Thursday, 9 March 2017

दंश

 हतप्रभ-सी रह गई सुनयना! उसके चरित्र पर अपने ही बेटे द्वारा यह आक्षेप ! जिसे नौ महीने तक अपने गर्भ में पाला, जो जीवनभर उसकी आशा की ज्योति बना रहा........ उसके रक्त-मांस क्या दंश दिया – काटने का निशान तक नहीं और शरीर नील खा गया! पाँव लड़खड़ाने लगे ..... आँखों के सामने अँधेरा छाने लगा .... उफ़ .... इससे बड़ा सर्वनाश और क्या हो सकता था उसका! सीने में धधकती आग पर किस तरह तो काबू पाया सुनयना ने, अपने कमरे में जाते ही बिस्तर पर ढ़ेर हो गई। कितना गर्व था उसे अपने बेटे ईशान पर! आज वह सुशिक्षित है, प्रतिष्ठित है, सफलता के सर्वोच्च शिखर पर विराजमान है। अब सुनयना इतमीनान से अपनी अंतरव्यथा बेटे के साथ साझा कर सकती है, पर यह क्या हुआ? सुनयना, ईशान को बताना चाहती थी की बेटे के उज्ज्वल भविष्य के लिए वह किस तरह हर विषम परिस्थितियों से जीवनभर जुझती रही, कैसी विडम्बनापूर्ण जिंदगी बिताई, कितनी अवहेलना, कितनी प्रताड़ना सही! समाज के ठेकेदारों ने कितनी बार उसे तिरस्कृत किया! हमेशा जनचर्चा का विषय बनी, पर विचलित नहीं हुई। जीवन की उद्दाम लालसा का केन्द्रबिंदु ईशान ही तो था, जिसकी खातिर जीवन में अधूरेपन का अहसास लिए हुए भी आज उम्र की इस ढलान पर आकर ठहरी है वह! कहाँ कमी रह गई अपने बेटे की परवरिश में? कहां मात खाई उसने? क्या ईशान ने एक बार भी सोचा होगा की चारित्र्यशील व्यक्ति किसे कहते है? सुनयना इतनी पढ़ी-लिखी नहीं है, पर उसे पता है कि जिस व्यक्ति का आचार, विचार, वाणी और व्यवहार पवित्र हो उसे चरित्रवान व्यक्ति कहते है। आक्रंद कर उठा सुनयना का अंतरतम–‘हे सृष्टि के सर्जनहार! तुम्हारा बनाया हुआ यह विश्व कितना सुंदर है और मानव द्वारा बनाई गई यह समाज व्यवस्था कितनी घिनौनी है! जीवन के हर उतार-चढ़ाव का मैंने अपनी समस्त ताकत से मुकाबला किया, क्या मिला मुझे? क्या मेरी हृदयविदारक त्रासदी का कभी अंदाजा भी लगा पाएगा ईशान?’ सुनयना सोच रही थी- उसका अतित विषाक्त था, वर्तमान अंधकारमय था, पर वह ईशान के भविष्य को उज्ज्वल देखना चाहती थी तभी तो समाज और परिवार की सुदृढ़ प्राचीरों को उसने कभी नहीं तोड़ा। उसके अचेतन मन का डर आज सही निकला! स्मृतियों के झरोखे से जब उसने झाँका, पता चला काल के प्रवाह में कितने पल बह गए थे यूँ ही!
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले का वह गाँव आलताला, जिसमें प्रकृति की उदारता कूट-कूटकर भरी थी। नारियल के पत्तों से बने छोटे-छोटे कच्चे मकान, चारों और नारियल और सुपारी के वृक्षों के झुंड और गाँव के करीब से बहती हुगली नदी की कल-कल आवाज़! इसी गाँव की गरीब माँ-बाप की बेटी सुनयना, नाबालिग़, हिरनी-सी चंचल, अदभुत सौंदर्य की स्वामिनी। बेहद निखार था उसके चेहरे पर। चाल में एक गज़ब की कशिश थी जैसे किसी गिरिशिखर से उछलता-कूदता एक झरना वादियों से गुजर कर एक नदी का रूप धारण करने के लिए बेताब हो। निराला अंदाज था उसका जीने का! उसके लिए हर सुबह एक नई सुबह थी जो खुशहाली लेकर आती। वह हमेशा गाँव की टेढ़ी-मेढ़ी पगडंडियों पर रंग-बिरंगी तितलियों की तरह फुदकती रहती। नदी के घाट पर जाकर, पानी में पाँव डुबोकर बैठे-बैठे इमली का अचार खाना उसका सबसे शौक़ था। नदी तो जैसे सुनयना की अंतरंग सहेली थी। कभी-कभी सब सहेलियाँ मिलकर स्नान के लिए नदी में उतरती और पानी के बहाव के साथ तैरते हुए दूर तक निकल जाती। बाकी सहेलियों के चिल्लाने पर सुनयना कहती, ‘तुम सब तो डरपोक हो.... मुझे तो खतरों से खेलना अच्छा लगता है ..... मैं नहीं डरती।’ सब सहेलियाँ मिलकर घंटों तक पानी में अठखेलियाँ करती रहती।
एक दिन इसी तरह भीगे हुए कपडों में लिपटी सुनयना घाट की सीढ़ियाँ चढ़ रही थी, अचानक उसने देखा गाँव के मुखिया का नौजवान बेटा सुधांशु घाट के उपरी हिस्से में बैठा उसे एक टक निहार रहा है। वह उसकी नज़र का सामना नहीं कर पाई, लड़खड़ाते क़दमों से सीढ़ियाँ पार करती हुई, दौड़ती हुई अपने घर तक पहुँच गई। घर के पिछवाड़े बने बाथरूम में, जो चटाई के छोटे मोटे परदों से बना था, चली गई। ज़ोरों से धड़क रहा था सुनयना का दिल! सोलह साल की उम्र में यह पहला विजातीय आकर्षण था जो उसने सुधांशु के प्रति महसूस किया था। अकसर सुधांशु घाट पर आता, सुनयना भी खिंची चली आती । वह चुप ही रहती, पर अब उसे अपने दिल की धड़कनस्पष्ट सुनाई देती! फिर एक दिन सुनसान दोपहरी में जब सुनयना घाट पर बैठ कर कुछ सोच रही थी उसे लगा एक छाया आकर रुकी है, मुड़कर देखा तो सुधांशु था। नज़र मिलते ही वह सुनयना से सटकर बैठ गया। सुनयना ने चाहा उठकर भाग जाए पर, पाँव जैसे जमीन में गड़ गए थे। सुधांशु कहने लगा, ‘सुनयना, आज मैं तुमसे एक बात पूछना चाहता हूँ।’
‘..................’
‘मुझसे विवाह करोगी।’
‘.................’
‘मैं तुम्हें अपना जीवनसाथी बनाना चाहता हूँ सुनयना। कल मैं शहर जा रहा हूँ, कल से कॉलेज शुरु हो रही है। सिर्फ दो साल बाकी है मेरी पढ़ाई खत्म होने में। वापस आकर में अपने माता-पिता को इस विवाह के लिए राज़ी कर लूँगा। हम शहर में ही रहेंगे। मुझे आज ही बता दो, तुम्हारी हाँ सुनकर मैं आश्वस्त हो जाऊँगा।’ सुधांशु ने बड़ी शालीनता से अपनी बात खत्म की। कैसे तो सुनयना ने दोनों हाथों से अपना चेहरा ढांक लिया, हाँ में
सर हिला दिया और वहाँ से भाग खड़ी हुई। यौवन की पहली वसंत की पहली प्रीत! सुनयना का मुग्ध मन सतरंगी सपने देखने लगा। हवा का मंद-मंद शोर, नदी की कल-कल आवाज़ सब एक सुमधुर संगीत में बदल गया। पहली बार दुनिया इतनी खूबसूरत लगी! हर वक्त उछल-कूद करती मुग्धा आज नवयौवना बन गई।
किन्तु हर किसी के जीवन में सब कुछ तो इच्छित ढंग से नहीं होता न!<br>
एक दिन किवाड़ की ओट से सुनयना ने सुना कि माँ और पिताजी पास ही के गाँव सुभाषपल्ली के एक परिवार में उसका विवाह तय कर आए हैं। अगले महिने की सत्रह तारीख को विवाह है। एक पल में सुनयना के सपनों की इमारत ढ़ह गई। निहायत गरीब माँ-बाप की बेटी सुनयना, कब तक उसका बोझ उठाए करते? फिर दहेज भी तो नहीं माँगा था उन्हों ने। आक्रंद कर उठा सुनयना का मन! हृदय में एक टीस-सी उठी, जैसे समन्दर में बहती तेज पानी की लहरें किनारों से सर पटकती रहती है। उज्ज्वल मुसकुराहट गायब हो गई। माता पिता के आज्ञा की अवहेलना करना सुनयना के बस की बात नहीं थी। वह विद्रोह नहीं कर पाई। एक बार फिर मूक प्रेम समाज की वेदी पर बलि चढ़ गया। विवाह हो गया। घर-परिवार ठीक-ठाक था। सुनयना ने अपने आपसे समझौता किया। कम से कम दारुण गरीबी से तो मुक्ति मिलेगी उसे। दिन बीतते चले... एक बेटे की माँ बन गई। आज भी याद है उसे वह दिन जब उसने अपने बेटे को जन्म दिया। बेटे का चेहरा देखते ही जीवन के सारे ग़ीले-शीकवे दूर हो गए।अब ईशान ही उसके जीवन का केन्द्रबिंदु बन गया, पर सुनयना को कहाँ पता था आगे और क्या घटने वाला है? अचानक एक ऐसी हृदयविदारक घटना हुई, सुनयना दिशाशून्य बन गई। उसका पति शंभुनाथ अपने माता-पिता को लेकर जगन्नाथपुरी की यात्रा पर गया हुआ था। बेटा छोटा होने के नाते सुनयना घर पर ही थी। वापसी में उनकी बस को भयानक अकस्मात हुआ। शम्भुनाथ बुरी तरह घायल हुआ, माता-पिता का स्थल पर ही देहांत हुआ। सुनयना को जब यह ख़बर मिली, वह आसमान की ओर ताकती ही रह गई। तेईस साल की कमसिन उम्र और इतनी डरावनी वास्तविकता! लाख कोशिश करने पर भी डॉक्टर शंभुनाथ के पैर ठीक नहीं कर पाए। शंभुनाथ सदा के लिए अपाहिज बन गया। सुनयना का भीतर जलता रहा। उसने किसीको अहसास नहीं होने दिया। वह ईशान के मासूम चेहरे को देखती और एक नई सुबह का सपना देखती। समय बीतता चला। सुनयना ने अपना खोया हुआ आत्मविश्वास पुनः प्राप्त किया। अपने पति को भी आश्वस्त किया जब तक वह है, वे कोई चिंता न करें। उसने हर प्रतिकूल परिस्थिति से जुझने का निर्णय लिया। दो साल बीत गए। शंभुनाथ अपाहिज था, व्यापार में ठीक से ध्यान नहीं दे पा रहा था। घाटा होने लगा। साथियों ने धोखा दिया, पूरा रोजगार चौपट हो गया। सुनयना ने पाया कि अब आर्थिक अभाव के रहते उसे वही संघर्ष करना पड़ेगा जो उसने अपने माता-पिता के घर देखा था। उसने हिम्मत नहीं हारी। एक दूर के रिश्तेदार से कहा कि एक कमरा खाली है, अगर कोई किराएदार मिल जाए तो उसे बताएँ।
एक दिन एक सुदर्शन युवक उसके द्वार पर खड़ा, उन्हीं का पता पूछ रहा था। उम्र होगी पचीस-छब्बीस साल। नाम था आकाश। दूर का रहनेवाला था। पास ही के शहर में एक कंपनी में बतौर इन्जिनियर नियुक्त हुआ था। नई-नई नौकरी थी। शहर में रहने की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। सोचा यहीं कहीं गाँव में रहने की व्यवस्था हो जाए तो खर्च भी कम होगा। सुनयना ने अपना परिचय दिया और उसे बैठककक्ष में बिठाया।<br>
आकाश देखता ही रह गया सुनयना को! उसकी उज्जवल हंसी देखकर विश्वास ही नहीं हो रहा था कि यह अदभुत सुंदर महिला इतना संघर्षपूर्ण जीवन बिता रही है। सुनयना ने जब अपने पति शंभुनाथ से परिचय करवाया तो आकाश को एक और झटका लगा। इतना साधारण-सा दिखनेवाला, अपाहिज, कृशकाय पुरुष इस सुंदरतम महिला का पति! मन ही मन उसने अपने आप को डाँटा कि किसी के निजी जीवन के बारे में उसे क्यों इतनी उत्कंठा हो रही है? खैर, बात-चीत तय हुई। रहने को एक कमरा मिलेगा। सुबह का चाय-नास्ता, दो वक्त का खाना, कुल मिलाकर पाँच हजार रुपए महीना तय हुआ। आकाश ने सहमति दी। कुछ ही दिनों में वह रहने आ गया। दिन बीतते चले। पता नहीं क्यों, आकाश को<br>
रह-रहकर सुनयना की निर्मल हँसी याद आ जाती। उसे ख़ुद भी अजीब लगता, ऐसा क्यों हो रहा है? वह सोचता, नियति ने सुनयना के साथ इतना बड़ा अन्याय क्यों किया? काश, वह उसके लिए कुछ कर पाता! सुनयना जब भी उसे ख़ाना परोसती वह न जाने क्या सोचता रहता। कुछ महिने बीत गए। उसने मन-ही-मन एक निश्चय किया। एक दिन शाम का खाना खाते वक़्त, मौका देखकर उसने धीरे से पुकारा, ‘सुनयना......’ विवाह के बाद, किसी पराए पुरुष ने पहली बार उसका नाम लेकर पुकारा था। वह हड़बड़ा गई।
‘जी .........’
‘मैं आपसे कुछ कहना चाहता हूँ। मुझे गलत मत समझिएगा। आप की दुर्दशा मुझसे देखी नहीं जाती। इतनी कम उम्र में इतनी यातना! आप चाहें तो अपना जीवन सुधार सकती हैं।’
‘माने .......?’
आकाश जैसे अपने होश खो बैठा था। वह कहता चला गया, ‘मैं आपको साथ दे सकता हूँ। आप अगर मेरे साथ चलने को राज़ी हों तो... मैं आपसे विवाह भी कर सकता हूँ। जिस दिन से आपको देखा है, पता नहीं क्यों ..... मुझे गलत मत समझना प्लीज़, मैं ख़ुद नहीं जानता मैं क्या कह रहा हूँ , पर अपने रोक भी नहीं पा रहा ......’साहस बटोरकर आकाश ने अपनी बात कह ही डाली। शांत सरोवर में जैसे किसीने कंकड़ फेककर अंतहीन वलय रचा दिए। चौंक गई सुनयना! पल ही में अपने आपको संयत करते हुए वह बोली, ‘आप खाना खाइए, मुझे देर हो रही है।’ आकाश चुपचाप खाना खाकर अपने कमरा में चला गया। सुनयना जल्दी से सब काम निबटाकर अपने कमरे में चली गई। मन अस्वस्थ हो गया। सुखमय जीवन बिताने की प्रबल इच्छाशक्ति जैसे प्रज्वलित हो उठी। जीवन के सर्वोत्तम सुख के प्रलोभन ने एक बार तो उसके आत्मविश्वास को डगमगा दिया। ‘हे प्रभु! तुम बार-बार मेरी इतनी कठोर परीक्षा क्यों ले रहे हो? नहीं...नहीं...मुझे किसी की सहानुभूति नहीं चाहिए, मैं बुझदिल नहीं...मैं स्वार्थी नहीं हूँ। अपने निजी सुख की खातिर मैं अपने परिवार के साथ इतना बड़ा छल नहीं कर सकती। मैं एक परिणीता हूँ, एक माँ हूँ ... मैं इस घर की चौखट पार नहीं कर सकती ....’ सुनयना ने ख़ुद को सम्हाला...इन सब बातों से बेख़बर सो रहे पति पर एक नज़र डाली और द्विधा के सारे बादल बिखर गए। मन स्वस्थ हुआ। जब उसने निद्राग्रस्त नन्हें ईशान को देखा तो जैसे सब्र का बाँध टूट गया। उसने बेटे को गोद में उठाया और पागलों की तरह उसे चूमने लगी। उफ़! वह क्या सोच रही थी? कैसे ईशान का मासूम चेहरा उसके दिल को एक अवर्णनीय आह्लाद से भर देता है! ‘बेटे की भोली मुस्कान के सामने तो दुनिया का हर सुख तुच्छ है! अन्जाने सुख की लालसा से तो अच्छा है मैं वर्तमान को मान कर चलूँ।’ यह सोचते ही उसका मन हल्का हो गया। सुबह सुनयना ने आकाश के लिए चाय बनाई। आकाश चूप-चाप सर झुकाकर चाय पी रहा था। तभी धीरे से सुनयना ने कहा ‘आकाशबाबू..’ उसकी आवाज़ में ग़जब का आत्मविश्वास झलक रहा था। ‘कल शाम आपने जो कुछ कहा, मैं रातभर सोचती रही। मैं आपकी भावनाओं की कद्र करती हूँ किन्तु हमारी सामाजिक परंपरा में कोई चाहे भी तो किसी की जीवन-दिशा इतनी आसानी से नहीं बदल सकता। यह बात सच है कि मैं बड़ा संघर्षपूर्ण जीवन बीता रही हूँ, पर भौतिक सुख ही तो सबकुछ नहीं है ना? समय ने मेरे पति के साथ छल किया है, उनका मेरे सिवा इस दुनिया में कोई नहीं है। मैं आशा करती हूँ कि आप मुझे समझ पाएँगे।’ ‘मुझे क्षमा कर दो सुनयना, तुम्हें सुखी देखने की चाह ने मुझे गुमराह कर दिया। मैं वादा करता हूँ, फिर कभी इस तरह पेश नहीं आऊँगा। तुम स्त्री नहीं एक देवी हो। आज तुमने मुझे मुक्त कर दिया।’ किवाड़ की ओट से सुन रहे शंभुनाथ की आँखे नम हो गई। इस विश्व की कोई ताकत उन्हें सुनयना से जुदा नहीं कर सकती। इस घटना के बाद आकाश सदा सुनयना और उसके परिवार का शुभचिंतक बना रहा। शहर में रहने की व्यवस्था होते ही वह चला गया। कभी-कभी आकर खोज-ख़बर लेता रहता। आकाश ने एक संस्था से सुनयना को ऋण पर एक सिलाई मशीन दिलवाने की व्यवस्था भी कर दी। सुनयना को उपार्जन का एक साधन मिला। आर्थिक संकट टल गया। ईशान पढ़ाई में तेज था। स्कूल की शिक्षा ख़त्म होते ही शहर में उच्च शिक्षा की सारी व्यवस्था भी आकाश ने करवा दी। अब शंभुनाथ भी आकाश के अच्छे दोस्त बन गए थे।
बीते हुए जीवन के और दो दिन नहीं भूल सकती सुनयना। एक, जिस दिन उसके पति शंभुनाथ की मृत्यु हुई और दूसरा, ईशान का बी.ई. (मिकेनीकल) के अंतिम वर्ष का परिणाम घोषित हुआ। अख़बार के पहले पृष्ठ पर ईशान की तस्वीर छपी थी। वह युनिवर्सिटी में प्रथम आया था। बरसों से रोके हुए आँसू समन्दर बनकर उफ़न पडे। सुनयना की साधना सफल हुई, आकाश का त्याग सार्थक हुआ। एक साल पहले जब हृदयरोग के हमले से शंभुनाथ की मौत हुई तब भी आकाश ही सुनयना का मानसिक संबल बना रहा। इस संवेदनहीन समाज में एक मानव की दूसरे मानव के प्रति सहृदयता, उदारता, सौजन्यता क्या अपराघ है? सुनयना अतीत के सागर में गोते लगाते-लगाते वर्तमान की धरातल पर आ गई। जीवन-पथ पर चलते-चलते कई बार सुख का प्याला उसके होठों तक आकर छिन गया तब भी तो उसने किसी से शिकायत नहीं की। उसे याद आया एक बार सुधांशु ने उसे कहा था, ‘तुम तो संगेमरमर से तराशी हुई वह प्रतिमा हो जिसे मैं अपने हृदय-मंदिर में स्थापित करना चाहता हूँ।’ काश! जीवन के ऐसे मधुर क्षण स्थिर हो पाते! वह नहीं जानती आज सुधांशु, उसका पहला प्रेम कहाँ है? जिस तरह आज बेटे ईशान ने उसके और आकाश के संबंध को लेकर सुनयना से कहा, अच्छा हुआ आकाश ने नहीं सुना और शंभुनाथ यह दिन देखने से पहले ही चल बसे! वे कभी भी सुनयना पर इतना बड़ा लांछन सह नहीं पाते। सोचते सोचते सुनयना की आँख लग गई ।
सुबह ईशान उठा। रोज की तरह रसोईघर से कोई आवाज़ नहीं आ रही थी। उठकर वह अंदर गया। जिस तरह कल वह माँ के सामने पेश आया, उसे बड़ा अफसोस हो रहा था। रसोईघर में कोई नहीं था। एक ही साँस में सारा घर घूम लिया, मन कहीं नहीं थी। माँ के कमरे में देखा तो टेबल पर उसे एक चिट्ठी मिली। ईशान ने चिट्ठी हाथ में ली पढने लगा, लिखा था,

ईशान बेटे,
कितने छलनामय है मानवीय संबंध! लहु के संबंध से भी बड़ा होता है विश्वास का संबंध। तुम्हारे एक ही शब्द ने आज मेरे अस्तित्व को छिन्न-भिन्न कर दिया। काश! तुम मेरे और आकाशबाबू के तर्कातीत संबंध को समझ पाते! तुम्हारे सुख की खातिर जिस घर की चौखट को मैंने कभी पार नहीं किया उसे आज पार कर रही हूँ, सदा के लिए। इस पृथ्वी पर हर संबंध, हर परिचय ऋणात्मक होता है बेटे। तुम्हारे रचाए खुशियों के महल में मुझे अगर नींव की ईंट का भी स्थान मिला तो मैं कृतार्थ हूँ।
तुम्हारी माँ
 सुनयना

चिट्ठी पढ़ते ही ईशान को जैसे अपने आप से घृणा होने लगी। उसे लगा इतना विद्वान होकर भी वह कितना छोटा है। उसने तो कभी आकाशबाबू को माँ के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करते नहीं देखा, न ही पिताजी को कभी उनके संबंध को लेकर विक्षिप्त देखा, फिर किसी की बात सुनकर वह क्यों भड़क उठा? उसका मन आगे कुछ सोच नहीं पा रहा था। वह पागलों की तरह बाहर की ओर दौड़ा। उसे याद आया माँ अकसर नदी के घाट पर जाकर बैठती है, अब भी माँ वहीँ गई होगी। दौड़ती हुए वह घाट पर पहुँचा, देखा अभी-अभी जिस नाव ने उस पार जाने के लिए घाट छोड़ा है, सुनयना उसी नाव में बैठी है। ईशान चिल्लाने लगा, ‘माँझी नाव रोको....’ ‘इस नाव में अब जगह नहीं है बाबू, अगली खेप में ले जाऊँगा।’ ईशान जैसे पागल हो उठा। ‘मांझी, नाव रोको, तुम नहीं जानते ...तुम कुछ भी नहीं जानते ..इस नाव में मेरा सर्वस्व जा रहा है वापस लाओ, नाव को वापस लाओ..अगर यह नाव वापस नहीं आई तो मेरा सब कुछ ख़त्म हो जाएगा माँझी...’ ईशान की चीख़-पुकार हुगली नदी के शोर में ही विलीन हो गई। वह घाट के पत्थर से सिर पीटकर रोने लगा। पत्थर भी जैसे उसे कह रहे थे, ‘कितने भाग्यहीन हो तुम! माँ के हृदय से अविरत बहती वात्सल्यधारा को महसूस ही न कर पाए! तुम्हें रोने का भी अधिकार नहीं है, चले जाओ, यहाँ से चले जाओ.