Friday, 10 March 2017

इंसानियत

क्या भाई तुम भी इतनी सी बात नहीं मान सकते मेरी, सारा पैसा तो दे चुका हूँ , अब थोडा सा ही तो बाकी है तुम ये पेपर हस्ताक्षर करके भेज देना, मैं पलक झपकते ही तम्हारे खाते में पैसा जमा करा दूंगा
डीलर: नही साहब सारा काम तो हो ही चुका है। हमने कब्जा दे दिया है और आपने ज़मीन पर खुदायी भी शुरू करा ही दी है। अब काहे का ड़र, डरना तो हम गरीबों का है, हम पेपर भेज दें और तुम पैसा ना डालो तो हम तो मारे गये ना।
मैने कहा - भाई ये बात तो मैं भी बोल सकता हँूं। मैं सारा पैसा दे दूं और तुम लोग पेपर ही ना भेजो ।
डीलर: विनीत जी हम तो कह ही रहे हैं आपसे कि कल चले जाना, आप ही आज की जिद्द पकड़े हो ......
मैने थोडा सोचते हुए जवाब दिया ...... नही! नही! जाना तो आज ही है, कल अगर नहीं पहुंचा तो बडा नुकसान हो जायेगा
डीलर: साहब आप हम पर भरोसा रखो, आपके पेपर आपके पास पहुंच जायेंगे।
मैं कुर्सी से उठा और उस होटल के छोटे से कमरे में ही टहल करने लगा, डीलर की पैनी नज़र मुझे इस कदर देख रही थी कि मुझमें सुराख ही कर देंगी ........ अच्छा देखो मैं तुम पर भरोसा करके जा तो रहा हूँं किन्तू आपको एक पत्र पर लिख कर देना होगा कि आपने सारा पैसा ले लिया है और आप लोग जल्द से जल्द पेपर भिजवा दोगे।
डीलर: जहाँ चाहे अंगुठा लगवा लो साहब, गरीब जरूर हैं पर बेईमान नहीं ....... कहते हुए उसकी आंखो मे चमक थी।
मैने मन ही मन कहा तेरे जैसा गरीब हर किसी को बनाये भगवान। ( गले में सोने की जंजीर, हाथ में सोने का कड़ा, शायद ही कोई उंगली मेरी निगाह से बची होगी जिसमे सोने की अंगूठी ना हो, कमीज से झांकती उसकी तोंद, उसके महंगे इत्र की महक से मेरा सारा कमरा महक रहा था, होटल के बाहर खडी हुई उसकी लम्बी सी कार, कम्पनी तो देखी नहीं मैंने लेकिन उसकी लम्बाई से ही अंदाज़ा हो रहा था कि कीमती गाडी है, ऐसे ही नहीं बोल दिया उस जैसा गरीब सबको बनाये भगवान)
आज उत्तर प्रदेश के एक छोटे से शहर में 200 गज ज़मीन ली है सोचा है बुढापे में सब भाग दौड छोड़ कर इस शांत वातावरण में लिखने का आनंद ही कुछ और होगा, बस इसी सिलसिले ने मुझे इस शहर का दीदार करा दिया, आज रात की ही ट्रेन पकड कर मुझे दिल्ली जाना है। काम तो खत्म हो गया अब पूरा दिन क्या करूं ? एक बहुत बडा प्रश्न मेरे सामने दैत्य नूमा मुँह फाडे खडा था। तभी दरवाज़े पर दस्तक हुई, दरवाज़ा खोला तो होटल का बैरा मेरे लिए काॅफी ले कर आया है ।
मैं घूम कर वापस कमरे में पडे हुए सोफे पर बैठ गया। बैरा काॅफी बना रहा है, मैंने उससे पूछा - क्यों भाई तुम्हारे शहर में देखने लायक कुछ है या नहीं ?
बैरा: सर, इस इलाके में आदमी ही आदमी को देखता है। हाँ एक मंदिर है आप वहाँ जा सकते हैं, आपको अच्छा लगेगा वहाँ जा कर ।
मेरे चेहरे पर एक अन चाही मुस्कान छिटक पड़ी, जैसे किसी कारोबारी को अनचाहा लाभ मिल गया हो। मैंने उससे पूछा - कितनी दूर है मंदिर ?
बैरा: साहब दूर तो है आपको आॅटो करना होगा कहो तो होटल की गाडी भिजवा दूं ?
नही! मैं आॅटो से ही जाउंगा, मैंने गरम काॅफी की चुस्की लेते हुए कहा ..........
बैरा चला गया और मैं उस काॅफी के मजे लेते हुए अपने ख्यालों में चला गया ........ बच्चों की शादी के बाद मेरी जिम्मेदारी खत्म ही हो जायेगी। यहाँ ना दिल्ली जैसा शोर है ना ही लूट खसोट। अब होटल का इतना बड़ा कमरा दिल्ली में कम से कम तीन हजार से कम नहीं मिलता और यहाँ सिर्फ पाँच सौ में ही मिल गया, लक्ष्मी को बडा आराम होगा यहाँ, हमेशा मंहगायी को रोती रहती है, यहाँ आ कर बुढापा बडे आराम से बीत जायेगा .......
काॅफी खत्म कर मैं उठा, अपने बक्से से कपडे निकाले और छोटा बैग ले कर होटल से बाहर आ गया, फरवरी की धूप भी चुभन दे रही थी माथे से ढुलकते पसीने की बूंद ने सहमती पर मोहर लगा दी। एक आॅटो पास आ कर रुका , भाई चलोगे क्या मंदिर तक, मैंने मुस्कुराते हुए पूछा।
चालक: कौन से मंदिर जाओगे बाबू जी ?
उसके इस सवाल ने मेरे माथे की बूंदो को बढा दिया। भाई जो भी अच्छा मंदिर हो ले चलो ..... कहते हुए आॅटो में बैठ गया
चालक ने रफ्तार पकडे हुए पूछा - लगता है साहब पहली बार आये हो यहाँ ?
नही, आया तो पहले भी दो बार हूँ लेकिन हमेशा जल्दी में रहा। आज समय था तो सोचा, तुम्हारा शहर भी देख लिया जाये। वो होटल वाला कह रहा था यहाँ एक बडा मंदिर है बस इसलिए ही तुम्हे पकडा, मैंने बाहर की तरफ झांकते हुए बोला।
चालक: साहब मंदिर भी कोई घूमने की जगह होती है भला, हम मंदिर जाते हैं आस्था से, प्रभू के दर्शन करने हेतू, घूमने को तो और भी बहुत सी जगह हैं ।
मैंने जो सुना उस से मेरी नज़र आॅटो चालक पर ही टिक गयी जो की मेरी ओर पीठ किए बैठा था, कितना बड़े सत्य से उसने सहज ही मुझको अवगत करा दिया था, मैंने शायद ही कोई मशहूर मंदिर छोडा हो लेकिन दर्शन भाव से नहीं सिर्फ जिज्ञासा भाव से। दर्शन का तो मेरे मन में एक मात्र कतरा तक नहीं था मैं तो सिर्फ समय व्यतीत करने जा रहा था। मैंने अचानक आॅटो को रुकने का निर्देश दिया।
क्या हुआ साहब ? उसने पीछे की तरफ घूम कर पूछा
मैंने एक नज़र उसके चहरे को देखा, चहरे पर झुरीयां फैली हुई थी, उम्र रही होगी अधिक से अधिक 40 बरस, कमीज पर दो जगह पेमंद लगे हुए, आगे के बाल उडे हुए, इतनी सी उम्र मे इतना ज्ञान .......... कुछ नही, तुम कह रहे थे ना कि और भी बहुत जगह हैं देखने को, तुम मुझे वहीं ले चलो।
चालक: साहब अब सब जगह अलग-अलग दिशा में हैं सब जगह दिखाने में दो घंटे लगेंगे.........
मैंने अपनी घडी में समय देखा, मेरे पास समय की कमी नहीं तुम बस पूरा दिन मेरे ही साथ हो समझो।
चालक: साहब 200 रूपये लगेंगे पूरे दिन के ......
हाँ-हाँ ठीक है तुम दो सौ ही लेना पर कुछ छूटना नही चाहिए। मेरी नज़र में इस समय वो सर्व ज्ञानी था अगर दो हजार भी मांगता तो मैं मना नहीं करता .......
   छोटे से शहर की तंग गलीयाँ, घरो के बाहर बंधी भेंस, बच्चों के खेल, उडती मिट्टी की मोहक महक, दूर तक फैले खेत- खलीयान और उस में लहराहाती फसल, यह सब नज़ारे बेशक कोई नये ना हों मेरे लिए। लेकिन इस दोपहरी में बड़े ही मोहक लग रहे हैं ......... आॅटो रुक गया। क्या हुआ मैंने बड़ी ही उत्सुकता से चारो तरफ नज़र दौडाते हुए पूछा ....
चालक ने इशारा करते हुए कहा - साहब ये जो तलाब देख रहे हैं ना ये सदीयों पुराना है, कहते हैं राम चंद्र जी वनवास के समय कुछ समय यहाँ भी रहे थे और इसी तलाब में स्नान किया करते थे।
मैं आॅटो से उतर गया, तलाब के समीप गया देखा, दो भेंस उसमे गोते लगा रही थी, उस तलाब को देख कर ही लगता है कि बरसात में आस-पास के गाँव का पानी यहीं आ कर जमा होता है, फिर भी एक ज्ञानी आदमी ने मुझको कहा था कि राम जी के जमाने का है तो भरोसा करना ही बनता है, लेकिन कभी-कभी दिल और दिमाग की लडायी में विजय दिमाग की ही होती है, तलाब से मछली पकड रहे एक आदमी से पूछा - भाई ये तलाब कब से है यहाँ पर ?
साहब 20 बरस पहले कुछ नेता लोग आये थे गाँव में, उस समय बारिश का पानी सारे गाँव मे कीचड किये हुए था तब ही नेता जी ने ये तलाब बनवा दिया, अब हम गरीबो की रोजी-रोटी का ज़रीया बना हुआ है, उसने अपने कांटे को बाहर खींचते हुए बोला, शायद कोई मछली फंस गयी थी उसके कांटे में, जैसे मैं फंस चुका था चालक की बातो में ........
कैसा लगा साहब तलाब ? यहाँ दूर-दूर से लोग आते हैं माथे पे पानी लगाने ....... आपने लगाया या नहीं ?
मैंने चालक की तरफ देखा और आॅटो में बैठ गया, अब तक समझ आ गया था कि दो सौ की चपत लग चुकी है, कहीं और ले कर चलो, मैंने रूठी हुई आवाज से कहा।
चालक: लगता है साहब को जगह पसंद नही आयी ........ अब मैं आपको ऐसी जगह ले चलता हूँ जो आपने कभी कहीं नही देखी होगी।
उसकी बात सुन कर उत्सुक्ता वश कुछ क्रोध कम हुआ - कैसी जगह है ?
चालक: खुद अपनी ही आँखों से देख लेना साहब..... 
करीब आधे घंटे आॅटो उन टूटी - फूटी सडको पर दोडता रहा और एक ऊँचे टीले पर जा कर थम गया
चारो तरफ नज़र दौडायी कुछ भी ऐसा नहीं दिखा जो देखा ना हो, मेरा क्रोध अब अपनी चरम सीमा पर था - क्या खास है यहाँ ? मेरी आवाज़ में कडवाहट सी थी
उसने मुस्कुराकर मेरी ओर देखा और कहाँ - साहब जरा आॅटो से उतर कर तो देखीए
मैंने जैसे ही आॅटो से बाहर कदम रखा, हवा के उस झोके ने मुझे अपने साथ ही उडा ले जाने की चेष्टा की ..... कदमों को सम्भालते हुए आगे बढा तो होश ही उड गए ....... सच ही कहा था इसने, मैंने अब से पहले इतना रोचक नज़ारा पहले कभी नहीं देखा था - उस शहर की सबसे ऊँची जगह थी यह, पूरे शहर का नज़ारा यहाँ से दिखता है, उस पर वो मदहोश कर देने वाली हवा, मैं वहीं हरी घांस पर बैठ गया और शहर की तरफ देखने लगा ..... उपर से शहर कितना प्यारा लगता है।
साहब कैसी लगी जगह ...... जब भी मेरी बीवी नाराज़ होती है तो मैं उसको यहीं ले कर आता हूँ और इस जगह में ना जाने क्या खास बात है, उसकी सारी नाराज़गी यहाँ आते ही उडन छू हो जाती है। उसने मेरे पीछे से आते हुए कहा और मेरे ही पास आ कर बैठ गया।
मैं उस नज़ारे को जी भर कर देख लेना चाहता था। उसमे डूब जाना चाहता था। अगर आज पंख होते तो बहती हुई हवा में गोते लगाना चाहता था। मैंने उसके सवाल का जवाब नहीं दिया और उस नज़ारे को निहारता रहा ।
कुछ क्षण बाद अपनी ही मगन में मैने अपने बैग से सिगरट निकाली और जेब से लाईटर निकालकर दम भरा ....... उस एक कश में पूरी दुनीया का आराम मिला।
साहब अपने शरीर का नहीं तो कम से कम इस जगह का तो लिहाज़ कीजिए, कितनी शुद्ध हवा है और आप इसको प्रदूषित कर रहें हैं। उसने मुझको देखते हुए कहा
एक पल मैंने उसको देखा फिर अपनी सुलगती हुई सिगरट पर नज़र गई, एक लम्बी सांस भरी और बैग से सिगरट का पैकट निकाल कर, हवा में उछाल दिया। मेरी पत्नी ने कितनी ही बार मेरी सिगरट छुटाने का प्रयास किया लेकिन कभी छोड नहीं पाया। आज ना जाने उस चालक की बातों का असर है या इस मोहक नज़ारे का जिसने जलती हुई सिगरट मेरे हाथो से छुड़ा दी। मैं दोनों पांव सिकोड़ कर बैठा उस नज़ारे का आंनन्द ले रहा था, उसने मुझसे पूछा
साहब आप फैक्ट्री के काम से आयें हैं क्या ?
नहीं! मैंने यहाँ बसने का मन बनाया है उसी सिलसिले से यहाँ एक प्लाट लिया है, काम शुरू करा दिया है दो - तीन महीने में घर बन जायेगा तो यहीं आ कर बस जायेंगे
वाह! साहब यह तो बडी अच्छी बात है, आपको और बीबी जी को जब भी घूमने का दिल करे तो मुझे याद करना मैं हाजि़र हो जाउंगा । उसने मुस्कुराते हुए कहा
मैं मन ही मन मुस्कुरा दिया, अभी से ही अपना ग्राहक पक्का कर रहा है, मैं चोर को साथ ले लुंगा पर तेरे जैसे झूठे को कभी नहीं बुलाउंगा, बरसाती तलाब को राम जी के जमाने का बताता है, मैं उससे यह सब कहना चाहता था पर कोई लाभ ना देख कर चुप ही रहा।
लम्बी चुप्पी के बाद मैंने उससे पूछा - यहाँ किस जाती के लोग ज्यादा हैं ?
साहब हमने तो कभी गिनती नहीं की, वैसे सभी जाती के लोग हैं और सभी मिल जुल कर ही रहते हैं
फिर भी ...... कोई जाती तो होगी जिसका बाहुबल होगा
साहब यहाँ किसी का बल नहीं चलता, हमारे इस शहर में तो नेता भी आने से कतराते हैं। क्योंकि यहाँ जात-पात करने को है ही नहीं और उनको इसके सिवा कुछ आता नहीं ( कहते हुए जोर से हस दिया, उसकी इस हसी में एक व्यंग सा छुपा था)
मैं सोचने लगा कि हमारे शहर में किसी इलाके में मुसलिम ज्यादा हैं तो किसी में पंजाबी, किसी में हिंदू तो किसी में नेपाली, पढे- लिखे होने के बावजूद हम लोग एक साथ क्यों नहीं रह सकते क्या पढ- लिख कर इंसान ज्यादा जात-पात करने लगता है ............ ओह! मैं क्यों इस बकवास बात में ध्यान लगा रहा हूँ। नज़ारे का आनन्द ले ............. तभी मेरे मन में एक सवाल आया जिसको पूछे बिना मैं ना रह सका ...... यहाँ के लोग कैसे हैं ?
अच्छे हैं। उसने बडी ही मासूमियत से कहा
क्या सब पर भरोसा किया जा सकता है ?
साहब हर जगह दो ही किस्म के लोग होते हैं, अच्छे और बुरे तो यहाँ भी ऐसा ही है। ऐसा नहीं की यहाँ लूट-खसोट, चोरी-चकारी नहीं होती। हाँ इतना फर्क जरूर है कि बाकी जगह के मुकाबले कम है।
क्या तुम कुन्दन मिश्रा को जानते हो ?
उसने यह नाम सुना और तुरंत खडा होते हुए बोला - वही सोने की दुकान ना ? क्या आपने उसी से प्लाट लिया है? साहब जल्दी चलीए अभी वो ज्यादा दूर नहीं गया होगा।
उसकी इस बात ने मेरे होश उडा दिये ............ ज्यादा दूर नहीं गया होगा से क्या मतलब है तुम्हारा ? (मैंने खडे होते हुए कहा)
आॅटो में बैठते हुए - ना जाने साहब आप जैसे पढे-लिखे लोग उस अनपढ की बातों में कैसे आ जाते हो, अब तक बहुत लोगो को ठग चुका है, किसी को सरकारी जमीन दिखा कर सौदा कर देता है तो किसी को, ऐसे ही किसी का भी घर दिखा कर, बाद में पुलिस कचहरी ............ और नाम खराब होता है हमारे शहर का .....
मेरा दिल बैठा जा रहा था उसकी ये बात सुन कर। मैं उसको पाँच लाख जो दे चुका था, अपनी मेहनत की कमायी ...... अपने घर का सपना ...... सब बरबाद होता नज़र आने लगा। मैंने अपने बैग से ठंडे पेय की बोतल निकाली और दो घूंट पी गया ........ हे भगवन इसकी ये बात भी तलाब जैसी ही झूठी हो।
साहब कितना पैसा दे दिया आपने ?
पाँच लाख ..... इतने मेें ही सौदा हुआ था।
साहब पाँच लाख में तो यहाँ पूरा खेत मिल जाता है। जमीन के मालिक से मिलवाया था क्या उसने ? कुछ लिखत-पढत करवायी थी क्या ?
नही, बस एक सादे कागज पर अंगुठा लगाया है। उसमें लिखा है कि सारा पैसा ले चुका हूँ और जमीन के कागज जल्द से जल्द भिजवा देगा।
ओह! साहब कैसे पढे-लिखे हो आप ? मालूम है अब क्या कहेगा वो कि उसने सिर्फ पाँच हजार लिए हैं। मैं तो अनपढ हूँ शहरी बाबू ने ना जाने क्या लिख कर अंगूठा लगवा लिया। साहब अभी मिल गया तो समझो पैसे मिल गये नही ंतो डूबे ही समझो।
मेरी आँखो भर आयी, दिल डूबने लगा ..... अभी तक जमीन के बारे में लक्ष्मी को कुछ नहीं बताया था मैंने। अब क्या कहुंगा मैं ठग कर आ रहा हूँ। क्या - क्या सपने नहीं सजाये थे आँखो में सब पानी हो गए .........
आॅटो एक जगह आ कर रुका मैंने बाहर देखा तो यह वही जगह है जहाँ उस डीलर का आॅफिस था। पलक झपकते ही चालक दौड-दौड कर आस - पास के सभी लोगो से उसके बारे में पूछ रहा है और मैं खडा उसकी बंद दुकान को निहार रहा हूँ। उसकी दुकान की तरह मेरा मस्तिष्क भी बंद सा ही पडा है, सोचने समझने की क्षमता जैसे खत्म ही हो गयी हो .......... सब सुन सा हो गया मैं गिरने ही वाला था अगर चालक ने आ कर मुझको हाथ पकड कर हिलाया ना होता।
साहब यहाँ नहीं है वो। उसके घर चलते हैं शायद मिल जाए .............. मैं जैसे बेहोशी की हालत में था जैसा वो कह रहा था मैं कर रहा था। मैं आॅटो में बैठ गया और आॅटो टूटी- फूटी सडको पर दौडने लगा .......
फिर से आॅटो रुका, चालक दौड कर एक घर की तरफ गया मैं आॅटो में ही बैठा रहा। कुछ देर बाद आ कर वो बोला - साहब आपके पैसे डूब गए समझो अब वो नहीं मिलने वाला ........... कहो तो आपको पुलिस थाने ले चलुं ?
मेरी आँख से अब आँसू टपक पडे .... नहीं रहने दो जब कोई लाभ ही नहीं तो क्या करूं थाने जा कर, मुझे होटल ले चलो।
वहाँ से थोडी ही दूर होटल था। आॅटो होटल के बाहर आ कर रुका, तुम रुकना यहीं मुझे स्टेशन छोड देना मैं सामान ले कर आता हूँ।
साहब आपकी गाडी तो रात में जाएगी ना ?
अब क्या करूं रुक कर ( मैं आॅटो से निकल कर होटल के अंदर आ गया )
मैं अपने कमरे में आया और बिस्तर पर लेट कर रोने लगा ......... मेरे जीवन भर की कमायी जो मैने अपने घर के सपने के लिए संजो कर रखी थी वो सब चली गयी ......... क्या कहेंगे मेरे बच्चे, पापा ठग कर आ गए, लक्ष्मी तो मेरा जीना ही दूभर कर देगी, एक-एक पैसा बचा कर उसने रकम जोडी थी। यही सब सोचते हुए आँख से आँसू बहने लगे
करीब 15 मिनट बाद मैं उठा अपना सब सामान उठाया और कमरे से बाहर आ गया, बाहर आ कर देखा तो चालक होटल के मालिक की गिरबान पकडे हुए है। मैंने झट से पास जा कर दोनो को अलग किया ....... क्या हुआ क्यों लड रहे हो ?
चालक: साहब ये भी उससे मिला हुआ है। मैंने हडकाकर पूछा तो कबूल कर रहा है।
मैंने होटल मालीक की तरफ देखा ......... मेरी नज़रो में एक उम्मीद की किरण झलक पडी ...... क्या ये सच है ?
होटल मालिक: साहब मैं उससे मिला हुआ नहीं हूँ उसने बस चुप रहने की एवज में मुझे दस हजार दिए थे, इसलिए ही मैंने आपको वो ठग है नहीं बताया था।
चालक: मालूम नहीं तेरे को, साहब दिल्ली के मशहूर आदमी हैं, बडे-बडे नेताओं से जानकारी है, एक मिनट में तेरा होटल बंद करवा देंगे, बता दे वो कहाँ गया है।
चालक की बातो का असर दूसरे ही पल में देखने को मिला, होटल मालिक मेरे पैरो में गिर कर बोला - साहब ऐसा गजब मत कीजिएगा, मैं मर जाउंगा, एक यही रोजी- रोटी का जरीया रह गया है, मेरे बच्चे भूखे मर जाएंगे...... मैं अपने बच्चो की कसम खा कर कहता हूँ। मुझे नहीं मालूम वो कहाँ है। मुझे बस ये दस हजार दिए थे। ये भी आप ही ले लो, साहब बस मुझे छोड दो, अब कभी ऐसा नहीं करूंगा।
मैने चालक की तरफ देखा मेरी समझ में कुछ नहीं आ रहा था, ना तो मैं किसी नेता को जानता था ना ही मैं कोई मशहूर इंसान था, और दस हजार लूं ना लूं इसका फैसला भी नहीं कर पा रहा था।
चालक ने मेरे भाव समझते हुए उसके हाथ से दस हजार ले लिए और बोला ...... अब से ऐसा नहीं करना, सोचो तो कितनी बदनामी होगी अब हमारे शहर की ..... एक मछली ने पूरे शहर में बदबू कर रखी है ( कहते हुए उसने मेरे हाथ से बैग ले लिया और मुझे पैसे पकडा कर बाहर खडे आॅटो में जा बैठा )
होटल मालिक अभी भी हाथ जोडे खडा है मैंने उसको देखा और जेब में पैसे रखते हुए बाहर आ कर आॅटो में बैठ गया।
मैं और चालक दोनो ही चुप हैं बस आॅटो की खडखड की आवाज़ कानों में पड रही है
काफी देर बाद चालक बोला - साहब अभी से जा कर क्या करेंगे स्टेशन, पास ही देवी का मंदिर है वहाँ मेला लगा है कहते हैं देवी के द्वार से कोई खाली हाथ नहीं गया आप भी कुछ मांग लेना ।
उसकी बात सुनते ही आस्था जाग उठी, सुबह तक मैं सिर्फ घूमने के लिए ही मंदिर जाना चाहता था लेकिन अब देवी का ही सहारा है शायद मेरे पैसे मिल जायें ........... ठीक है ले चलो
थोडी ही देर बाद आॅटो चमकदार शोर-शराबे के बीच जा पहुंचा, साहब आप यहीं रूको मैं अभी आॅटो खडा करके आता हूँ आपके साथ-साथ मैं भी दर्शन कर लूंगा ........... मैं आॅटो से उतर गया और वो आॅटो ले कर चला गया उसके जाते ही याद आया सामान तो आॅटो में ही रह गया ........ लगता है मैं बुरी तरह लुट चुका हूँ। लेकिन डूबते को तिनके का सहारा, मैं उसके इंतजार में वहीं खडा रहा थोडी देर बाद वो हाथ में मेरे दोनो बैग ले कर आता हुआ दिखायी दिया तो जान में जान आयी ........ इतनी देर कहाँ लगाई ?
साहब आॅटो खडा करने में देरी लग गयी और आपका सामान इतना भारी है की ....., मैंने एक बैग उससे लिया और अपने कंधे पर डाल कर चल दिया ......... मेले में बडी चमक-दमक थी लेकिन मेरी रूची सिर्फ देवी के मंदिर में थी जहाँ से मुझको मन्नत मांगने पर मेरे ठगे गये पैसे मिलने वाले थे ........ मैं कदम बढाता जा रहा था और चालक मुझे पीछे से कभी दायंे तो कभी बायें मुडने का निर्देश दे रहा था। चहुं ओर खुशहाली का मंजर है और मेरे चेहरे का रंग फीका पडा हुआ है। चलते-चलते अचानक ही मेरी नज़र एक जवान पर पडी इस रंगीन मेले में मेरी ही तरह वो भी उदास सा दिख रहा है। मैंने उसको घूर कर देखा और देखते हुए आगे बढ गया ........
बस साहब यही है देवी का मंदिर। चालक ने मुझे रोकते हुए कहा
मैने चारो तरफ देखा मुझे कोई मंदिर नहीं दिख रहा, उसने हाथ के इशारे से कहा यही तो है मंदिर
मैने देखा तो एक ही पल में सारी आस्था, सारी भक्ति उडन छू हो गयी ....... वहाँ एक पत्थर का टुकडा रखा हुआ है। उसके आस-पास दो-चार फूल पडे हैं ...... मेरी कल्पना में तो बहुत बडा मंदिर था। बहुत से लोगो की भीड थी। लेकिन यहाँ ऐसा कुछ भी तो नहीं है। बस चालक आंखे मुंदे दोनो हाथ जोडे खडा कुछ मंत्र से पढ रहा है। उसको देख कर मैंने भी हाथ जोड लिए लेकिन कुछ मांग ना सका उस पत्थर के टुकडे से ............
जैसे ही चालक ने आँखें खोली मैंने उससे पूछा .... क्या इसी देवी की बात कर रहे थे तुम ?
हाँ साहब ..... मैने अब तक यहाँ आ कर जो कुछ मांगा मुझे मिल गया, आपने क्या मांगा ?
मुझसे अब चुप ना रहा गया ....... सुबह से तुम मुझको बेवकुफ बना रहे हो। मैं कुछ नहीं कह रहा इसका मतलब यह नहीं की मैं पागल हूँ इस पत्थर के टुकडे के सामने ला कर जो बोलोगे मैं मान लुंगा ...... चलो मुझे स्टेशन छोड दो, ना जाने कैसे इन ठगो के शहर में आ गया।
चालक: साहब ऐसा ना बोलिए देवी बुरा मान जाएगी। क्या आपको इस पत्थर में देवी नहीं दिख रही है ? साहब हर मंदिर में चाहे वो कितना ही बडा क्यों ना हो पत्थर की मुरत ही तो होती है। फर्क बस इतना सा है कि उसको कारीगर ने तराश दिया है और इसको रूप नहीं दिया गया। साहब मन में भक्ति होनी चाहिए फिर हर जगह आपको भगवान के दर्शन होंगे, मैं जा रहा हूँ बाहर, आप आ जाना जब आपको दर्शन हो जाएं ...... उसकी बातो में क्रोध था या सीख समझना जरा मुशकिल ही था । मैं उसको जाते हुए देखता रहा, फिर एक बार मैंने पत्थर को देखा और दोनो हाथ जोड कर आंखे बंद करके खडा हो गया ........... चमत्कार हुआ मुझे देवी के दर्शन हुए जिस रूप में अब तक मैंने देवी को बडे बडे मंदिरो में देखा था एक दम वैसे ही ...... मेरी आंखे खुल गयी मैंने फिर से पत्थर को देखा उस पत्थर में मुझको देवी का चहरा दिखने लगा। मैं दोनो घुटनो पर बैठ गया। हाथ जोड कर मैंने देवी से मेरी मेहनत की कमायी लौटाने के लिए कहा ............ कुछ देर मैं वैसे ही बैठा देवी के पैसा लौटाने की इंतजार करता रहा, फिर अपनी बेवकूफी पर हंसा और अपने दोनो बैग ले कर लौट चला
वापसी में फिर वही आदमी उदास बैठा मिला, मन में जिज्ञासा पैदा हो गयी, जहाँ मेले में मौजूद हर एक शख्स खुश है वहाँ यही क्यों उदास है। फिर एक उदास का दूसरे उदास से रिश्ता बन ही जाता है उसी रिश्ते की खतिर मैं उसके पास पहुंच ही गया। उसने मुझको देखा और खडे होते हुए पूछा -
बाबू जी रस पीयेंगे क्या ?
मैंने उसके पीछे देखा तो एक ठेले पर कुछ गन्ने और कुछ गिलास रखें हैं ........ नहीं भाई मेरे पास मेरा ठंडा पेय है। मैं तो तुमको उदास देख कर हाल पूछने आ गया .... सब ठीक तो है ना ?
अब क्या ठीक बाबू जी, आज हर कोई इस विदेशी पेय को ही पीना चाहता है, देसी गन्ने का रस कोई नहीं पीता। गाँव से शहर आया कि यहाँ अच्छी कमायी होगी, मेले वाले को ठिया लगाने को 500 रूपये भी दिये लेकिन यहाँ तो कोई देसी चीज चाहता ही नहीं है, दो दिन हो गए बोहनी तक नहीं हुई, सभी वही नामुराद विदेसी पेय पीना चाहते हैं ( उसकी बात में करूणा भी थी और वेदना भी, एक बहुत बडी सच्चाई से अवगत कराया था मुझको उसने )
अच्छा बनाओ तो एक गिलास आज गन्ने का रस ही पी कर देखते हैं ................
मेरी बात सुन कर उसका चहरा खिल उठा। झट से उसने दो गन्ने साफ किये और अपनी मशीन में लगा कर पहीया चलाने लगा .......... अब से पहले मैंने हाथ मशीन नहीं देखी थी इसलिए उत्सुक्ता से पूछ बैठा - क्या तुम्हारे पास बिजली से चलने वाली मशीन नहीं है ?
साहब वो तो बडी महंगी आती है, हाथ वाली में ही क्या परेशानी है मेरे बाप-दादा सभी इसी मशीन से अपनी रोजी चलाते थे ( उसने हांफते हुए बोला, उसके हाथ अभी भी पहीए को घुमा रहें थे ऐसा करते हुए उसके बनीयान से झांकते उसके शरीर की कडक मांस पेशियां दिख रही थी )
उसने मेरे सामने एक गिलास भर कर दिया ......... पीते ही मुंह से वाह! निकल पडा। अब से पहले भी बहुत बार मैंने गन्ने का रस पीया था लेकिन ना जाने क्या खास था उसमे कि मैंने एक और गिलास की मांग कर डाली।
उसने दुबारा पहियां चलाना शुरू किया ...... मैंने उससे कहा - क्या मैं निकाल कर देख सकता हूँ ?
उसने मुझे मुस्कुराकर देखते हुए कहा - साहब आप शहरी लोगो के बस की बात नहीं है .......
उसका ये व्यंग मेरे ही क्या सभी शहरी लोगो को शर्मसार कर देने वाला था, अब मेरे मान की बात थी। मैंने उससे कहा मैं पचास रूपये दूंगा बस एक बार मुझे चलाने दो
पचास रूपये का नाम सुन कर वो अलग हो गया और इशारे से मुझे आगे आने का नियोता दिया। मैं अपनी बाजू चढा कर पहींया घुमाने मे लग गया ....... जब पहींया घुमाया तो समझ आया मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था मेरी सांस फूलने लगी थी, हाथो ने जवाब दे दिया था, पसीने से सारा शरीर भीग गया लेकिन बीच में ही छोडना मेरी हार थी मैं लगा रहा।
बस साहब - बस, निकल गया आपका एक गिलास। उसने मुझे गिलास भर कर दिया, मैने एक ही झटके में गिलास खत्म कर दिया इस बार पहले से भी ज्यादा स्वादिष्ट था, हो भी क्यों ना मेरे पसीने का फल जो था। मैने जेब से हजार का नोट निकाला और उसकी तरफ बढा दिया
साहब इतना बडा नोट, नहीं देने तो ऐसे ही मना कर दो। बोहनी तक तो हुई नहीं छुट्टे कहाँ होंगे
नहीं ये तुम्हारे लिए ही है रख लो ............. उसने नोट को हाथ में लिया, मेले की रोशनी में उसकी आंखें चमक रही थी, चहरे से उदासी की सभी लकीरे मिट गयी थी उसने माथे से नोट को लगाया और मेरी तरफ बढा शायद मुझे शुक्रीया कहना चाहता था, वो पास आता उससे पहले ही मैं अपना समान उठा कर आगे बढ गया बैग से उस विदेसी बोतल को निकाला और कूडे के डिब्बे में डाल दिया ........ ऐसी बेवकूफी करने से खुशी मिलेगी नहीं जानता था और सच ही तो है हम हमेशा बडी चीजो में ही खुशी ढूंढते हैं जब कि खुशी तो इन्ही छोटी-छोटी चीजो में ही बसी हुई है, इस मेले में उदास हम दोनो के ही चहरे खिल उठे थे, देवी ने पैसे तो नहीं हाँ खुशी ज़रूर लौटा दी थी। मैं मेले से बाहर आया आॅटो में बैठा और उसको चलने का निर्देश दिया। आॅटो दौडने लगा मैं और चालक दोनो ही खामोश थे। शायद वो मुझसे खफा था और मैं सोच रहा था कि इस शहर में मैं कुछ छोड कर जा रहा हूँ या यहाँ से खुश रहने का तरीका सीख कर जा रहा हूँ , कितना कुछ नहीं सीखा आज मैने ...............
साहब स्टेशन आ गया ....... चालक ने जैसे मुझे नींद से जगाया हो
मैं आॅटो से उतरा और बोला - भाई तुमने मेरी बहुत मदद की बस एक काम और कर देना, मैने प्लाट पर खुदायी के लिए मजदूर लगाये थे उनको दो हजार रूपये दे देना और उनको काम करने से मना कर देना, जब प्लाट ही नही रहा तो खुदायी करा कर ही क्या करना है और बाकी के सात हजार तुम रख लेना ( मैने उसको पैसे देते हुए कहा और गले से लगा लिया)
थोडी देर भरत मिलाप करके मैं अलग हुआ और उसको एक कागज पर अपना पता लिख कर देते हुए बोला - भाई कभी दिल्ली आओ तो घर जरूर आना ( कहते हुए मैं अपना सामान उठा कर स्टेशन परीसर में चला गया। पीछे मुड कर देखा तो चालक अभी भी वहीं खडा है एक हाथ में मेरे पते वाली पर्ची है और दूसरे हाथ में पैसे। मैने वहीं से ही हाथ हिला कर अलविदा कहा, और आगे बढ गया )

                                      आठ महीने बाद
             आज तक मैंने लक्ष्मी को पैसे वाली बात नहीं बतायी थी लेकिन आज जो हुआ मैं बताये बिना ना रह सका
हुआ कुछ ऐसा कि आज आठ महीने बाद एक लिफाफा मुझे मिला उसमें प्लाट के पेपर थे और एक पत्र, पत्र कुछ इस तरह था -
प्रिय मित्र,
आप हमारे शहर आये और आपके साथ जो कुछ भी घटित हुआ बहुत ही लज्जा जनक था, आपका क्रोध स्वभाविक था। तब समझ नहीं आया था लेकिन आपके जाने के बाद मुझे सब समझ आ गया, आपकी महनत की कमायी जो डूब गयी थी। सबका ही अपने घर का सपना होता है शायद आपका भी रहा हो। मैंने आपकी कहानी आॅटो चालक ऐसोसेशियन को सुनायी तब सभी ने मिल कर दिन-रात एक करके उस पाखंडी को ढूंढ ही निकाला, उस होटल मालिक और चालको के दबाव में आ कर उसने उस जमीन के पेपर बनवाये। असल में जमीन तीन लाख की ही थी जिसके वो पाँच लाख आपसे ले चुका था। उसने दो लाख खर्च कर दिए हैं इसलिए वो नहीं भिजवा पाया लेकिन उसने वादा किया है कि वो जल्द ही आपके पैसे लौटा देगा।
साहब आप सोच रहे होंगे मैंने आपके लिए यह सब क्यों किया। असल में मैंने आपके लिए कुछ नहीं किया बस अपने किये पाप का प्रायश्चित किया है। आप नहीं जानते साहब जब आप आये थे उससे एक माह पूर्व मैं सीढीयों से गिर पडा था पूरे एक माह मैं बिस्तर पर ही रहा, खाने के भी लाले हो गये, मेरे बच्चे का नाम फीस ना देने के कारण काट दिया गया था। मैं उसी रोज़ उधार पैसे ले कर तेल डला कर निकला ही था कि आप मिल गये। आपको अन्जान जान कर मैंने आपको मंदिर ना ले जा कर ऐसे ही घुमाता रहा, वो तलाब कोई राम जी के जमाने का नहीं था वो तो ऐसे ही बरसाती तलाब था। मैं कभी उस टीले पर नहीं गया था ना ही कभी अपनी बीवी को ले कर ही गया था वो तो बस आपको व्यस्त रखने का बहाना था क्योंकि मुझे 200 रूपये की दिहाडी चाहिए थी। अगर उस रोज़ आप नहीं मिलते और पूरा दिन 20-50 की ही कमायी होती तो घर में चुल्हा भी नहीं जल पाता और आपने मुझको सात हजार दे दिये ......... आप मेरे लिए भगवान बन कर आये थे साहब । उस रोज़ देवी से मैने रात के खाने के लिए पैसे ही मांगे थे क्योंकि मैं आपसे अपनी दिहाडी लेना नहीं चाहता था, आप पर पहले ही बहुत मार पडी थी लेकिन आपने जब पैसे दिये तो मैं सुन्न हो गया था समझ नहीं आया क्या कहुं क्या ना कहुं तभी से मैंने प्रण कर लिया अपनी भूल को सुधरने का यही सही जरीया है कि आपको आपका प्लाट मिल सके।
       आज मेरा काम अच्छा चल रहा है। जब तक पत्र आपके पास पहुंचेगा तब तक मैं आपके प्लाट की नींव डलवा दूंगा। आप आ कर नक्शा दे जाना और कैसे बनवाना है बता देना मैं डीलर से पैसा ले ले कर बनवाता रहुंगा
आपका चालक
भोला
  लक्ष्मी ने पत्र पढा और मुझे प्रश्न भरी निगाह से देखा ........... मैंने पलक झपकते ही सारा वर्तांत कह सुनाया
लक्ष्मी खडी हुई और रसोई की तरफ जाते हुए बोली - मुझे तो कुछ समझते ही नहीं हो इतनी बडी बात हुई और मुझे बताया तक नहीं, हाँ मैं हूँ ही क्या आपकी .... नौकरानी ही तो हूँ मुझे क्यांे बताओगे । क्या करते हो क्या नहीं कभी जरूरत ही नहीं समझते सलाह करने की, पढी लिखी हूँ कोई अनपढ नहीं कि कुछ भी ना बताओ। मुझसे पूछा होता तो पाँच लाख डूबते तो नहीं
डूबे कहाँ मिल तो गये अब हमारे अपने घर का सपना पूरा होगा। मैने आशा भरी नज़रो से उसको देखते हुए बोला
नहीं हमे नहीं चाहिए, अब तक भी तो डूबे समझ कर चुप बैठे थे। वो डीलर दुश्मन बना बैठा होगा वहा,ँ ना जाने क्या कर दे अब ना जाने दूंगी वहाँ तुम्हे। तुम पत्र लिख कर कागज भिजवा दो। तुम सलामत रहो बस, मैं किराये के घर में ही खुश हूँ (कहते हुए रसोई में चली गयी)
             मैं सोफे पर बैठा सोच रहा हूँ मैंने क्या खोया और क्या पाया ................... ???