Friday, 10 March 2017

लौट कर

 इस सजे-सँवरे कमरे में अब मनीषा अकेली थी। लड़कियों महिलाओं का झुंड उससे हँसी चुहल कर के जा चुका था। चेहरे पर चिपकी इस सौम्य शर्मिली मुस्कान को उतार कर वह अब सहज हो सकती थी। मनीषा ने एक लम्बी साँस ली और पलंग की पुश्त से टेक लगा कर पाँव सीधे कर लिये। ‘क्या तमाम उम्र मुझे इसी अभिनय के साथ जीना होगा?’उसने सोचा।‘यहाँ तक तो फिर भी ठीक था लेकिन अब इस के आगे?’ मनीषा सिहर उठी। कैसे झेलेगी उस व्यक्ति को जिसे उसका दिल दिमाग कुछ भी अपना मानने के लिये तैयार नहीं था। दिल-जिसमें अमर की तस्वीर थी और दिमाग-जो दुख और हताशा से भरा हुआ था। उसे अपने जीवन का सबसे बड़ा फैसला माँ-बाप की मर्जी से करना पड़ा था और शेष जीवन उस व्यक्ति के अनुसार जीना था जो जिसे उसकी आत्मा स्वीकार करने के लिये तैयार नहीं थी। मनीषा को शादी के पहले के वो दिन याद आ गये जब उसने इस विवाह से इनकार किया था। माँ की सिसकियाँ और पापा का फुँफकारता स्वर। वो अमर का नाम भी सुनने के लिये तैयार नहीं थे। उन्होंने रिश्ता तोड़ लेने तक की धमकी दी थी। मनीषा इसके लिये भी तैयार थी, लेकिन माँ के हार्ट अटैक ने सब कुछ गड़बड़ा दिया। माँ की मृत्यु का बोझ ले कर अपनी नयी जिन्दगी शुरू करने की ताकत उसमें नहीं थी। और अब वह यहाँ इस सुगन्धित कमरे में फूलों से सजे बिस्तर पर बैठी थी। मनीषा की आँखें भर आईं। ‘कितने सुन्दर जीवन की कल्पना थी मेरी अमर के साथ अपने जीवन की। सब नष्ट हो गयीं। सिर्फ इसलिये क्योंकि मुझे अपने संतान होने का कर्तव्य निभाना था। माँ के जन्म देने का और पापा के पालन पोषण का कर्ज उतारना था।‘ अचानक मनीषा के मन में गुस्से की एक लहर सी उठी। ‘मैंने तो अपना कर्ज उतार दिया, उन लोगों ने क्या किया? अपना कर्ज वसूल कर लिया? क्या मेरी जिन्दगी पर मेरा अधिकार नहीं था? मैं क्यों विवश हूँ उनके फैसले को स्वीकार करने के लिये? नहीं, मैं अपनी जिन्दगी ऐसे बरबाद होते नहीं देख सकती। मुझे उनके लिये जो करना था, वो मैं कर चुकी। अब मैं अपनी जिन्दगी का फैसला खुद करुंगी। लेकिन क्या? और कैसे?’ अचानक मनीषा को याद आई, उसने उड़ती-उड़ती एक खबर सुनी थी कि जिस लड़के से उसका विवाह हुआ था वह किसी क्रिश्चियन लड़की से प्यार करता था लेकिन उसकी माँ ने एक विधर्मी को अपनी बहु मानने से इनकार कर दिया था और उसे भी अपनी विधवा माँ की इकलौती संतान होने का दंड भोगना पड़ा था। और मनीषा ने एक फैसला कर लिया, एक गम्भीर फैसला।
 जिस वक्त राकेश कमरे में आया, मनीषा जमीन पर बिछी चादर पर, अपनी बाँह आँखों पर रखे लेटी हुई थी।अपने विचारों में डूबी, उसे रकेश के आने का पता नहीं चला। उसे ऐसे जमीन पर लेटा देख, राकेश आश्चर्य से भर उठा। कुछ समझ में नहीं आने की स्थिति में उसने आहिस्ता से पुकारा- “मनीषा!” मनीषा हड़बड़ा कर उठ बैठी। रकेश का विस्मय और गहरा गया। उसे देख कर नयी दुल्हन की आँखें संकोच से झुक जरूर गयीं लेकिन उस संकोच में लाज की झलक नहीं थी।
 -‘क्या बात है जमीन पर क्यों सोई हैं?” उसका आश्चर्य उसके स्वर में झलक रहा था।
-“यूं ही।” दबे कंठ से हल्का सा उत्तर आया।
-“तबियत ठीक नहीं है क्या?” उसने थोड़ी चिंता से पूछा।
-“ठीक है।” मनीषा की पलकें अब भी झुकी हुई थीं।
-“फिर क्या बात है?” उत्तर में मनीषा ने अपनी सूनी आँखें पल भर के लिये राकेश के चेहरे पर टिका कर झुका लीं। राकेश ने उन सूनी आँखों का अर्थ समझा। वह वहीं चादर के कोने पर बैठ गया।
-“कुछ कहना चाहती है?” उसने आहिस्ता से पूछा।
-“जी, कुछ कहना तो चाहती थी।” मनीषा ने झिझकते हुये कहा।
–“तो फिर कहिये ना।- उसने आग्रह पूर्वक कहा। लेकिन मनीषा एकबारगी कुछ नहीं कह सकी। सर झुकाये वह चादर के कोने को मोड़ती खोलती रही।
–“कहिये ना, क्या कह रही थीं।” उसे चुप देख कर राकेश ने कोमल स्वर में कहा। स्वर की कोमलता ने शायद मनीषा को थोड़ा आश्वस्त किया।
-“आप शायद किसी लड़की से प्यार करते थे?” मनीषा ने पूछा कोमलता से ही था लेकिन राकेश ने जैसे गर्म शलाख छू ली थी। उसका चेहरा विवर्ण हो गया। मनीषा उसकी फटी-फटी आँखों से थोड़ा घबरा गयी। उसे उसकी इस प्रतिक्रिया की आशा नहीं थी। वह कुछ कहने के लिये सोचने लगी लेकिन राकेश ने एक क्षण के बाद ही अपने को स्थिर कर लिया।
-“वह मेरा बीता हुआ कल था।” उसका स्वर शांत था।–“ आपको उसको उसके लिये चिंतित होने की जरा भी आवश्यकता नहीं है। मैं आपको वचन देता हूँ, हमारे जीवन पर उसकी छाया भी नहीं पड़ेगी। मैं उसे भूल चुका हूँ।” उसने दृढ़ता से कहा।
-“आपको उसे भूलने की कोई आवश्यकता नहीं है।” इस बार मनीषा का स्वर दृढ़ था।
-“आप कहना क्या चाहती हैं?” उसके स्वर की कठिनता मनीषा को चुप करा गयी। कुछ पल जैसे हिम्मत बटोरने में लग गये।
-“आप अब भी अपनी इच्छा से जी सकते हैं।” वह एक ही साँस में कह गयी।
 –“क्या? आप क्या कहना चाह रही हैं? मैं कुछ नहीं समझ पाया।” राकेश ने कुछ आश्चर्य और कुछ उलझन से पूछा। मनीषा पलंग के पाये से टिक कर बैठ गयी। जो कुछ वह कहने जा रही थी उसके लिये एक पुख्ता सहारे की आवश्यकता तो पड़नी ही थी।
-“इस विवाह की इच्छा मुझे नहीं थी।” उसने राकेश की आँखों में देखते हुये कहा।–“मैंने किसी और को इस रूप में देखना चाहा था। लेकिन बहुत बार हम अपने फैसले अपने लिये नहीं कर पाते। मैंने अपने बेटी होने का फर्ज पूरा किया, लेकिन अब अपनी जिन्दगी अपने लिये जीना चाहती हूँ। मैं नहीं चाहती कि फर्ज के नाम पर मेरी पूरी जिन्दगी एक घुटन में तब्दील हो कर रह जाये।” वह चुप हो कर राकेश का मुँह देखने लगी।
-“आप क्या करना चाहती हैं?” राकेश ने गम्भीरता से पूछा।
–“मैं चाहती हूँ कि हम अपनी जिन्दगी अपने-अपने ढंग से जिये। यह घुटन मेरे अकेले की ही तो नहीं होगी। आपके साथ भी तो ऐसा ही कुछ गुजरा है। क्या हम तमाम उम्र एक-दूसरे में किसी और को नहीं ढूढते रहेंगे?” मनीषा ने कहा और उत्तर के लिये राकेश को देखने लगी। राकेश के मुँह से एक साँस निकल गयी। कुछ देर सर झुकाये रहने के बाद उसने आहिस्ता से पूछा-“आप क्या चाहती हैं तलाक?”
“–हाँ, लेकिन अभी नहीं। हमने अपने परिवार वालों के लिये यह सब किया है, इसलिये उनकी खुशी के लिये कुछ दिनों तक हम उनके और समाज के आगे पति-पत्नी की भूमिका निभाते रहेंगे, लेकिन व्यक्तिगत रूप से एक-दूसरे की जिन्दगी में कोई दखल नहीं देंगें।”
- “ऐसा कब तक?”
-“जब तक परिस्थितियाँ अपने अनुकूल नहीं हो जाती तब तक।”
-“ठीक है। मैं सहमत हूँ आपसे।” राकेश ने कहा। दोनो चुप हो गये। जो कुछ कहना था वह कहा जा चुका था और अब कुछ कहने के लिये था नहीं। -“मैं बहुत कृतज्ञ हूँ आपकी।” मनीषा ने थोड़ी देर के बाद कहा।
-“ इसकी कोई जरूरत नहीं है।” राकेश ने हाथ के इशारे से उसे रोकते हुए कहा। -“आपने जो कुछ कहा है उसमें मेरा भी स्वार्थ है। इसलिये इसमें कृतज्ञता की कोई बात नहीं है।”
-“ एक बात और थी।” मनीषा ने दबे कंठ से कहा।
-“कहिये।” राकेश ने सहजता से कहा।
-“आपको पता होगा शादी से पहले मैं नौकरी कर रही थी।”
–“हाँ!”
–“आपके पद ओहदे के अनुकूल नहीं होने के कारण पापा ने उसे छोड़ देने के लिये कहा था।” मनीषा ने कहा।
-“हूँ!” राकेश ने उसके आगे बोलने की प्रतीक्षा की।
-“मैंने उसे छोड़ा नहीं था।” मनीषा ने उसे आशा से देखते हुये कहा।
–“अब उसे फिर से करना चाहती हैं।” राकेश ने मुस्कुरा कर कहा।
–“जी।”
-“नौकरी के लिये तो मैं ऐसे भी मना नहीं करता और अब की परस्थिति में तो बिल्कुल नहीं। आप जब चाहें शुरू कर सकती हैं।” राकेश ने कहा तो मनीषा उसे कृतज्ञ दृष्टि से देखती रही। कुछ देर दोनो चुप रहे फिर राकेश ने कहा
-“ अब आप पलंग पर जा कर आराम कीजिये। थकी हुई होंगी, रात भी काफी हो चुकी है।”
-“आप पलंग पर आराम कीजिये मैं इसी चादर पर सो लूंगी।” मनीषा के स्वर में संकोच फिर चला आया था। लेकिन राकेश हल्के से हँस पड़ा। -“इसके पहले जमीन पर सोई हैं कभी?” मनीषा सर झुकाये चुप रही। -“जाइये जाकर सो जाइये। संकोच की कोई बात नहीं है। आप ऐसे नहीं सो सकेंगी।” राकेश ने कहा और पलंग पर से तकिया उठा कर नीचे बिछी चादर पर रखने लगा तो मनीषा को विवश हो कर उठना पड़ा। और पल्ंग पर लेटी मनीषा आँखों पर बाँह रख कर सोने की कोशिश करते राकेश को देखती रही, सोचती रही उसके उदार, आजाद और कोमल व्यक्तित्व को।
 मनीषा और राकेश की जिन्दगी चल पड़ी। शादी के एक सप्ताह के बाद मनीषा अपने ऑफिस के लिये निकली। लगभग एक महीने के बाद अमर से मिलने की खुशी उसे जैसे हवा में उड़ाये लिये जा रही थी। अमर को आश्चर्यचकित करने की इच्छा से उसने अमर को अपने ऑफिस ज्वायन करने के विषय में कुछ नहीं बताया था। उसे देखने के बाद अमर की प्रतिक्रिया की कल्पना उसके मन में हजारों सपने जगा रही थी।
 ऑफिस में लंच ब्रेक का समय आज हर दिन से बहुत ज्यादा लम्बा हो रहा था। सहकर्मियों की बधाइयों और हल्के-फुल्के हँसी-मजाक के बीच मनीषा सारे समय अमर के फ्लोर पर जा कर उसके सामने खड़े हो जाने की इच्छा से लड़ती रही। उसे पता था, यह ठीक नहीं होगा। किसी-किसी तरह लंच का समय हुआ और मनीषा कैंटीन की ओर चली। प्रकट रूप में वह अपनी महिला सहकर्मियों से सहज ढंग से बातें करती चल रही थी लेकिन उसका दिल बुरी तरह धड़क रहा था। उसे पूरा विश्वास था अमर उसी जगह बैठा होगा जहाँ वह उसके साथ बैठा करता था। और सच ही अमर उसी कोने में बैठा हुआ था। अकेला, टेबल पर रखे लंच से बेखबर, समने की खाली कुर्सी को सूनी निगाहों से देखता हुआ। मनीषा की आँखें भर आईं। उसके कलेजे को कुछ मथ सा गया। एक साथ खुशी और दुख दोनो शायद। उसका मन अमर के लिये अभिमान से भर आया। उसने अपनी सहेलियों से माफी मांग कर वह अमर की ओर बढ़ गयी। उनके चेहरों पर पुते आश्चर्य पर उसने ध्यान नहीं दिया। ऐसे भी कुछ दिनो के बाद तो सब कुछ पहले जैसा ही होने वाला था। वह धीरे से अमर के सामने जा कर खड़ी हो गयी।
-“तुम?” अमर हड़बड़ा कर खड़ा हो गया।
–“तुम यहाँ कैसे?”
–“तुमसे मिलने।” मनीषा उसके आश्चर्य का आनन्द लेती हुई मुस्कुरा कर बोली।
-“मुझसे मिलने यहाँ ऑफिस में?” अमर अभी भी हतप्रभ था।
-“हाँ, क्यों? यहीं तो मिलते थे हम।” मनीषा कुर्सी पर बैठती हुई बोली। वह अब भी उसकी हैरत और चिंता पर मुस्कुरा रही थी।
-“तब की बात और थी मनी। तुम्हारे हसबैन्ड जानेंगे तो क्या कहेंगे?” अमर ने उसके सामने बैठते हुये कहा।–“बहुत बड़ी गलती कर दी तुमने।” उसने गम्भीरता से कहा। -“गलती? तुमसे मिलने आ कर मैंने गलती की?” मनीषा को जैसे किसी ने पहाड़ से नीचे गिरा दिया।
-“मेरा मतलब यह नहीं था मनी। लेकिन अब पहले वाली स्थिति तो नहीं रह गयी ना? तुम्हारे पति क्या सोचेंगे?” अमर ने उसे समझाने वाले भाव से कहा। -“अमर, मैंने सोचा था कि मुझे देख कर तुम खुशी से भर उठोगे लेकिन तुम तो इस बात के लिये चिंतित हो गये कि मेरे पति को मालूम हो गया तो क्या होगा?” मनीषा का दुख उसकी आँखों में छलक आया। अमर को अपनी गलती समझ में आई। उसने मनीषा का हाथ पकड़ लिया।
-“मुझे गलत मत समझो मनी।” उसने माफी मांगने वाले अन्दाज में कहा। -“तुमसे मिल कर मुझे कभी खुशी नहीं भी हो सकती है, यह तुमने सोचा भी कैसे? मैं सिर्फ इसलिये परेशान हो उठा कि राकेश जी कहीं इसका बुरा ना मान जायें और तुम्हारे लिये कोई मुसीबत ना खड़ी हो जाये।”
–“मुसीबत क्या होगी? हद-से-हद मुझे छोड़ देंगे, यही ना? तो मैं तुम्हारे साथ रहूंगी।” मनीषा ने सहजता से कहा।
-“मनीषा?” अमर आवाक रह गया। उसने कुछ कहना चाहा लेकिन मनीषा ने उसकी बात काट दी।
-“वैसे तुम्हारी जानकारी के लिये मैं बता दूँ कि मैंने उन्हें सब कुछ बता दिया है। यह नौकरी मैंने उनकी इजाजत से दुबारा शुरू की है और उनकी जानकारी में ही तुमसे मिलने आई हूँ।” मनीषा ने अपना हाथ धीरे से खींच लिया और कुर्सी की पुश्त से टिक गई।
-“मनीषा!” राकेश की आँखें आश्चर्य से बड़ी हो गयीं। इतनी बड़ी बात राकेश जी ने मान ली? कैसे?”
–“मान ली, क्योंकि उनकी जिन्दगी भी कुछ ऐसी ही है।”
“–अरे? तो इसका अंत क्या होगा?”
–“यही कि जब परिस्थितियाँ अनुकूल हो जायेंगी तो हम स्वतंत्र हो जायेंगे।”
-“क्या? सच में? सच में ऐसा हो सकता है मनी?” अमर भावुक हो कर बोला।
–“ क्या हमलोग सच में साथ हो सकेंगें? विश्वास नहीं होता मेरी किस्मत फिर से बदल सकती है।” अमर की आँखों हजारों सपने जगमगा उठे। लेकिन मनीषा के अन्दर जैसे कुछ टूट गया था। जिस उमंग, जिस उत्साह से वह अमर से मिलने आई थी, वह सारा कुछ जाने कैसे धुआँ-धुआँ सा हो गया था। राकेश पूरे उत्साह से भविष्य की योजनायें बना रहा था, लेकिन मनीषा जैसे वहाँ हो कर भी वहाँ नहीं थी। कुछ था जो छूटता सा लग रहा था। अपनी कुर्सी पर लौट कर वह अन्यमनस्क सी काम निबटाती रही।
 मनीषा जब लौटी तो राकेश आ चुका था। -“कैसा रहा आज का दिन?” उसने मुस्कुरा कर पूछा।
-“अच्छा।” मनीषा ने भी मुस्कुरा कर कहा।
-“अमर जी से मिलीं?” इस प्रश्न पर मनीषा झेंप गयी। उसने धीरे से सर हिला दिया।
-“बधाई हो।” राकेश हँस कर बोला। मनीषा लजा गयी।
-“आप नही मिले कैथी जी से?” उसने अपने को सम्भाल कर पूछा।“मिला था।”
–“कैसी हैं?” –“ठीक है। उसकी सगाई होने वाली है।” राकेश ने एक पल रूक कर आगे कहा।
-“क्या? इतनी जल्दी?” मनीषा के मुँह से निकला।
-“नहीं, इतनी जल्दी नहीं।” राकेश ने धीरे से कहा।
-“मेरी शादी तय हो जाने के बाद हमलोगों ने एक दूसरे से दूरी बना लेना ही उचित समझा था। लेकिन जाहिर था कि वह बहुत डिप्रेस्ड थी। इस बीच हमदोनो का एक कॉमन फ्रेंड है, उसने उसे बहुत सम्भाला।” राकेश ने रुक गया। बहुत सम्भालने पर भी उसके चेहरे पर पीड़ा की एक तेज लहर सी गुजर गई। -“अब उसी से उसकी शादी हो रही है। वह क्रिश्चियन है और उसके मम्मी पापा को शुरु से ही पसन्द था।” राकेश ने दूसरी ओर देखते हुये कहा। मनीषा आवाक उसे देखती रह गयी। यह उसकी समझ में नहीं आ रहा था कि वह क्या कहे। राकेश के मन में अभी क्या घुमड़ रहा होगा, वह अच्छी तरह समझ रही थी।
-“आपने उन्हें कुछ बताया नहीं?” उसने धीरे से पूछा।
-“नहीं।”
–“क्यों?”
–“पीटर भी उसके साथ था और दोनो बहुत खुश थे।”
–“मेरी समझ से आपको उन्हें बता देना चाहिये था। बाद में मालूम होने पर शायद उन्हें दुख हो!”
-“पीटर उसे पसन्द करता है, यह बात मुझे शुरु से पता थी। लेकिन मेरी दोस्ती के कारण उसने कभी कुछ कहा नहीं। तो अब कुछ भी कहना, स्वार्थी होना होता।” राकेश ने उसी तरह दूसरी ओर देखते हुये कहा। शायद वह मनीषा से अपनी हताशा छुपा रहा था। मनीषा ने भी उसे कुछ देर अकेला छोड़ देना उचित समझा। वह चाय लाने की बात कह कर वहाँ से हट गयी।
 उस शाम मनीषा सारे समय राकेश से छोटी-छोटी बातें करती रही। वह अपने को अकेला महसूस नहीं करे, इसका पूरा ख्याल था उसे। राकेश भी शायद इसे समझ रहा था और उसकी इस चेष्टा का सम्मान करता हुआ उसकी बातों में साथ देता रहा। लेकिन रात को सोते समय मनीषा को अमर का आज का व्यवहार याद आ गया। ‘वह मुझे देख कर खुश होने की जगह चिंतित हो उठा था। क्यों?’ मनीषा के अन्दर एक डर समाने लगा। ‘नहीं, ऐसा कुछ नहीं है। वह मेरे लिये चिंतित था। उसे थोड़े ही पता था कि मैंने राकेश जी को सब बता दिया है।’ उसने अपने आप को आश्वस्त करने की कोशिश की। लेकिन कुछ था जो उसे आश्वस्त होने नहीं दे रहा था।
 मनीषा की जिन्दगी गुजरने लगी। उसके लिये इसके सिवा कि वह अब अपने घर की जगह ससुराल में रहने लगी थी, कुछ और नहीं बदला था। लेकिन ऐसा नहीं था।
 मनीषा और अमर की मित्रता के बारे में उनके दफ्तर के लोगों को पहले से पता था। पहले दोनो को एक साथ देख कर लोग सिर्फ मुस्कुरा कर रह जाते थे लेकिन अब वह मुस्कान व्यंग भरी होने लगी थी। बात फिर काना-फूसी से बढ़ गयी और लग सामने भी घूमा- फिरा कर बोलने लगे। मनीषा को इन बातों से फर्क नहीं पड़ता था। उसे पता था, वह एक दिन इन लोगों का मुँह बन्द कर देगी, लेकिन अमर को पता नहीं क्यों थोड़ा असहज महसूस करने लगा था। मनीषा इस बात को समझ रही थी और थोड़ा चकित भी थी कि शादी-शुदा होने के कारण असहज तो उसे लगना चाहिये राकेश को नहीं। लेकिन फिर भी वह इसे लोगों की घूरती नजर का असर मन कर इस पर बहुत ध्यान नहीं दिया। इस बीच एक बात हो गई।
 राकेश की तबियत अचानक बहुत खराब हो गयी। मनीषा ने दफ्तर से दो दिन की छुट्टी ले ली और अमर को फोन पर अपने दो दिन नहीं आ सकने के विषय में बता दिया था। लेकिन वह तीसरे दिन भी नहीं जा सकी। चौथे दिन जब वह उससे मिली तो राकेश ने पूछा-“क्या हुआ? तुम कल भी नहीं आई? राकेश जी ठीक नहीं हुये क्या?”
–“ठीक तो हो गये थे लेकिन कमजोरी बहुत थी इसलिये छोड़ कर आना अच्छा नहीं लगा। बेचारे बहुत अकेले हैं।” मनीषा ने सहजता से कहा।
-“ए, बहुत सहानुभूति हो रही है उनसे? क्या बात है?”
- राकेश ने मुस्कुरा कर कहा।
-“अमर?” मनीषा सन्न रह गयी। बात बहुत छोटी थी लेकिन इसके पीछे छुपा हुआ जो कुछ झलका उससे मनीषा का चेहरा फक्क पड़ गया। अमर ने भी इसे समझा।
-“हे, मैं हँसी कर रहा था। तुम क्या समझ बैठी?” उसने हँसते हुये कहा। लेकिन मनीषा फिर सहज नहीं हो सकी। एक तो पहले दिन की ही बात उसे नहीं भूली थी उस पर आज यह......। मनीषा और अमर के बीच कब एक दरार पड़ गयी उन्हें पता भी नहीं चला। सब कुछ एक रुटिन में बदल गया।
 मनीषा के नये बॉस आये थे- मोहन भटनागर। दफ्तर के लोगों ने पता नहीं उन्हें क्या बताया, वो मनीषा पर नजर रखने लगे। जान-बूझ कर उसे इतना काम देते कि उसे लंच के लिये एकदम कम समय मिलने लगा। लेकिन धीरे-धीरे मनीषा की शालीनता और गम्भीरता से प्रभावित हो कर उसे पसन्द करने लगे। मनीषा इसे समझ गयी थी और उसने यह बात बातों-बातों में अमर को बताई भी थी। अमर ने इसे कोई खास महत्व नहीं दिया था। लेकिन एक दिन इसी बात ने भयानक रूप ले लिया। उस दिन जब मनीषा और अमर कैंटीन में हमेशा की तरह लंच कर रहे थे तो पीछे की टेबल पर से किसी ने कहा-“यह अमर भी पता नहीं किस तरह का आदमी है। एक शादी-शुदा औरत के पीछे पागल है।” -“और वह भी ऐसी जिसका कोई ठीकाना नहीं है।” दूसरे ने कहा।
-“क्या मतलब?” पहले ने पूछा।
-“मतलब क्या? एक अमर ही रहे तब ना?” और सारी बातें एक कुत्सित हँसी में डूब गयी। ये सारी बाते मनीषा और अमर ने सुनी। कही ही इसीलिये गई थीं। दोनो का मूड खराब हो गया। अपनी-अपनी सोच में गुम दोनो ने खामोशी से लंच करते रहे। पीछे के टेबल पर से दोनो के चले जाने के बाद अमर ने अचानक पूछा- “ये तुम्हारे बॉस मोहन भटनागर कैसे लगते हैं तुम्हें?” मनीषा हाथ रुक गया। अभी-अभी सुनी हुई बात एकदम से कानों में गूँजने लगी।
-“क्या मतलब?”-उसने गम्भीर स्वर में पूछा।
-“मतलब क्या? बस ऐसे ही पूछ रहा था।” अमर ने उसे देखे बिना कहा।
-“अमर!” मनीषा का चेहरा और आवाज, दोनो कठोर हो उठे।
–“ तुम्हारे ऊपर इन दोनो की बातों का असर हो रहा है क्या?”
–“मैंने ऐसा तो कुछ नहीं कहा।” अमर का स्वर भी रूखा था।
-“तुम्हारे इस प्रश्न का मैं क्या अर्थ समझूँ?”
–“तुम्हें तो तिल का ताड़ बनाने की आदत पड़ गई है।” अमर ने कहा और हाथ पोछ कर खड़ा हो गया। मनीषा सन्न रह गयी। इतने बड़े प्रश्न का कोई स्पष्टिकरण भी नहीं और उस पर ऐसा व्यवहार! वहाँ से लिफ्ट तक का रास्ता दोनो ने खामोशी से तय किया।
 घर लौट कर मनीषा बिना खाये-पिये बिस्तर पर पड़ गयी। राकेश जब लौटा तब वह तकिये में मुँह गाड़े पड़ी थी। उसे राकेश के आने का पता नहीं चला। -“क्या हुआ? तबियत ठीक नहीं है क्या?” राकेश ने पूछा तो मनीषा उठ कर बैठ गयी।
-“ठीक है।” उसने धीरे से कहा।
-“फिर ऐसे क्यों पड़ी थीं?” राकेश के स्वर में चिंता थी।
-“ऐसे ही, मन नहीं लग रहा है।” मनीषा ने सर झुकाये हुये कहा।
–“ऑफिस में कुछ हुआ क्या?”
–“नही। वहाँ सब ठीक है। बस, ऐसे ही।” मनीषा चाह कर भी अपनी आवाज के अनमनेपन को छुपा नहीं पायी।
-“अमर जी से भेंट हुई थी?” अमर ने थोड़ा अटकते हुये पूछा।
-“हाँ, हुई थी।” मनीषा ने थकी आवाज में कहा। राकेश कुछ देर उसका मुँह देखता रहा फिर बोला-“चलिये लॉन में बैठते हैं। बाहर बहुत अच्छी हवा है।” और लॉन में बैठ कर जिस समय राकेश मनीषा का मन बहलाने के लिये इधर-उधर की बातें कर रहा था, मनीषा सोच रही थी, ‘एक दिन मैं इनका मन बहला रही थी, आज ये मेरा बहला रहे हैं।’
 दूसरे दिन मनीषा लंच के लिये नहीं गयी। नहीं गयी क्या, जा ही नहीं सकी। इच्छा ही नहीं हुई। पता नहीं भूख भी लगी या नहीं। हाँ, मन के किसी कोने में अमर के आने या कम-से-कम एक फोन कॉल की प्रतीक्षा जरूर थी। हाँ, अमर आया। ऑफिस छूटने से थोड़ी देर पहले।
-“आई नहीं तुम?” उसके स्वर में एक अजीब सा भाव था। प्यार या चिंता तो बिल्कुल नहीं, हाँ शायद थोड़ा रुखापन, और शायद कुछ आरोप जैसा भी। उसके आने की जो खुशी मनीषा ने महसूस की थी, वह एक क्षण में हवा हो गयी। पीछे एक गहरी उदासी छोड़ कर।
-“तुम भी तो नहीं आये।” मनीषा की आवाज भी रूखी थी।
-“आया तो हूँ मैं।”
–“जैसे अभी आये वैसे उसी समय आ जाते।”
–“मनीषा, मैं देख रहा हूँ कि हमारे के रिश्ते में एक ठंढापन आ गया है।”
-“कौन लाया यह ठंढापन?” मनीषा की आवाज सचमुच ठंढी हो गयी।
-“चाहे जिसने भी। मगर ऐसे कैसे चलेगा?”
–“मतलब?” मनीषा का दिल जोरों से धड़कने लगा।
-“मतलब.. ।” अमर ने बात पूरी नहीं की।
-“तुम रुक क्यों गये?”
-“मनीषा! ऐसी स्थिति से गुजर कर अगर हमलोगों ने शादी कर भी ली तो एक- दूसरे को कितना सुख दे सकेंगे?”
–“अमर??” मनीषा के मुँह से एक दबी हुई चीख सी निकल गयी। वह आवाक्, फटी-फटी आँखों से उसे देखती रही।
-“मुझे गलत नहीं समझो मनी, मैं....।”
-अब समझने के लिये क्या बचा ह?” मनीषा की आवाज काँप रही थी।
-“ तुम जो कुछ कहना चाहते थे, वो तुम कह चुके।” उसका गला रुँध गया।
-“मनीषा प्लीज, मेरी बात को ऐसे मत लो। मैंने महज एक आशंका व्यक्त की थी।” अमर ने समझाने के अन्दाज में कहा।
-“नहीं अमर। जो बात तुम्हारे दिमाग अभी आई है, कुछ दिन के बाद वह मिट जायेगी क्या? नहीं, वह और बड़ी होती जायेगी। काश! मैंने यह सब कुछ पहले क्यों नहीं ....।” मनीषा की आवाज टूट गयी। कलेजे में उमड़ती हूक को दबाने के लिये उसने होंठ दाँतों में दबा लिये।
-“ऐसा कुछ नहीं है मनीषा। ऐसा नहीं नहीं है कि मैं शादी नहीं करना चाहता। मुझे सिर्फ इस बात का डर है कि जो समझौता तुम्हारे और राकेश के बीच में है वही समझौता हमारे बीच भी ना आ जाये। लेकिन अगर तुम्हें लगता है कि हमें शादी कर लेनी चाहिये तो मैं.... ।” अमर शायद मनीषा को अपना पक्ष समझाना चाह रहा था लेकिन मनीषा ने उसकी बात काट दी। -“एहसान कर रहे हो मुझ पर?” मुझे नहीं चाहिये तुम्हारा एहसान।” मनीषा तड़प कर बोली।
-“मनीषा, गुस्से या भावुकता में आ कर मत सोचो। यह ऐसी चीज नहीं है जिसका फैसला एक मिनट में कर लिया जाये। एक बार सोच लो अच्छी तरह।”
–“सोच लिया। तुम अपना समय अब और मत बरबाद मत करो।” मनीषा का स्वर आवेश से काँप रहा था। राकेश एक पल उसका मुँह देखता रहा फिर एक साँस खींच कर उठ गया। मनीषा को लगा वह फूट-फूट कर रो पड़े, लेकिन उसे पता था आस-पास के कुलीग उसे देख रहे हैं और वह उन्हें अपने लिये और फुसफुसाहट के अवसर नहीं देना चाहती थी। उसने पूरी ताकत लगा कर अपने को फूट पड़ने से रोका और अपना सामान समेटने लगी।
 रास्ते भर मनीषा के दिमाग में सारी बातें गूँजती रहीं। वह स्कूटी कैसे चला रही थी यह उसे खुद पता नहीं था। रास्ता खत्म हुआ और घर आ गया। मनीषा जैसे नींद में चलती हुई अपने कमरे में पहुँची। और तब उसे ख्याल आया उसने कितने अभिमान से राकेश से अपनी अलग जिन्दगी की बात कही थी। अमर ने उससे उसका अभिमान छीन लिया। मनीषा बिस्तर पर ढह गयी।
 राकेश जब लौटा, मनीषा बुखार में तप रही थी। वह घबरा गया।
-“इधर बहुत दिनों से देख रहा हूँ, आप बहुत सोचने लगी हैं। पड़ गयीं ना बीमार! देखिये तो कितना तेज बुखार है।” उसने उसका हाथ पकड़ते हुये कहा। मनीषा से कुछ नहीं बोला गया। वह बस चुपचाप उसे देखती रही। रकेश कुछ पल उसे देखता रहा। उसकी सूजी हुई लाल आँखें, उतरा हुआ चेहरा बिना बोले भी बहुत कुछ कह रहे थे। वह आहिस्ता से उसके पास बैठ गया।
-“क्या बात है मनीषा?” उसने उसके माथे पर हाथ रखते हुये स्नेह से कहा। मनीषा के भीतर जैसे कोई बाँध टूट गई। वह फफक पड़ी।
– “कह दीजिये मुझसे। मैं सब कुछ समझूंगा।” उसने उसका सर सहलाते हुये कहा।
-“क्या कहूँ। अब कुछ नहीं है कहने के लिये।” मनीषा से आगे नहीं बोला गया। राकेश ने भी कुछ नहीं पूछा। वह चुपचाप उसके बालों में अपनी ऊंगलियों से कंघी करता रहा। देर तक चुप्पी छाई रही। सिर्फ मनीषा की रूंधी हुई सिसकियाँ सुनाई देती रहीं। उसकी रुलाई का वेग कम होने पर राकेश ने उसे धीरे से सीधा कर अपनी हथेलियों से उसका चेहरा पोंछ दिया। मनीषा चुपचाप उसे देखती रही।
-“एक बात कहूँ?” उसने उसका हाथ अपने हाथ में लेते हुये कहा।
-“क़्य़ा?” मनीषा ने फँसे कंठ से पूछा।
-“हमलोग इतने दिनों से साथ हैं। एक-दूसरे को अच्छी तरह समझने लगे हैं, एक-दूसरे का आदर भी करते हैं, ख्याल भी रखते हैं। क्या इस आदर, इस ख्याल को प्यार में नहीं बदला जा सकता है?” मनीषा मुछ नहीं बोली। बस उसे देखती रही।
-“मनीषा, समाज के दिये इस रिश्ते को क्या हमदोनो दिल से नहीं स्वीकार कर सकते?” राकेश ने उसके मुँह पर आये बालों को पीछे हटाते हुये कहा। इस बार भी मनीषा के मुँह से कोई बात नहीं निकल सकी। बस उसने माथे पर आये राकेश के हाथ को खींच कर जोर-जोर से धड़कते अपने दिल पर दबा लिया और आँखें बन्द कर लीं।