Friday, 10 March 2017

बेचारा पुजारी का बेटा

जब रीना का एच आर में एम बी ए कंपलीट हो गया, तब भी कालेज कैंपस से न तो प्लेस मैंट हुआ, और न ही सर्च करने पर मनपसंद जाब मिली, तो उसने शहर का हास्टल छोड कर, अपने छोटे से कस्बे के घर की ओर रूख कर लिया। और वहाँ के एकमात्र इण्टर कालेज में जाॅब के लिए आवेदन कर दिया। कस्बे के लोगों को कहने का मौका मिल गया। लडकी को शहर भेजा था पढने के लिए, कलक्टर बना रहे थे बेटी को। अब पढा लिखा कर घर में बिठायें। आजकल बीटेक , एम बी ए किये वालों को भी नौकरी कहाँ मिले है।
इधर घर वालों ने, खासतौर से पापा ने उसकी शादी के लिए लडका ढॅूढना शुरू कर दिया, लेकिन एडी चोटी का जोर लगाने पर भी बेटी के लायक कोई लडका नही मिला। कहीं पर दहेज की माँग, तो कहीं पर लडका, उनकी बेटी के हिसाब से पढा लिखा नहीं। वैसे भी उनकी बिरादरी में इतना पढा लिखा लडका मिलना तो बडा मुश्किल ही था। खोजने पर भी जब दूर दूर तक उनकी नजर मे ऐसा कोई लडका न आया, तो उन्होने बेटी रीना और उसकी माँ को कोसना शुरू कर दिया। क्या जरूरत थी, शहर भेज कर इतना पढाने लिखाने की, पैसा भी बरबाद किया और समय भी। इण्टर पास करते ही शादी करके निबटा देते तो आज को इतनी मगजमारी तो नही करनी पडती । उस समय कोई भी मेरी बात मानने को तैयार ही नही था। तब तो बेटी को पढायेंगे, उसको पैरों पर खडा करेंगे, का भूत सवार था , सबसे ज्यादा तेरी माँ को ही चिन्ता थी, अब झेलना तो मुझे पड रहा है। जवान लडकी को कब तक घर में बिठायेंगे। उसी समय शादी ब्याह से निबट लेते तो आज को ये मगजमारी तो न करनी पडती और फिर माँ पापा में बहस शुरू हो जाती।
और सारा दोष आ जाता माँ पर। अपने सिर पर सारा ठीकरा फूटते देख, माँ उसकी जन्म कुण्डली लेकर सीधे मंदिर पहुॅच गयी। रीना कमरे में आकर लैपटाप खोलकर नये सिरे से जाब तलाशने लगी और पापा भुनभुनाते हुए घर से बाहर निकल गये।
रीना को आजकल चल रहे रिशेशन के दौर में अच्छा जॉब मिलना निश्चित ही सबसे कठिन काम नजर आ रहा था।
मंदिर में पहुचकर माँ ने पण्डित जी से पूछा, ‘‘ पुजारी जी जरा लडकी की कुंडली देख कर बताओ कि शादी का कब तक शगुन है? क्या कोई ग्रह नक्षत्र खराब हैं या फिर कोई और दोष है?‘‘
पण्डित जी ने पत्रा निकाला, कुछ देर ध्यान से देखा, मनन किया, फिर ऐनक के उपर से झाॅकते हुए बोले, ‘‘ देखो बहन, तुम्हारी बेटी की ग्रहदशा बहुत खराब चल रही है, शनि का भी दोष है। अतः कुछ पूजा पाठ करानी होगी। और इसके साथ ही कन्या रोज नियम से भोले बाबा को जल चढाये , नियम, धर्म से प्रदोष व्रत करे, तो भोले भंडारी शिवशंकर भगवान निश्चित प्रसन्न हो इच्छित फल देंगे। ‘‘
‘‘ठीक है पुजारी जी, पूजा के बारे में तो घर में पूछकर बतायेंगे। तब तक बेटी से नियम धर्म शुरू करवा देंगे।
 माँ प्रसन्न हो गयीं आखिर उनकी समस्या का समझो आधा निदान तो हो ही गया था। उन्होंने अपने बटुऐ से 50 का नोट निकाल कर पण्डित जी के पैर छूकर दक्षिणा दी और घर आकर रीना को समझाने लगीं ।
‘‘बेटा, मेरी इतनी सी बात मान लो बस ।‘‘
मरती क्या न करती, सो सहर्ष तैयार हो गयी। वह भी परेशान हो गयी थी रोज रोज पापा की डाट डपट से, और उसने सोंचा चलो इसी बहाने से घर से कुछ देर बाहर निकलने को भी मिलेगा क्योंकि इस छोटे से कस्बे में कोई जगह भी ऐसी नही कि वहाँ जाया जाये। जब से पढाई पूरी करके शहर से लौटी है , तबसे पूरे दिन घर में ही रहना पडता है और उसका घर में मन कहाँ लगता था।
अब वह रोज जल चढाने को मंदिर जाने लगी। सुबह जल्दी ही उठ जाती, एक लोटा जल चढाती और वापस आ जाती । साथ ही प्रदोष व्रत भी शुरू कर दिये । हर पन्द्रह दिनों के बाद एक व्रत आता । शाम को पूजा करके मीठे दही से पूरी खा लेती । शायद भोले बाबा प्रसन्न होने लगे थे।
या यूँ कहें कि पुजारी के लडके को वह भा गयी। वह सुबह जल चढाने जाती तो पुजारी का बेटा उसे टुकुर टुकुर निहारता रहता । उसके युवा सौंदर्य का रसपान करता रहता । न जाने क्यों वह उसकी आँखों में बस गयी, इतनी लडकियां नजरों के सामने से गुजरतीं लेकिन उसे कोई अच्छी न लगती। वह तो वह बस सुबह होने का इंतजार करता। उस दिन रीना को स्कूल में इंटरव्यू के लिए जाना था, सो वह जल्दी ही नहा धोकर मंदिर आ गयी । उसने जल चढाया, मत्था टेका और वापस जाने लगी। सुबह सुबह का समय था, ज्यादा आवाजाही नही थी, और मंदिर में भी उन दोनों के सिवा कोई और नही था। अतः पुजारी के लडके को बोलने का मौका हाथ लग गया।
उसे रोकते हुए बोला, ‘‘आज तो आप बहुत जल्दी आ गयी ।‘‘
‘‘हां आज मुझे स्कूल में इंटरव्यू के लिए जाना है।‘‘उसने मुस्कुराते हुए उत्तर दिया। पुजारी के लडके ने उसे पहली बार मुस्कुराते हुए देखा था। कितनी सुंदर लगी थी वह उसे। दांत मोतियों के समान चमक रहे थे। एक गाल में पडता गढ्डा उसके सौंदर्य में चार चाँद लगा रहा था। जरा सी मुस्कुराहट ने उसकी खूबसूरती को बढा दिया था।
उसने पहले उसे मुस्कुराते न देखा था पूजा के समय शांत मन से वंदना करती और वापस चली जाती। रीना तो चली गयी, लेकिन पुजारी के लडके की रात की नींद के साथ दिन का चैन भी ले गयी।
पुजारी का बेटा पहले तो कभी कभार ही मंदिर आता था, लेकिन जबसे रीना ने आना शुरू किया था, तबसे वह रोज सुबह तडके पाँच बजे आ जाता, मंदिर की साफ सफाई करता और भगवान का स्नान ,तिलक, चंदन सब कर देता । फिर दिन भर अपने कपडे की दुकान पर बैठता। ज्यादा पढाई लिखाई तो की नही थी, पर वह, देखने भालने में माशाअल्लाह खूब गोरा चिटटा और लम्बा था। लेकिन दिन भर दुकान पर बैठने के कारण थोडी तोंद निकलने लगी थी । या फिर मंदिर के चढावा प्रसाद ने उसकी तोंद पर असर दिखाना शुरू कर दिया था।
आज रीना जल्दी ही पहुंच गयी, उसने जल चढाया और अपनी आँखें बंद कर हाथ जोडकर प्रार्थना करने लगी, क्योंकि उसका स्कूल में जाब हो गया था, अब वह स्कूल के बच्चों को पढाने जाने लगी थी, कुछ न होने से कुछ तो मिल गया था टाइम पास करने के लिए।
उसी समय उसने अपने कानों में कोई आवाज सुनी ‘‘मैं तुमसे बहुत प्यार करता हॅूं रीना‘‘
उसने अचकचा कर आखें खोल दी थी, देखा तो पास में एक बुढ्ढे बाबा जल चढाकर शिव चालीसा का पाठ कर रहे थे। इनने तो निश्चित ही नही कहा होगा । उसने ध्यान से देखा, पुजारी का बेटा अपनी गद्दी पर बैठा मंद मंद मुस्कुरा रहा है, जैसे कोई किला फतह कर लिया हो।
वह जल चढाकर पूजा करके वापस जाने लगी, तो उसने आवाज लगाते हुए कहा, ‘‘प्रसाद तो लेती जाओ।‘‘ और ढेर सारा फल मिठाई उसे दे दिया।
अगले दिन नेहा नही आई, चार दिन निकल गये, पुजारी का बेटा परेशान आखिर क्या हुआ होगा, कहीं वह उससे नाराज तो नही हो गयी, न उसके दिन कटते और न रातें।
आखिर पाॅचवें दिन हाथ में लोटा लिए जब रीना पहुँची, तो उसके चेहरे की कुछ रंगत लौटी, उसने आगे बढकर पूछा, ‘‘क्या हुआ रीना! तुम इतने दिनों से कहाँ थी, क्या हुआ था क्या तबियत खराब थी?‘‘
उसे इस तरह हडबडाकर पूछते देख, रीना चैंक गयी, फिर बोली ‘‘कुछ खास तो नही, थोडा बीमार हो गयी थी।‘‘ वह अभी अभी नहा धोकर आई थी, सो उसके गीले बालों से टपकता पानी, चेहरे को भिगोता हुआ, उसके कुर्ते को गीला कर रहा था।
‘‘कुछ खास नही होने पर भी तुम पाँच दिनों तक नही आई, जबकि तुम्हें तो नियम से आना था? तुम्हारा घर भी खास दूर नही, तुम जल चढाकर वापस जा सकती थी?‘‘ इतने सारे सवाल सुन कर वह फिर चैंक गयी, अब वह कैसे बताये इस बावरे को कि वो एक लडकी है और उसे हर महीने पाँच दिन बीमारी का बहाना बना कर पूजा अर्चना से छुटटी लेनी पडती है। उसकी शारीरिक प्रक्रिया की बजह से पाँच दिन आराम करना पडता है।
उसे चुप देखकर वह बोला , अच्छा रीना सुनो! कभी हमारी दुकान पर आना। इस समय बहुत सुन्दर कुर्तिया आई हुई हैं, तुम्हारे रंग पर वे बहुत खिलेगीं।
ठीक है आती हॅू किसी दिन ।‘‘ कह कर वह जल चढाने लगी।
एक दिन जब वह अपनी सहेली के साथ बाजार गयी, तो वहाँ पर पुजारी के बेटे की दुकान पर भी चली गयी। उसकी दुकान पर सचमुच बहुत सुन्दर कुर्तियां थी। उस कस्बे में शायद ही किसी अन्य दुकान पर इतनी सुन्दर और अच्छी हो । उसे वहाँ पर रायल ब्लू कलर की एक कुर्ती बहुत पसंद आई, उसने उसे खरीद लिया हालाँकि वह तो पैसे ही नही ले रहा था, परन्तु रीना ने जबरदस्ती उसे पैसे पकडाते हुए कहा ,‘‘ रख लो, जिससे मुझे फिर कभी आगे आना हो, तो बेहिचक आ सकूं और फिर घोडा घास से यारी करेगा तो खायेगा क्या?‘‘
कहकर वह मुस्कुरा दी थी और उठकर चलने ही वाली थी कि सामने के खोखे से उसके लिए चाय बनकर आ गयी थी। उसे मजबूरन वो चाय पीनी पडी थी ।
घर आकर बैग खोलकर देखा तो उसमें से दो कुर्तियां निकली। एक पिंक कलर की कुर्ती भी थी। उसे लगा, शायद यह गलती से आ गयी है। कल मंदिर जायेगी, तो वापस कर कर देगी, सोंचकर वह उसे बैग में रखने लगी। तभी उसमें से एक छोटी सी स्लिप निकल कर गिर पडी थी। उठाकर देखा, तो उसमे सुंदर सी रायटिंग में लिखा था, आप पहली बार दुकान पर आई थी, तो कुछ देने का हक तो बनता ही था। वैसे भी यह कुर्ती तो उसी दिन तुम्हारे लिए निकाल कर रख दी थी, जब यह आई थी, क्यांेकि मुझे पता है, यह रंग तुम पर बहुत फबेगा। और यह उपहार है प्लीज मना मत करना, वरना मेरा दिल टूट जायेगा । ‘‘
ओफफो यह पुजारी का लडका भी न, अपना समय और पैसा दोनों ही बरबाद कर रहा है। न जाने क्या सोंचकर उसके पीछे पडा है। वह मन ही मन बुदबुदायी थी। खैर !!
आज रीना बहुत ही खुश थी, वह एक लोटे जल के साथ एक डिब्बा मिठाई का प्रसाद लेकर आई थी। रीना को इतना प्रसन्न देखकर पुजारी का बेटा भी खुश होते हुए बोला क्या हुआ रीना जी, आज तो बडी प्रसन्न नजर आ रही हैं।
हाँ, बात ही ऐसी है, भोलेबाबा ने मेरी प्रार्थना जो सुन ली है।
अच्छा!! क्या मैं आपकी इस खुशी में शामिल हो सकता हॅू?‘‘ वह भी उसकी खुशी में खुश होते हुए बोला, उसके मन मे खुशी के लड्डू फूट रहे थे, शायद आज उसकी प्रार्थना भी भगवान ने पूरी करने का मन बना लिया है।
हाँ हाँ , क्यों नही, आपका पूरा हक बनता है। मेरा कानपुर की एक कंपनी से ज्वाइनिंग लेटर आ गया है।‘‘ वह हर बार बस यही प्रार्थना ही करती थी कि मेरी नौकरी लगवा दो और उसकी मन्नत पूरी हो गयी थी ।
क्या ?? पुजारी के बेटे को इतना सुनना था कि उसे लगा अभी धरती फट जाये और वह उसमें समा जाये अब वह जीकर क्या करेगा?? उसे अपनी आॅखों के सामने एकदम से अंधेरा नजर आ रहा था। दुनियां निस्सार नजर आ रही थी, उसने एक नजर उसके चेहरे की तरफ देखा, कितनी खुश नजर आ रही थी रीना । क्या उसे कोई भी फर्क नही पडा । इतने दिनों से की गयी उसकी तपस्या का क्या होगा ।
अगले दिन वह चली गयी, पुजारी का बेटा भी छुपते छुपाते छोडने आया था और दूर से खडा तब तक निहारता रहा, जब तक बस आँखों से ओझल न हो गयी । उसे उम्मीद थी कि रीना वापस आयेगी। वो तो उसी की है। बेचारा पुजारी का बेटा! अब उसे कौन समझाये! क्या लगता है रीना उसके पास लौट आयेगी ? उसका विश्वास कायम रहेगा टूटेगा नही!!
नही वह कभी लौट कर नही आयेगी क्योंकि जाने वाले कभी वापस लौटकर नही आते और रीना उसके प्यार को कहा समझी थी उसकी नजर में प्यार की कोई अहमियत नही थी वह सच्चे प्यार की कीमत नही जानती थी । कहाँ समझती थी कि सच्चा प्यार सबको नही मिलता वह लौट कर आने के लिए शहर नही गयी थी । पढी लिखी रीना के लिए उस अनपढ गवार की क्या हैसियत समझ आती।