Friday, 10 March 2017

अनजाने रिश्ते

वो अक्सर मुझे कहीं न कहीं मिल ही जाती हैं , आज भी डी बी माँल मे मिली, बड़े स्नेह से गालो को छू कर बोली "कैसे हो बेटा" "ठीक हूँ आन्टी " मैंने जवाब दिया, फिर हर बार की तरह उन्होंने पूछा "पापा कैसे है" "वह भी अच्छे है" मैने हर बार की तरह जवाब दिया, पापा के बारे में बात करते समय हर बार उनकी आँखों में एक दर्द दिखाईं देता है, पर मैं आज तक उनसे न तो उनका परिचय पूछ पाया और न ही ये पूछ सका कि वो पापा को कैसे जानती हैं, पर आज हिम्मत करके पूछ ही लिया "आन्टी आप मुझे कैसे जानती हैं" वो पहले तो चुप हो गई फिर धीरे से बोली "तुम, तुम नरेन्द्र के बेटे हो न" "नहीं आन्टी मेरे पापा का नाम तो राजेश हैं" मेरे मुँह से एकदम निकला, सुनते ही वो एकदम सन्न रह गई फिर सम्भल कर बोली "माँफ करना बेटा तुम्हारी सूरत नरेन्द्र से एकदम मिलती हैं इसलिए धोखा खा गई, नाहक ही तुम्हें इतने सालों से परेशान कर रही थी" कहते हुए उनकी आंखों में आंसू आ गए और वो तेजी से आगे बढ़ गयी। और फिर मैंने अपने आप को बहुत कोसा कि क्यो मैंने उनकी वो उम्मीद तोड़ दी।
मुझसे रहा न गया मैने तुरंत आगे बढ़कर उनका रास्ता रोक लिया "आन्टी प्लीज मैं आपके साथ एक कप काँफी पीना चाहता हूं" वो मना नही कर पायी, कुछ ही देर मे CCD मे काँफी पीते हुए मैने कुरेंदा "आन्टी ये नरेन्द्र जी? " उन्होंने मुस्कराते हुए मुझे देखा फिर कहीं पुरानी यादों में खोते हुए बोली "नरेन्द्र मेरा छोटा भाई है, हमारा एक दूसरे के अलावा कोई नहीं था, बहुत प्यार करता था मुझसे, फिर मेरी जिंदगी में मुकेश आये और मैंने उनसे शादी कर ली, बस इसी बात पर मुझसे नाराज होकर चला गया, तीस साल हो गए उसे ढूंढते हुए फिर तुम मिले तो कुछ उम्मीद बंधी थी पर आज वो भी टूट गयी" बोलते हुए उनकी आंखों में फिर आंसू आ गए, मै तुरंत उनका हाथ थाम कर बोला "बुआ अबसे हम दोनों मिलकर ढूंढेगे नरेन्द्र अंकल को और हाँ आज से आपके एक नहीं बल्कि दो भाई हैं, मैं पापा को लेकर आ रहा हूं रक्षा बंधन के दिन आपके घर" ये सुनते ही उनकी आंखों में फिर आंसू आ गए पर इस बार आंसू खुशी के थे।
आज रक्षा बंधन था, सुबह ही पापा को बोल दिया था आप के लिये सरप्राइज है शाम को तैयार रहै, शाम को मै पापा को लेकर आँटी के बताये हुए एड्रेस पर पहुंचा, हम ड्राइंगरूम मे आँटी का इन्तजार कर रहे थे, जैसै ही वे पापा के सामने पहुंची "नरेन्द्र कहाँ था तू इतने दिनो तक" कहते हुये उन्होने पापा को अपने दामन मे समेट लिया और पापा भी उनकी& बाहों मे सिमटे हुृये किसी मासूम बच्चे की तरह फफक फफक कर रो रहे थे, उधर आँटी की आँखो से भी अनवरत् गंगा जमुना बह रही थी। वो दोनो इसी तरह तकरीबन घंटे भर रोते रहे, और मै हतप्रभ गीले नयन और भींगे मन से उन दोनो को तकता रहा, हाँ मन मे एक सवाल जरूर चल रहा था, कि पापा नरेन्द्र से राजेश कैसै बन गये।
पर मन मे एक सकून था कि "रिश्ते" अब "अनजाने" नहीं रह गये।