Friday, 10 March 2017

शकरपारे

"मिनी की अटैची, कपड़े, अरे...वो ड्राइक्लीनर मेरी साडी लाकर कब देगा?" झुँझलाकर सुधा ने कहा था ! "हड़बड़ी मे प्रेस के कपड़े मंगाना भी भूल गयी''...बड़बड़ाती जा रही थी वह !
''अच्छा सुधा, वो कैश और जेवर तो ठीक से रख लिया तुमने? सुना है, आजकल एक राहजनी करने वाला दल स्टेशन पर सक्रिय है; दल बाँध कर ट्रेन पर चढ़ते हैं नौजवान लड़के- लड़कियाँ...मौका लगाकर कीमती सामान पार कर ले जाते हैं...सावधानी रखनी होगी तुम्हे, रात का सफ़र है'' !
परेशान सुधा और परेशान हो उठी थी !
लिस्ट बनाकर एक- एक सामान जोड़ती जा रही थी वह ! बस आधे घंटे में स्टेशन के लिए निकलना था !
बेटी की शादी दिल्ली जाकर करने की माँग जो रखी थी लड़के वालों ने; मना करने की चाय्स नही थी !
''बंटी, मिनी- जल्दी करो !'' हांक लगती हुई सुधा टिफिन भरने लगी थी ! आलू-पूड़ी, नमकीन, मठरी और शकरपारे रखते हुए आँख छलक आई थी उसकी ...!
''कितने पसंद थे विनी को शकरपारे''...मुट्ठी भर-भर दिन भर खाती थी ! आज अगर होती तो उसकी शादी की तय्यारी कर रहे होते हम; एक मिनिट बड़ी जो थी वो मिनी से !"
बचपन में किसी स्टेशन पर गुम हुई, पाँच साल की विनी की याद उसे आज भाव-विभोर कर रही थी ! जी भर के रोने का जी कर रहा था उसका!
काल का लंबा अंतराल भी माँ को उसकी बेटी से एक पल के लिए भी जुदा ना कर सका था..... अपनी फूल- सी बच्ची की याद को अपने आँचल में गाँठ लगाकर बाँध रखा था उसने ! जब चाहती, उसकी यादों की पोटली को जी भर के सूंघति और तृप्त हो लेती वह ! बरस- दर- बरस उसकी यादों मे, बड़ी होती रही थी विनी !
सच है, माँ की ममता का कोई मोल नहीं होता, और ''भावों के पुष्प कभी बासी नही होते ''!
''स्टेशन पर राकेश तुम्हे लेने आ जाएगा, बस रात भर की ही तो बात है ! मैं कल शाम की ट्रेन से आ जाऊँगा- पैसे का इंतज़ाम करने के लिए रुकना ना होता, तो साथ ही चलता''
पास खड़े मिनी के पापा ने सुधा को दिलासा देते हुए कहा था ! आँचल से आँसू पोंछती हुई सुधा ट्रेन पर बैठ गयी थी !
एक तरफ की सारी बर्थ अपनी थी- कोई समस्या ना थी ! अभी सीट के नीचे सामान जमा ही रही थी वह ! तभी, सामने सीट पर बैठी एक लड़की पर नज़र टिक गयी थी उसकी ! क्या देख रही थी वह पगली इतने ध्यान से ?!
मन ही मन बैग में रखी जेवर की पोटली को याद कर, सुधा आशंकित हो गई! ''अलर्ट रहना होगा उसे''...
बंटी मुट्ठी भर शकरपारे लेकर अपनी किताब खोल के सीट पर जम गया था !पगली अभी भी उनकी तरफ ताके जा रही थी !
बैग की चेन बंद करते हुए सुधा मन ही मन ये मान चुकी थी, कि हो ना हो- इस लड़की की नीयत ठीक नहीं ! संभावित होनी से मन में भय बैठ गया!
''कैसा फटा तो लहंगा पहने है; कोई भिखारिन ही लगती है''
"ए.सी. टिकट मिल जाती, तो ये सब झेलना ना पड़ता" सोचते- सोचते दिन भर की थकी सुधा की नींद से बोझिल पलकें, मुंदी जा रही थीं ! बीच-बीच में आँखें खोलके देखती- पगली अभी भी कभी बैग की तरफ देखती, तो कभी बंटी की तरफ !
"शायद भूखी हो...." ये सोचते, वह कब नींद के आगोश मे चली गयी , पता भी ना चला !
नींद खुली थी एक शोर के साथ ..हाथ बढ़ाकर बत्ती जला दी थी किसी ने-
''देखो- देखो, पगली क्या लेके भाग रही है !!''
नींद मे हड़बड़ाई सुधा पास पड़े खुले बैग में फँस कर गिरते-गिरते बची थी !
बैग को यूँ खुला देख होश उड़ गये थे उसके.....!
बेतरतीब साड़ी- पल्लू को संभालकर, तीर की गति से ट्रेन के दरवाजे तक दौड़ गयी थी वह ! ''पाई-पाई जोड़ कर बनवाया था जेवर...क्या जवाब देगी वह मिनी के पापा को ?''
गाड़ी गति पकड़ चुकी थी, तेज़ी से विपरीत दिशा में भागती पगली, अंधेरे मे गुम होती जा रही थी.....बेबस सुधा दरवाजे के हॅंडल पकड़ ठगी सी रह गयी थी !
अचानक आए इस तूफान से, बंटी और मिनी जागकर बैठ गये थे !बैग उधड़ा पड़ा था, सीट से लेकर दरवाजे तक बिखरे शकरपारे सारी दास्तान बयान कर रहे थे ! (लहंगे की फटी जेब,संभाल ना सकी थी बोझ शायद...)
हड़बड़ाई, परेशान माँ को संभालने के सारे जतन कर रही थी मिनी ! माँ थी कि रोए जा रही थी !
बुझे मन से बैग का फैला सामान समेट रही थी सुधा; स्टेशन आने में आधा घंटा ही शेष था !
अचानक पोटली से हाथ टकरा गया था उसका- आँखे चौड़ी हो गयी....ये क्या ?...एक-एक कर झटपट सारा बैग चेक कर डाला उसने...
सामान को यथावत पाकर चौंकी थी सुधा ! मिनी की मुस्कान लौट आई थी ! जस का तस धरा था सब....सिर्फ़ शकरपारे का पॅकेट ही 'मिसिंग' था ...तो क्या सिर्फ़ शकरपारे लेने के लिए...बैठी थी पगली....?!!
तभी....कैसी जानी-पहचानी गठन थी उसकी, और पैर का वो निशान.....तो क्या..वही....? सन्न रह गयी थी वह.....!
इतने सालों बाद....?!
ट्रेन का हैंडेल पकड़, दरवाज़े से आधी बाहर झूल गयी थी सुधा | आँसुओं का मानो सैलाब बह निकला था आँखों से ! बंटी और मिनी ने ज़ोर लगाकर खींचा ना होता, तो चलती ट्रेन से कूद जाती शायद !
''अब क्या हुआ माँ ?'' बुत बनी सुधा को हिलाते हुए पूछा था मिनी ने...!
''अपने हिस्से का सुख, ये जेवर, ये शकरपारे- ले क्यों ना गयी अभागन....पहला हक़ है उसका......काश......काश…….’’
आँसुओ की धार बह निकली थी उसकी आँखों से...
एक बार फिर खो दिया था उसने अपनी बेटी को...!!