रॉन, जिसका पूरा नाम रोहन बिसारिया था नर्सरी स्कूल में उसकी टीचर ने जो
उसके नाम को संक्षिप्त करते हुए धज्जी उड़ाई तो फिर उसके बाद तो वह बस रॉन
से रो बन कर रह गया. तिश को जब पता चला कि रो सिर्फ़ साउथ लंदन से ही नहीं
बल्कि स्ट्रेथम के उस इलाक़े से आता है जहाँ से वह ख़ुद आती है तो उसे
बड़ा आश्चर्य हुआ, ‘कमाल है हम एक ही इलाके से आते हैं पर हम आपस में कभी
मिले नहीं.’
‘मैं तो तुम्हें पिछले एक वर्ष से 220 में चढ़ते उतरते देखता आ रहा हूँ.’ रो ने बनावटी लापरवाही से कहा, ‘तुम रायक्रौफ़्ट रोड के बस स्टैंड से 220 नम्बर बस पर चढ़ती और खट खट करती सीधे बस के ऊपरी तल्ले पर जाकर बैठ जाती. एक दिन तुम्हारे गिर गए आइडेंटिटी कार्ड से मुझे पता था कि तुम मात्र तिश नही हो तुम्हारा लंबा चौड़ा भारी भरकम नाम तुशारकन्या राय है. और तुम ‘इलेन’ लड़कियों के कौलिज में पढ़ती हो.जो बेहद घमंडी और तेज़तर्रार होतीं हैं.’ ‘वो तो है पर कमाल है! तुम्हें मेरा पूरा नाम भी पता है. तुम मुझे देखते क्यों थे?’‘मेरे चेहरे पर दो आँखें हैं उनसे मैं जिसे चाहूँ देखू, तुम्हें एतराज़ क्यूँ है.’ ‘कमाल है! तुम ज़रूर डलिच कौलिज के उन लफ़ंगे और दब्बू लड़कों में से होगे जो सामनेवाली सीट पर बैठे बैठे लड़कियों की जुगराफ़िया पढ़ा करते थें.’ रॉन को चिढ़ाते हुए तिश हँसी फिर आगे बोली, ‘जब तुम इतने दिनों से मुझे जानते रहे हो, रो, तो तुमने मुझसे पहचान क्यों नहीं बनाई.’ ‘वाह! तुम्हारा तो बात करने का ढंग ही निराला है. जिसे देखा जाए, उससे पहचान भी बनाया जाए ऐसा कोई रूल तो नहीं है. अक्सर जब तुम सीढियाँ चढ़ती तो तुम्हारे पिछवाड़े पर नज़र पड़ जाती.’ रो ने नाटकीय ढंग से आँखें नचाते हुए कहा. ‘कमाल है! तुम मुझे नहीं, मेरे ‘बम’ को देखते थे.’ ‘इसमें कमाल की क्या बात है. जो दिख जाए वही तो इंसान देखेगा फिर बस में तमाम लोग रोज़ाना चढ़ते हैं. रोज़ाना एक दूसरे को देखते भी हैं. पर इसका मतलब यह तो नहीं कि तमाम लोग आपस में पहचान बनाएँ.’ रो ने कहा.‘कमाल है! बात तो तुम सौ फ़ी सदी सही कहते हो. बहरहाल, अब जब हम एक ही शहर, एक ही मुहल्ले और एक ही विश्वविद्यालय के कौलिज के छात्र है और हर छुट्टियों में हम एक ही ट्रेन या कोच से वापस घर जाएंगे तो हम दोस्त तो बन ही सकते है.’ ‘हाँ, इसकी संभावना बन सकती है.’ रो ने दोस्ताना लहज़े में उसे चिढ़ाते हुए कहा. ‘संभावना क्यों? हम अब दोस्त बन चुके है.रोहन बिसारिया.’ कहते हुए, तिश ने हाई-फ़ाई के लिए हाथ उठाया.....और तड़ तड़ कर के पाँच तालियाँ उसके हाथो पर मार दी. बाप रे! यह हाथ है कि बिजलीघर. रो का सारा बदन बिजली के करेंट से झनझना उठा. रोऑक्सफोर्ड यूनी में फ़्रेंच लिटेरेचर में बी.ए ऑनर्स करने आया था और तिश मीडिया और फ़ैशन डिज़ाइनिग में. विश्वविद्यालय परिसर, यूनियन हॉल या कॉलेज के फ़ंक्शन वगैरह में जब दोनों की मुलाक़ात हो जाती तो दुनिया का कोई विषय ऐसा न होता जिस पर दोनों की बहस न होती हो. एक आग तो दूसरा घी का कटोरा. तिश को रो में चाहत की खुशबू मिलती तो रो को तिश में पूरा बृह्मांड.
एक वर्ष पूर्व जब पहली बार रो ने बस में तिश को देखा था तब भी ऐसा ही धमाका हुआ था. एक बिजली सी कौंध गई थी उसके तन बदन में. इतनी आग, इतनी चमक कि वह झुलस सा गया था. रो ने तिश का चेहरा पहले दिन नहीं देखा था. उसने तो सिर्फ़ सफ़ेद जीन्स और उसके अंदर गोल-गुदाज़ नितंबों का ताल और लय के साथ नृत्य ही देखा था. व्हाट अ रिदमिक बट....क्या चढ़ाव उतार है! वे नितंब बार बार उसकी आँखों मे नाचते रहें. उस दिन आर्ट क्लास के ख़तम होने के बाद वह देर तक उन नितंबों को स्केच करता रहा. मनीष की निगाह पड़ी तो बोला,
‘ओय!यह क्या डूडलिंग है.अरे! कोई चेहरा बना, बाबरा विन्सर की छातियाँ बना. तू तो मरा, चूतड़ बना रहा है..’
‘यार मनीष! इनके लिए ये भद्दे गाली वाले शब्द मत बोल, ये नितंब है, नितंब, इन नितंबों ने तो मेरी नींद उड़ा दी है.’
‘क्या क्लीशे बोलता है यार, यह तो फ़िल्मी डायलाग है. तू हिंदी फ़िल्में देखता है?. हाँ देखता हूँ ममा पापा को ख़ुश करने के लिए. भारतीय सभ्यता जानने और माँ बहन, साले, बहनोई वाली गालियाँ सीखने के लिए. और तू?’
‘साला, देखता हूँ न! उसके बिना चारा कहाँ? बा के साथ पूरी रामायण और महाभारत देखी है. दुनिया भर की नीतियाँ, राजनीतियाँ, छल, दमन, चक्र और चालाकियाँ... अरे हाँ, अब कैसे हैं अँकल?’
‘पहले से ठीक हैं. इंटेंसिव केयर से बाहर आ गए हैं. पर अभी अस्पताल में ही अलग कमरे में हैं. दो तीन दिन में जनरल वार्ड में आ जाएँगे.’
‘सॉरी यार. और फ़ार्मेसी?’‘ममा संभाल रही है. सुबह दुकान मैं खोल देता हूँ. फिर दिन भर वही देखतीं हैं. शाम को काउँटर पर मैं बैठता हूँ तो वह थोड़ा आराम कर के फिर पापा से मिलने जाती है उस समय मैं भी उसके साथ जाता हूँ.’ ‘डिफ़िकल्ट टाइम!’‘निकल जाएगायार.’ रो बोला. अट्ठारह वर्ष का रो काफ़ी सुलझा हुआ, अपनी उम्र से कहीं ज़्यादा परिपक्व और ज़िम्मेंदारियाँ समझनेवाला था. वह डलिच कौलिज के आख़ीरी वर्ष का एक पढ़ाकू और खिलाड़ी छात्र था. कौलिज में उसकी प्रतिभा का सम्मान था.
‘बोल, मैं आ जाउँ हेल्प के लिए. वेडनेस डे को ख़ाली रहता हूँ. बाक़ी दिन, तुझे तो पता है शाम को पेट्रोल पम्प पर काम करता हूँ. बा के पेन्शन और बर्सरी के पैसों में गुज़ारा नहीं होता है.’ मनीष के पिता ने किसी गोरी लड़की के साथ घर बसा लिया था. कोर्ट रूलिंग के बावजूद वह बीवी को कोई भत्ता नहीं देता था. उलटा मनीष से ही पैसे माँगता था. उसे और उसकी गोरी को नशे की लत पड़ी हुई थी. दो बार फ़्लैट से निकाल बाहर किया गया, अब गोरी प्रेगनैन्ट है सो अब काउँसिल उन्हें सड़क पर नहीं फेंक सकती है.
‘जानता हूँ.’ उसने नितंब की गोलाइंयों को पेनसिल के गहरे शेड से भरते हुए कहा.
‘डेटिंग?’
‘तू भी यार मज़ाक करता है. पापा का जैसा स्वास्थ्य, उसमें लड़की घुमाने की सोच भी नहीं सकता. कुछ बन जाउँ फिर लड़कियों के बारे में सोचुँगा.वैसे ट्रैकिंग तो करता ही रहुँगा.... ममा पापा थोड़े ट्रैडिशनल है यार.’ दूसरे दिन उसने तिश का गदराया बदन और साँवला चेहरा भी देखा. इससे दूर रहना आसान होगा क्या? तिश जब बस में चढ़ती तो रो के दिल की धड़कन तेज़ हो जाती. वह अपने हाथों की नब्ज़ टटोलता वह भी तेज़ चल रही होती. धीरे धीरे वह तिश के बदन की खुशबू और मूड के शेड भी पहचानने लगा था. उसे यह भी पता चल गया था कि वह मीडिया और फ़ैशन डिज़ायनिंग के साथ पब्लिक स्पीकिंग में ए लेवल कर रही है. हर गुरुवार को वह सालसा- लैटिन अमेरिकन नृत्य का प्रशीक्षण लेती है. शुक्र और शनी को हैरडस के एकाउँट डिपार्टमेंट में काम करती है और संडे को भारतीय विद्या भवन में कथक सीखती है. रो एकेडेमिक था. आर्ट और म्यूज़िक के साथ स्पोर्ट्स में भी उसकी गहरी दख़ल और पकड़ थी. पर आज कल वह जिन परिस्थितियों से गुज़र रहा था उसमें सिर्फ़ पढ़ाई, ममा, डैडी और दुकान की जगह थीं. उसकी और तिश की पसंद में साम्यता है यह उसे एक बड़ी बात लगती थी जो उसे तिश की ओर खींचती थी. वह तिश को प्रॉजेक्ट के सिलसिले में अक्सर लाइब्रेरी में लड़कियों के झुँड में किताबें खोजते या डिस्कशन करते देखता. रो सोचता इस लड़की को पढ़ने लिखने और अपने व्यक्तित्व को निखारने के अतिरिक्त फ़ालतू समय गँवाने का और कोई रोग नहीं लगा है. और वह मन ही मन खुश हो लेता. रो को तिश के व्यक्तित्व में अपनी पसंद की झलक मिलती. तिश कोई आम लड़की नहीं है, रो सोचता. आकाश की बुलंदियाँ छूने का हौसला रखती है. डलिच कॉलेज के वे अंतिम चार पाँच महीने रो के लिए बेहद मुश्किलोंवाले दिन थें. ऐसे में तिश को कहीं देख लेना, उसके ख़्यालों में उलझ जाना उसे रिलैक्स करता. उसे लगता उसके और तिश के बीच ज़रूर कोई अदृश्य तार है जो कभी न कभी एक्टिवेट होगा.
रो के पापा जुझारू व्यक्तित्व के थें. उन्होंने आश्चर्यजनक स्वास्थ्य लाभ किया. रो की ज़िंदगी नॉर्मल हो चली थी. पापा ममा के साथ दुकान पर जाने लगे थें वह भी जल्दी जल्दी छूटे हुए पढ़ाई के तारों को जोड़ने में लग गया. तिश का बस में आना खटखट कर के सीढ़ियों पर चढ़ना और ऊपर जा कर बैठ जाना वह निरंतर देखता रहा. बात को आगे बढ़ाने की इच्छा होते हुए भी वह अपने पर अँकुश लगा जाता. मनीष ने कई बार उस पर आगे जाकर पहल करने के लिए दबाव भी डाला पर वह किसी तरह तैयार नहीं हुआ. उधर तिश मध्यमवर्गीय महत्वकांक्षी लड़की थी, अपने भविष्य पर एकदम फोक्स्ड. लड़के तो उसके लिए चाबी के गुड्डे थें.
ए लेवेल की मॉक परीक्षाएँ हो चुकी थी. वार्षिक बॉल डांस पार्टी में वह भी मनीष, स्टुअर्ट, और शरत के साथ गया था. बार में उसकी तरफ पीठ किए बरगंडी रंग की लो बैक कट, फिगर हगिंग गाउन में तिश भी अपने दोस्तों के साथ खड़ी गप्पें लड़ा रही थी. रो की नज़र तिश के नितंबों गईं वे आज कहीं और ज़्यादा ख़ूबसूरत और इनवाइटिंग लग रही थी. रो का मन हुआ वह पीछे से जाकर उसकी कमर में हाथ डाले...
‘यार तू उसके ‘बट’ ही देखता रहेगा या आगे भी बढेगा, चल तुझे मिलाता हूँ.’ मनीष उसके कानों में फुसफुसाया.‘नहीं, मस्ती करने दे यार उसे. मैं उसे हर रंग में देखना चाहता हूँ. आज तो बस उसकी नई फ़ुटेज देखनी है.’ ‘क्या बकता है, यह समय दोबारा नहीं आएगा. आज क्यूपिड अपनी दुंदभी लेकर आया है. चिड़िया आज उड़ी तो फिर तेरे हाथ नहीं आएगी.’‘देखा जाएगा...’
बस तभी तिश पलटी उस की आँखें रो से मिलीं. वह मुस्कराई और फिर पलट कर अपने दोस्तों के साथ गप शप करने में व्यस्त हो गई. यह रो के नज़रों की गर्मी थी या कुछ और तिश क्यों पलटी थी और वह किसे देख कर मुस्कराई थी. चारों ओर नज़र गड़ा गड़ा कर देखने और सर्चलाइट फेंकने के बाद भी रो को नहीं पता चला. क्या तिश ने उसे ‘नोटिस’ किया?....वह हैरान था.
पार्टी ज़ोरदार थी. पीना और खाना इफ़रात. तिश के आगे पीछे लड़के घूमते रहें. सारा वातावरण ऋतुराज कामदेव के प्रभाव में था. गिलास से गिलास टकरा रहे थे. रो देख रहा था तिश मूड में थी. फ्रेचनॉट में गुंथे बालों में से शोख़ लटें निकल कर उसके गालों को चूम रही थीं. तिश ने खूब मस्ती की. इंकार तो उसके पास था ही नहीं. खूब कृतज्ञ किया दोस्तें को, जिसने कहा उसके साथ डांस किया. ड्रिंक भी लिया, पर पीया नहीं, चतुराई से काउँटर पर सजाती गई या होठों तक ले जा कर फिर ट्रे में रख देती. पार्टी अभी जोबन पर थी कि रो ने देखा तिश, सोमा, तन्नी और रोज़ के साथ दिलफेंकों को अँगूठा दिखाते हुए फुर्र से उड़ गई...तिश जैसी लड़कियाँ जाल के अंदर से भी चारा खा कर उड़ सकतीं है...
परीक्षा के बाद रो अपनी छोटी मौसी कंचना के पास फ़्रांस चला गया अपनी फ़्रेंच सुधारने के लिए. मासा हेनरी, फ़्रेंच नस्ल का था साथ ही वहाँ रंग मंच से भी जुड़ा हुआ था. रो और मासा की खूब पटती थी दोनों की संगीत और साहित्य में रुचि थी. रो को तो जैसे मन चाहा परिवेश मिल गया. उसकी फ़्रेंच निखरी तो निखरी ही, उसे मासा के साथ फ़्रेंच जीवन जीने का भी अवसर मिला. मासा मासी दोनों रंग कर्मी थे. कभी वह उनके साथ रिहर्सल पर चला जाता और रिहर्सल देखते हुए वहाँ के रंगकर्मियों की जीवन शैली में रम जाता तो कभी दिन भर फ़्रेंच लाइब्रेरी, म्यूज़ियम और दर्शनीय स्थलों में घूमता फिरता और शाम को मासा और मासी के नुक्कड़ नाटक देखता. इन तीन चार महीनों में वह पूरा का पूरा इंडो-ब्रिटिश से ब्रिटिश-फ़्रेंच हो गया. फ़्रेंच भाषा साहित्य में डिग्री लेने को तैयार....
छुट्टियों के बाद जब रो ऑक्स्फ़ोर्ड विश्वविद्यालय अपनी आगे की पढाई के लिए गया तो विश्वविद्यालय के परिसर में परिचयवाले सत्र मे तिश उससे टकराई. तिश से इस तरह मुलाक़ात ऑक्स्फ़ोर्ड में होगी और फिर तिश उससे ऐसी लच्छेदार और भड़काऊ बातें कर जाएगी उसने तो सपनों में भी नहीं सोचा था. तिश ने रो को कोई अवसर ही नहीं दिया वह तो मात्र इस बात से ही प्रसन्न थी कि इस नई ज़मीन पर उसे कोई अपने शहर का मिल गया.
‘कमाल है प्यारे! तूने हमें ऑक्स्फ़ोर्ड यूनी के परिसर में इस तरह नाटकीय ढंग से मिलाने की योजना बनाई!’ रो ऊपर आसमान को देखते हुए हँस पड़ा.अच्छा हुआ तिश ने ही पहले दोस्ती का हाथ बढ़ाया वर्ना वह उसे उन तमाम लड़कों के कटघरे में खड़ा कर देती जो ख़ूबसूरत और स्मार्ट लड़कियों से सिर्फ़ प्रेस्टीज और सेक्स के लिए पहचान बढ़ाना चाहते है.
रो और तिश की बॉडी केमिस्ट्री कुछ इसतरह आपस में मिली कि यूनिवर्सिटी के उन तीन वर्षो में दोनों एक दूसरे से चुम्बक और लोहे की तरह जुड़ गएँ. कभी यूँ ही, कभी ज़रूरत, तो कभी किसी प्रोजेक्ट पर विमर्श करने के लिए. इस तरह समय के साथ दोनों की दोस्ती गहराती गई. ढेरों समय साथ बिताया. एक समय वह भी आया जब दोनों ने फ़्लैट शेयर किया. मस्तियाँ की, आर्थिक संकटों में एक दूसरे की भरपूर सहायता करते हुए एक इकाई बन गएँ और लोग उन्हें जोड़े की संज्ञा देने लगें.
तीन साल बाद जब बिछड़ने का वक्त़ आया तो रो ने तिश से भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा. तिश ने स्पष्ट उत्तर देते हुए कहा, उसकी योजना काफ़ी लंबी चौड़ी है वह पैरिस से विज्ञप्ति और फ़ैशन डिज़ाइनिंग में मास्टर्स करेगी फिर वहीं किसी ऐड कम्पनी में काम करने का अनुभव लेगी फिर आगे अपना ख़ुद का व्यापार शुरू करेगी. रो को भी फ़्रांस के ही किसी विश्वविद्यालय से मास्टर्स और पी.एच.डी करने के बाद फ़्रेंच भाषा और साहित्य का स्कॉलर बनने की आकांक्षा थी. इस बीच तिश ने फ़्रेंच स्कूल ऑफ़ फ़ैशन ‘इज़ी मयॉक’ और ‘इवसा लॉरा’ से डिप्लोमा किया. और रो ने यूनिवर्सिटी ऑफ़ पैरिस सॉरबॉ से मास्टर्स और पी.एच.डी. एक ही देश में रहते हुए भी दोनों एक दूसरे से मीलों दूर रहते थें. इस लिए कभी एस.एम.एस, कभी इ मेल कभी स्काइप पर दोनों बातें कर लिया करतें और फिर जब कभी मौक़ा मिल जाता तो वीक एंड साथ बिताते हुए मस्ती करते.
डॉक्ट्रेट करने के बाद रो लंदन के क्वीन्स कौलिज के कॉमर्स विभाग में फ्रेंच पढ़ाने लगा और थोड़े ही दिनों बाद तिश नॉर्थ लंदन के ‘टैलिस्मान फ़ैशन’ फ़र्म में काम करने लगी. लंदन आने पर तिश को जबतक ढंग का फ़्लैट नहीं मिला वह रो के फ़्लैट में रही. आफ़िस के पास फ़्लैट मिलते ही वह उसमें शिफ़्ट हो गई. दोनों का मिलना-जुलना, वक़्त ज़रूरत पर एक दूसरे की सहायता करना बदस्तूर जारी रहा.
इस बीच जब रो कॉंफ़्रेंस और सेमिनार वगैरह के लिए फ़्रांस जाता तो वह तिश को भी समय निकाल कर साथ आने का निमंत्रण देता. तिश फ़ैशन के गढ़ फ़्रांस जाने के लिए अपना कोई न कोई ऑफ़िशियल काम निकाल कर उसके साथ हो लेती. रो के ममा पापा को तिश के बारे में पता चल चुका था. उन्हें तिश हाई-फ़ाई टाइप की समय गुज़ारने वाली सोशलाइट लगी. वे रो पर शादी के लिए दबाव डालने लगे. रो ने तिश का मन टटोला तो तिश चकित सी बोली,
‘रो! हम दोस्त है. एक दूसरे के लिए प्रतिबद्ध होते हुए भी, स्वतंत्र अस्तित्व रखते हैं. शादी के बारे में मैंने कभी सोचा ही नहीं.’
‘ममा पापा शादी के लिए मुझ पर दबाव डाल रहे हैं. ज़्यादा दिन उनको टालना मुश्किल होगा, तिश.’
‘रो हम दोस्त हैं और दोस्त ही रहेंगे. शादी हमारे संबंधों को संकुचित करेगी. वे तुम्हारे ममा पापा हैं. उन्हें हैंडल करना तुम्हारा काम है.’ आगे कुछ सोच कर उसने कहा, ‘मेरे कैरियर का मेरे जीवन में अहम् स्थान है रो. मैं घर की जिम्मेदारियाँ नहीं उठा सकती हूँ. शादी के बाद तुम्हारी अपेक्षाएँ मुझसे बहुत बढ़ जाएँगी. तुम जानते हो मेरा कैरियर, मेरा व्यवसाय मेरे लिए महत्वपूर्ण है. ‘और मैं, तुम्हारी ज़िंदगी में क्या स्थान रखता हूँ तिश?.’ रो ने ठंडी सांस लेते हुए पूछा.
‘मेरे जीवन में तुम्हारी अपनी जगह है. तुम मेरे लिए महत्वपूर्ण हो. पर मेरे बिज़नेस और महत्वकांक्षाओं से ऊपर नहीं. तुम अभी जैसे हो, निश्चिंत, केयर फ्री स्वभाव के, मुझे वैसे ही अच्छे लगते हो. शादी के बाद तुम मेरी चिंता करने का रोल ले लोगे, यह मुझे अच्छा नहीं लगेगा.’ उसने उसे बाहों में भर एक चुलबुलाता हुआ लंबा चुंबन देते हुए कहा.
‘सच!’
‘हाँ सच!’ उसने इमांदारी से कहा.
‘मैं बिज़नेस वुमन हूँ रो, अपने लिए स्वयं उत्तरदायी. तुम्हें पता है. अगले कुछ ही महीनों बाद मैं टैलिस्मान की नौकरी छोड़ रही हूँ. टैलिस्मान में अब मेरा दम घुटता है. मैं मुंबई जाना चाहती हूँ, वहाँ मेरे काम की प्रशस्ति है. अपनी विज्ञप्ति की कंपनी वहाँ खोलना चाहती हूँ.’ ‘आर यू सीरियस! माना तुम टैलिस्मान में काम करते हुए कई बार इंडिया जा चुकी हो. तुम इंडिया के बारे में क्या इतना कुछ जानती हो कि अपनी कंपनी खोल सको तिश?. फिर फ़ाइनेन्स कहाँ से आएगा?’ ‘रो, तुम चिंता मत करो. मैंने सारा ग्राउँड वर्क कर रखा है. मैं अपना फ़्लैट बेच दूँगी. आज कल मार्केट अच्छा है. पौंड की कीमत बढ़ी है. पिछले विज़िट में मैने ओ.सी आई. (ओवरसीज़ सिटीज़नशिप ऑफ इंडियन) कार्ड और ड्राइविंग लाइसेन्स के लिए आवेदन पत्र भर दिया है. मुंबई पुलिस कमिश्नर से मेरी जान पहचान है.’‘इट विल बी अ बिग ऐडवेन्चर तिश. यू आर स्पेशल, आई नो. आई बिलीव इन यू. फिर भी इटस् अ बिग जम्प!’ ‘थैंक्स रो, माई स्ट्रेंग्थ कम्स फ्रॉम योर फ़्रैंडशिप.’ आगे वह उत्साह से बोली, ‘रो, इंडिया आज संभावनाओं से भरा एक ऐसा शक्तिशाली देश बन कर उभरा है कि सारा संसार उसकी तरफ नज़रें उठाए देख रहा है. पश्चिम का ‘ब्रेन ड्रेन’, भारत का ‘ब्रेन गेन’ है. रो यह प्रॉजेक्ट मेरे लिए एक चुनौती है, पुरुष वर्चस्ववाले इस फैशन और विज्ञप्ति के क्षेत्र में. मैंने पिछले पाँच वर्षों में दिल्ली, चेन्नई और मुंबई तीनो मेट्रोपॉल का अध्य्यन कर के ही मुंबई का चुनाव किया है. मुझे वहाँ पूरी एक नई टीम तैयार करनी होगी, इट विल बी माई बेबी रो. इसलिए क्या तुम नहीं सोचते कि शादी उसमें रुकावटें डालेगी.’ तिश की आवाज़ में एक नई तरह की ऊर्जा और कशिश थी.
रो उसके होठों से निकले शब्दों में अभिव्यक्त अभिव्यंजना के रेशे रेशे समझ रहा था. पर एक तरफ तिश तो दूसरी तरफ ममा पापा! दोनों ही उसके जीवन में महत्वपूर्ण जगह रखते थे. एक से जैविक जुड़ाव था तो दूसरे से किशोरावस्था में पनपा गहरा भावनात्मक जुड़ाव. रो तिश के आकांक्षाएँ और महत्वकांक्षाएँ और उसके दर्द से वाक़िफ़ था. रो को महसूस हुआ कि तिश के फैले डैनो के लिए ऊर्जा बन जाने में ही उसे असीम सुख और संतुष्टि की प्राप्ति मिलेगी.
उसने ने जग में से पानी डालकर गिलास तिश की ओर बढ़ाते हुए कहा, ‘तिश मैंने तुम्हें तुम्हारी कमज़ोरियों और शक्तियों सहित तुम्हारी संपूर्णता में चाहा है. मैं कब चाहता हूँ कि तुम अपने योजनाओं को रद्द कर दो. महत्वकांक्षाओं का गला घोंटो. यू कैरी ऑन, माई लव. तुम सदा मुझे अपने पास पाओगी. आई बिलीव इन यू.’
‘दैट्स लाइक माई ब्वाय.’ कहते हुए तिश रो को देर तक आलिंगनबद्ध कर अपने में समोती रही, ‘रो कब तुम मेरी ऊर्जा, ढाल और हम साया बन गए, मुझे पता ही नहीं चला.’
इसी तरह साल-दो साल और बीत गएँ. तिश व्यापार के सिलसिले में मुंबई - लंदन की जेट सेटिंग करती मीटिंग्स और कॉन्फ्रेसेज़ अटेन्ड करती. होटल में कमरा बुक होने के बावजूद भी वह रो के उस छोटे से फ़्लैट में ठहरती जो उसे विश्वविद्यालय के परिसर में मिला हुआ था. रो भी विश्वविद्यालय की छुट्टियाँ तिश के साथ मुंबई में उसके एक कमरे के फ़्लैट में बिताता जहाँ से उसने नए जीवन की शुरुआत की थी. कभी कभी ऐसा भी होता कि तिश लंदन आती तो दो- तीन दिन के लिए पर उसकी रो से मुलाक़ात होती सिर्फ़ आधे घंटे की. पर वह आधा घंटा इतना स्फूर्त होता कि वह सारे महीनें की ख़लिश मिटा देता. रो को तिश का इंतज़ार करना अच्छा लगता. दोनों के जीवन में कुछ भी तो ऐसा नहीं था जिसे वे एक दूसरे से न बाटते हो. यही बाटना ही तो उन्हें पूर्णता देती है. कई बार जब दोनों का मिलना नहीं हो पाता तो दोनों एस.एम.एस और स्काइप पर बातें कर के नज़दीकियाँ महसूस करतें..
इधर रो पर ममा का दबाव, शादी के लिए बढ़ता जा रहा था. खुले विचारों के होते हुए भी शादी ब्याह के मामले में ममा-पापा रूढ़ियों में जकड़े हुए थें. रो जैसी आज़ाद ख़्यालों की लड़की कभी उनके पैमानों पर फिट नहीं होगी. उन्होंने रो के लिए लड़कियाँ देखनी शुरू कर दी. एक लड़की भी उन्हें पसंद आ गई. बस वे इंतज़ार कर रहीं थें कि कब रो घर आएँ और कब वे उसकी घेरा बंदी लड़की देखने के लिए करें,पर रो उनकी पकड़ में नहीं आता.
इध ररो के मन में कुछ और विचार उठ रहे थें, बार बार मुंबई आने से उसे भी भारत की नई विकसित संस्कृति और सोच की उड़ान पसंद आने लगी थी. उसे लगा कि वह भी अपनी प्रतिभा भारत के विकास में लगा सकता है. विश्व का भूंडलीकरण हो रहा है. वैश्विक सोच बदल रही है. इंडियन सबकौटिनेन्ट से छात्र भारत के विश्वविद्यालयों में पढ़ने आ रहे हैं. अतः वहाँ के विश्वविद्यालयों और इंस्टीट्यूट आदि में विदेशी मूल के स्कॉलरों के नियुक्ति की होड़ सी लगी हुई है. एक दिन रो ने ममा पापा को सूचित किया कि उसने बुंबई के एक विश्वविद्यालय में आवेदन पत्र भेजा है और उसके चयनित हो जाने की गहरी संभावना है. ममा पापा को रो का यह चुनाव ठीक नहीं लगा. लोग भारत छोड़ कर इंग्लैंण्ड और अमेरिका बेहतर भविष्य की खोज में जाते हैं और वह उल्टा इंडिया जा रहा है. उल्टे बाँस बरेली!. ‘वहाँ की छिछली राजनीति और भ्रष्टाचार वाला परिवेश तेरे लिए ठीक नहीं है रो. तेरा मन वहाँ नहीं लगेगा. तू यहाँ पैदा हुआ है, बड़ा हुआ है. तुझे यहाँ की आदत है. इतनी अच्छी, लगी लगाई नौकरी मत छोड़. क्वीन्स कौलिज प्रेस्टीजियस यूनिवर्सिटी है. इंडिया में आज भी वही घिसी पिटी शिक्षण पद्धति है तू उसमें फ़िट नहीं हो पाएगा. वहाँ के छात्र भी उदण्ड हैं. तू अख़बार नहीं पढ़ता क्या?’
रो के अपने तर्क होते. ‘भारत बदला है पपा. उसने विकास किया है. आज भविष्य वहीं है. अमेरिका, इंग्लैण्ड जैसे शक्तिशाली देश आज इंडिया में आउट सोर्सिंग कर रहे है, इवेस्टमेंट कर रहे है, बड़े बड़े प्लाँट्स लगा रहे है, कारपोरेट कंपनियाँ खोल रहे हैं. भारत को नई शक्ति अर्जित करने के लिए, नई शिक्षण पद्धति की आवश्यकता है जो वह और उस जैसे नवजवान ही भारत को दे सकता है....फिर आप लोग भी तो सदा रिटायरमेंट के बाद अपने देश वापस जाना चाहते थें. आपकी वे अधूरी इच्छाएँ भी पूरी हो जाएँगी.’
‘सुनने में ही ये थोथी आदर्शवादी बातें अच्छी लगती हैं रो, पर यह सब प्रैक्टिकल नहीं हैं. नहीं, भई नहीं! अब हमें यहाँ की आदत हो गई है. हमारे दोस्त - बंधु सब तो यहीं हैं. वहाँ तो सब सगे संबंधी दूसरी दुनिया के वासी हो गएँ. अब वहाँ बचा कौन है?हमारे मित्र, हमारी पेंशन, वेलफेयर की सुख सुविधाएँ वह सब वहाँ कहाँ मिलेंगी? अब तो हमें यहीं रहना है, हमारी जड़ें अब यहाँ जम गईं है.’ वे कहते. पर मन ही मन वो जानते थें कि रो के इंडिया जाने के पीछे कौन सा आकर्षण है.
ममा पापा की सारी दलीलें असफल रही. रो की नियुक्ति मुंबई विश्वविद्यालय के कौमर्स विभाग में फ्रेंच प्राध्यापक के रूप में हो गया. वह ममा पापा से छुट्टियों में लंदन आने का वादा कर मुंबई चला आया. भारत जाने से पहले उसने ममा पापा से साथ चलने की फिर से पेशकश की, पर पापा ने कहा अभी नहीं. ममा अपनी सपोर्ट ग्रूप, यहाँ के वेलफेयर एस्टेट की सुविधाएँ और वहाँ की भिन्न सामाजिकता के कारण नहीं जाना चाहती थी. शादी का मसला फिर थोड़े दिनों के लिए स्थगित हो गया.
मुबई में, तिश ने रो को अपना अलग फ़्लैट नहीं लेने दिया. रोज़ सुबह तिश रो को विश्वविद्यालय छोड़ते हुए ऑफ़िस जाती. शाम को तिश, गाड़ी उसे लेने के लिए भेज देती और स्वयं शाम को ज़रा देर से घर आती. शांता ताई साफ़ सफ़ाई कर के शाम का खाना हॉट केस में रख, प्लेट, तशतरी मेज़ पर सजा देती. रो यूनी से आकर, फ्रेश होता, एक कप चाय बनाकर टी.वी. पर न्यूज़ देखता हुआ रौनक लगाती, खुशियाँ बिखेरती तिश का इंतज़ार करता. उसे घर के कोने कोने में तिश समाई हुई मिलती.
तिश के सारे कार्यक्रम चुस्त दुरुस्त होते. बातों बातो में वह रो को अपने आगे के कार्यक्रम से अवगत कराती रहती. कई बार ऐसा भी होता कि वर्क प्रेशर के कारण तिश को घर आने में ज़्यादा देर हो जाती तो ऐसे में रो अकेले ही खाना खा लेता फिर अगले दिन का लेक्चर तैयार कर टी.वी. पर खबरें सुनता, स्पोर्टस चैनल देखता और तिश का इंतज़ार करते हुए सो जाता जब आँख खुलती तो देखता तिश उसकी बाँहों पर सिर रखे बच्चों की सी निर्मल मुस्कराहट होंठो पर सजाए उससे चिपटी सो रही है.
उस दिन शायद छुट्टी का दिन था. ममा का मेल आया कि उन्होंने एक लेक्चरर लड़की देखी है. लक्षणा सरावगी- फोटो संलग्न है. मुंबई विश्वविद्यालय के कॉन्फ्रेंस में मुंबई आ रही है. वह उससे विश्वविद्यालय में कॉन्फ्रेंस के बीच मिल ले और यदि उसे लक्षणा पसंद आ जाती है तो अगले महीने में इंगेजमेंट और शादी की तारीख़ें पक्की कर देते हैं. तिश शादी नहीं करेगी. वह बिज़नेस वुमन है. उसके चक्करों से उसे बाहर निकल कर अपने जीवन के बारे में भी सोचना चाहिए. कब तक वह ऐसे अकेला रहेगा. तिश एक ऐसी ‘ऑंटोप्रेन्योर जेनेरेशन’ है जो कभी भी अपनी उपलब्धियों से संतुष्ट नहीं होता है. इसलिए उसके पीछे और अधिक समय गवाँना ठीक नहीं होगा...
फिर आगे उन्होंने लिखा, वे अब मुंडेर की धूप हैं. यह उनके जीवन के अवसान का समय है. संसार से जाने से पूर्व वह अपने एक मात्र पुत्र का घर बसा हुआ देखना चाहतीं है.
रात को बिस्तर में लेटे लेटे रो ने हँसते हुए ममा का मेल तिश को आई पैड पर दिखाया.
‘क्या जवाब दोगे रो?. उस लेक्चरर से मिलोगे?’ तिश ने पूछा.
‘मिलना तो होगा ही तिश. बाद में लिख दूँगा. लड़की पसंद नहीं आई.’
‘और अगर पसंद आ गई तो?’
‘ऐसे कैसे पसंद आ जाएगी?’ रो ने तिश के नितंबो को सहलाते हुए बाहोँ में भर कर भरपूर चुम्बन देते हुए कहा. मेरी ज़िंदगी में सिर्फ एक लड़की है और वह है....’ कहते हुए उसनें तिश को बाहोँ में भर कर जीवन रस के गहन आनंद से भिगो दिया.
‘रो, अगर तुम वादा करो कि शादी के बाद तुम मुझे ट्रैडिशनल पत्नी के रोल मॉडल में ढलने का दबाव नहीं डालोगे और साथ ही मेरे व्यवसाय के मामले में टोका टाकी नहीं करोगे तो मैं फेरे जैसी रस्म ममा पापा के ख़ुशी के लिए अदा कर देती हूँ. मैंने तो अपने माँ-बाप बचपन में ही खो दिया था. फोस्टर पैरेंट्स के पास रह कर पढ़ाई की है. मैं तुम्हारे साथ ही ख़ुद को बुलंद कर सकती हूँ. तुम मेरे प्राण वायु हो, साथ ही ममा पापा को भी दुःखी नहीं देख सकती. ’ तिश ने एक सांस में अपने मन की सारी व्यथा अभिव्यक्त कर दी.
‘डन?’ रो को लगा सारा बृह्माड उसकी बाहों में समा गया. वह लंगूर की तरह छलाँग मार कर उठ खड़ा हुआ और तिश को गोद में उठा कर सारे घर में देर तक नाचता फिरा.......
अगले महीने शादी हो गई. ममा पापा ने सुख की सांस तो ज़रूर ली पर उनके गले में एक कांटा सा अटका रहा. यह लड़की तिश व्यवहार कुशल है. प्रियदर्शनी है पर है तो बिज़नेस वुमन. इसमें पत्नी जैसा वह झुकाव नहीं है. हर वक्त मोबाइल और फ़ेसबुक पर लगी रहती है, अपने आप को जमाने के लिए. रो के लिए यह क्या करेगी? रो तो बस दब्बू, हाउस हसबैंड बन कर रह जाएगा. पर रो ख़ुश तो हम क्यों नाख़ुश! उन्होंने किसी तरह मन को समझा लिया.
इस बीच दो तीन वर्ष का समय गुज़र गया. शादी के बाद तिश की ऐड कंपनी का बिज़नेस कुछ इस तरह बढ़ा कि उसे मलेसिया, बंगलादेश और पाकिस्तान जैसे कम उन्नत देशों में प्रशिक्षण व प्रेजेंटेशन के लिए निमंत्रण भी मिलने लगा. धीरे धीरे उसने ऐड और फ़ैशन डिज़ाइनिंग का प्रशीक्षण देने का अपना ख़ुद का इंस्टीट्यूट भी खोल लिया. काम बढ़ा तो फ़ुर्सत के क्षणों में भी कटौती हुई. तिश अपनी कंपनी से सहस्त्रों का वेतन लेती, वैभवशाली बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में पेंट हाउस, शोफर ड्रिवेन मर्सेडीज़, फ़ुल फ़ैमिली मेडिकल फ़ेसिलिटी और भी न जाने क्या क्या पर्क. बस तिश के पास अब न तो अपने लिए समय था न घर के लिए. फिर भी वह खिली खिली तरोताज़ा रहती. उसकी मस्ती, उसका चुलबुलापन रो को भरमाए रखती. उसे घंटे- दो घंटे तिश का इंतज़ार करना बुरा नहीं लगता. ऐसा सुखद और वैभवशाली जीवन क्या वह मात्र अपने वेतन में सुलभ कर सकता, कई बार वह सोचता. उधर तिश सायास कम्पनी के फ़ैशन-उत्सवों में न केवल रो को शामिल करती बल्कि समय समय पर फ्रेंच जीवन पद्धति, संस्कृति और उनके कलात्मक रुचियों पर उसके औपचारिक भाषण भी रखवा देती. जब तिश का नाम ‘इयर ऑफ द वुमन’ के लिए नॉमिनेट हुआ तो रो की खुशी का कोई ठिकाना न रहा.
तिश की व्यस्तता दिनों दिन बढ़ती जा रही थी. वैसे भी उसे तो व्यस्त जीवन आरंभ से ही पसंद था. वह एक पल शांत बैठना नहीं चाहती थी. जल्दी सुबह उठती. सूर्य नमस्कार करते हुए रो को दिन भर का अपना कार्यक्रम बताती, उसके साथ नाश्ता करती साथ ही घर के प्रबंधन की ज़रूरी बातें रो और शांता ताई को बताते हुए नोट्स भी बना डालती. ऑफ़िस के दिनचर्या में अगर कोई बदलाव आता तो रो और शांता ताई को टेक्स्ट कर देती. कभी कभी रो को लगता कि तिश नईम और शांता ताई को ज़रूरत से ज्यादा भाव देती है. तिश हँस पड़ती, कहती, ‘जिस तरह एक आदमी को अपनी सफलता की उँचाइयों पर पहुँचने के लिए एक समझदार समर्पित पत्नी की आवश्यकता होती है उसी तरह एक सफ़ल व्यवसायी महिला को इस कॉरपोरेट जगत में अपनी पैठ बनाए रखने के लिए एक दोस्त पति और समर्पित, समझदार सेविका की आवश्यकता होती है.’ तिश ने मोटी तनख्वाह और आदर सम्मान देकर शांताबेन और नईम को अपनी आवश्यकतानुसार इस तरह प्रशीक्षित कर लिया था कि रो पर गृहस्थी का कोई दबाव न पड़े. शांता ताई चौबिस घंटे की उसकी हाउस कीपर और नईम उसका वफ़ादार ड्राइवर और मैसिन्जर जिन्हें वह किसी क़ीमत पर खोना नहीं चाहती थी.
सप्ताहांत पर जब तिश घर पर होती तो कभी मोबाइल तो कभी आइ पैड पर उसका आधा समय निकल जाता. अक्सर सोने से पहले आधा घंटा या तो वह फेस बुक पर होती या कंप्यूटर पर कॉन्फ्रेस काल कर रही होती. रो अपने खाली समय को भर न पाने के कारण कभी कभी खीझकर कहता, ‘तिश, इतना भी बिज़ी क्या रहना?’
‘मुझे तो ऐसी ही एक्साइटिंग और व्यस्त लाइफ़ स्टाइल पसंद है रो.’ वह हँस कर प्यार से उसके उभरे हुए गालों को मुट्ठियों में भर कर माथे पर चुम्बन देते हुए कहती, ‘ये लो कल सुबह ताज में स्वीमिंग पूल पर सारी सुबह तुम्हारे नाम या कल हम टैरेस पर नाश्ता करते हुए संगीत सुनते हैं.’
पर पिछले काफ़ी दिनों से तिश की व्यस्तता रो पर भारी पड़ रही थी. उस एक वीक एन्ड पर कुछ ऐसा हुआ कि रात में जब एक बार रो की आँख खुली तो उसने देखा तिश बिस्तर में नहीं है. वह स्काइप पर लगी हुई है. सुबह रो ज़रा देर तक सोता रहा, जब उसकी नींद खुली तो तिश ग़ायब. शांता ताई ने सुबह की चाय के साथ तिश का नोट पकड़ा दिया, ‘तुम गहरी नींद में थे इस लिए जगाया नहीं. अतः आज सुबह स्वीमिंग का कार्यक्रम रद्द हो गया. मिडलईस्ट से एक क्लाइट काफ़ी महत्वपूर्ण कॉंट्रैक्ट लेकर अचानक आ पहुँचा है. यह कॉंट्रैक्ट कंपनी को हर हाल में लेना है. लंच पर मिलते हैं.’ रो बहुत देर तक बेचैन, इधर उधर की तमाम बातें सोचता रहा. बीच बीच में तिश के टेक्स्ट आते रहे. ‘मीटिंग लंबी खिंच रही है.’‘वह लंच पर घर नही आ सकेगी.’‘क्लायंट के साथ वर्किंग लंच ले रही है’.‘रात को देर से आएगी’ फिर टेक्ट आया ‘वह क्लायंट के साथ दिल्ली जा रही है और कल दोपहर में लौटेगी’.तिश का इस तरह विज़नेस के सिलसिले में व्यस्त हो जाना उसे आज बहुत बुरा लगा. वह खिन्न मन से उठा और बालकनी में पड़े आराम देह झूले पर बैठ गया. आज बालकनी में लगे खिले खिले फूल, बिजली के तार पर बैठे तोते और बुलबुल के जोड़े, नीले आसमान में उड़ती चिड़िया, नीचे स्वीमिंग पूल मे तैरते बच्चे जो हमेशा उसे प्रफुल्लित करते थें उसे कोई खुशी न दे सकें
इसी बीच ममा का फ़ोन आ गया. उन्हें लगा रो आज मूड में नहीं है. कुरेदने पर रो ने बताया कि तिश ऑफिस गई है कोई क्लायंट आ गया है अचानक उसे उसके साथ दिल्ली जाना पड़ा. ‘आज संडे को भी,बात समझ में नहीं आई.’ ममा को तिश का इस तरह हाई फ़ाई काम करना और व्यस्त होना कभी अच्छा नहीं लगा, उन्होंने रो के उस अनमने उदास घड़ी में, संकेतों में, अपने मन के संशय संप्रेषित कर दिए. रो ने कुछ कहना चाहा भी पर उन्होंने कुछ सुना नहीं बस अपनी ही कहती गईं. उन्हें तो सदा यही रोष रहा कि तिश ने उनके भोले भाले बेटे को फंसा, ज़रखरीद गुलाम बना, उससे घर गृहस्थी के सारे काम कराती है और ख़ुद ठाठ से एक्ज़क्यूटिव की कुर्सी पर बैठी सबको आदेश देती रहती है.
इधर तिश की व्यस्तता सी.ई.ओ. और ऐड प्रशिक्षण स्पेशलिस्ट होने के बाद इतनी बढ़ी कि कई बार रो को यूनी से आकर अकेले ही खाना खाना पड़ा. ऐसे में वह थोड़ी देर इधर उधर चैनल घुमाता टी.वी. पर ख़बरे वग़ैरह देखता. अगले दिन के लिए नोट्स तैयार करता और सो जाता. रो ने अलग से अपनी कोई रुचियाँ नहीं बनाईँ, उसकी सारी खुशियाँ तिश के इर्द गिर्द ही समाई रहतीं. तिश का इस तरह काम में व्यस्त होना अब उसे बुरी तरह अखरने लगा. उसे लगा तिश के पास उसके लिए, घर के लिए कोई समय नहीं है. उसने तिश के लिए ममा पापा से लड़ाई मोल ली थी. उन्हें रुष्ट किया था. ममा पापा ने तो साफ़ कहा था कि तिश में गृहणी के कोई लक्षण नहीं हैं पर उसके ऊपर उनकी बातों का कोई असर नहीं हुआ. घर में क्या हो रहा है क्या नहीं हो रहा है, इसका तिश पर कोई फ़र्क नहीं पड़ता. माना शांताताई सुरुचिपूर्ण है. वह घर का सारा काम बड़ी कुशलता और अपना समझ कर करती है. पर क्या शांताताई शुरू से इतनी सुघढ थीं. नहीं, तिश ने उसे प्रशिक्षित कर के अपने जीवनस्तर के अनुरूप उसे ढाला है फिर वह कैसे कह सकता है कि तिश घर में रुचि नहीं लेती है. बिज़नेस उसकी प्राथमिकता है तो क्या तिश जो काम स्वयं नहीं कर सकती है उसके लिए वह विकल्प नहीं बनाती ताकि सब कुछ समय से और सुचारुरूप से चलता रहें. वह बड़ी देर तक सोचता रहा, मैं तिश से असंतुष्ट हूँ अथवा स्वयं को रचनात्मक ढंग से व्यस्त न रख पाने के कारण असंतुष्ट हूँ. पर उसकी अपनी सकारात्मक सोच ममा के कहे गए शब्दों में विलीन हो गएँ. यूँ भी इधर कुछ ऐसा हुआ है कि रो को ममा पापा काकुछ ज़्यादा ख़्याल आने लगा.
ऐसे ही एक दिन उखड़े मूड में रो ने तिश से बातों बातों मे कहा, ‘क्यों न ममा पापा को मुंबई बुला लिया जाए, यहाँ आने से उनका मन भी बहल जाएगा और उन्हें थोड़ा आराम भी मिल जाएगा. हमारे वहाँ न होने से उनका अकेलापन बढ़ता है.’ तिश को रो की बात कुछ रुची नहीं, उसने सहज ही कहा, ‘उन लोगो को लंदन के उस बड़े से मकान और बाग़ बग़ीचे के साथ खुले में रहने की आदत है रो. यहाँ फ्लैट में उनका मन नहीं लगेगा. हम तो काम पर चले जाएँगे, दिन भर वे क्या करेंगे. उनके सारे दोस्त वहीं, उनके घर के आस पास रहते हैं. यहाँ न तो उनका कोई मित्र है, न वहाँ जैसा सीनियर सिटीज़न क्लब, और न ही उनकी हिंदू सोसाइटी जिसके वे लोग अभ्यस्त है. मुंबई आने पर वे अपने तीस वर्षों से अधिक पुराने मित्रों के साथ अपना रुटीन भी मिस करेंगे. जिंदगी के इस दौर में उनकी लाइफ़ इस तरह डिस्टर्ब करनी ठीक नहीं है.’फिर कुछ सोच कर उसने कहा, ‘रो, कल से तुम्हारी दशहरे और दीवाली की छुट्टियाँ शुरू हो रही हैं क्यों न तुम उनके पास लंदन चले जाओ. तुम्हें पास पा कर उनका पुराना वक़्त लौट आएगा. तुम्हारा भी चेन्ज हो जाएगा.’
‘तिश तुम कहना क्या चाहती हो? क्या तुम नहीं चाहती कि वे यहाँ आएँ और हमारे जीवन को नज़दीक़ से देखें.’ वह रुखाई से तिक्त स्वर में बोला. रो को तिश का इस तरह कहना अच्छा नहीं लगा.
‘रो तुम कहना क्या चाहते हो?’ तिश की भौहें वक्र हो उठीं.
‘मन मे एक संदेह सा उठा था.’
‘खुल कर कहो रो, हमारे जीवन में पहेलियों का वक्त नहीं है. हम बच्चे नहीं.’
‘यही कि बिज़नेस के अतिरिक्त तुमारे पास किसी और के लिए कोई वक़्त नहीं है. तुम्हारी भावनाएँ मर चुकी हैं. तुम सेल्फ़ सेंटर्ड हो चली हो.’
‘रो मैंने तो तुम्हें पहले ही बता दिया था कि मैं अपना काम नहीं छोड़ सकती हूँ. दिस कंपनी इज़ माई बेबी, आई स्टारटेड इट राइट फ़्रॉम द स्क्रैच. आई कांट लेट इट डाउन. फिर तुम मुझसे ऐसी अपेक्षा क्यों रखते हो? जहाँ तक तुम्हारे ममा और पापा का सवाल है अगर वे आने को तैयार हो जाएँ तो उन्हें ले आना. मुझे अपने काम को लेकर कोई अपराधबोध नहीं है. मैं जैसी हूँ उन्हें मुझे वैसा ही स्वीकारना होगा. हाँ मुझसे यह मत अपेक्षा करना कि मैं ऑफ़िस से छुट्टी लूँगी.’
रो को तिश की इमांदारी कड़वी और बोझिल लगी. वह घुन्ना गया. कुछ बोला नहीं बस मन ही मन सोचने लगा, तिश को हमेशा अपनी ही लगी रहती है. औरों के बारे सोचने की उसे फुर्सत ही कहाँ! उसकी तो दुनिया बस बिज़नेस, ऑफिस, क्लायंट और कॉफ्रेंसेज़ है. उसे मुँह लटकाए और चुप देख कर तिश आगे बोली,
‘रो मेरी भावनाएँ मरी नहीं हैं उन्होंने प्रैक्टिकल स्वरूप ग्रहण कर लिया है. मेरी नज़रों से कुछ फिसलता नहीं है रो. मैं सबका ध्यान रखती हूँ. ममा पापा का फ़ोन मिला कर मैं ही तुम्हारी बात करवाती हूँ. घर में भी सबकुछ तो सुचारु रूप से चल रहा है. तुम्हें तकलीफ़ किस बात की है मुझे बताओ तो सही. तुम कभी अपने अंदर भी झाँक कर देखों. तुम्हारे पास कितना फ़ालतू समय है और तुम उसका कितना उपयोग करते हो. तुम्हारी सोच घूम फिर कर मेरी ओर मुड़ जाती है और तुम मुझे स्क्रूटनाइज़ करने लगते हो. रो तुम इतने लेड बैक हो कि आज भी वहीं के वहीं खड़े हो जहाँ दस वर्ष पूर्व खड़े थे. मेरा काम बढ़ा है और उसके साथ मेरा विकास हुआ है. मैं आगे बढ़ी हूँ. मेरा क्षेत्र विस्तृत हुआ है. मैं अपना काम नहीं छोड़ सकती हूँ. यह अलिखित अनुबंध हमने शादी से पूर्व ही कर लिया था. आज दोपहर ‘वन थर्टी’ की फ्लाइट से सिंगापुर जा रही हूँ. तुम्हारा लंदन का टिकट बुक कर देती हूँ. तुम उन्हें साथ लेकर आओ, वे ऐसे ही नहीं आने वाले....’
तिश, रो से बात करते हुए फोन पर कुछ पंच करती रही.
‘तुम्हें कुछ करने की ज़रूरत नहीं मैं अपना टिकट आप बुक कर लूँगा.’ अपने स्वभाव के विरुद्ध रो भुभुनाया. रो के कान बंद हो चुके थे. तिश के शब्द अर्थ नहीं दे रहे थें.
‘गुस्सा तुम्हें सूट नही करता है रो. यूँ तुम जैसा चाहो करने के लिए स्वतंत्र हो. ऑफ़िस की गाड़ी मुझे लेने आ गई है. मैं चलती हूँ.’ कहती हुई वह एलिवेटर की ओर ऑफ़िस जाने के लिए आगे बढ़ गई. ‘और नईम टायोटा में तुम्हें यूनी ले जाएगा. मैं ऑफ़िस से सीधे एयरपोर्ट चली जाउँगी.’ पैसेज में रखे ट्रैवेल केस को खींचते हुए उसने कहा. और कोई दिन होता तो रो उसे आलिंगन देते हुए उसके हाथ से ट्रॉली लेकर एलिवेटर में रख देता. पर आज ऐसा नहीं हुआ. रो के क्रोध का पारा चढा हुआ था. तिश जल्दी में देख नहीं सकी. रो की सोच बदली हुई थी. वह तेज़ी उठा, कपड़े पहने, और नीचे आ गया. नईम से बोला, ‘तुम पीछे बैठो. आज गाड़ी मैं चलाउँगा.’ और झटके से गाड़ी स्टार्ट कर तेज़ी से मेन रोड पर आ गया.
सुबह की नियमित मीटिंग खतम कर, सवा ग्यारह बजे मीटिंग रूम से बाहर निकल कर तिश एयर पोर्ट जाने की तैयारी कर ही रही थी कि नईम का फ़ोन आया, वह घबराया हुआ था उसकी आवाज़ कांप रही थी, ‘मैडम,सेंट जॉन्स बैपटिस्ट रोड पर घर के पास ही हमारी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है.’‘क्या कह रहे हो नईम... सब ठीक तो है.’‘….नहीं मैम...सॉरी मैम....साहब को सिर और दाहिने हाथ और पैर में चोट लगी है. माथे से खून बह रहा है.... जी...जी मैं ठीक हूँ.’
‘जी मैम, आज साहब ने मुझे कार नहीं ड्राइव करने दिया. उन्होंने खुद कार ड्राईव करने की ज़िद की.. दाहिनी ओर से एक वैन से टक्कर लगी. मैं पीछे बैठा था....जी साहब ने ज़बरदस्ती मुझे पीछे बैठाया. जी...जी पुलिस और ऐम्बुलेंस आ गई है. आप पुलिस इंस्पेक्टर से बात कर लें.’ नईम रोने लगा. तिश ने फ़ोन का स्पीकर आन करते हुए लंबी सांस खीच कर ख़ुद को संतुलित किया और अपनी सेक्रेटरी और असिस्टेंट सीइओ को फ़ोन पर हो रही बातों को सुनने और आवश्यक ऐक्शन लेने का इशारा किया. ‘हाँ- हाँ ठीक है. लीलावती हॉस्पिटल. यस...यस फुल इंश्योरेन्स.... पैरामेडिक्स आ गएँ... .ही इज़ रिस्पांडिंग... गुड गुड. ड्राइवर के पास सारे पेपर्स हैं ऑफिस से सुनील दिवाकर, हमारा कानूनी सलाहकार घटना स्थल पर पहुँच रहा है. यस...यस.. ही विल डील विथ एव्री थिंग. मैं 15 मिनट में हॉस्पिटल पहुँचती हूँ.’‘देवांश’ उसने हाथ की फाइल अपनी असिस्टेंट सी.इ.ओ. को पकड़ाते हुए कहा, ‘यू गो टु सिंगापुर ऐंड मेक द डील. सोमालिका, यू टेक ओवर द साइट शूटिंग.’
‘लीलावती अस्पताल, शॉर्ट कट, बट सेफ़ ड्राइव, शिंडे...’गाड़ी में बैठते हुए उसने ड्राइवर से कहा. फिर ब्लू टुथ हेड सेट कानों में लगाते हुए, लीलावती अस्पताल के एक्सीडेट और इमरजेन्सी विभाग को संपर्क किया, पेशेंट का नाम, इंश्योरेंस डिटेल आदि बता कर आपतकालीन व्यवस्था कराई और अपने परिचित आर्थोपैडिक डॉ. नज़ीर हुसैन को सारी स्थिति का व्यौरा दिया और उनसे निवेदन किया कि वे रो का केस अपने हाथ में लेलें. सेक्रेटरी को फ़ोन कर के कहा, ‘ फ़ोटो कॉपी द मिनिटस. पास इट ऑन टु द टीम मैनेजर ऑफ़ द प्रेज़ेंट प्रॉजेक्ट ऑफ़ गांगुली फ़र्म. कैरी ऑन द शिड्यूल, टिल फ़रदर नोटिस, ऐंड डोंट डिस्टर्ब मी अनलेस देयर इज़ ऐन एबसोल्यूट इमरजेन्सी. आई शैल बी इन टच, ह्वेन आई फ़ील कम्फ़र्टेबल. टेक्स्ड मी दिडेपलेपमेंटस.’
नईम को फ़ोन लगाया, ‘घबराओ मत, नईम, तुम्हारा कोई दोष नहीं है. अस्पताल में सारा अरेंजमेंट हो गया है. साहब ठीक हो जाएँगे... बेहोश हैं..... शॉक लगा है... परेशान मत होओ....तुम्हारी कोई गलती नहीं है. पैरामेडिक्स उनको सही उपचार दे रहे है. दिवाकर के पहुँचने के बाद तुम भी अस्पताल चेकअप के लिए पहुँचो. बाकी सब दिवाकर संभालेगा.’
तिश जबतक अस्पताल पहुँची, रो ऐडमिट हो चुका था. वह आई.सी.यू. में था. उसने खिड़की से देखा, रो के सिर में पट्टी, तथा दाहिने हाथ औरपाँव में प्लास्टर चढ़ा हुआ है. ऑक्सीज़न मास्क के साथ ग्लूकोज़ और रक्त के ड्रिप की बोतलें लगी हुई हैं. छाती पर एंजियोग्राम के तार चिपके हुए है. मॉनीटर उसके दिल के धड़कनों को रेकार्ड कर रहा था. नज़ारा भयावाह, दिल दहलानेवाला था. एक नर्स रो का ब्ल्डप्रेशर ले रही थी. दूसरी ब्लड सांपल लेने की तैयारी कर रही थी. लंबी सांस खींच कर ख़ुद को संतुलित करने की कोशिश करते हुए तिश ने नर्स को अपनी उपस्थिति का संकेत दिया.
एक नर्स अंदर से बाहर आ गई. उसने बताया पेशेंट बेहोश है किंतु उसका ह्दय और मस्तिष्क ठीक काम कर रहा है. ऑन द स्पॉट डॉक्टर के निरिक्षण में अभी प्राथमिक उपचार दिया गया है. एक्सरे हो चुका है. दाहिने हाथ और पाँव में फ्रैक्चर है. सिर का चोट थोड़ा गहरा है. कन्कशन नहीं है. यूँ सीटी स्कैन और एम आर आई रिपोर्ट आने पर सब स्पष्ट हो जाएगा. नर्स ने क्या कहा, उसने सुना पर उसकी आँखों में अचेत पट्टियों और प्लास्टर में लिपटे रो की छवि फ़्रीज़ सी हो रही थी.
तिश आई.सी.यू. के सामने पड़े बेंच पर आकर धम्म से बैठ गई. इतनी देर से वह ख़ुद को संतुलित किए रही, अब अचानक उसके मन के अंदर उपजा भय आँखों से पिघल कर बहने को आतुर हो उठा. ओह! ओह! रो यह क्या किया तुमने. काश! चलते चलते मैंने तुम्हारे चेहरे पर एक नज़र डाल ली होती. नर्स ने उसके कंधे को थपथपाते हुए सांत्वना दिया, ‘सबकुछ अन्डर कंट्रोल है घबराने की कोई बात नहीं.’ रो, उसकी ऊर्जा, उसका संबल, उसका ढाल इस समय पट्टियों और प्लास्टर में लिपटा अचेत निर्जीव सा बिस्तर में पड़ा है... तिश के कानों से प्रवेश करते नर्स के आगे के शब्द अर्थ देने से पूर्व ही हवा में विलीन हो रहे थें. सदा स्थितियों को नियंत्रण में रखनेवाली तिश, इससमय ख़ुद को, कुछ न कर पाने की स्थिति में पा, असहाय घुटनों में मुँह छिपाए, भयंकर दुश्चिता भरे चौबिस घंटे वहीं अस्पताल के पेशेंट्स रिलेटिव रूम में, रो के होश में आने के इंतज़ार में काट रही थी. नर्स के बहुत कहने पर भी वह घर नहीं गई. मन में झंझावत सा उठ रहा था. ओह! पल भर में यह क्या हो गया, मेरी सारी दुनिया ही उलट पलट गई. क्या सचमुच मैं इतनी व्यस्त हो गई कि मैं अपने रो की बेचैनी समझ नहीं पाई.. मुझे शायद थोड़ा और अधिक सामंजस्य बना कर काम करना चाहिए था. रो....रो, मैं तुम्हें खोना नही चाहती हूँ. तुम लेज़ी हो, लेड बैक हो, तुम जैसे भी हो, तुम... तुम, मुझे तुम चाहिए...
उधर रो जब पहली बार होश में आया तो उसे समझ नहीं आया कि वह कहाँ है? मस्तिष्क पर ज़ोर दिया, बदन में हो रहे दर्द को महसूस किया, चारों ओर नज़रे घुमाई, दाहिने हाथ और पाँव पर प्लास्टर चढ़ा हुआ था. माथे पर पट्टी बँधी हुई थी. सारे बदन में असह्य दर्द था. उसे कुछ याद नहीं आया कि वह यहाँ कैसे पहुँचा? पर नीम बेहोशी में भी उसने आई.सी.यू. की खिड़की के उस पार, उस धुंधले से चेहरे को पहचान लिया. उसे याद आया, उसे अनायास ही इतना क्रोध आया कि उसका अपने ऊपर से नियंत्रण हट गया, मन किया कि वह ज़ोरो से चिल्लाए, क्रोध करे, हाथ पाँव पटके, चिल्लाए, तोड़ फोड़ करे पर शांता बाई घर में थी ऐसा करना उचित न होता. अतः कपड़े पहन कर बाहर निकल आया. नईम को उसने सख़्ती से पीछे की सीट पर बैठने का आदेश दिया और स्वयं ड्राइविंग सीट पर बैठ गाड़ी स्टार्ट की फिर...फिर क्या हुआ उसे याद नहीं... तभी इंजेक्शन देने नर्स कमरे में आई. उसे होश में आया देख, कहा, ‘तुम्हारी वाइफ कल रात से घर नहीं गई उसे तुम्हारे होश में आने का इंतज़ार है. ठहरो, उसे बुलाती हूँ.’ नर्स ने तिश को अंदर आने का इशारा किया. रात भर की चिंता और ठीक से सो न सकने के कारण, तिश के पपोटे फूले हुए थे, आँखें सुर्ख और चेहरा उदास था. हमेशा करीने से सँवारे बाल आज बिखरे हुए थें. रो को होश में आते देख वह उसके पट्टी बँधे माथे को हौले से चूमते हुए चहक कर बोली, ‘शुक्र है तुम्हें होश आ गया रो, डॉक्टर ने कहा है तुम जल्दी ठीक हो जाओगे. तेज़ दर्द से आराम देने के लिए नर्स तुम्हें इंजेक्शन दे रही है. तुम आराम सो जाओ. मैं तुम्हारे पास हूँ. कल सुबह तुम्हारे लिए तुम्हारा ‘फेवरिट कैरेट ऐंड कोरियंडर सूप’ बना कर लाउँगी.’ कहते हुए उसने रो के हाथ को थपथपाया. रो से कुछ बोला नहीं गया, जबड़े में भी चोट आई थी. दर्द से सारा बदन झंझना रहा था. वह कुछ और अधिक सोचने समझने की स्थिति में नहीं था. पर उसे तसल्ली थी कि उसकी तिश उसके पास है.
राउँड पर आए डॉक्टर ने तिश के कंधे को थपथपाते हुए कहा, मिस्टर बिसारिया के सारे रिपोर्टस आ गए हैं. सब कुछ नार्मल है. कल सुबह उन्हें उनके प्राइवेट कमरे में शिफ्ट कर दिया जाएगा. कोई विशेष कॉम्पलीकेशन नहीं है. सिर के घाव में थोड़ा इन्फ़ेक्शन है इसलिए हल्का सा बुख़ार है. एंटिबायोटिक और पेनकिलर के साथ सिडेटिव दिया जा रहा है. बुखार उतरते ही सोमवार को उन्हें घर जाने की इजाज़त मिल जाएगी. अधिक चिंता मत करो. दो तीन दिन में वे सहारे के साथ चलने फिरने लग जाएँगे. अब तुम घर जा कर आराम करो नहीं तो तुम्हें भी एडमिट करना पड़ेगा मिसेज़ तिश आर. बिसारिया. डॉक्टर हुसैन ने हँसते हुए तिश से चुटकी ली.
तिश को भी लगा कि स्थिति नियंत्रण में है. अब उसे घर जा कर आराम करना चाहिए. रो को नींद का इंजेक्शन दिया गया है वह रात भर निश्चित सोएगा. घर जाकर नहाने और थोड़ा आराम करने के बाद उसने सबसे पहले नईम को फ़ोन कर उसका हाल लिया, नईम बिल्कुल ठीक था. उसने अफ़सोस ज़ाहिर करते हुए साहब के तबियत के बारे में चिंता ज़ाहिर की, आगे उसने बताया कि इंश्योरेंस कंपनी ने तत्कालीन इस्तेमाल के लिए दूसरी गाड़ी दे दी है. वह सुबह ड्यूटी पर आ जाएगा, और उसे अस्पताल ले चलेगा. शांता ताई भी एक माँ की तरह इस सारी घटना से विचलित थीं. तिश ने उनसे भी कहा कि साहब अब ठीक हैं चिंता की कोई बात नहीं है. वह भी अब जा कर सो जाएँ और सुबह जल्दी उठ कर कैरट और कोरियंडर सूप की तैयारी कर दें. वह रो के लिए स्वयं सूप बनाएगी. शांता ताई तिश के माथे को सहलाती हुई अपने कमरे में सोने चली गईं.
घड़ी देखा रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थें, सोचा इस समय लंदन में साढ़े सात बज रहे होंगे. ममा पापा शाम का खाना खा कर, कॉफ़ी पी रहे होंगे. ममा थोड़ा जल्दी उत्तेजित हो जाती हैं अतः उसने पापा को मोबाइल पर फ़ोन लगाया और बड़े ही संतुलित ढंग से उन्हें दुर्घटना के बारे में बताते हुए कहा, ‘ पपा, रो का कार्यक्रम दिवाली की छुट्टियों में लंदन आने था पर वह कैंसिल हो गया.’ आगे उसने अपनी आवाज़ को और अधिक सहज और चिंतामुक्त बनाते हुए कहा कि कल सुबह जब रो विश्वविद्यालय जा रहा था तो किसी ने उसकी गाड़ी को दाहिनी तरफ़ से ठोकर मार दी. गाड़ी वे स्वयं चला रहे थें. दाहिने हाथ और पैर में फ़्रैक्चर और सिर में चोट आई है. मैं अभी अभी अस्पताल से लौटी हूँ. रो चैतन्य हैं. आप लोगो को याद कर रहे थें. ‘ ओ माई गॉड! तिश कुछ सीरियस तो नहीं है. मेरी बात उससे हो सकती है.’ ‘अभी तो वे अस्पताल में हैं पपा, नर्स ने सेडिटिव दिया है. कल सुबह जब मैं उन्हें देखने अस्पताल जाउँगी तो आइपैड साथ लेती जाउँगी और आपलोगो से स्काइप पर मिलवा देती हूँ.’
आगे उसने संकोच से कहा ‘पपा, आप लोग समय निकाल कर इस बीच यहाँ आ जाते तो अच्छा रहता.’ ‘तुमने तो मेरे मन की बात कह दी तिश. शोभना अभी ट्रिक्सी को टहलाने गई है. उससे बात कर के मै टिकट बुक कर लेता हूँ.’ ‘उसकी चिंता न करें पपा. मैं रविवार की रात का इलेक्ट्रॉनिक टिकट भेजती हूँ. आप प्रिटं आउट निकाल लीजिएगा और कल सुबह रोहित, हमारा लंदन आफिस का मैसिंजर आपके पास पासपोर्ट लेने आएगा वह वीज़ा वग़ैरह की फ़ॉरमैलिटी आदि पूरी करवा देगा और फिर रविवार को एयरपोर्ट पर चेकिंग आदि भी करवा देगा. दोनों तरफ के लिए व्हील चेयर भी बुक कर दी है.’
‘वो तो ठीक है पर हम टिकट यहीं से बुक कर लेते हैं न. तुम क्यों परेशान होती हो.’
‘ पपा दीवाली पर लंदन बहुत बिज़ी होता है... आप लोग बस दो चार कपड़े सूटकेस में डालिए और आ जाइए. आपका घर है यहाँ पपा’.पापा को लगा तिश का गला रुंध रहा है.‘ओ.के बेटा. रो के साथ, अपना भी ख़्याल रखना, तिश. ऐसी कठिन घड़ी में भी तुम्हें संतुलित और स्वस्थ्य होना होगा. इस बीच बिज़नेस कौन देख रहा है.’‘सारा स्टाफ़ है पपा, सभी प्रशिक्षित और रिस्पॉसिबल है. आप चिंता न करे. कल सुबह आप रो को अपनी आँखों से स्काइप पर देख लीजिएगा. आई लव यू बोथ पपा. सी यू सून ऐट द बॉम्बे एयर पोर्ट.’
कितनी, संतुलित, समझदार और सुलझी हुई है लड़की है.. पपा ने प्रशंसात्मक भाव से सोचा. ऐसे क्राइसिस के समय में भी कैसे संतुलन के साथ सारे कर्तव्य निभाए जा रही है. हम ऐसे ही उसे अपने से अलग करते हुए, ऑटोप्रेन्योर, कॉरपोरेट गर्ल, मैडम एक्ज़िक्यूटिव जाने किन किन विशेषणों से नवाज़ते रहते है.’
उधर तिश सोच रही थी कि पपा ने सारी स्थिति को कैसे बिना पैनिक के सहजता से समझ लिया और बिना ना नुकर के मुंबई आने के लिए तैयार हो गएँ.
अभी कुर्सी पर बैठे पापा यही सोच रहे थे कि ममा को एक्सीडेंट की ख़बर किस तरह दी जाए कि ममा ट्रिक्सी को टहला कर वापस आ गईं. उन्होंने आवाज़ दी, ‘शोभना!’‘क्या बात है जी बहुत परेशान लग रहे हो.’ममा ने उनके चेहरे को देखते हुए कहा, ‘ इधर आओ, बैठो, बात थोड़ी चिंता की है पर वैसे सब कुछ कंट्रोल में है.’ ‘क्या बात है, जी. पहेलियाँ ही बुझाओगे या फूटोगे भी.’ ममा बेसब्री से बोलीं ‘बात ये है शोभना कि अभी अभी तिश का फ़ोन आया था कि रो के हाथ में फ्रैक्चर हो गया है और सिर में भी थोड़ी चोट आई है. वह अस्पताल में है.’‘ओह! नो! कब?कैसे? मेरी बात कराओ.’ ममा नर्वस उत्तेजना से बोलीं, ‘उत्तेजित मत हो शोभना,चिंता की ऐसी कोई बात नहीं है. रो होश में है कोई कॉप्लीकेशन नहीं है. इस समय वह सो रहा होगा. वहाँ आधी रात होगी, तिश अभी अभी अस्पताल से लौटी है. बहुत थकी हुई थी. मैंने उसे सोने को कह दिया है अब जगाना ठीक नहीं है. सुबह आई पैड अस्पताल ले जाएगी और हमसे स्काइप पर रो से बात करा देगी.’
‘पता नहीं मेरे बेटे का क्या हाल होगा!’ममा ने सिसकियों के साथ कहा. ‘मुझे तो अब नींद नहीं आएगी जब तक रो को देख नहीं लूँगी.’
‘देखो, ज़्यादा परेशान होने से तुम्हारा एस्थमा उखड़ जाएगा. मैं तो सोने जा रहा हूँ. तुम्हें अगर नींद नहीं आती है तो वेंटोलिन इनहेलर लेकर, मुंबई चलने की तैयारी कर लो, ऐसे समय में हमें रो के पास होना चाहिएकी नहीं.’
‘वो तो ठीक है जी. मन तो मेरा भी कर रहा है कि सूटकेस उठाऊँ और चल दूँ. पर सुमन बता रही थी कि आजकल दिवाली की गहमागहमी में मुंबई की सीट नहीं मिल रही है. मेरी तो जान ही निकली जा रही है. हाय, मैं क्या करूँ!’ ममा ने टप टप आँसू गिराएँ.
‘अरे भई, तुम चिंता मत करो. बुकिंग हो गई है, संडे सुबह साढे दस बजे की फ्लाइट है.’ ‘क्या बात करते हो जी. हमारे पास वीज़ा भी तो नहीं है. उसमें ही दो तीन हफ्ते लग जाएँगे.’ ‘वह सब हो जाएगा उसकी चिंता मत करो.’ ‘ कैसे न चिंता करूँ. तुम्हारे पास कोई जादू की छड़ी तो नहीं है. मैं तो ऐसे ही दुखी हूँ, ऐसे में मेरी पीड़ा की हँसी मत उड़ा, अभय. उस व्यापारी ऑटोप्रेन्योर तिश पर तो मेरा कोई विश्वास है ही नहीं. वह अपना व्यापार देखेगी या मेरे बेटे की देखभाल. देखा! उसने इतनी देर से हमें खबर दी......’
‘शोभना, तिश को इस तरह कोसना हमें शोभा नहीं देता है. हमारी उस व्यापारी, ऑटोप्रिन्योर, मैडम एक्ज़िक्यूटिव तिश जिसे हम व्यंग्य से न जाने किन किन विशेषणों से नवाज़ते रहते हैं, जानती हो उसने किस कुशलता से इस कठिन घड़ी में भी बिना अपना आपा खोए, अपना कर्तव्य निभाया है तुम्हें तो पता भी नहीं है! और कोई लड़की होती तो सिर्फ टेंसुएँ बहाती हुई भाग्य को कोसती.’कहते हुए पपा ने ममा को टिकट का प्रिंट आउट दिखाया.
‘क... क्या?...माई गॉड यह तो बिजनेस क्लास का टिकट है, छ हज़ार पौंड. अभय....’
‘हाँ, इतना ही नहीं शोभना, वहाँ बैठे बैठे इतनी दुःख और संकट की घड़ी में भी उसने हमारे वीज़ा और हमारे लिए एयर पोर्ट पर व्हील चेयर का इंतज़ाम और चेकिंग वगैरह कराने के लिए एक आदमी का इंतज़ाम भी कर दिया है. यह उसके श्रेष्ट एक्ज़क्युटिव योग्यता और सहृदयता का प्रमाण ही नहीं है वह एक ऐसी सक्षम और सुशील स्त्री भी है जो समय के नज़ाकत को समझती है.’
शोभना की समझ में नहीं आ रहा था कि वह क्या कहे, कुछ लज्जित सी बोली, ‘हमारा रो यूँ ही तो तिश का दीवाना नहीं रहा. हाँ, महिला शक्ति की समर्थक होते हुए भी हम अपने अधिकारों के मोह में अपनी ही तिश के ऊर्जा और शक्तियों को न तो पहचान दे सकें, न ही मान और सम्मान....यह हमारे जैसे तुक्ष मानसिकतावाले, रुढ़ियों में जकड़े लोगो का अहम है, झूठा अभिमान है मूढ़ता है कह नहीं सकती. सॉरी अभय....’
उधर सुबह होते ही तिश कैरेट सूप, आई पैड और आवश्यक सामानों से भरा ओवर नाइट बैग लेकर जब अस्पताल पहुँची तो रो अपराधबोध से सिक्त आँखे बंद किए तकियों के सहारे बैठा उसका इंतजार कर रहा था. माथे की पट्टी उतर गई थी पर उसके स्थान पाँच काले टाँके चार इंच के पारदर्शी प्लास्टर अंदर से नज़र आ रहे थें. घुटने तक प्लास्टर चढ़ा दाहिना पाँव एक ऊँचे तकिए पर रखा हुआ जिस पर एक छोटा तौलिया पड़ा हुआ था.
रो को बैठा देख तिश चहक कर बोली, ‘शुक्र है रो, तुम उठ कर, बैठे हो. वर्ना कल तो मेरी जान ही निकल गई थी. मैं तुम्हें किसी भी कीमत पर खोना नहीं चाहती हूँ रो. डॉक्टर ने कहा है तुम जल्दी ही ठीक हो जाओगे और सोमवार को तुम्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल जाएगी.’ रो के बाएँ कंधे पर हल्के से सिर रखते हुए तिश बोली.
रो ने भर्राई आवाज़ में कहा, ‘मैं ही कौन सा तुम्हें छोड़ कर जानेवाला हूँ. बस मेरे पास जरूरत से ज़्यादा फालतू समय है सोचता हूँ फिर से डूडलिंग शुरू कर दूँ.....ज़रा देखना तो....’ कहते हुए उसने अपने पैरों पर पड़े तौलिए बड़े नाटकीय ढंग से सरकाया, पैरों पर चढ़े प्लास्टर पर दो खूबसूरत नितंब की चित्रकारी बनी हुई थी जिसमें अभी रंग भरना बाकी था.
‘ रो! यू नॉटी ब्वाए, लोग देखेंगे तो कहेंगे दिस इज़ अ परवटेर्ड ओल्ड मैंन.’
‘नो, दे विल से दिस मैन शुड टेक अप आर्ट सीरियसली. मैं अगला फ़िदा हुसैन बनुँगा जो सिर्फ़ गजगमिनी तिश के न्यूड्स बनाएगा..... सीरियसली तिश, आइ ऐम गोइंग टु सेट अप अ स्टुडियो नेक्स्ट टु द स्टडी रूम. ऐंड ज्वायन द पेंटिंग क्लासेज़ ऐट जे जे आर्ट कॉलेज मुंबई, इन माई स्पेयर टाइम. ’
‘दैट्स वॉडरफुल रो.’ तिश चहक कर रो के पपड़ाए होठों पर भरपूर चुंबन देते हुए बोली, ‘आई नो माई ब्वाए इज़ डाइनैमिक.........’