Friday, 10 March 2017

मामेरा

पूरे सफ़र में वह सहज नहीं था. पत्नी और बच्चे सफ़र का मजा ले रहे थे. वे खिड़की से पार जंगल, पहाड़, नदियाँ, खेत,पेड़ और गाँव देख रहे थे. बच्चे तरह – तरह के सवाल पूछ रहे थे और पत्नी उनके जवाब दे रही थी. एक वह था जो न तो खिड़की के पार की दुनिया देख पा रहा था और न बच्चों की मीठी – मीठी बातों से खुद को जोड़ पा रहा था. वह इससे पहले कभी सफ़र में इस तरह घुन्ना और अपने में गुम नहीं रहा. सफ़र उसे हमेशा ही उत्साह और उर्जा से भरता रहा.
 उसे लगा, वह एक अपराधबोध से दबा जा रहा है. हालाँकि यह बात वह भी समझ रहा था कि जिसे वह अपराध का नाम दे रहा है, दरअसल वह उसका अपना भय है. इसमें अपराध जैसा कुछ भी नहीं, अपराधबोध का भ्रम बनाकर वह अपने डर से बचना चाहता है,इसमें वह भयमुक्त होने की जगह देख रहा है. अब उसे साफ – साफ डर लग रहा है. डर जैसी कोई बात नहीं है. उसने खुद को समझाया लेकिन बात नहीं बनी. उसका भय बहल नहीं पा रहा था. पत्नी और बच्चों को पता नहीं था कि वह डर रहा है. उसे घुन्ना देखकर पत्नी ने एक – दो बार पूछा भी किक्या सोच रहे हो ? पर वह टाल गया. बात भी तो ऐसी ही थी कि पत्नी तक को नहीं बताई जा सकती थी. पत्नी को बताया तो वह उसके बारे में न जाने क्या राय बनाए. उसने सोचा कि इसमें इतनी सोचा – विचारी की क्या बात है. जो हो चुका है, हो चुका. अब उसमें क्या किया जा सकता है..?उसने कोई गलत भी तो नहीं किया है. उसकी जगह कोई और होता, खासकर ऐसी स्थिति में तो वह भी यही करता.
 क्या उसकी जगह कोई और ऐसा करता तो क्या वह भी इसी तरह अपराधबोध महसूस करता. शायद नहीं. फिर उसे ऐसा क्यों लग रहा है. उसे भी नहीं होना चाहिए. ये तो दुनिया है यहाँ सब कुछ चलता है. यहाँ सब कुछ जायज है. सिर्फ जंग और प्यार में ही सब कुछ जायज नहीं होता बल्कि पैसा बनाने में भी सब कुछ जायज होता है. सब कुछ. कुछ भी नाजायज नहीं. उसने पैसों के लिए किसी की गर्दन नहीं काटी. किसी का खून नहीं बहाया. उसने किसी को धोखा नहीं दिया. उसने ऐसी तमाम बातें सोचकर एक दुनियादार तर्क खुद के पक्ष में खड़ा किया, जो उसे खुद से बचा सके. धोखा.. उसने दोबारा सोचा. फिर सहसा उसे लगा कि यह भी तो धोखा ही हुआ. यह धोखा नहीं तो और क्या है...? नहीं – नहीं इसे धोखा नहीं कहा जा सकता. धोखे की दीगर परिभाषाएं उसने खुद को बतायीं, समझाई और धीरज दिया.
 बहन का गाँव आ गया है. बस स्टैंड पर ही बहन का बड़ा बेटा उन्हें लीवाने आ गया है वह देखते ही पैर छूने आगे बढ़ा पर उसने पहले ही उसे रोक दिया. उसे याद आया यह वही पंकज है, जिसे वह कंधे पर बैठाकर पूरे मोहल्ले में घुमाया करता था. लेकिन आज का पंकज छि ..छि कितना गन्दा रहता है. कितने गंदे कपडे पहन रखे हैं. कम से कम आज तो अच्छे कपडे पहन लेता. उसके शरीर से पसीना चू रहा है. गले में चिकट सा पंछा डाला हुआ है. पंकज ने उनका सारा सामान उठा लिया है और उनके आगे – आगे चल रहा है. उसने पंकज से वैसे ही पूछा – सब तैयारियां हो गई. पंकज तैयारियों की जानकारी दे रहा है. पंकज की बातों में एक किशोरवय के लड़के की शादी को लेकर उत्साह और प्रसन्नता कम लेकिन जिम्मेदारियों का भारीपन ज्यादा है. वह लगातार तैयारियों की जानकारी दे रहा है परन्तु उसका ध्यान उसकी बातों पर नहीं है. वह तो अपने ही द्वन्द में उलझा है. पत्नी के सिर पर पल्ला होना चाहिए, सहसा उसने सोचा. उसने देखा, पत्नी के सिर पर पल्ला नहीं है. गाँव वाले उनकी ओर घूर – घूर कर देख रहे हैं. उसे पत्नी पर गुस्सा आया, पर व्यक्त नहीं कर पाया. फिर खुद पर गुस्सा आया.
 अब वे जीजी के घर के सामने खड़े हैं. ऐन दरवाजे के सामने बजबजाती नाली और आसपास घूमते सूअरों को देखते ही उसे उबकाई आने लगी. कुछ बच्चे वहीँ नाली के पास धूल – मिटटी में सने खेल रहे हैं. आस - पास ओटलियों पर बैठे रिश्तेदारों को इससे कोई तकलीफ नहीं है. वे जात – बिरादरी की बातें कर रहे हैं और बीडी के कश खींच रहे हैं या तम्बाकू मसल रहे हैं. उसने सहमी सी नजरों से पत्नी की ओर देखा पर पत्नी का ध्यान उस ओर नहीं था. उसे जीजी और जीजाजी पर गुस्सा भी आया कि कम से कम आज के दिन जब सारे रिश्तेदार इकट्ठे हो रहे हैं, तब तो यह जगह साफ़ करा दी होती. उसे लगा, भीतर का ठहरा हुआ गुस्सा बाहर निकलने के लिए रास्ता तलाश रहा है.
 जीजाजी ने उनके आने की खबर आकस्मिक प्रसन्नता में इतनी जोर से कही कि आवाज ओसारे से होती हुई अंदर रसोई तक चली गई, जहाँ जीजी मेहमानों के लिए चाय – पानी का इंतजाम कर रही थी. तत्काल ही जीजी ख़ुशी और उत्साह में साड़ी के आँचल से हाथ पौंछते हुए बाहर आई. फिर सहसा कुछ याद करते हुए उसने भीतर किसी बच्चे से पूजन की थाली बुलवाई. जीजी ने सबको तिलक लगाया. उसने एक 10 का नोट थाली में डाला. वह हर संभव कोशिश कर रहा था कि जीजी से नजरें न मिलाना पड़े. उसने सिर झुकाए ही जीजी और जीजाजी के पैर छुए.
 जीजी उसके सपरिवार आने से बहुत खुश है. जीजाजी का सीना भी फूल रहा है. उन्हें ख़ुशी है कि तहसीलदार के ओहदे वाला आदमी आज उनके घर की शोभा बढ़ा रहा है. खासकर तब जब वह उनका साला है. वे मेहमानों पर ठप्पा जमाते हुए कहते हैं - तहसीलदार कोई छोटा आदमी होता है. कई हलकों के पटवारी यहाँ तक कि गिरदावर और नायब तहसीलदार भी हाथ बांधे खड़े रहते हैं अदब में. मजाल कि जी सर ...यस्स सर.. के सिवा कुछ बोल पाएं. जिस गाँव में जाए, उस गाँव वाले थरथरा जाते हैं. ऐसी सेवा करते हैं कि बेटी की बारातियों की भी नहीं करे. ऐसी बातें वे बहुत उत्साह और गर्व से उसके आने के पहले भी कर चुके हैं. हालाँकि अब उन्हें संकोच भी हो रहा है किवे बेटी के ब्याह में धर्मशाला भी नहीं ले सके. अब ये ऐसे ऊँचे ओहदे वाले लोग यहाँ कैसे रहेंगे. वे उसे उस तरफ ले जाते हैं जहाँ खटिया पर गादी और साफ चादर बिछी है. बाकी रिश्तेदार जो उसके आने से पहले इधर – उधर की बातों में उलझे थे, वे अब चुप हैं, सब उसे घूर रहे हैं. आदर से या हिकारत से.
 जीजी और जीजाजी उसकी और पत्नी की आवभगत में जुटे हैं. उसके भीतर का भय एक बार फिर उस पर तारी होने लगा. उसे अपने पर ही कोफ़्त हुई कि इतने अरसे की नौकरी में भी वह इस भय की कैद से मुक्त नहीं हो पाया.
 जीजी भाग – भाग कर सारा इंतजाम कर रही है. कहीं कोई कमी न रह जाए. थोड़ी देर बाद जीजी ने उसे अपनी खोली में बुलवाया.
 सगलो बंदोबस हुई ग्यो.....? - जीजी ने उससे आत्मीयता से पूछा. उसे हाँ कहने में थोड़ी दिक्कत हुई. जीजी को भी शायद कुछ अटपटा लग रहा था कि हमेशा चपर – चपर बोलने वाला यह आज इतना घुन्ना सा क्यों है. जीजी ने खुद को आश्वस्त किया कि शायद सफ़र में थक गया होगा. लम्बे सफ़र से आया है, आराम की जरूरत होगी. जीप – गाड़ी में घुमने वाले लोग बस में आए हैं. लाला की मोटर भी ऐसी कि भेड - बकरी की तरह सवारियां ठूंसता है.. लोग चखर- चखर बोलते रहते हैं और बीडी का धुआ उड़ाते रहते हैं. उसने उन तमाम लोगों को कोसकर खुद को आश्वस्त किया.
 ऊपर की खोली में खाट डलवय दूं ...? तू थोड़ी देर सुस्तय ले ....जीजी ने आत्मीयता से उसके कंधे पर हाथ रख कर कहा. वह तो खुद ही उसकी आँखों के सामने से हट जाना चाहता था. उसे इस बात से राहत मिली. उसने जीजी के उस हाथ में वह पोटली थमा दी, जो जीजी ने उसके कंधे पर रखा था. वह बाहर निकल आया.
 वह खोली में लेटे हुए सोच रहा है. उसे बहुत थकान महसूस हो रही है. वह पूरा बदन ढीला छोड़कर निढाल सा खाट में धंस गया. उसने देखा, खोली में ऊपर खपरैलों के डांडे से एक रस्सी बंधी है, जिस पर ढेर सारे कपडे टंगे हैं. उसे याद है उन कपड़ों की, जिन्हें वह आज तक नहीं भुला पाया. उसके बाद उसने कई जोड़ी कपडे पहने. पर वे कपडे जैसे उसकी देह से तो उतर गए लेकिन अंदर कहीं धंसे रह गए थे. कभी नहीं उतरने को. वे वही दिन थे जब बाबूजी की किराने की दुकान बैठने लगी थी. गाँव में दो और दुकानें खुल जाने से ग्राहकी कम हो गई थी. उधर कस्बे वाले सेठ का कर्जा बढ़ता जा रहा था. माँ के जेवर बिकना शुरू हो गए थे. तब राखी पर जीजी लाई थी वे कपडे. नीली धारी वाली कमीज और काले रंग की पेंट. पहली बार उसने तब पायजामे की जगह पेंट पहनी थी. हालाँकि तब भी जीजी के घर की हालत ठीक नहीं थी. कर्ज लेकर घर का काम चलता था. फिर भी वह महंगे कपडे लाई थी. जीजी को उससे बहुत उम्मीदें और भरोसा था कि बड़ा होकर वह एक दिन उन सबको परेशानियों से निजात दिला देगा. माँ ने ये कपडे अपनी पेटी में रख दिए थे और शादी – ब्याह, तीज – त्यौहार या पावणा – पय में ही पहनने को देती थी.
 पर आज ये सब उसे क्यों याद आ रहा है. आज उसके पास कपड़ों की आलमारियां भरी पड़ी हैं. फिर भी अब तक उन कपड़ों का आकर्षण....? वह समझ नहीं पा रहा है. ढोल की आवाज से उसका ध्यान उचट गया. दरवाजे पर ढोली ढोल बजा रहा है. ओसारे में मंडप के पास सारी औरतें इकट्ठा हो रही हैं. वे मामेरे के गीत गा रही है.

 सांवरिया बीरा म्हारा घर आजो जी.......
 रमा – झमा से मामेरो लाजो जी..........

 जीजी की आँखों से आंसू बह रहे हैं, ख़ुशी के. आज उसका भाई उसके घर आया है. वह उसके परिवार को कपडे ओढाएगा. वह पूरे रिती – रिवाज के मुताबिक सबके लिए कपडे लाया है. बड़ा आदमी बन जाने पर भी वह अपना फर्ज नहीं भूला है. उसे ससुराल में कोई ताने नहीं सुनना पड़ेंगे. उसका सिर पूरे ससुराल पक्ष में ऊँचा हो जाएगा. इन छोटे – छोटे रिवाजों के साथ ही गाँव के बड़े मान – सम्मान जुड़े हैं.
 बचपन में सुनी कहानी याद आ गई. याद आया नानी बाई का मामेरा. नरसी मेहता, जो भगवान के भजन में इतना रम गया कि बहन नानी बाई के घर शादी में मामेरा ले जाना ही भूल गया. नानी बाई रास्ता देखते – देखते थक गई. मामेरे का समय हुआ, नरसी मेहता नहीं आए. देवरानी – जेठानियाँ, सास – ननद ताने मारने लगी. नरसी के पास फूटा धेला नहीं, क्या लाता वो मामेरा. मुंह छुपाकर खुद भी नहीं आया. क्या मुंह लेकर आता यहाँ. नानी बाई की आँखों से झर – झर आंसू बहने लगे. उधर नरसी रमे थे भजन में. आख़िरकार भगवान को धरना पड़ा नरसी मेहता का रूप और बैलगाड़ियों में भरकर आया नानीबाई के घर मामेरा. देखने वाले दंग रह गए. परिवार तो परिवार गाँव में भी कोई बिना कपड़ों के नहीं रहा.
 उसे याद है, उन दिनों गाँव में बिजली नहीं हुआ करती थी. गाँव के मंदिर में एक अँधा बूढा देर रात तक नानी बाई का मामेरा गाता रहता. उसकी आवाज में इतना दर्द था कि ठंडी बरसाती रातों में बारिश की बूंदों के साथ नानी बाई का दुःख भी गाँवभर में फ़ैल जाया करता. पेट्रोमिक्स की रोशनी में बरसाती कीड़े और फुद्दियाँ मंडराती रहती और वह बूढा गाता रहता. सावन की शुरुआत के साथ ही रातों में मंदिर के ओसारे में गाँवभर के लोग जुटते मामेरा सुनने. बूढ़े की आवाज में गजब की करूणा थी. औरतों की आँखों से झर – झर आंसू बहने लगते. मायके की याद सताने लगती. वह माँ से सटा बैठा रहता. माँ अपनी आँखों में उमड़ती नमी को अपने पल्लू से सोख लेती. जीजी माँ के बाजू में बैठती थी.
 उसने देखा, जीजी दौड़ – दौड़कर काम कर रही है. जीजी को सामने देखकर वह फिर अपने ही द्वन्द में उलझने लगा. जीजी ने उसे हमेशा से ही माँ की तरह स्नेह किया, फिर उसी से.....? नौकरी में आने के शुरूआती महीनों में भी वह इसी तरह के द्वन्द में लगातार उलझा रहा था. जब पहली बार उसने एक किसान से पैसे लिए थे तो उँगलियाँ कंपकंपाने लगी थी. दो – तीन रातों तक वह ढंग से सो नहीं पाया था. उसने बहुत कोशिश की थी कि अब किसी से एक धेला नहीं लेगा. पर उसकी यह कोशिश कोशिश ही रह गई, पूरी नहीं हो सकी. ऊपर के गिद्ध तो उसका गला पकड़ते. हर बार डिमांड आती. वह करता भी तो क्या. ऐसी एकाकी कोशिशें व्यवस्था का सिस्टम कभी कामयाब नहीं होने देता है. आख़िरकार उसने भी अपने मातहतों का गला पकड़ना शुरू कर दिया. अफसरों का दबाव और लालच ने जरूरतों का लिबास पहना और वह भी उसी रास्ते चल पड़ा. एक बार इस चिकनी सड़क पर फिसला तो आगे फिसलता ही चला गया.
 उसके माथे पर पसीने की बूंदे छलक आई. उसने रूमाल से पौंछने के लिए जैसे ही दाहिना हाथ आगे बढ़ाया, उसकी नजर अपनी ऊँगली में पहनी अंगूठी पर पड़ी. चम – चम करती सोने की अंगूठी. नई झक अंगूठी उसकी ऊँगली में फब रही है. सहसा अंदर से किसी ने उसे धिक्कारा. जैसे किसी ने उसे चोर कहा, किसी ने धोखेबाज कहा. उसे अपने ही ऊपर गुस्सा आया.
 दो महीने पहले जीजी और जीजा आए थे उसके पास शहर. जीजी ने उसे भांजी की शादी के लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी. थारे बड़ी मुस्किल से टेम मिले है, पंण इत्तो तो करनो ही पडेगो म्हारा वास्ते थारे ....ई म्हारी चांदी की कड़ी, सोना की झुमकी, यो बाजूबंद ..ई सब मिलय के इत्तों है कि छोरी की चार रकम बणी जायगा. थार से कयं छूपियो है, पैसा की घणी आफत है. चार रकम हुई जायगा तो जात – बिरादरी में नाक कटने से बची जावांगा. - जीजी का गला भर आया था.
 तू फिकर मत कर. जद थारे टेम मिले, कर ली जे. भरोसा का सुनार से करय दीजे. तौल – मोल सब तू करई लीजे. ब्याव में आय तो लेतो आजे. बस इत्तो ध्यान रख्जे कि जात – बिरादरी में नाक नीची नी करनी पड़े. रकम हुण जरूर बणय लीजे. जीजी ने उसके हाथों में जेवर की पोटली थमा दी थी. पोटली में जेवर से ज्यादा भरोसे का वजन था.
 अरे... तू अबी तक तैयार नी हुयो ....? - जीजी की आवाज से चौंका था वह.
जीजी जाते – जाते कह गई, - मामेरा को मोरत होणे वालो है. मामेरो बधानो है. तू जल्दी रेट हुई जा ...
 उसे याद है, सुनार को जेवर देते समय उसने कहा था, - इसमें से ऐसा करना कि एक तोले की अंगूठी अलग निकल जाए.
 उसे लगा कि यह अंगूठी फैंक देनी चाहिए. इतनी दूर कि कभी वापस देख भी न सके. पर इसमें गलत भी क्या है. उसकी जगह और कोई होता तो भी शायद वह ऐसा ही करता. ये तो बिजनेस टिप्स है. यदि लोग ऐसी टिप्स नहीं करें तो सारा फायदा व्यापारी ही उठा ले. सब जगह ऐसा ही चलता है. उसने नैतिकता को परास्त करने के लिए बाजार की निर्मम शब्दावली को दोहराकर खुद को संतोष दिया.
 वह उठा और तैयार होकर नीचे उतर गया. मंडप के नीचे जीजी, जीजाजी और भांजी पूजा कर रहे हैं. सारे रिश्तेदार आस – पास बैठ गए हैं. ढोली तेजी से ढोल बजा रहा है. पंडित जोर – जोर से मन्त्र बोल रहा है. उसने देखा भांजी चौक – पाट पर बैठी है. उसके गले में सोने का हार, कानों में सोने की लटकन, नाक में नथ और हाथो में सोने की चूड़ियाँ हैं.
 अब वह मामेरा करने मंडप की ओर बढ़ गया है.