Thursday, 9 March 2017

सिर्फ लिबास बदला है

  “ये कैसे बाल कटवाकर आ गयी है अनाहिता . तुमने उसे मना नहीं किया ? बिलकुल ...........लग रही है “ बीच का शब्द दिनेशजी ने बड़ी चेष्टा से मुह में ही दबा लिया .
“में तो तब मना करती जब मुझे मालूम होता . मुझे क्या बताकर गयी थी , या मुझसे पूछ कर गयी थी . वो तो अपनी माँ के साथ जाकर बाल कटवाकर आ भी गयी तब मुझे पता चला .” जयश्री ने बताया .
“हां और तुम खूब प्रसन्नता से उसकी नयी हेयरस्टाइल की तारीफे कर रही थी “. दिनेश जी कुढ़ कर बोले .
“तो और क्या करती जब उसने आते ही उछल कर पूछा कि बताओ दादी में कैसी लग रही हु , मेरी नयी हेयरस्टाइल कैसे हे तो कहना ही पढ़ा की अछि लग रही है” जयश्री ने बात स्पष्ट की .
“खाक अछि लग रही हे . लम्बे बालो में सीधी-साधी चोटी में कितनी अछि लगती थी और अब .......तुम बोल नहीं सकती थी की ऐसे पागलो जैसे बाल क्यों कटवाए “ अबकी बार दिनेशजी अपनी जुबान को रोक नहीं पाए.
“मेरे ऐसा कहने से उसके बाल फिर से पहले जैसे तो नहीं हो जायेंगे . उसे पसंद होंगे तभी तो उसने कटवाए और इतना खुश हो रही हे , अब में उसे बुरा बोलकर उसका मन दुखाकर बेवजह संबंधो में दूरिय क्यों पैदा कर लू . यह तीसरी पीढ़ी के बच्चे है . हर पीढ़ी में कुछ न कुछ बदलाव तो आते ही है . हमने अपने ज़माने में कुछ न कुछ परम्पराए और रूढिया तोड़ी ही होंगी अपने से पुरानी पीढियों की , हमारे बच्चों ने हमसे अलग कुछ किया और अब उनके बच्चे उनसे अलग कुछ कर रहे है . यह बदलाव तो प्रकृति का नियम है इसे हर पीढी को स्वीकार करना ही पड़ता है “ जयश्री ने समझाया .
“ऑफ़ –ओह तुमने तो दार्शनिको की तरह लम्बा-चौड़ा भाषण ही दे डाला . बाल तो फिर भी ठीक है पर देखा है की उसके कपडे दिन पर दिन कैसे होते जा रहे है . उस दिन गुप्ता जी की पार्टी में ऐसे कपडे पहनकर गयी थी की में तो शर्म से पानी-पानी हो गया आश्चर्य है विशाल की अक्ल को क्या हो गया है , बहन के कंधे से जरा सा दुपट्टा ही अगर सरक जाता था तो उसकी भवें टेडी हो जाती थी और अब खुद की लड़की ऐसे कपडे पहनती है तब उसे दिखाई नहीं देता “ दिनेश जी झल्लाकर बोले .
“विशाल को सब दिखाई देता है . उस दिन अनाहिता के कपडे उसे ही बुरे लगे थे खास तौर पर इसलिए भी की वो पार्टी आपके सम्मान में दी गयी थी तो उसका ही मन था की अनाहिता शालीन कपड़ो में वहा जाए पर जवान होती बेटी को खुलकर मना नहीं कर पाया और कुछ नहीं “. जयश्री ने स्पष्ट किया .
 (१ )
विशाल के मन में अपने प्रति सम्मान देखकर दिनेश जी थोडा नरम पड़े लेकिन फिर भी अपने दिल की भड़ास निकलने से चुके नहीं-
“क्यों अपनी बहन को तो तुरंत टोक देता था . एक दिन बाहर जाते हुए उसने नीता से सिफर इसलिए सूट बदलवाया था जिद करके की उसकी बाहें जरा छोटी थी “
“भाई बहन बराबरी के होते है . हर विषय पर खुलकर बाते कर सकते हे उनके बीच कोई पर्दा नहीं होता लेकिन बाप अपनी बेटी से हर बात खुलकर नहीं कह सकता . बाद में जब हम शर्मा जी के यहाँ गए थे तब उसने बहु से कहकर अनाहिता को शालीन सा सूट ही पहनवाया था की नहीं “ जयश्री बोली .
“लेकिन फिर भी उसे अनाहिता को थोडा अनुशासन में तो रखना ही चाहिए . दिन पर दिन अपनी मर्जी की मालकिन बनती जा रही हे . बहन पर इतनी सख्ती रखता था और बेटी को इतनी ढील दे राखी हे “. दिनेश जी अब भी हुन्भुना रहे थे .
“ भाई और बाप में यही फर्क होता है . भाई सख्त हो सकता हे बाप नहीं . आप भी तो अपनी बहन पर कितनी सख्ती करते थे . बेचारी आज भी आपके सामने कितनी डरी-डरी रहती है . लेकिन नीता पपर क्या आप उतने कठोर हो पाते थे . अपनी बहन को अपने उसकी मर्जी से शादी नहीं करने दी मगर अपनी बेटी के आगे आप कितनी आसानी से झुक गए थे “ जयश्री ने याद दिलाया.
दिनेश जी ने बैचनी से पहलु बदला “बात क्या थी और तुम कहा ले गयी . नीता हमेशा शालीन ढंग से मर्यादा में रहा करती थी मगर अनाहिता .........”
“ये आजकल की पीढ़ी है . इनका पहनावा ऐसा ही हो गया है यही आजकल का फैशन और चलन है . अनाहिता भी अपने दौर के हिसाब से ही रह रही है . अच्छा यही है की हम ही खुद बदलते दौर के साथ सामंजस्य स्थापित करना सीख जाए तो पीढियों के बीच व्यर्थ की टकराहट नहीं होगी . और आप इस विषय पर ज्यादा मत सोचिये. अनाहिता का लिबास और रहने का ढंग भले ही आधुनिक हो मगर उसमे संस्कार आपके ही है . वह मन की बुरी नहीं है “. जयश्री ने उन्हें सांत्वना दी .
सुबह की चाय हो चुकी थी , जयश्री खाली प्याले उठाकर रसोई में जाते हुए कह गयी “अब जल्दी तैयार हो जाइये नहीं तो कॉलेज में देरी हो जाएगी “
वैसे भी अब बहु बेटे का उठकर नीचे आने का समय हो गया था . रिश्तो की डोरे बहुत नाजुक होती है जरा से खिचाव से भी टूटने का अंदेशा बना रहता हे . किसी भी तरह की अप्रिय बात का उनके कान में जाना ठीक नहीं था . परिवार को साथ लेकर बहुत संभलकर चलना पड़ता है .

दस बजे तक दिनेश जी कॉलेज के लिए निकेल जाते थे . यु तो वे रिटायर हो चुके थे लेकिन फिर ही पढ़ाना नहीं छोडा था . इसी बहाने अपने विषय के संपर्क में भी बने रहते थे और घर से बाहर निकल कर मित्रो से मिलना जुलना ही हो जाता था .
विशाल भी ऑफिस चला गया . अनाहिता सी .ए. की तैयारी कर रही थी . वो ज्यादातर समय अपने कमरे में पढ़ती रहती थी . सी.ए. के साथ ही उसने इस साल बी.कोम. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करके द्वितीय वर्ष में प्रवेश लिया था . शाम को उसकी कोचिंग होती थी . जाते समय बहु उसे छोड़ देती थी आते समय विशाल ले आता था .
 उस दिन रात में अचानक फोन आया की बहु के पिताजी की तबियत बहुत ख़राब हो गयी हे अस्पताल में एडमिट किया हे . बहु सुनंदा रुआंसी हो गयी . जयश्री ने उसे सांत्वना दी . दुसरे दिन सुबह ही जयश्री ने खाना तैयार करके रख दिया और विशाल, सुनंदा जयश्री कार से बहु के मायके रवाना हो गए .
दस बजे दिनेश जी ने खाना खाने के लिए किचन में प्रवेश किया . अभी वे थाली कटोरी निकल ही रहे थे की बर्तनों की खटपट सुनकर अनाहिता दौड़ी ई.
“आप बैठिये दादाजी में परोस देती हु .” कहकर उसने खाना गरम किया और थाली लगा दी . दिनेश जी को आश्चर्य हुआ . उन्होंने उसे कभी पानी का एक गिलास तक उठाकर रखते हुए नहीं देखा था . दिनेश जी का खाना ख़त्म होने तक अनाहिता वही बैठी रही और जब जो लगा करीने से परोसती रही . जब कॉलेज जाने लगे तो अनाहिता ने माँ और दादी की तरह ही उन्हें छोटा सा टिफिन पकड़ा दिया . दोपहर तीन बजे वे रोज़ भूख लगने पर कॉलेज में सब्जी रोटी खा लिया करते थे . केंटिन के समौसे कचौड़ी खाने की उनकी आदत नहीं थी . टिफिन हाथ में लेते हुए दिनेश जी पोती की तरफ देखकर स्नेह से मुस्कुरा दिए . आज उसकी नयी हेयरस्टाइल उन्हें उतनी भी बुरी नहीं लग रही थी . पोती से तो उन्हें भरपूर स्नेह था पर बस वे उसके पहनावे और तौर तरीको को ही हज़म नहीं कर पाते थे . अनाहिता को संभलकर रहने की हिदायत देकर वे कॉलेज चले गए . आज उन्हें उसे कोचिंग छोड़ने भी जाना था और लेने भी . विशाल को लौटने में शायद देर रात हो जाए .
दिनेश जी साढ़े तीन बजे घर लोटे तो हाथ पैर टूट रहे थे दर्द से . सर भी बेहद दर्द कर रहा था . कॉलेज में ही अचानक तबियत ख़राब लगने लगी थी . अब अनाहिता को छोड़ने जाने के नाम से ही जान पर बन रही थी. आठ किलोमीटर जाना और वापस आना . सोलह किलोमीटर गाड़ी चलने की हिम्मत नहीं हो रही थी . पर अहनाहिता किसी भी कीमत पर अपनी कोचिंग मिस नहीं करती थी . एक बार सुनंदा की गाड़ी एन वक्त पर पंक्चर हो गयी थी तब आसमान सर पर उठा लिया था उसने . आखिर पडौस से गाड़ी मांगकर उसे छोड़ने जाना पड़ा .
अनाहिता बेग लेकर आई तो सोफे पर सुस्त बैठे दादाजी को देखकर चौंक गयी-
“क्या हुआ दादाजी आपकी तबियत ठीक नहीं है क्या “?
“नहीं तो ठीक है चलो “ दिनेश जी उठते हुए बोले .
“आपको तो तेज़ बुखार है दादाजी . आप आराम करिए .” अनाहिता उनका हाथ छूकर बोली .
“लेकिन तुम्हारी कोचिंग ?” दिनेश जी बोले .
“ वो में आजका कोर्स अपनी सहेली से पूछ लुंगी . आप अन्दर जाकर आराम करिए मैं आपके लिए चाय बनाकर लती हु .”
अनाहिता ने उन्हें अन्दर जाकर पलंग पर लिटाया उनसे पूछकर उन्हें दवाई दी और फिर गरमा-गरम चाय बना दी . दिनेश जी चाय पीकर लेट गए . थोड़ी देर में दवाई का असर हुआ तो उन्हें नींद आ गयी .
शाम को जयश्री का फोन आया की वे लोग आज नहीं निकल पाएंगे कल सुबह निकलेंगे क्योंकि सुनंदा का भाई अभी तक वहां पहुच नहीं पाया हे तो विशाल का यहाँ रुकना जरुरी है . अनाहिता ने दादी से पूछकर और नापतौलकर दादाजी के लिए खिचड़ी बनायीं . दिनेशजी को लग रहा था की इससे पहले उन्होंने ऐसी स्वादिष्ट खिचड़ी पहले कभी नहीं खायी थी . रात में एक और बार दवाई लेकर वो सो गए .
रात में ढाई तीन बजे उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा अनाहिता स्टडी टेबल की लाइट में बेठी वही पढाई कर रही हे . उनका मन पोती के लिए अपार स्नेह से भर आया . जयश्री ठीक ही कहती हे . आज की पीढ़ी का सिर्फ लिबास ही बदला हे लेकिन अन्दर पुराने संस्कार अभी ही बरक़रार है . हमें ही थोडा धैर्य और सामंजस्य से काम लेना चाहिए . अनाहिता पर स्नेह से भारी दृष्टि डालकर दिनेश जी संतुष्ट भाव से मुस्कुरा दिए .