Friday, 10 March 2017

चाकलेट

 बीरेन एक माह बाद शहर से लौटा था। बस से उतरा और तेजी से अपने गांव की पहाड़ी पर चढ़ने लगा। शाम का सूरज पहाड़ी की चोटी पर लाइट की तरह चमक रहा था। बीरेन जब ऊंचाई पर पहुंचा तो उसे अपना गांव कलाकृति की तरह दिख रहा था।
पहाड़ी के नीचे बसे गांव में सबसे आखिरी घर बाबू खां का था।
बाबू खां के पास दो बैलों लायक खेती थी। यानी बाबू खां अपने छोटे से घर में एक भैंस एक गाय और दो बैल बांधते थे। बैंलों की छपरी के पास बाबू खां सोते और अंदर उनकी बीबी और बेटी तबस्सुम जिसे तब्बू कह के पुकारते थे। वीरेन पहाड़ी से उतरते हुए तब्बू का घर देखने की कोशिश कर रहा था।
वीरेन गांव के करीब आया तो उसने तब्बू के घर के सामने से जाना पसंद किया। तब्बू हर शनिवार को देखती थी कि वीरेन आया या नहीं। तब्बू नर्म दुबली पतली लड़की थी। पीली सुनहरी आभा में वह सरसों की पौधे की तरह खिली खिली लगती थी। उसके चेहरे पर सुनहरी रोशनी चमकती रहती थी।
तब्बू ने पूछा, ‘अम्मी आज शनिचर है?’
अम्मी ने उसके सवाल का कोई जबाव नहीं दिया। उल्टा बोलीं ‘तू परताप भैया की दुकान पर मसूर बेच आ। संजा की चाय के लिए पत्ती और शक्कर का इंतजाम कर लूं। तेरा अब्बू आते से चाय की फरमाइश करेगा।’
‘तू पहले ये बता कि आज शनिचर है?’
अम्मी ने कहा- हां शनिचार है, जा अब मेरी जान मत खा।
‘... मुझे तो पता ही नहीं चलता शनिचर का कैसे पता चलता है? सूरज का रंग बदल जाता है?
तब्बी ने पूछा और बिना किसी उत्तर का इंतजार किए ही खुद से बोली- सूरज तो डूब रहा है।
इसका मतलब किसी को समझ में नहीं आया। तब्बी तेजी से बाहर चली गई। सूरज का बड़ा सा गोला आधा डूब चुका था। कंधे पर काला बैग टांगे वीरेन नजर आया। बिजली उसके नन्हें पतले शरीर में उतर गई। वीरेन उसके करीब आया और रोशनी के परदे पर हंसता हुआ निकल गया। तब्बी सोचने लगी वीरेन के आने से उसमें आग सी क्यों लग जाती है। वीरेन को देखने के बाद नींद नहीं आती। सुबह होगी तो उससे मिलूंगी। अंदर पहुंची तो अम्मी ने फिर कहा- ‘मसूर ले जा। पंद्रह रुपए किलो से कम मत तुलवाना। जल्दी शक्कर पत्ती लेआ।
तब्बी मसूर लेकर चली गई। तब्बी ने चूल्हे के पास शक्कर और चाय की पत्ती की पुड़िया रख दी।

 अंधेरा घिर आया था। केरोसिन की बत्ती जला कर अब्बी सिपारा लेकर बैठ गई।
कुछ ही देर बात रात का लंबा परदा खिंच जाता है। इस परदे में तब्बू सो जाती है। गांव सो जाता है।
तब्बी सुबह उठी तब तक अम्मी ने रोटियां के सूखे आलू की सब्जी और एक अंडे की भुर्जी बना कर कपड़े में बांध कर रख दी थी। ‘अब तू खेत पर निकल जा। तब्बी तू अब्बा से कह देना अगर डीजल खत्म हो रहा हो तो लेने चले जाएं। कुएं पर तू रहना और सुन कुत्ते को संग लेती जा।’
वीरेन अपने खड़ेरा में यह सुन रहा था। जैसे ही तब्बी निकली। वीरेन भी बांसों की आड़ में झोरे की ओर चल पड़ा। जब घने पेड़ आए तो उसने पूछा - ‘कहां जा रही हो?’
सामने पनिहारिनों को देखकर वीरेन ठिठक गया और लौट गया। कुछ देर में तब्बी ने खेत पर पहुंच गई। उसने अब्बू से कहा, ‘अम्मी ने डीजल लाने का कहा है। अभी पैसे हैं वरना फिर पैसे उठ गए तो परेशानी होगी।’
-कह देना ले आएंगे।
तब्बी ने रास्ते भर सोचा था अब्बू डीजल लेने जाएगा तो वीरेन से बातें करूंगी। अब बातें नहीं होंगी। आज उसकी आंखों में पूरी प्रकृति चमक रही थी। उसने सोचा और उदासी से टिफिन रख कर वापिस आ गई।
द्घङ्खङ्ग ंद्घष्स्द्वङ्ग स्रक्तश्द्घ इद्घस्ङ्ग ढ्ढङ्घद्घ ढ्ढङ्घद्घÞद्घ ढ्ढङ्घस्ङ्गएद्घद्ग स्ङ्गङ्खङ्गद्गल ङ्कद्घद्घÞद्घ ढ्ढङ्घळ् ष्टङ्गछद्घर्श्द्घं ्नÞÞद्घद्ग छर्द्घं ंद्घष्रुङ्गद्घ - ‘अम्मी आज इतवार है।’
‘हां फिर।’
‘मैं रंजन सर के घर पर टी.वी. देखने चली जाऊं।’
‘आहा तो तू फिल्मों के लाने ही शनिचर इतवार की बाट निकलती है...’ उसकी अम्मी चिल्ला पड़ी।
‘ तू ने परसों हाफिज साब की तकरीर सुनी थी, क्या कहा था? टीवी दीन खराब कर रहा है। आंखें फूटतीं हैं’
‘सर का पूरा घर देखता है सो। उनकी आंखें नहीं फूटतीं वे क्या शेर बिच्छू हैं जो टीवी देखते हैं।’
‘उससे क्या लेना देना तुझे। चल सिपारा उठा।’
‘मेरा मन नहीं लगेगा। कह दे नहीं तो खड़ी-खड़ी मर जाऊंगी।’
‘ऐ खुदा!’ उसकी अम्मी तड़प कर बोली, ‘क्या बकवास निकालती है। चली जा, जल्दी आना।’
तब्बी फुर्र से उड़ी और टीवी देखने चली गई।
यहां वीरेन भी बैठा था कुर्सी पर। उसके पास बैठ कर ही तब्बी ने धीरे से कहा था, ‘कल हमारा अब्बू डीजल लेने जा रिया है, खेत की छपरी में आना सुबेरे-सुबेरे ।’
वीरेन ने सिर हिला दिया। दूसरे दिन वीरेन खेत पर पानी पीने के बहाने तब्बी की छपरी पर पहुंचा।
खुशी की बेचैनी में वीरने तड़पने लगा। वह बार बार उठता, बैठता, एक क्षण रास्ते की ओर देखता दूसरे क्षण बेचैनी से छपरी के चारों तरफ टहलने लगता। कभी एक टक गेंहूं की लहराती हुई फसल देखता- हरियाली का समुंदर। ... अरे! तब्बी उसके करीब आ खड़ी हुई और कुत्ता उसे सूंघ रहा था। दोनों चुप, न तब्बी बोल रही और न वह खुद। कुत्ता सूंघ-सांघ कर दूर हट गया। थोड़ी देर बाद हंसकर बोली, ‘तुम कब के आये?’
‘थोड़ी सी देर हुई।’
‘नाश्ता कर लो।’ ‘लाओ’ वीरेन तपाक से बोल पड़ा।
‘ पहली बार मना करते हैं फिर राजी होते हैं।’ हमने पूछा और तुमने झट से लाओ कह दिया।
वीरेन ने जल्दी में कहा- ‘नहीं नहीं मैं तो खाकर आया हूं। लाओ अब दो।’
‘हट ऐसे नहीं देते कुछ सलीका सीख के आओ।’
‘अच्छा तो हमारी चाकलेट खा लो।’
‘नहीं।’
‘दो लाए थे एक ही बची।’
‘पहले ये बताओ तुम हमें हर बार चाकलेट क्यों देते हो?’
‘छपरी में चलो बतायेंगे।’
‘न, छपरी में नहीं जाते।’ ‘क्यों?’ ‘तुम फिल्म जैसा करोगे।’
‘फिल्म जैसा नहीं करेंगे। तुम्हारे जैसा करेंगे।’
‘हमें नहीं जाना तुम तो यहीं बैठे। तुम जानते हो बड़े बूढे सब जानते हैं। रंजन सर के पापा और हमारे अब्बू बतिया रहे थे कि फिल्में देख के बच्चे भी बिगड़ेंगे।’
‘तुम बिगड़ रही हो।’
‘लड़के बिगड़ते हैं लड़कियां नहीं बिगड़तीं।’
‘कल वाली फिल्म में हीरो ने ऐसा ही किया था। हीरोइन को पकड़ लिया था। पहले कहता रहा नहीं करेंगे। तुम्हारे जैसा ही बोलता था।’
‘सब जानती हो।’
‘हमें ये भी पता है। तुम ग्यारहवीं पढ़ते हो। तुम पढ़-लिखकर थानेदार बनोगे। ’
‘तुम्हें कैसे पता।’
‘तुमरे पापा बोल रहे थे।’ ‘जब तुम थानेदार बन जाओ तो तुम हमारे अब्बू को किरोसिन दिला दिया करना। कहते हैं जिनकी थानेदार से पहचान है उनको ही देता है कंट्रोल वाला किरोसिन।’
‘और क्या जानती हो तुम।’
‘और सब जानते हैं तुम्हारे साथ लड़कियां भी पढ़ती हैं। कल हमारे चाचा कह रहे थे- पटेल का मोड़ा बड़ा अफसर बनेगा। भोपाल में पढ़ रहा है।’
‘और’
‘और अम्मी से कह रहे थे अब अपनी तबस्सुम का ब्याह भी कर-करा दो। पंद्रह से ऊपर जा रही है सियानी लगने लगी।’ तब्बी कुछ क्षण चुप रही फिर बोली ‘मेरे अब्बू ने मुझे पढ़ाया नहीं। मैं तुमसे शादी करती।
तब्बी की आंखें नम हो गर्इं। वह सिसकने लगी। उसने ओंठ भींचकर कस लिए। उसकी नीली आंखों में आंसू देखकर लगा जैसे तब्बी का हृदय पिघलकर आंसुओं में बह उठा। वीरेन उसके करीब आया। कंधे पर हाथ रखा। बबूल और
छपरी की आड़ लेकर उसका सर अपने कंधे पर रख लिया। कुछ पलों बाद वीरेन ने तबस्सुम का चेहरा हटाया।
वीरेन फिर बोला- ‘तब्बी... चुप हो जाओ...’ तब्बी के आंसू और ज्यादा बहने लगे। फूल, पत्ती, टहनी, जंगल तब्बी और वीरेन में समाकर रोने लगे।
‘तब्बी मत रो मैं तुमसे ही ब्याह करूंगा।’
‘मैं नहीं करूंगी तुमसे।’ तब्बी हिचकी लेते हुए मुश्किल से बोली और थमते-थमते फिर रो पड़ी।
‘तब्बी’ वीरेन ने उसे डांटा, तब्बी फिर जोर-जोर से रो पड़ी। सिसकियां लेते हुए बोली, ‘मैं तुम्हारे संग नहीं पढ़ती न। मेरा अब्बू गरीब है। कुछ देर चुप रहने के बाद तब्बी ने खुद को सम्हाला, अपने गुलाबी हाथों से आंखें पोंछी। आंसुओं के गीले चेहरे के साथ मुस्कुरा पड़ी। बोली, ‘तुम चले जाओ अब हमें क्यारी गूढ़ना है।...
अब आयेंगे तो हम तुम्हें बहुत सारी चाकलेट लायेंगे।’
‘ज्यादा लाओगे तो सब सलमा-सितारे बन जाएंगी। तुम जब भी लाया करो एक ही लाया करना...
वीरेन ने कोई उत्तर नहीं दिया। वह तब्बी की आंखों में नमी थी और चेहरे पर मुस्कुराहट सुनहरी धूप में चमक रही थी। वीरेन धीरे से उसको सीने से लगा लिया। तब्बी कह रही थी- ‘अल्ला ऐसा मत करो हम मर जाएंगे। हमको बहुत याद आती है।’
वीरेन तब्बी को गले से लगाए रहा।
तब्बी बोली, ‘छोड़ दो हमें... हम मर जाएंगे ऐसा मत करो।’
‘तब्बी ताकत लगाकर वीरेन की बाहों में से दूर छिटक गई।’
वीरेन आंख भर कर तब्बी को देखने लगा।
‘तुम चले जाओ ... कोई देख लेगा।’ वीरेन ने हाथ से तब्बी का कंघा हुआ और जाने लगा।
तब्बी ने कहा रुको।
वीरेन रुक गया।
दो कदम पास आया और लौट पड़ा।
तब्बी ने कुछ नहीं कहा। तब्बी उसे तब तक देखती रही जब तक वीरेन खेत की बाड़ के उस पार नहीं चला गया। फिर देखा कि सूरज वीरेन के साथ जा रहा है, खेत, हवा, आकाश, जंगल, नदी उसके साथ जा रहे हैं। वह भी सबके साथ जा रही है।