Friday, 10 March 2017

तब क्या होता...?

 यह कहानी तो है, मगर इस कहानी की एक खासियत है। यह खासियत इसकी भाषा-शैली या विषय-वस्तु से नहीं जुड़ी है, बल्कि इसकी खासियत यह है कि यह एक सच्ची कहानी है। यह कहानी उतनी ही सच्ची है, जितनी कि धरती, आसमान, चांद, तारे, नदी, पेड़ और समुद्र।
तो हुआ यूं कि एक लड़की या कहो कि स्त्री है, जिसका नाम कुछ भी हो सकता है - आशा, निर्मला, उमा, तारा, आराधना, अर्चना कुछ भी। हम उसका नाम आशा रख लेते हैं, इस नाम में आशा जो है और आशा थी भी ऐसी ही। आशा और विश्वास से भरी हुई। एक बार ठान लिया तो फिर चाहे जो हो, करके ही रहेगी। इसलिए कोई-कोई उसे थोड़ी-सी सिरफिरी भी कह देता था। मगर आशा को इस सबसे कोई मतलब नहीं था। वह तो जो जी में आता, करके ही मानती।
हां, तो आशा को भोपाल से लखनऊ जाना था वो भी अचानक। झटपट सूटकेस जमाया और पहुंच गई रेलवे स्टेशन। कार्यक्रम अचानक बना था, सो रिजर्वेशन था नहीं। आशा ने रेलवे स्टेशन पर पता किया, मगर रिजर्वेशन की कोई उम्मीद नहीं थी।
अचानक आशा के मन-मस्तिष्क में कौंधी आशा की एक किरण, यानी कुली नं. चालीस। आप सोचेंगे आखिर कुली नं. चालीस का रिजर्वेशन से क्या वास्ता? मगर आशा को पूरा विश्वास था कि कुली नं. चालीस उसकी कोई न कोई व्यवस्था जरूर कर देगा। पिछले दिनों ऐसे ही, उसकी गोआ जाने की व्यवस्था कुली नं. चालीस ने ही की थी। सो आशा की आंखें जुट गईं कुली नं. चालीस की तलाश में। आशा की आशा भरी आंखें दूर तक जातीं और निराशा से भरी वापस लौट आतीं। ढेरों लाल कमीज वाले स्टेशन पर इधर-उधर बिखरे थे, मगर उस कुली को वो कैसे तलाशती। सिर्फ एक बार देखी थी उसकी सूरत। यही तो एक धुंधला-सा सूत्र था आशा के पास, उस तक पहुंचने का। मगर उस कुली के पास तो कोई भी सूत्र नहीं था, बल्कि उसे तो मालूम ही नहीं था कि आशा उसे तलाश रही है।
तभी अचानक आशा की निराश आंखों में रोशनी की चमक आई। उसे कुली नं. चालीस दिखा। हां, वही था। क्लाक रूम के पास खड़ा बीड़ी पी रहा था। आशा ने उसे जोर से आवाज दी। मगर वह बीड़ी पीने में मगन था। आशा किसी तरह उस तक पहुंच गई। कुली भी उसे पहचान गया। उसकी आंखों में कोई सवाल उभरे, उसके पहले ही आशा ने कहा -"मुझे पुष्पक से लखनऊ जाना है। वेटिंग रूम तक पहुंचा दो और रात को ट्रेन आने पर बिठा देना।"
"आपके पास रिजर्वेशन है?" - सामान उठाते हुए कुली ने पूछा।
"नहीं, रिजर्वेशन नहीं करवा पाई। अचानक जाना पड़ा।" -जनवरी की कड़कड़ाती सर्दी से बचने के लिए आशा ने कसकर शाल लपेटते हुए कहा।
"तब तो बड़ी मुश्किल होगी।" - कुली सामान उठाकर तेज कदमों से चल दिया था।
"क्या मुश्किल?" आशा हैरान। उसे तो पूरा भरोसा था, जगह मिलने का। कुली के तेज कदमों से कदम मिलाने की कोशिश में लगभग हल्की दौड़ लगाती आशा ने पूछा।
"बिल्कुल फुल गाड़ी आ रही है, मुंबई से! पैर रखने की भी जगह नहीं है।" -कुली ने बताया।
"कुछ तो करना ही होगा। मुझे जरूरी जाना है।" -आशा ने बहुत जोर देकर कहा।
"मैं देखता हूं, टी.सी. से बात करके।"
"आंखें मुंबई के दंगों के बाद बहुत से लोग मुंबई छोड़-छोड़कर आ रहे हैं। ट्रेन में पैर रखने की भी जगह नहीं मिलेगी। दो डिब्बों को जोड़ने वाली जगह तक पर, लोगों के खड़े होने की जगह नहीं है। आप तीन बजे दूसरी ट्रेन से चली जाना" - कुली ने समझाया।
मगर आशा कहां समझने वाली थी। वह तो थी एक नम्बर की जिद्दी। आखिर लोग उसे यूं ही तो सिरफिरी नहीं कहते थे। उसने सोच लिया, तो सोच लिया -"कुछ भी हो, मैं तो पुष्पक से ही जाऊंगी।" आशा ने जिद भरे स्वर में कहा तो कुली बोला -"देख लेते हैं, इसमें कोशिश करके।"
वेटिंग रूम में आशा को बिठाकर कुली चला गया। ट्रेन आने के काफी पहले वह उसे लेने आ गया। आशा को आश्चर्य हुआ। मगर वह उसके पीछे चली। सीढि़यां पार करके वे लोग उस प्लेटफार्म पर आ गए जहां "पुष्पक" आने वाली थी। आशा को बैंच पर बिठाकर वह अपने साथी कुली से बातें करता, बीड़ी पीने लगा। दूर-दूर तक सन्नाटा था। स्टेषन का माहौल भी विचित्र होता है। ट्रेन आती है तो लगता है - सारी दुनिया स्टेशन पर सिमट आई है। शोरगुल, भीड़-भाड़ और जैसे ही ट्रेन गई कि सन्नाटा। स्टेशन पर अंधेरे में टिमटिमाती ट्यूबलाइटों के सिवा कुछ भी नहीं दिख रहा था।
अब आशा को थोड़ा डर लगा। मां की हिदायतें याद आई और आईं मन में ढेरों शंकाएं। कहीं ये दोनों कोई षड्यंत्र तो.?
कुविचारों को परे ढकेलकर आशा ने कुली से पूछा "यहां क्यों बिठा दिया है मुझे?"
"फर्स्ट क्लास यहीं आएगा।" आशा कुछ-कुछ आश्वस्त हुई या यों कहो कि अपने आपको आश्वासन देने लगी। भय कुछ कम जरूर हुआ, मगर गायब नहीं हुआ। धीरे-धीरे इक्का-दुक्का यात्री दिखने लगे। प्लेटफार्म पर भीड़ बढ़ने के साथ आशा का भय दूर होता गया और अब अपनी शंकाओं पर वह खुद ही हंसने लगी। कुछ ही देर बाद धड़धड़ाती हुई ट्रेन आ गई।
रिजर्वेशन तो था नहीं, आशा को फर्स्ट क्लास के पेसेज में बैठना पड़ा। आगे भी रिजर्वेशन मिलने की गुंजाइश कम ही थी। मगर आशा को तो हर हालत में जाना था..बस। ट्रेन चल दी। पेसेज में बैठी आशा ने इधर-उधर नजर दौड़ाई। गलियारों में एक विदेशी जोड़ा बैठा था। दरवाजे के एक ओर जगह कुछ ज्यादा थी। वहां एक दंपति गहरी नींद में सोया था। आशा के आगे-आगे ही करीब पैंतीस वर्ष का एक युवक भी चढ़ा था। आशा ने देखा, वह उस दंपति के पास ही अपनी दरी निकालकर बिछा चुका था और सोने की तैयारी में था। आशा को अपने लिए जगह खोजते देख, युवक बोला -"आप इधर आ जाइए।" सकुचाती-झिझकती आशा अपनी मां की हिदायतें समेत, अटेंडेंट की सीट पर बैठ गई।
दूसरे दरवाजे की ओर की खाली जगह में भी कुछ लोग थे। खैर, होंगे। मुझे क्या। सोचते हुए आशा ने विचारों को झटका दिया। कड़ाके की सर्दी थी। सारे खिड़की दरवाजे बंद होने पर भी आशा को ठंड लग रही थी।
आशा को मां की याद आई। वे कह रही थीं - "बड़ी सर्दी होगी वहां। ठीक से ऊनी कपड़े रख ले। कंबल भी रख लेना।" मगर आशा! उसने तो मां की बात एक कान से सुनी और दूसरे कान से निकाल दी। असल में वो उसी दिन सुबह गोआ से आई थी और गोआ में इतनी गर्मी थी, कि दिन में तीन बार नहाना पड़ता था। इसी कारण आशा ने मां की बातों पर ध्यान नहीं दिया। उसे विश्वास ही नहीं था कि उधर इतनी सर्दी होगी। फिर भी मां के बार-बार कहने से, उसने एक शाल रख ली थी और अब अपनी इकलौती शाल से, सर्दी से लड़ने का भरसक प्रयत्न कर रही थी। मगर अपने आपको असफल ही पा रही थी।
युवक लेट चुका था। उसने आशा से कहा -"आप चाहें तो सो सकती हैं। मैं उठ जाऊंगा।"
"नहीं-नहीं" - आशा ने संकोच से कहा। आशा जानती थी, युवक ने केवल शिष्टता के नाते प्रस्ताव रखा था। आशा का वहां सोना संभव नहीं था, क्योंकि उस युवक के पास ही तो वह दंपत्ति सोया था। फिर भी उस युवक की शिष्टता आशा को अच्छी लगी और मन ही मन मैत्री भाव ने जन्म लिया।
युवक ने कहा- "मैं तो झांसी में उतर जाऊंगा। आप..?"
"मुझे लखनऊ जाना है।" आशा बोली।
फिर बातों का जो सिलसिला शुरू हुआ, तो देर तक चलता रहा। एक-दूसरे के काम की, वापस लौटने की, वगैरह-वगैरह। बातें जब एक बार शुरू होकर जम जाएं, तो कहां से कहां पहुंच जाती हैं, खुद बात करने वालों को भी पता नहीं होता। खैर, इन दोनों की बातें आकर अटक गई दंगों पर। उन दिनों आशा गोआ में ही थी। उसे अखबारों के जरिए ही जानकारी मिली थी। आंखों देखा हाल उसने सुना उस युवक के मुंह से। आशा के रोंगटे खड़े हो गए।
बातें करते-करते आशा ने देखा, विदेशी जोड़ा अपने सूटकेस पर बैठा सो रहा था। उनकी गर्दनें जरूर बीच-बीच में झटके खाकर नींद में खलल डाल रही थी। तभी आशा की नजर पड़ी डिब्बे के दूसरे कोने पर खड़े एक चालीस-पैंतालीस वर्षीय पुरुष पर, जो आशा को ही देख रहा था। आशा ने महसूस किया वह उसे देखे जा रहा है। बातें करते-करते बीच में उसने कई बार नोटिस भी लिया। उसकी आँखों के भाव देखकर, आशा भयभीत तो हुई, मगर उस विदेशी दंपति और उस युवक की उपस्थिति उसके भय को दूर ठेले दे रही थी।
रात काफी गहरी हो गई थी। युवक को नींद आ रही थी। उसने फिर आशा से कहा-"आप चाहें तो उधर की तरफ सो जाएं।" कहते हुए उसने अपना सूटकेस रखकर, बीच में आड़ और दूरी बना दीं। फिर अपने बैग से एक कंबल निकाला और आशा की ओर बढ़ाते हुए कहा-"ये कंबल ले लीजिए। आधा बिछाकर, आधा ओढ़ सकती हैं।"
आशा को नींद तो आ रही थी, मगर कुछ संकोच था और संकोच से ज्यादा था डर। उस दूर खड़े आदमी का डर। कहीं सोने के बाद वह पास न आ जाए। आशा इस कल्पना से ही सिहर गई। मगर भय को छुपाते हुए बोली - "नहीं-नहीं, मुझे ट्रेन में नींद नहीं आती, आप सोइए।"
युवक को सचमुच ही नींद आ रही थी। आशा ने देखा, जरा ही देर में वह गहरी नींद की गोद में था। सब सो रहे थे। जाग रही थी तो केवल आशा। जाने कौन-कौन से स्टेशन आते रहे, जाते रहे। आशा को कुछ पता ही नहीं चला, क्योंकि ठंड के कारण सारे खिड़की-दरवाजे बंद थे। आशा को कुछ पता चल रहा था, तो बस ट्रेन का रूकना और फिर चलना। आशा ने घड़ी देखी डेढ़ बजा था। उसने देखा, दोनों विदेशी वैसे ही सूटकेस पर बैठे-बैठे झपकी ले रहे थे। आशा को नींद भी आ रही थी। मगर उसे पता था, सारी रात ऐसे ही काटनी है। फिर भी बैठे-बैठे आशा को एक झपकी लग ही गई।
आंख खुली तो पाया, ट्रेन रुकी हुई थी। कोई उतरा भी था। दो बर्थ खाली हुई थीं, जो उस विदेशी जोड़े को मिली। अब आशा बिलकुल अकेली हो गई। वह युवक और वह दंपति भी गहरी नींद में थे। विदेशी दंपति के केबिन में चले जाने से आशा खुद को बहुत असुरक्षित पा रही थी। तभी उसे महसूस हुआ एक जोड़ी आंखें उस पर टिकी हैं। उसने निगाहें उठाईं। दूर खड़ा वही आदमी उसे निरंतर घूरे जा रहा था। अब आशा का भय दूर होने का कोई रास्ता न था। उस आदमी की हिम्मत बढ़ती हुई महसूस हो रही थी और आशा को अपनी हिम्मत टूटती-सी नजर आ रही थी।
हालांकि आशा उस ओर ध्यान न देने की कोशिश कर रही थी, मगर अब वह खड़ा हो गया था और आशा को बार-बार देख रहा था। फिर बराबर देखता ही गया। आशा ने अपनी नजरें तो दूसरी ओर कर ली थीं, मगर उसकी आंखें आशा को अपनी शाल से ढकी देह के भी भीतर तक गड़ती हुई महसूस हो रही थीं। धीरे-धीरे वह आदमी आगे बढ़ने लगा और आशा के करीब आने लगा।
आशा के बिलकुल करीब से होकर, सोए हुए युवक का सूटकेस लांघकर वह बाथरूम में चला गया। आशा ने सोचा, बाथरूम तो उस ओर भी था, जिधर से वह आया था। मगर नीयत साफ हो तब ना! आशा मन ही मन ईश्वर से प्रार्थना करने लगी। तभी दरवाजा खड़का, आशा की ओर देखते हुए वह उसके बिलकुल करीब आ गया। इतने करीब कि किसी भी पल आगे बढ़कर आशा को! आशा कांप उठी।
उसने झट सोए युवक को हिलाया - "भ...य्या..।" आशा के मुंह से बस इतना ही निकल पाया। वह युवक उठ बैठा।
"क्या हुआ?" उसने आंखें मलते हुए पूछा। आशा कुछ बोल न सकी। उसने उस आदमी की तरफ इशारा भर किया कि युवक सारा माजरा समझ गया। बोला -"जरा भी गड़बड़ की, तो ट्रेन से धकेल दूंगा।"
तब तक युवक के पास सोया जोड़ा भी चमककर उठ गया था। उस आदमी ने परिस्थिति की नजाकत पहचानी और चुपचाप चला गया। उस युवक की नींद उचट गई थी। झांसी भी आने को था। आशा अब भी थोड़ी भयभीत थी। उसका भय दूर करने को, युवक फिर उससे बात करने लगा।
आशा ने पूछा -"हमने इतनी बातें कीं, मगर आपने अभी तक अपना नाम नहीं बताया।"
युवक मुस्काया, उसने जेब में हाथ डाला और अपना विजिटिंग कार्ड निकालकर आशा की ओर बढ़ा दिया। आशा ने पढ़ा- "असलम खान"।
ट्रेन रूकी। झांसी ही आया था। युवक ने अपना सूटकेस और बैग उठाया और उतर गया। सच्ची कहानी तो खत्म हुई। मगर....यदि कभी मान लो, वह आदमी जो आशा पर बुरी नजर डाले था, डरकर नहीं चला जाता और मारपीट की नौबत आ जाती तो..? तब या तो असलम सचमुच ही उसे उठाकर ट्रेन से बाहर फेंक देता या फिर..वह आदमी चाकू या ऐसा ही कुछ निकालकर असलम को..।
तब क्या होता...?
होता क्या..?
शायद घटना को कुछ इस तरह से राजनीतिक रंग दिया जाता कि एक संप्रदाय विशेष के युवक ने एक संप्रदाय विशेष के आदमी को ट्रेन से उठाकर फेंक दिया या हत्या कर दी।
तब क्या होता...?
होता क्या...? दो संप्रदायों में तनाव फैल जाता और छोटे या बड़े दंगे का रूप अख्तियार कर लेता और जाने कितना, क्या कुछ फिर तहस-नहस हो जाता।