कर रही थीं। हम मंत्रमुग्ध से चले जारहे थे ।
हमारा इन्तज़ाम पहाड़ी की और मुँह किए हुए एक बड़े से भव्यसे ‘सुईट’ में था, जिसमें एंटीक राजपुताना अंदाज़ का फर्नीचर, विशाल पलंग. झूला, जंगल और गाँव की तरफ़ खुलते गोखड़े और ख़ूबसूरत बालकनी । सामान रखकर अदब से सर झुकाकर रामसिंह चला गया। आशुतोष ने किसी राजा की तरह अंदाज़ बना कर मैपल की तरफ़ देखा जो झूले पर लगे गुदगुदे कुशन पर टिकी पाँव से झूले को धकियाती किसी खुली आँखों के सपने में डूबी थी.
“ हाय आशुतोष, मेरे लिये ये सब बड़ा अनोखा है.”
वह अब उठ कर एक - एक पेंटिंग, हर गोखड़े की नक़्क़ाशीउसे दिखा रही थी. “कमाल है न आशुतोष!”
“सुनो इधर आओ, यहाँ और भी कमाल का दृश्य है.”
एक बड़ी सी बालकनी से किले के ठीक पीछे हरी भरी पहाड़ी बड़ा सुन्दर लैण्डस्केप बना रही थी. वहाँ पहाड़ी की तलहटी से लगा एक छोटा सा गाँव था. जहाँ कुछ कच्चे, कुछ पक्के मकानों का मिलाजुला कोलाज सा बना था. एक लिपे - पुते घर के सामने एक बैलगाड़ी खड़ी थी, अपना सिर आसमान मे उठाये. थान पर बंधी बैलों की जोड़ी सिर झुकाये सानी खाने मे जुटी थी. बीच बीच में वे अपने सर उठा कर बड़ी - बड़ी आँखों से आसपास का मुआयना करते थे । उनके मुँह पागुर करते हुए एक लय में ‘क्लाक वाइज़’ चल रहे थे ।
“ये कहीं भौमिया का ही घर तो नहीं?” मैपल बोली
“ नहीं, उसके बैल एक सलेटी, एक भूरा था. उनके सींग भी मुड़े हुए नहीं थे.”
पास के तालाब मे नंगे बच्चों की टोली सबसे बेख़बर अपनी मस्ती मे डूबी कूद रही थी. मेंढको जैसी तैरती । इस विशाल हवेली के साये में इसकी भव्यता से बेख़बर अपने सीमित साधनों में ही अपनी खुशियों और दुखों के साथ एक ग्रामीण जीवन - संघर्ष सतत जारी था। ये सब देखते हुए वो कहीं खो गया. कुछ अंतराल के बाद उसकी स्वप्निल सी आवाज़ सुनायी दी -
“मैपल, मैं भौमिया को झूठ नहीं बोल रहा था. जानती हो मेरी ज़िंदगी ऐसे ही माहौल में शुरू हुई थी. मेरा निश्चिंत - अल्हड़ बचपन. सारा - सारा दिन मस्ती. मेरे दादा जी भी किसान ही थे, वो अलग बात है कि उनकी अच्छी - खासी ज़मींदारी थी, लम्बी - चौडी खेती, भरा पूरा परिवार । ये लकड़ी और कंडे के जलने की मिली - जुली गंध, गोबर और गीली मिट्टी की सोंधी - सोंधी ख़ुशबू मुझे उन दिनों मे पहुँचा देती है। मैं गाँव में सारा - सारा दिन घूमता गरमी की दोपहर जब सब सो रहे होते थे गरमी और लू के प्रकोप से बचने को. तभी मैं चुपचाप उठकर भाग निकलता उस तपती दोपहर में घर के सामने के नीम के पेड़ की सबसे ऊँची टहनी पर बैठ दूर धरती से उठती लपटों के आभासी समुद्र को देखता ,धूल के उठते बगूलों के पीछे दौड़ता. शाम तक चेहरा धूप और लू से काला पड़ जाता तब माँ डाँटती कि - वहाँ नीम पर चढ़ा क्या देखता रहता है ।
मैं आकर मटके की तरफ भागता तो फिर प्यार से चिपका लेती कि - कुछ खा ले मुन्ना फिर पानी पीना बीमार पड़ जायेगा। तुम जानती हो मैपल कि बचपन में मैं कल्पना किया करता था कि मैं कोई राजा हूँ. अक्सर किसी रंगीन कपड़े को अपनी पीठ पर ‘क्लोक’ की तरह बाँध कर हाथ में लकड़ी की तलवार लिये, गले में नकली मोतियों की माला डाले आंगन में शाही अंदाज़ में घूमता था । कभी छत की सुराख़ो से छन कर आते धूप के घोड़ों की सवारी करता था. पापा लखनऊ में इंजीनियर थे. उन्होंने गाँव आने पर मेरी दिनचर्या देखी तो ज़िद करके माँ, मुझे और मेरी बहन को लखनऊ ले गए. लेकिन मेरा मन वहीं अटका रहा. प्रायमरी स्कूल खत्म किया मैंने जैसे - तैसे, फिर उन्होंने नैनीताल, शेरवुड में डाल दिया.”
तभी एक मोर प्याओ - प्याओ करता हुआ लम्बी उड़ान भर पहाड़ी के जंगल मे कहीं खो गया। उसकी आवाज़ सुन कर वह स्वप्न लोक से वापिस लौट आया। कुछ शर्माते हुए बोला - ओह क्या बातें ले बैठा मैं.
“ अरे ! मुझे जब मज़ा आ रहा था, बताओ न बचपन के बारे में. तुमने बंद क्यों कर दिया? बताओ न...”
”वहाँ बैठ कर बताता हूँ.” वे बालकनी में पड़े काठ के नक्काशीदार झूले पर बैठ गये, चिर प्रतीक्षित एकांत पाते ही वो दोनों एक मीठे लाग और मीठे ही संकोच मे डूब गये। पास बैठकर वो एकटक उसे ही देखे जा रहा था, वह असहज हो जाती थी जब वह ऎसे देखता.
“बताओ न, देखो मत ऎसे.” वह खीजी तो उसने अपनी बाँहें पसार दीं. मैपल एक पल हिचकी लेकिन यह पल न जाने कितनी अधैर्य प्रतीक्षाओं के बाद आया था. वह आगे खिसक कर उन बाँहों में जा बँधी. अब समय को क्षितिज पर ठिठकना था. वे कितनी देर आलिंगनबद्ध बैठे रहे उसकी साँसें वह अपने चेहरे पर महसूस कर रही थी, उसकी बाँहों का कसाव बढ़ता जा रहा था.
मैपल के खुलते - बंद होते नम होंठों की एक पंखुरी को उसने अपने माँसल होठों से थाम लिया. मीठी - चॉकलेटी स्वाद भरी मैपल की ज़बान उसकी ज़बान से टकरा रही थी. उसकी उँगलियाँ मैपल के रोम रोम को पहचान लेना चाहती थीं. मैपल ने महसूस किया कि आशु की उँगलियों का स्पर्श कामुकता से नहीं बल्कि स्नेह और प्रेम का था. ये एक ऐसी अनुभूति थी जो उसके लिए अनूठी थी.
मैपल बहुत दिनों से ‘सिंगल’ रही थी. पुरुष संपर्क उसके लिए अब कोई नई चीज़ नहीं थी. उसके लंबे अकेलेपन में कुछ लोग ‘लव और लस्ट’ के नाम पर आए - गए हैं. लेकिन ऎसा अहसास तो किसी पुरुष के साथ नहीं हुआ था. उसकी आँखें बंद हुई जा रही थीं. वह भूल गई थी कि यो उसके ओंठ है कि आशुतोष के? मूँछ के बालों की गुदगुदी...बीच - बीच मे अपने दाँतों पर उसके दाँतों के घर्षण की आवाज़. एक अनंत काल तक वो एक दूसरे के मुँह में जाने कौनसे ब्रह्माण्ड की खोज करते रहे हों। एक अजीब - सी संवेदना उनके जिस्मों में कल - कल बह रही थी।
इस संवादहीनता में साँसों की गहरी- गहरी आवाज़ों ने उनके बीच एक ऐसा संवाद स्थापित कर लिया था, जिसने उनके मन और आत्मा मे ये विश्वास भर दिया था कि- “ हम एक दूसरे की अनवरत खोज में थे । हम ही वो ‘जुड़वां - आत्माओं का मिथ’ पूरा करते है. जो जब आमने - सामने होती हैं तो सब कुछ पारदर्शी हो जाता है.” तभी एक रेशा संकोच पता नहीं कहा से आ अटका उन दोनों के बीच. शायद वे अपनी आतुरता से शर्मा गये, अलग होते हुए आशुतोष ने पूछा - “मैपल, क्या लोगी तुम, यहाँ फ्रिज में तुम्हारे मनपसंद ड्रिंक्स रखवाए हैं. जिन, वोद्का, रेड वाईन.”
” आप भूले नहीं वह बात. हैं ना? आपने मन में बाँध ही लिया है कि मैं ‘दारूबाज़’ हूँ.”
वह खीज कर बोली.”
“ अरे! मैंने कब ऎसा सोचा?”
”वहाँ कोशी ने बोला तब से?”
” अरे! वह तो ऎसे ही, मैं तुम्हारी परवाह में बोला था, तुम उस दिन से मुझसे दूर भागने लगीं, यहाँ तक कि बिना बताए चलीं आईं. तुम्हें क्या पता मेरा वहाँ दिल ही नहीं लगा कितने - कितने दिन. मैं लखनऊ चला आया. गाँव चला गया. लेकिन मेरा मन...मैपल के पत्तों में दबा था. “
“झूठे!”
” नहीं सच्चे कहो.”
” मैं सोच रही थी कि कितना रूड है. पूछा तक नहीं... सुनो मैं अकेले नहीं पियूँगी. तुम साथ दोगे. कुछ देर सोचने के बाद वह बोला - ओके !
“ ओह, माय - माय! इश्क़ में ज़हर भी...”
“ कॉलेज में मैं ये ‘पॉयज़न’ ले लेता था. शायद उस उम्र में ये बड़े और प्रोग्रेसिव होने का अहसास देता था।“
” और इश्क़ ?”
” मत पूछो मेरी ज़िंदगी तो लव- सेक्स- धोखे से भरी पूरी.”
इस बार मैपल का मुँह खुला रह गया. कहीं कुछ छन्न से टूटा भी. उसकी सुमधुर भीनी - प्यूरिटान इमेज.
“ वाइन या वोदका ?” उसने पूछा.
“ वोदका विल बी फाइन ।“ मैपल ने कहा तो वो दो गिलासों मे वोदका डाल कर ले आया. इंटरकॉम से कुछ स्नैक्स ऑर्डर कर दिए. चीयर्स की रस्म के साथ सिप लेते हुए मैपल से रहा नहीं गया.
“लव-सेक्स-धोखा वाली ज़िंदगी कैसे? क्यूँ? व्हाट एबाउट योर फ़ैमिली ? “ उसके सवालों की लिस्ट और लंबी होती जा रही थी तभी वो बीच मे मुस्कुराते हुए बोला - आहिस्ता साँस तो ले लो, बताउंगा सब कुछ।“
”अभी बताओ.शुरु से...”
“ अच्छा सुनो. अपनी स्कूलिंग के बाद मैं भी दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने पहुँचा. मेरा पंसदीदा सब्जेक्ट था एन्थ्रोपोलाजी। अलग - अलग समाजों के बारे मे जानने की मेरी उत्सुकता ने मुझे इस की ओर आकर्षित किया। हर नवयुवा की तरह समाज मे बदलाव लाने के सपने, व्यवस्था बदलने के सपने देखता था. मेरे अंदर विद्रोही - प्रोग्रेसिव तेवर पनपने लगे. कभी लेफ्ट विंगर्स स्टूडेंट्स यूनियन, तो कभी लिब्रल डेमोक्रेट्स की ओर आकर्षित होता रहा. कभी - कभी सेक्यूलरिज़्म की इकहरी परिभाषा ने भी आहत किया. इस तरह स्टूडेंट यूनियन और लीडरबाज़ी में फंसा. कई बार हिंसक मुठभेड़ें देखीं-झेलीं और बार बार मोह भंग हुआ. मुझे अंतत: लगने लगा था कि हर कोई मोहरों की तरह इस्तेमाल कर रहा है युवाओं की भावनाओं को. उनकी ऊर्जा को सिर्फ अपने स्वार्थ के लिये पार्टियाँ इस्तेमाल कर रही हैं।
वरना तुम्हीं सोचो इन पैंसठ सालों में अगर युवाओं की एनर्जी सही चैनलाईज़ हुई होती तो ये देश इस हालात में होता? किसी तरह मैंने ग्रेजुएशन पूरा किया. फिर सिंसियरली पोस्टग्रेजुएशन किया. फिर अपने रिसर्च प्रोजेक्ट के सिलसिले मे नार्थईस्ट के इस इलाक़े मे आया तो पाया सरकारी अमला ,एन जी ओ ,फ़ौज ,लोकल पालटीशियन्स ,मिलीटेंट ,चर्च हर कोई उनका हमदर्द बन रहा है, लेकिन कर क्या रहा है? दोहन और शोषण. प्राकृतिक संसाधनों का, उनकी आस्था का, विश्वास का और उनकी सुंदर महिलाओं का. वे हर सहायता की भारी क़ीमत अदा कर रहे हैं. अपने भोलेपन में समझ ही नहीं पा रहे हैं की उनकी इस हालत का ज़िम्मेदार कौन है।
जानती हो इस अधकचरे विकास ने क्या दिया इन्हें? सिर्फ असंतोष, जो लोग अपने सीमित संसाधनों मे प्रकृति के साथ सामन्जस्य बिठाते हुए नाचते - गाते ज़िन्दगी गुज़ार रहे थे, उनकी आँखों मे ऐसे सपने भर दिये जो किरकिराते हैं अब दिन रात. उन भोली आँखों मे भर दी है नफ़रत की आग और अविश्वास। इन्हीं पैरोकारों ने इन मेहनतकश इंसानों के हाथों मे थमा दी बंदूकें या सहायता का कटोरा। इनकी अपनी संस्कृति, अपनी परम्पराओं से दूर करके सब के मन में विकास के नाम पर फैशन, शराब, गैजेट्स की चाह जगाई, फिर ‘इज़ी मनी’ का जाल फैलाया। इनकी शिराओं में बहाया नशे का ज़हर और पूरी युवा पीढ़ी को ग़ुलाम बनाने की साज़िश में सफल हो गए इनके ही भला चाहने वाले. बस तभी सोच लिया था कि बस मेरी ज़िंदगी का लक्ष्य यही है अगर कुछ भी परिवर्तन ला पाया इन की ज़िंदगी में तो ।“
मैपल छोटे - छोटे सिप लेते हुए सुन रही थी. वह अपना ग्लास आधा कर चुका था. उसकी आँकों में हल्की लाली थी. सामने सलाद और चीज़ कटलेट्स रखे थे. दोनों भूखे भी थे.
“देखो तुम्हें कहीं ‘चर्च’ के बारे मे सुनकर बुरा तो नहीं लगा ? पर ये सच्चाई है। तुम्हें एक वाक़या बताता हूँ. एक रिमोट लोकेलिटी में एक मिशनरीज़ हॉस्पिटल था वहाँ लड़कियों को नर्सिंग की ट्रेनिंग दी जाती थी. फ़्री खाना - रहना - कपड़े सब फ़्री फिर नौकरी भी. मुझे पता चला कि इस अंदरूनी इलाके में एक मेल गायनॉकॉलोजिस्ट है तो मैं बहुत खुश हुआ और मेरे साथ काम करने वाले एक बिहारी मजदूर की पत्नी को वहाँ लेकर गया, वह प्रेगनेंट थी. ऑपरेशन से बच्छा होना था. चेरिटेबल हॉस्पिटल ने पहले तो हिन्दू नाम सुनते ही कहा - आप इतने रूपये जमा करो, मैंने पूछा कि तुम्हारा अस्पताल तो चेरिटेबल है फिर क्यों ?
तल्ख़ी से जवाब मिला कि चैरिटेबल केवल क्रिश्चियन लोगों के लिये. मैंने बहुत बहस की पर नहीं माने, मैंने अपनी जेब से पैसे दिए. किसी तरह आपरेशन के बाद बच्चा हुआ. जब मैं डॉक्टर से मिला और उसकी क्वालिफ़िकेशन पूछी तो घबरा गया - ही वाज नाट क्वालिफ़ाइड टू परफ़ार्म सच आपरेशन ( उसके पास ऑपरेशन करने जितनी योग्यता ही नहीं थी) फिर पता चला इन लड़कियों का भी शोषण किया जा रहा है, ऎसा सर्टिफ़िकेट देकर जिसकी कोई मान्यता ही नहीं. केवल उनके हॉस्पिटलों मे नर्स की यूनीफार्म मे डोमेस्टिक सर्वेंट। आदिवासियों के देवता उनकी मान्यताये उनके विश्वास की कीमत क्या ? सिर्फ नाम बदल गये बाक़ी ज़िंदगी तो वही की वही।
चर्च सौदा करने लगा शांति स्थापित करने का. हर कम्यूनिटी का अपना अलग चर्च ,हर कोई दूसरे को अपने से नीचा बता रहा है। कहा खो गयी जीसस की शिक्षाएं? मानव मात्र के दुखों को दूर करने की? बड़े - बड़े खेल हैं यार ये धार्मिक संस्थाएँ सब दिखावा हैं । ओह छोड़ो इन बातों का कोई अंत नहीं । उसने एक झटके से अपना गिलास गटका और झटके से मेज़ पर रख दिया. “
मैपल इतनी देर से उसके चेहरे पर आते - जाते रंगो को देखती रही थी क्यों करता है ये इन सबकी इतनी फ़िक्र ?
“ इसमें लव - सेक्स - धोखा कहाँ है? अब अपने बारे मे बताओ ना आपकी अपनी ज़िन्दगी।“
” वह फिर कभी. एक और पैग?
“ ओके.” उसके लिए ड्रिंक बनाकर बहुत प्यार से उसके हाथ में थमाते हुए थोड़ा संजीदा होते हुए बोला - “क्या करोगी जानकर नथिंग वेरी स्पेशल। जैसा कि मेरी पीढ़ी के लोगों के साथ होता था. एक बचपन से जवानी तक का इश्क़, लड़की की अपनी जाति - समाज में शादी. फिर फ्रस्ट्रेशन में कुछ वन नाईट स्टैण्ड्स और बाद में बस एक बेमेल - सी शादी...उसे मैं तो शादी ही कहूंगा जो आँधी की तरह आई और तूफान की तरह चली गई. ”
मैपल की उत्सुकता चरम पर थी. असफल इश्क़ और कुछ आते - जाते दैहिक रिश्ते तो वह समझ सकती थी. मगर वो कौन थी जो आयी और चली गयी इसकी ज़िन्दगी से आख़िर भला क्यों ?
” बताओ ना! अगर तुम ना बताना चाहो तो भी ज़िद नहीं करूंगी. “
कुछ देर उनके बीच ख़ामोशी तैरती रही. मैपल को लगा कि कहीं कोई गहरा, हाल का भरा घाव तो नहीं खुरच कर हरा कर दिया उसने । क्या फ़र्क़ पड़ता, नहीं जानती ये सब तो? “
गिलास से एक बड़ा सा घूँट लेने के बाद वह कहीं शून्य में देखता हुआ मानो उन पन्नों को पलट रहा हो, फिर बोला - नहीं, तुम्हें बता कर मुझे शायद राहत मिले मैपल. अं...मुझे कुछ ही साल हुए थे इस एन. जी. ओ. को शुरू किये हुए. हम काफ़ी अच्छा कर रहे थे हमारी प्रसिद्धी भी फैल रही थी । वो एक अमीर परिवार से थी उसके पिता सीनियर सिविल सर्वेंट थे. ज़िंदगी हमेशा बड़े शहरों में सुविधाओं के बीच गुज़ारी थी । इकलौती बेटी थी इसलिये ज़िद्दी थी, हैडस्ट्रांग । मेरे किसी प्रोफ़ेसर ने उससे कहा होगा की रियल आदिवासी जीवन को नज़दीक से देखना चाहती हो तो - नॉर्थ ईस्ट में वहाँ जाओ, जहाँ आशुतोष है. मैं उसे फोन कर दूँगा ।
एक जाड़े की रात प्रोफ़ेसर गुहा का फोन आया. उन सर की आवाज़ तो मैं सोते - सोते भी पहचान सकता था. उन्होने कहा - मेरी एक स्टूडेंट है. उसके अंदर भी वही जज़्बा है आशुतोष जो तुममें मैंने देखा था. उसे तुम्हारे पास भेज रहा हूँ तुम उसे उसके रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए गाइड कर देना. वहाँ आजकल अशांति है, तो मुझे लगा तुम्हारे पास सुरक्षित रहेगा उसे भेजना. उसकी बाहरी इलीट किस्म की ताम - झाम से ग़लत मत समझना उसे, वैसे बहुत अच्छी लड़की है ।
बस उस उम्र के हर युवा की तरह कुछ नया करने की चाह थी उसमें । वो मेरे केवल रिसर्च प्रोजेक्ट ही नहीं, एक समय बाद वह मेरे ही साथ काम करने को आतुर थी. उम्र के बड़े अतंर के बावजूद वो मेरे साथ रहना चाहती थी. मैंने काफ़ी समझाया उसे. जंगल और ये ज़िन्दगी ज़्यादा दिन नहीं रास आती सभी को. मोह भंग हो ही जाता है. वो अपनी ज़िद पर अड़ी रही ,फिर हम साथ रहने लगे ‘लिव - इन कपल’ की तरह। बारिश का मौसम आते - आते उसका मोहभंग होने लगा। मच्छर, जोंक, कीचड़, अंधेरा सब हवा देने लगे, उसके मोहभंग को. उस पर मेरा अपने काम में व्यस्त होने के कारण उसे समय न दे पाना. मैं बरसात की दिनों में कई बार किसी गाँव में फँस जाता, वह सेंटर पर अकेली छूट जाती. यों दो आदिवासी लड़कियाँ थीं. तब सेंटर का सेटअप कच्चा - पक्का ही था. गेस्टहाउस, ऑफिस कुछ नहीं. बस दो पक्के कमरे और दो बाशा.
वह बात - बात पर झगड़ने लगी। अचानक उसे पता चला की वो प्रेगनेंट है, मैं तो ख़ुश था पर इतनी जल्दी, रिश्ते की शुरुआत में बच्चा नहीं चाहती थी। मैंने कहा भी चलो शादी कर लें पर वो बोली - यहाँ इस माहौल में तो कतई नहीं. मैं जानता था वह मुझसे जुड़े इस सारे झमेले ही से छुटकारा पाना चाहती थी. फिर एक दिन जैसे मेरी ज़िंदगी मे आयी थी वैसे ही चली भी गयी । उसने तो अपनी जिन्दगी नये सिरे से शुरू कर दी लेकिन मैं फिर सोच ही नहीं सका. ज़िंदगी ने शादी का ट्रेलर दिखा दिया था. उसने दूसरी जगह शादी करली, उसके परिवार वालों ने उन लोगों को भनक भी नहीं दी कि वह कभी मेरे साथ पत्नी की तरह...। पर चलो वह खुश है. दरअसल मैं उसे प्यार करने लगा था. उसने हमारे बीच का सेतु तो यहाँ से जाते ही तोड़ दिया था, मेरे पास मैसेज भी आया था । मैं कुछ दिन बहुत परेशान रहा उस अजन्मे की यादों में फिर मैंने डुबो दिया अपने आप को इस काम मे ।ओह मैं भी क्या क़िस्सा ले बैठा छोड़ो ।“
मैपल उसकी आँखों में तिरती नमी देख चुकी थी. बात बदलने की गरज से बोली - तुमने मुझमें ऐसा क्या पाया, जो मेरे बारे में सोचते रहे, मेरे लौटने पर ? वहाँ ही कुछ क्यों नहीं कहा ?
“ तुम नहीं जानतीं? बताना पड़ेगा? तुमको क्या यूँ ही अपने जीवन की राम कहानी सुना रहा हूँ? जो किसी को नहीं सुनाई? मेरी माँ मेरा आंतरिक दुख जानने की इच्छा में चली गईं और मैं असफल नाटक करता रहा सुखी होने का. तुम्हीं हो जिसे बताया और तुम ही पूछती हो कि क्या देखा? ” नमी की जगह उसकी आँखों में सितारे उग आए.
”और क्या? मुझे तो सच में नहीं पता.... ”
“ पहली बार से ऎसा लगा कि तुम ही हो जिसके आगे मैं अपना मन खोल दूँ. तुम्हें याद है मैपल जब तुम पहली बार वहाँ आयी थी, तुम्हें जब देखा तो एक बड़ा अलग सा महसूस हुआ. जिसे शब्दों मे कह ही नहीं सकता । फिर भी कोशिश करता हूँ. पहले मुझे लगा कि - क्या बरसों के एकाकी जीवन जीते चले जाने का असर है कि मेरा मन अचानक सारे बंधंनो से मुक्त होना चाहता है? मगर ऐसा भी नहीं था कि वहाँ तुमसे पहले कोई और स्त्री नहीं आयी थी।
बहुत सी विदेशी महिलाएँ भी आईं जिन्होंने रुचि ली. तुम्हारे प्रति पता नहीं वह भाव क्या था, महज शारीरिक आकर्षण तो कतई नहीं था, उससे कहीं बहुत अलग एक गहरा आत्मिक झुकाव था. और ऎसा भी नहीं था कि मैं उसे केवल ‘प्लेटोनिक लव’ कहता. मैं तुम्हें सर - ता पाँव देखने को मरा रहता था. तुम्हें छू लेने का भी मन करता. तुममें माँ भी दिखती तो अपनी खोई हुई बहन भी. बचपन की दोस्त भी लगतीं तुम, तो तुमसे लिपट कर सारे दुख और आवेग कह डालने का मन करता. ‘कनफेशंस’ कितने सारे. कि तुम्हें बताऊँ कि मैं प्यूरिटान दिखता हूँ लेकिन हूँ नहीं. मुझसे भी क्षुद्रताएँ हुई हैं. तुम मुझे एक संपूर्ण इंसान बना सकती हो.
तुम्हारे प्रति मेरे ये भाव इतने तीव्र थे की मेरे नियंत्रण से बाहर हो चुके अपने मन को समझाने के लिये मैंने क्या - क्या दलीलें गढ़ीं । मैं पूर्व तुम पश्चिम, तुम्हारा खान - पान, रहन - सहन सब को लेकर एक निगेटिव छवि गढ़ने की नाकामयाब कोशिशें कीं । तभी तो वह बात मुंह से निकल गई थी - कोशी कह रहा था कि तुम हर रोज़ खाने से पहले पीती हो.” वह कह कर झेंपा तो मैपल ने हँसकर आँखें तरेरीं.
“यकीन मानो हर असर उल्टा हो रहा था । तुम्हारी हर आहट, हर श्वास - प्रश्वास की ध्वनि आत्मसात कर लेना चाहता था । मेरी पूजा के बीच तुम्हारे ख़्याल बिन बुलाये यूं चले आते थे कि मैं भूल जाता था क्या कर रहा था? फिर ज़ोरों से पाठ करने लगता, खिड़की से परदे के पीछे से तुम्हें देखता । तुम्हें ज़ाहिर भी नहीं कर पा रहा था और छिपाने की नाकामयाब कोशिश जारी थी । हमारी पसंद - नापसंद, बचपन की यादें सब एक जैसी तो थीं. कितनी बार ये हुआ कि हम दोनों एक ही बात कर रहे होते थे, जाने अनजाने में. ये अहसास बार - बार पुख़्ता होता गया की हम एक हैं ,एक ही आत्मा के दो टुकड़े ।
उस दिन तुम्हारे अचानक बिना कुछ कहे चले जाने ने एक ऐसा शून्य पैदा किया जैसे मेरा अपना कोई अंश खो गया हो ।दिन रात एक ही ख़्याल - कि बस एक मुलाक़ात ?नहीं जानता था, तुम क्या कहोगी ,सोचोगी । अपनी प्यूरिटान छवि का ख्याल आता. तुम्हारी निगाहों मे गिर जाने का भयजागता. मन मानने को तैयार ही नहीं , हर जाते दिन के साथ बैचेनी बढ़ती जाती थी। मैं लखनऊ तक चला आया, दिल्ली आने का मन हुआ लेकिन मन को बहला कर गाँव चला गया. अगर उस दिन तुम्हारा फोन नहीं आता तो क्रिसमस के वक़्त मैं तुमसे मिलने चला आता और कह देता अपने मन की भावना । तुम्हारा फोन आया तो लगा मेरी प्रार्थना स्वीकार कर ली मेरे भगवान ने । कितनी देर तक उस ख़ामोश फोन को हाथों मे लिये बैठा रहा, बस वातावरण मे फोन की हम्म गूँजती रही । मुझे लगा था कि कुछ डिवाईन है इस रिश्ते में।“
अचानक दीवार पर लगी घड़ी ने टनटन करके तीन बजने की घोषणा की उन दोनों के मुँह से अचानक से एकसाथ निकला - ओह कितना वक़्त गुज़र गया । दोनों ने एक - दूसरे की तरफ़ मुस्कुरा कर देखा जो वे अक्सर ऐसे मौक़ों पर करते थे - ‘ज़िंक्स’।
“ चलो नहा - धो कर ताज़ादम हो लें फिर डिनर। लेडीज़ फ़र्स्ट।
“ठीक है.” कह कर मैपल पहले बाथरूम में घुसी और दस मिनट में बाथरूम बाहर आ गई, वह अपने नम देह को बाथरोब मे लपेटे हुएनिकली तो, वह बिस्तर पर से उछल कर उतरा और बोला वही रूको और कैमरा उठा कर उसके गीले बालों वालो फोटोग्राफ़्स लेने लगा फिर पास आकर उसे कंधों से पकड़कर एन् पीछे खड़ा हो गया. उसकी पीठ पर फिसलती पानी की बूँदों को चूमने लगा उसका हर चुम्बन मैपल के शरीर में विद्युत तरंगों सा फैलता जा रहा। वह किसी किशोरी की तरह सिहरते हुए अपनी आँखें बंद किये अपने मन में सोच रही थी - मत रूको आशु आज छोड़ दो अपने मन को आज़ाद! उसके चुम्बन उसकी गर्दन से होते हुए कानों की लवों तक पहुँच रहे थे. उसने उसे अपनी तरफ़ घुमाया और एक निर्मम - मधुर कसाव में जकड़ लिया. उसके हाथ यात्रा पर थे, अनजान टापुओं - घाटियों और पठारों की. मैपल के होंठों की ज़द में बस उसके बालों की लटों से घिरा माथा था, जिस पर उसने अपने होंठ टिका दिये।
इसी बीच बाथरोब की बेल्ट की ढीली गांठ कब खुली पता ही नहीं चला. वे दोनों भी वही कारपेट पर ढह गए. उनके ओंठो से फूटते अस्पष्ट शब्द और साँसों के सुरों के बीच किसी मोर की आतुर पुकार या तोतों की टाँय - टाँय गूँज रही थी । एक लंबे आलाप के बाद धीरे - धीरे सम पर आने की थकान के साथ चेहरों पर तृप्ति की मुस्कान छा गई थी. वे देर तक वैसे ही बंधावों में बंद पड़े रहे, एक दूसरे के हर स्पन्दन महसूसते हुए. एक - दूसरे की आँखों में अपने डर - डर कर देखे ख़्वाब की ताबीर ढूँढते हुए । फिर अचानक वह उठा और उसने मैपल को अपने साथ फिर से शावर के नीचे खींच लिया ,बाथरूम के भाप से धुँधलाये शीशे में उभरते उनके अक्स कितने एक जैसे नज़र आ रहे थे, वह भी वही देख रहे थे. मैपल ने ढेर सा पानी आयने पर उछाल दिया पानी की ऊपर से नीचे आती बूँदे टुकड़ों - टुकड़ों मे उनके अक्स को साफ़ कर रही थीं और उनके एक सा होने की तस्दीक़ करती हुई ।
“ कुंभ मेले में खोए भाई - बहन हैं क्या हम?” दोनों ने फिर एकसाथ बोल कर ‘ज़िंक्स’ किया.
एक सी आँखें, चेहरे की बनावट, ठोढ़ी का गड्ढा, नाक और यहाँ तक की उनके नितम्बों के ऊपर बनते ‘डिंपल्स’ तक । वे हो हो करके हंस पड़े और एक दूसरे को फिर जकड़े - जकड़े. ऊपर से गिरती पानी की मीठी फुहार तक बाहर से बह रही थी, उनके बीच कोई भी जगह नहीं थी, पानी तक के लिए.
वे तैयार ही हुए थे की बाहर दरवाज़े पर दस्तक की आवाज़ हुई.
“हुजूर, कब से खाना तैयार है।“
सुईट से घुमावदार रास्तों से निकलते हुए वे मधु-मालती की लताओं और घने पेड़ों के निकुंज के बीच बनी संगमरमर की सीढ़ियाँ चढ़ कर ऊपर पहुंचे. जहाँ नीले पानी से भरा झिलमिलाता स्वीमिंग पूल था और ठीक उसके सामने नक्काशीदार खम्भों वाला ‘डाईनिंग हाल’. दोनों चकित थे इस अंदरूनी इलाक़े में बने इस अलौकिक महल की सुंदरता पर. पहाड़ी की इतनी ऊँचाई पर बना स्वीमिंग पूल यकीनन आश्चर्य की वजह था । दोनों भूखे थे, उस पर विशुद्ध राजस्थानी भोजन - दाल - बाटी - चूरमा, बैगन का भरता साथ में छांछ। वह मैपल को यहाँ के खाने के बारे में विस्तार से बता रहा था, वो चाहता था कि मैपल यहाँ के स्वाद से अच्छी तरह परिचय कर ले. मैपल ने फोर्क से बाटी का टुकड़ा उठाया पर उसने जिद्द की -“इस खाने का स्वाद नहीं जान पाओगी जब तक इसे ऐसे नहीं खाओगी” कह कर वह बाटी को फोड़ कर दाल में मल कर हाथ से खाने लगा.
“ सुनो, किसी भी जगह से तुम्हारा परिचय तब तक अधूरा है जब तक वहाँ के ख़ानपान रीति-रिवाजो से तुम्हारा परिचय नहीं हो।“
” माय डियर आशुतोष, मैं क्रिश्चियन ज़रूर हूँ, लेकिन हूँ एकदम भारतीय.” मैपल ने फोर्क बगल में रख दी और बाटी फोड़ कर उसमें दाल मिला ली. शुरू मे हाथ से खाने में उसे अजीब लगा फिर मज़ा आने लगा. खाना सच में बहुत स्वादिष्ट था, पर काफ़ी तीखा। परोसने वालों की मनुहार के आगे ‘ना ना’ करते हुए भी दोनों ज़्यादा खा गए ।
कमरे में पहुँचने तक उनकी आँखें नींद से बोझिल हो रही थी, दोनों कपड़े बदल कर लेटते ही सो गये। जब मैपल की नींद खुली तो उसने देखा, ढलता हुआ सूरज उनकी खिड़की में झाँक कर शाम होने का इशारा कर रहा था - यहाँ सोने को तो नहीं आए, देखो क्षितिज पर सोना पिघल रहा है.
तोतों के झुंड शोर मचाते हुए घर लौट रहे थे, उनके घर यहीं तो थे, इस महल के झरोखों में इन ऊंची - मोटी पत्थर की दीवालों की संधों में । उसने अपने बगल में देखा, अरे! वह कहाँ ग़ायब हो गया? बिस्तर से उतर कर देखा तो वे जनाब बाहरी कक्ष के एक कोने मे ध्यान लगाये बैठे हैं. वह दबे पाँव ख़ामोशी से भीतर लौट आयी. सोचने लगी - कितना शांत - वीतरागी और अपने में निमग्न । कितना अंतर है कुछ देर पहले के उद्दाम प्रेमी और इस शांत तपस्वी आकृति में! उसने बेआवाज़ कॉफ़ी बनाई अपने और उसके लिये भी। कुछ देर बाद वह उठा और मैपल की तरफ़ देख कर मुस्कुराया और बोला - “कब जागीं?”
“ हो गई देर. लो कॉफ़ी पियो, अरे ध्यान से पकड़ो मग, गर्म है.”
” सच बहुत ज़रूरत थी इसकी । तुमने तो मेरे मन की बात बिना कहे जान ली. कॉफी पीकर चलो जल्दी से तैयार हो जाएं अभी रोशनी बाकि है. क्यों न हम महल के पीछे बने क़िले को एक्सप्लोर करें” वह बच्चों जैसे उत्साह मे भर के बोला ।
मैपल ने जानबूझकर एक फ्लोरल, पारदर्शी, गले से खुला - खुला टॉप पहना. जानबूझ कर उससे पूछा - ये ठीक है? वह सोच रही थी कि उसकी ‘ऑर्थोडॉक्स’ आँखों में अनिच्छा या अस्वीकृति नज़र आयेगी पर उसने एक गहरी नज़र डाली और कहा - ‘लुकिंग प्रिटी एंड यंग’।
“हूँ ...ह्म्म्म. लेकिन ... “ उसे छेड़ने की नियत से उसने फिर पूछा - “ वहाँ तो तुम्हें बिलकुल अच्छा नहीं लगता था, मेरा फैशनेबल पहनावा ?”
“वहाँ ! वहाँ लोग ग़रीब थे. सादगी के साथ ही उनमें घुला - मिला जा सकता है, न? फिर लिबास तो समय - स्थान और अवसर के मुताबिक़ होना चाहिये ना।“ वो संजीदगी से बोला. मैपल का छेड़ना ज़ाया हो गया.
गलियारे में लाईन से तिरछी लगीं पुरानी राजपुताना मिनिएचर पेंटिंग्स को देखते हुए वे दोनों ऊपर की मंज़िल पर बने कमल ताल के पास पहुँचे. ऊँचे - ऊँचे नक्काशी दार मेहराबों से से घिरा हुआ फूलों से लदे पौधों और लतरों का निकुंज था. आशुतोष अलग अलग कोणों से, एक गोखड़े से ढलती शाम निहारती मैपल के फोटो खींचने लगा. गोखड़े की दीवारों और मेहराबों पर पर बने चित्रों के नीले - लाल और सुनहरे रंग धुँधले पड़ गये थे लेकिन अपने अतीत मे निश्चय ही यह सब बेहद ख़ूबसूरत रहा होगा। वे और ऊपर और ऊपर, बुर्ज तका जाना चाहते थे, सूर्यास्त देखने. पथरीले रास्तों से ऊपर चढ़ते - चढ़ते उनकी साँसें फूलने लगी थी।
“उमर माय डियर उमर!” मैपल बोली
“ मैं तो अपनी उम्र नीचे उतार आया, तुम अपनी बात करो.”
”ऎसा है तो चलो बुर्ज तक. ”
सबसे ऊपर बुर्ज पर, जहाँ पताका फहरा रही थी, बीत चुके सामंती युग की, ठीक वहाँ खड़े हो कर वे डूबते सूरज और धरा के फैले विस्तार का नज़ारा करने लगे । गौधूली बेला थी, नीचे तलहटी में बसे गाँव में जानवर चर के घरों को लौट रहे थे । बीच - बीच मे चरवाहों की ‘कच- कच..आ..ओई’ करके किसी शैतान जानवर की को सीध में चलने की डाँट लगाती आवाज़, इस जगह की नीरवता को भंग कर रही थी। शाम का आसमान कई तरह के पखेरुओं के झुंडों से भरा था जो लड़ाकू जहाज़ों जैसे करतब दिखा रहे थे ,उनमें से कोई नीचे को गोता लगाता सारा झुंड पीछे पीछे वही करतब दुहराता.
“उन को देखो मैपल, वो बर्ड्स”
“एकदम स्कूल से लौटते छोटे बच्चों के झुंड जैसा न?”
दोनों बच्चे बन गए थे. मैपल को मोरों को यहाँ से वहाँ लंबी दूरी की उड़ान भरते देख बड़ा आश्चर्य हुआ । पहाड़ी के पीछे सूरज के छिपते ही अंधेरा गहराने लगा और पश्चिमी आकाश पर चमकीला सांध्य तारा निकल आया था . क्षितिज पर लालिमा में रात की कालिमा घुल रही थी जैसे कोई चित्रकार जल्दी - जल्दी अपना ब्रश चला रहा हो। गाँव में घरों के आँगन में चूल्हे जलने लगे थे. सामने वाले घर में जलती लकड़ियों का पीला प्रकाश, खाना बनाती युवती के घूँघट को बेधता उसके चेहरे को आलोकित कर रहा था। सामने घर का बुजुर्ग पाटे पर बैठा खाना खा रहा था, सास खान परोसने का काम कर रही थी. आशुतोष को दादा, दादी और माँ तीनों एक साथ याद आ गए.
आकाश में तारे उगे, साथ ही महल के झरोखों में बल्ब जले और उधर किले के नीचे उगी झाड़ियों में एक - एक भी नन्हीं दीपशिखायेंजगमगाने लगीं. जैसे आसमान के तारों और महल के प्रकाश की होड़ सी हो।
“वाह, इतने फायरफ्लाईज़. पता है ये इनका हिंट है, लवमेकिंग के लिए.”
“ जानती हो जुगनु इस रोशनी से केवल प्रणय निवेदन नहीं करते. शिकार की तलाश भी करते हैं। इसी रोशनी के सहारे जुगनू घोंघों का शिकार करते है ।“
”घोंघे क्या?”
” स्नैल्स!”
“आई कांट बीलीव, कहाँ छोटे जुगनु और कहाँ शैल वाले स्नैल.”
” क्यों चींटियाँ ग्रासहॉपर को नहीं मार गिरातीं? सो तुम्हारे ये लवली जुगनु इतने मासूम नहीं.”
” तुम हर सुंदर चीज़ का पोस्टमॉर्टम क्यूँ करते हो?”
“ चलो नहीं करूंगा, सुंदर भ्रमों को सुंदर रहने दूँगा.”
वे कितनी देर उस मनमोहन दृश्य को देखते रहे । तभी उनके सुईट का ‘केयर - टेकर’ रामसिंह हमें खोजता हुआ आया - सर! नीचे लोक - कलाकारों का शो होता है हर शाम, आप देखेंगे? आपकी टेबल लगा दूँ? और ड्रिंक सर?”
उन दोनों ने एक साथ कहा - ज़रूर देखेंगे ,चलो। वे रामसिंह के पीछे पीछे उन्हीं चक्करदार रास्तों से उतर महल के उस हिस्से मे पहुँचे जहाँ ऐसे आयोजन होते थे। वहीं बार सजी थी. छोटे छोटे आलों में दीप जगमगा रहे थे. लोकगीत, तेरह - ताली, भोपा-भोपी के वीर-गाथा गान का आनंद लेने के बाद, उन कलाकारों को बख्शीश देकर विदा करने के बाद वे बड़ी देर तक इन दम तोड़ती लोककलाओं और इन कलाकारों की दयनीय हालात पर चर्चा करते रहे. कैसे सरंक्षण के अभाव मे ये विलुप्त होते जा रहे है फिर वे अपना - अपना आखिरी ग्लास लिए स्विमिंगपूल के सामने गार्डन में चले आए.
“मैपल, हमने इतनी बातें कीं. तुमने ऎशले के बारे में कभी कुछ ज़्यादा नहीं बताया.”
“मैं बहुत मुश्किल से उस दर्द को उसकी याद में बदल सकी हूँ. वो होते तो मैं आराम से हाउस वाईफ़ रहना पसंद करती. हम बहुत खुश थे. शायद बहुत ज़्यादा कि गॉड को खटक गई खुशी. जाने दो न आशु मैं उनको याद करके न उदास होना चाहती हूँ न गिल्ट फील करना चाहती हूँ. पर पता है, ऎशले खुश ही होंगे. उनका अल्टीमेट ऎम मेरी खुशी ही तो था, ”
” क्या हुआ था जो..?
“ तुमको बताया था न, वे न्यूज़ कॉरसपोडेंट थे और छत्तीसगढ़ के रियल और अनरियल नक्सलवाद को काफ़ी समय से कवर कर रहे थे, उसकी बेख़ौफ़ रिपोर्टिंग से वो सबकी नज़रों में आगए थे. वो एक बड़े मामले को ग्रिल करते करते तह तक पहुँच गए - कि अवैध खनन अयस्क का ,टिम्बर माफ़िया इनका कारोबार बेरोकटोक चलता है उन्हे कोई ख़तरा नहीं सबकी बंदरबाँट है. नक्सलाईटस, जंगल- माफ़िया, पॉलिटिशियन और पुलिस सब एक साथ थे. नक्सलवाद कहीं है, और कहीं झूठ ही सारी समस्या पैदा की गयी है, आतंक की आड़ में अरबों की चोरी।
न जाने किसने उसे मिसगाईड किया कि - उस जगह पहुँचो, वह छुट्टी पर था. हम गोआ जाने वाले थे. लेकिन उसने फ्लाईट ली तो रायपुर की. बस अगले दिन ख़बर आयी की ऎशले जिस बस मे सफ़र कर रहा था. वह एक माईन विस्फोट का शिकार हो गयी और सारे यात्री मारे गये । मीडिया के लिये ये एक ख़बर थी ,पत्रकार संघों ने कुछ दिन श्रद्धांजली की रस्म-अदायगी की. लाल सलाम, कामरेड ऎशले अमर रहे के नारे. मैं सुन्न हो गयी थी. उस समय तो लगा कि उसके बिना जीना तो दूर सांस भी नहीं ले पारही हूँ. बच्चे, मेरा मुंह ताकते. उनके चलते कितने दिन शोक मे जी सकती थी। सबने समझाया कि ज़िंदगी तो जीनी ही पड़ती है, अपने बच्चों के लिए तब अपने आप को समेटा कुछ दोस्तों - हिमायतियों के चलते सरकारी नौकरी मिली. मेरे सास-ससुर बेहद अच्छे थे. उनके सहयोग से शुरू हो गयी ज़िंदगी की जद्दोजहद ।
किसी के जाने के बाद ही ये अहसास होता है कि आपकी ज़िंदगी कितनी ख़ाली ख़ाली हो जाती है। पहले भी वो अकसर बाहर ही रहता था पर फिर भी घर मे हर कहीं उसकी उपस्थिति महसूस होती थी, अब सब कुछ वही है पर ऐसा कुछ है, जो नहीं है।“
आसमान के पूर्व में पहाड़ी के पीछे से चांद निकला, पीला बुझा - बुझा सा.
“ चाँद को देखो ऎसा लग रहा है जैसे जाड़े की सुबह किसी बच्चे को स्कूल यूनीफार्म पहना निंदासा ही भेज दिया हो.” उसकी इस बात पर मैपल बड़े ज़ोर से हंस पड़ी. वो भौंचक्क उसे देखने लगा - “क्यों क्या ऎसा नहीं लगता?”
वह हँसी से दोहरी होती बोली - “ हे भगवान क्या - क्या सोचते हो, पर चिन्ता मत करो अभी थोड़ी देर में तुम्हारे बच्चे का आलस दूर हो जायेगा और चमकने लगेगा ।“
महल के विभिन्न तलों पर रोशनियाँ जगमगाने लगी थी ऊपर आसमान के झिलमिलाते तारो से मिलती जान पड़ती थी मानो पहाड़ी से आसमान तक सितारों की एक चादर फैली हो
“मैपल अपने बारे मे भी कुछ बताओ ना अपना बचपन स्कूल शादी सब कुछ।“ इतना कहके वह एकटक मैपल के लुनाई भरे चेहरे की तरफ़ देखने लगा.
“कहाँ और किस सोच में डूब गयीं?”
” यही कि कहाँ से शुरू करूँ? ये तो तुम जानते ही हो मैं गोवन कैथोलिक परिवार में पैदा हुई थी. हम चार भाई बहन थे. मेरे डैडी वास्को टाउन में कैमिस्ट थे. उनकी इनकम अच्छी हम एक बड़े से एनसेस्ट्रल घर में रहते थे। मेरी मॉम बहुत मेहनती और प्यारी इंसान हैं. आज भी वहीं रहती हैं. पापा अब नहीं हैं. तुम्हारी तरह बचपन मेरा भी एकदम बेफ़िक्र, स्कूल से आकर बड़े भाई के साथ जंगलों में घूमना. या फिर सारा दिन बग़ीचे मे मस्ती धमाचौकड़ी । हर सनडे पूरा परिवार पिकनिक पर जाता, वहाँ स्वीमिंग, फ़िशिंग, सिंगिंग, मेरे भाई अपना गिटार और ड्रम बजाते और हम बहनें गाती थीं. पढ़ने में मैं ठीक - ठीक थी. थिएटर में इंटरेस्ट था. वहीं पर ऎशले मिला उसने जर्नलिज़्म का कोर्स पूरा किया था, उसके ही कहने से मैंने फ़ोटो जर्नलिस्ट का कोर्स किया कि साथ काम करेंगे. लेकिन शादी के तुरंत बाद एक - एक कर दोनों बच्चे आ गए. जब वे स्कूल जाने लगे तो ऎशले ने बहुत एडवेंचरस किस्म की रिपोर्टिंग में चला गया था. जहाँ उसे बहुत नाम मिला, पैसा भी. मैंने न्यूज़पेपर्स के लिए फ्रीलांस काम किया. कॉर्पोरेट अखबारों में, चैनलों में जॉब की कोशिश की तो मुझे कुछ अजीब अनुभव मिले. तो मैंने घर बैठना ठीक समझा.”
”क्या?”
“यही कि आपके सीवी से ज़्यादा इन्ट्रेस्ट उन्हें मेरे वाईटल स्टेटिस्टिक्स में था। कॉर्पोरेट की दुनिया में आपसे ऊपर हर कोई अपने आप को भाग्य विधाता समझता है। कोई नामालूम ढंग से पेश आता तो कोई ‘टोटली ब्लंट’। आपके काम का सैलेक्शन रिजेक्शन सिर्फ आपके व्यक्तिगत संबंधों पर निर्भर करता है या कम्प्रोमाईज़ करो या बाहर हो जाओ। ऎशले का नाम मैं भुनाना नहीं चाहती थी. सच तो यह है, महिला सशक्तिकरण की बड़ी - बड़ी बातें करने वाले चेहरे मुखोटों के पीछे इतने उथले होते हैं कि घिन आती है. पूरी मर्दज़ात पर से आपका भरोसा ही उठ जाता है । मैं नहीं कर पायी ये सब. छोड़ - छाड़ कर डाक्यूमेंट्रीज़ बनानी शुरू कर दीं। बच्चे स्कूल जाते थे, बड़े हो रहे थे. फिर मेरी दुनिया उन्हीं पर सिमट गयी बेहद ख़ूबसूरत वक़्त था मेरी लाईफ़ का। लेकिन एक मनहूस ने दिन अचानक मेरी दुनिया ही बदल दी। फिर सब कुछ कलरफुल से ग्रे हो गया.”
बहुत दिन बाद स्नेह की छाँह पाकर मैपल की आँखें छलछला आयीं. उसने अपने हाथों से उसके सर को और गालों को सहलाया और उसके कंधों पर अपने हाथों का दबाव बढ़ाता हुआ बोला“ आय एम सॉरी, मैंने तुम्हारा दुख हरा कर दिया.”
मैपल ने अपना सर उसके कंधों पर टिका दिया ,बड़ी देर तक वे यूं ही ख़ामोश बैठे रहे उसके हाथों का बीच - बीच मे बढ़ता दबाव मैपल के अंदर एक संवेदना और विश्वास का संचार कर रहा था, बिन कुछ कहे । मैपल मन ही मन चकित होती थी कि - क्या है कि इसके साथ मेरी ख़ामोशी भी बात करती है. इसका मेरे दिल की गहराइयों मे उतरते जाना कहीं से भी ऎशले की यादों के साथ अन्याय नहीं लगता था। दोनों मेरे दिलो - दिमाग़ मे एक साथ साधिकार मौजूद रहते हैं, बिना किसी असुरक्षा या अन्याय की ग्लानि के।
पूर्वी आकाश में चाँद काफ़ी ऊपर चढ़ आया था क्षितिज के। अब वो उनींदा पीला नहीं पूरा रूपहला हो गया था, हर कहीं रूपहली रोशनी का चूर्ण बिखरा था. पेड़ - पौधे, घर - मंदिर, मेहराब - बुर्ज़ सब इस रहस्यमयी रोशनी में नहाये हुए थे. जंगल मे पेड़ों से छन - छन कर आती टुकड़ा - टुकड़ा चाँदनी प्रकाश ओर अंधकार की मानो चौरस बिछाये थी । स्वीमिंग पूल का पानी इस प्रकाश के पड़ते ही झिलमिलाने लगा ।
“ चलो स्विम करें, आओ ना । ये पूरे चाँद की रात पता नहीं मुझे क्यों बहुत आकर्षित करती है इसके हर पल को मैं जीना चाहता हूँ ।?”
” आर यू श्योर?” बाहर से हैरान होती मैपल ने मन ही मन थरथराते हुए हुए कहा. ‘आह कितना रोमांटिक प्रपोज़ल है.
“चलो ना। चाँदनी से नहायें स्वीमिंग पूल में सिर्फ हम दोनों.”
मैपल जब चेंज करके बाथरोब में बाहर आई तब तक वो कमर तक पानी मे खड़ा था. चाँदनी उसकी बलिष्ठ देहयष्टी को रेखांकित कर रही थी. उसके चौड़े कन्धे, चौड़ी हथेलियाँ. उसे देखते ही उसकी आँखें उस पर किसी सिनेमेटोग्राफ़र की - सी चिपक गयीं. बाथरोब उतार कर मैपल ने अपने हाथों को ऊपर उठाकर अपने बालों को बाँधने की कोशिश की और सर्पिलाकार सीढियों से आहिस्ता आहिस्ता पानी में उतर आई. वह धीरे धीरे उसकी ओर बढ़ा और बोला - देखो, ये झिलमिलाता नीला विस्तार ऐसा लग रहा है मानो तुम्हारा इवनिंग गाउन हो, इसमें पड़ती तारों की परछांई उस पर किया मोकैश का वर्क.
“ तुम कैसे - कैसे मैटाफ़र इस्तेमाल करते हो. राईटर बन जाओ.” ब्लश करते हुए मैपल ने उसके कन्धे पकड़ किया. वो एक दूसरे की तरफ सम्मोहित से देखे जा रहे थे. उसने उसे कमर से थाम कर एक दीवार से पत्थर के बन शेर के मुँह से गिरती पानी की धारा के नीचे खड़ा कर दिया, तेज़ी से गिरती वह धारा उसके चेहरे से होती हुई, वक्ष पर ठिठक कर, पेट से ढलकती हुई सीधी नीचे जा रही थी. यह प्रवाह मानो मूलाधार चक्र से होता हुआ एक विद्युततरंग बन मैपल की देह में एक उत्तेजना जगा रहा था. उनके बीच सिर्फ पानी की एक पतली दीवार थी. उसकी उँगलियों का कसाव मैपल की कमर में और जाँघों का उलझाव उसकी जाँघों में निरंतर जारी था उसके बालों की लटें खुल कर आशुतोष के चेहरे और कंधों पर बिखर गयी थीं. वो मैपल के घने गहरे भूरे बालों को अपने चेहरे और मैपल के वक्ष से हटा कर उसे यहाँ - वहाँ बेसाख़्ता चूमने लगा. मैपल ने हल्का सा अपनी देह को उछाल अपनी जाँघों को उसकी कमर मैं फँसा लिया और अपनी बाँहें उसकी गर्दन में डाल कर झूल गयी. वो उसे उठाये - उठाये वाल्ट्ज़ करने लगा. फिर कुछ दिन वे साथ तैरे. फ्लोट करते रहे. फिर वो एकांत उन्हें गुस्ताखियाँ करने को उकसाने लगा.
“ आशु, ये पल हमारी ज़िंदगी के सबसे ख़ूबसूरत पलों में शुमार होंगे.”
वो रूपहली चाँदनी चाँदी सा चमचम करता पानी और मदहोशी भरी आवाज़ में मैपल का यह जुमला उसकी शिराओं मे टैस्टिस्टेरोन का प्रवाह बढ़ा रहा था. वो स्वीमिंग पूल एक मंच में बदल गया था. वे दोनों सँवलाए- यमुनजल में खेलते नृत्य - नाटिका के कृष्ण राधा। समय हतप्रभ हो बीत गया. उसका अंदाज उन्हें तब हुआ जब चाँद और सप्तर्षि अपना सफ़र आधा ख़त्म कर उनके इस प्रणय को रुक कर देखे जा रहे थे । वे जल्दी - जल्दी अपने को सुखा, कपड़े बदल कर अपने सुईट में पहुँचे.
कमरे में पहुँच कर उन्हें ठंड महसूस हुई.
“ब्रांडी लोगी”
” हाँ, यार पता ही नहीं चला कितनी देर से हम पानी में थे. वह ड्रायर से अपने बालों को सुखा रही थी, अपनी लंबी गरदन आगे कर, गीले बालों को आगे लाकर । बालों को ब्रश करके उसने खुला ही छोड़ दिया, आशुतोष के आग्रह पर. उसे मैपल का यही रूप पसंद था.
मैपल ने घुटनों तक की एक काली नाईटी पहनी ली थी, जबकि वह सफेद बाथरोब ही में था. उसके नम घने पेपर - सॉल्ट बाल बेतरतीब पेशानी पर बिखरे थे। काले - सफेद रंग उन्हें एक जीवंत चित्र में बदल रहा था. आशुतोष दो गिलासों में गर्म पानी में ब्रांडी डाल कर ले आया.
“चलो बालकनी में झूले पर बैठें.”
खुले आसमान के नीचे झूले पर वह उसके कंधों पर टिक कर अधलेटी हो गयी थी। चांद पारदर्शी बादलों से खेल रहा था. उसके हाथ मैपल की ज़ुल्फ़ों को सुलझा रहे थे या कि और उलझा रहे थे! पर उनसे लगातार उसकी उँगलियाँ खेलती रहती थीं ऐसा करना उसको बहुत पसंद था. ब्रांडी अंदर जाते ही सर्दी कम हो गयी। उसकी उँगलियाँ मैपल की गर्दन से नीचे उतर कर उभारों पर भी घूम आ रहीं थीं. अचानक अशुतोष को बच्चों सी हंसी आ गई.
“क्या?” मैपल ने चौंक कर पूछ.
“कुछ नहीं. बचपन का कुछ याद आ गया. इन्हें देखकर.” आशुतोष ने मैपल के अधखुले सीने की तरफ आंख से इशारा कर कहा.
”किन्हें?” मैपल समझी नहीं.
” ये खरगोश!” वह शैतानी से हँसा.
”हट!” मैपल ने खीज कर कहा.
“जानती हो बचपन में डैडी हमें जंगलों मे ले जाते थे. कभी अलसुबह और कभी शाम को. उन्हें पता होता था कौन से जानवर और पक्षी कब और कहाँ मिलेंगे। अकसर शाम को हम खरगोशों को देखने जाते थे. एक टीले पर हमें बिठाल कर वो कहते वहाँ देखते रहो जब चाँद निकलेगा तभी खरगोश बाहर आयेंगे. जब तक खरगोश नहीं आते बड़े भाई साहब की स्पोकन इंग्लिश की क्लास चलती रहती इस बीच. बीच - बीच में हम भी टुपटुप अपना ज्ञान बघारते रहते। तब एकाएक चाँद के बाम पर आते ही, एक - एक कर अपने बिलों से खरगोश निकलते. एक निकलता अपने कान खड़े कर चाँद को ताकता, फिर दूसरा निकलता वो भी यही करता. वो बिलकुल ऐसे ही लगते.....सफेद, प्यारे गोल. उधर चाँद निकला, इधर ये बाहर...” कहते कहते उसने मैपल के सीने पर अपने होंठ सटा दिये, वह उसके बालों को बिखेरती बोली - “ तुम्हारे अंदर का बच्चा बहुत दुष्ट है. घूम फिर कर वहीं.”
“क्या करें तुम हो ही इतनी प्यारी। मैपल एक बात पूछूँ.” अचानक सीधे बैठकर वह उसकी आँखों मे झॉकते हुए बोला.
”बोलो ना इतना सस्पेन्स भी क्या?” मैपल उनींदी आवाज़ में उसपर ढलकते हुए बोली
”क्या हम हमेशा के लिये साथ नहीं रह सकते?” वह उसके कान में फुसफुसाया
अब सीधे होकर बैठने की मैपल की बारी थी. वह उसे चुपचाप देखती रही. चेहरे पर असमंजस लिए. मानो वह तौल रही हो कि उसने यूंही कहा है कि सच में...
“हम अपनी - अपनी निज आस्थाओं के साथ क्या ये ज़िंदगी साथ नहीं गुजार सकते?” आशुतोष की आवाज़ अब संजीदा थी.
“ हाँ, मैं भी तो यही चाहती हूं ,थक गयी हूँ अकेले चलते - चलते. लेकिन मैं मैपल ही तो नहीं. माँ भी तो हूँ ना।“ कह कर मैपल ने आँखें बंद कर लीं. झूले के हैडरेस्ट पर सिर टिका दिया.
” वो तो हमेशा रहोगी मैपल. मैं उन्हें अलगाने को थोड़े न....” आशुतोष ने उसकी बंद आँखों को देखते हुए कहा. मैपल ने आँखें खोलीं, उनमें पीड़ा थी.
“मेरा कोई भी क़दम मेरे बच्चों की ज़िंदगी पर ग्रहण बन जाये ऐसा कैसे होने दूँ बोलो !”
तभी चाँद पर एक छोटा काला बादल आ गया कुछ देर के लिये अंधेरा छा गया. मैपल को आशुतोष के चेहरे पर उभरते भाव तो नज़र नहीं आये पर उसके हाथों की पकड़ ढीली पड़ गयी थी. कुछ पल उनके बीच अटपटा - सा सन्नाटा पसरा रहा. सिर्फ आशुतोष के हाथ में बंधी घड़ी की टिकटिक सुनाई पड़ रही थी, ठीक मैपल के कानों पर टिकटिक कर रही थी मानो कह रही हो - यही बीतता वक्त है...और एक ही ज़िंदगी..।
वह सोचने लगी कि ये क्या कह दिया इस वक़्त? किसी और तरीके से भी तो कह सकती थी, यही बात। या फिर कभी कह देती. उसका दिमाग़ चक्कर खाने लगा. मैपल सोच रही थी - अच्छा हुआ ये अंधेरा मेरा सुरक्षाकवच बन गया था. उसके चेहरे पर आने वाले इन भावों का मैं सामना नहीं कर सकती हूँ. अभी एक पक पहले कितना ख़ुश और जोश में था ये.
मैपल के मुँह से अस्फुट सा ‘सॉरी’ निकल गया । लेकिन वह उसके कंधों को उसी स्नेह और ऊष्मा से दबाने लगा. उसे आश्वस्त करता - सा कि वह समझ रहा है - उसकी विवशता को.
कुछ मिनट बाद धीरे से उसकी आवाज़ उस अंधेरे को परत - दर - परत हटाती हुई गूंजी.
” तुम सही हओ मैपल. हम सैल्फिश कैसे हो सकते हैं? मैं तो इस माहौल में फिर लड़का बन गया था और भूल ही गया था कि तुम्हारी ज़िम्मेदारियाँ है और उनसे हम मुँह नहीं मोड़ सकते। इस इक्कीसवी सदी में भी पुरातनपंथी से लेकर मोस्ट माडर्न सोसायटी भी एक जवान बच्चों की सिंगल माँ से यही उम्मीद रखती है कि वह अपनी ज़िंदगी से पहले बच्चों की ज़िंदगी की सोचे. चाहे उसे अपनी निजी खुशियों और भावनाओं की बलि देनी पड़े, तभी वो आदर्श माँ है।“
मैपल रो पड़ी तो उसने उसके सिर को अपने सीने से सटा लिया। वह कहना चाहती थी कि -
“ आशुतोष, मेरे अंदर की माँ और मैपल का अंतरद्वन्द्व नया नहीं. ये ऐसा धर्मयुद्ध है जिसमें अब तक मैंने मैपल को हारते रहने दिया पर आज मुझे किसी की भी हार मंज़ूर नहीं है. एक के जीतने पर जीत दोनों स्थितियों में हारना तो मुझे ही था न।“ पर वह चुपचाप रोती रही. उसकी आँखों से बहते आंसू उसके बाथरोब में जज़्ब हो गए.
“ मैपल प्लीज़ संभालो खुद को.। मैं नहीं समझूँगा तो कौन समझेगा? समझता हूँ तुम्हारी मजबूरी, हम जुड़वाँ आत्माएं हैं, ऎसे ही बने रहेंगे. दूर रहकर भी. हाँ।“ वह उसके सिर को चूमता हुआ बोला. वह अपनी भावनाओं के अतिरेक को सहेज चुका था. उसके शांत स्वर ने मुझे मैपल को भी शांत कर दिया. फिर बात को बदलने की गरज से बोला - “वन मोर ड्रिंक फ़ार द लेडी?”
मैपल ने सर हिला दिया उसे उसकी सख़्त ज़रूरत थी। अब तक वो बादल भी दूर जा चुका था चाँद पूरी तरह उजला था. कहीं कोई चिन्ह नहीं था कुछ देर पहले छायी उस सांवली बदली का.
वह उसके हाथो मे गिलास थमाता हुआ बोला -
“तुम्हें याद है जब तुम वहाँ आयी थीं तब वहाँ एक छोटी लड़की थी जो तुम्हारा काम करती थी वह एक साल पहले भाग गयी अपने ब्वाय फ़्रेंड के साथ. होली के आसपास इनका एक डाँस फ़ैस्टिवल होता है जिसमें लड़के - लड़कियाँ अपनी मर्ज़ी से ‘इलोप’ हो सकते हैं ।बस वो भी ‘इलोप’ हो गयी. उसके घरवालों ने बहुत ढूँढा पर नहीं मिली. आख़िर एक महीने बाद अपने हीरो के साथ आ गयी. वो भी उतना ही छोटा सा, क्यूट-सा है । अब उनका बच्चा भी है ।“
मैपल जानती थी कि वह उसे बहलाने की कोशिश कर रहा है ।
“क्यों हो इतने अच्छे तुम ? कब तक अपनी ख़ुशियों की बलि देते रहोगे ? बढ़ कर क्यों नहीं छीन लेते अपनी खुशियाँ? “मैपल मन में सोच रही थी और उसे भरी आँखों से देख रही थी.
वो ज़ोर ज़ोर से बोले जा रहा था. कुछ भी...कोई भी किस्सा छेड़ रहा था. शायद मन मे किसी ख़्याल के उठने से पहले ही दबा देना चाहता था. उसका ब्रांडी का गिलास वैसा का वैसा रखा था. मैपल ने एक झटके मे अपना ग्लास ख़ाली किया. अचानक उपजे एक विचार ने उसके सारे असमंजस को ख़त्म कर दिया. जैसे कोई उलझी गुत्थी कई बार एक खिंचाव भरे झटके से सुलझ जाती है । मैपल के चेहरे पर एक ऎसी मुस्कान खिल गई जैसे कोई राजहंसिनी पर तौले और उड़ जाए. मैपल ने अपनी लंबी बाँहे खोल कर उसे उसके चौड़े कंधों से जकड़ लिया और अपने होंठ बढ़ा दिए. वो कुछ भी नहीं समझ पाया कि इसे एकाएक ये क्या हो गया है!
“ माय डार्लिंग, नाओ आई कांट लिव विदाउट यू. कुछ भी हो हम साथ रहेंगे हमेशा.” वह एक जुनून में बोली.
“बी प्रेक्टिकल डोंट टेक डिसीज़न इन हेस्ट! मैपल..”
“मैं सोच समझ कर बोल रही हूँ आशुतोष. कोई धुंध यहाँ भी छंटी है. अगले साल मार्च में बेटी की शादी कर रही हूँ. “
“ उससे पूछा...”
”उसी को जल्दी है आशु तो मैं ही क्यों टालूँ? पहले लगता था शादी थोड़ा टल जाए क्योंकि मुझे अकेला होने से डर लगता था. सुनो शादी में तुम्हें आना है, बहुत पहले से मेरी हैल्प के लिए।
“ ..........”
“क्या सोच रहे हो मेरे फ़्रेंड बन कर नहीं आ सकते क्या? उसके बाद मैं किसी की परवाह नहीं करने वाली. मैं नौकरी छोड़ कर तुम्हें ज्वाइन कर लूँगी, तुम्हारी अस्सिटेंट बन कर. क्यों बना लोगों ना?”
” अपनी फायनेंशियल फ्रीडम छोड़ दोगी?”
” जीने की फ्रीडम से बड़ी है क्या फायनेंशियल फ्रीडम. तुम मेरा बोझ तो उठा सकोगे न?”
“ आजमा लूँ पहले.” हंस कर आशुतोष ने उसे उठ कर, झूले पर से गोद मैं उठा लिया.