Friday, 10 March 2017

वापसी

जब बड़े भैया ने वहीं विदेश में ही एक अंग्रेज महिला से विवाह कर लिया था ,तब से अजिया (दादी) को पता नहीं क्या हो गया था ? भूख ही नहीं लगती थी उन्हें। उनकी खुराक आधी हो गयी थी। एक रोटी भी बड़ी मुश्किल से उनके गले उतरती।
पर बड़े भैया की वापसी की ख़बर से, जैसे उनकी भूख भी वापस लौट आई। मारे ख़ुशी के सुबह-सुबह ही चाय के साथ वो बासी रोटियाँ ही खा गयीं।
अंग्रेज जेठानी उसे साड़ी में देखेगी तो गंवार समझेगी, य‍ह साेचकर घर के छोटे बेटे पुतान की पत्नी स्कर्ट खरीद लाई । पर जब प‍हनने की हिम्मत न हुई तो बीच का रास्ता पकड़ ,उसने इंडो-वेस्टर्न सलवार-सूट पहन लिया। पुतान भी अपनी पत्नी की देखा-देखी कुर्ता-पाजामा छोड़ जीन्स टी-शर्ट धारण कर आया। तो फिर मीना कैसे पीछे रहती ? जब बहू ने पहरावा बदल लिया तो वह तो बेटी थी इस घर की ।
फौरन टांगों से चिपकी जीन्स और टॉप खरीद, पड़ोस की स्वघोषित ब्यूटी-विशेषज्ञ भउजी से बाल कतरवा आई।
छोटे बच्चों को भी परनाम की जगह सुबह से ही गुड-मोर्निग ,गुड-इवनिंग बोलने की शिक्षा दी जाने लगी।
अजिया ने, बड़े बेटे के कई वर्षों बाद विलायत से वापस आने की ख़ुशी में सुबह दो रोटियाँ खाई थीं। लेकिन अपने घर को विलायत में बदलते देख दुःखी मन से दोपहर में एक ही रोटी खाई ।
बाहर बड़े भैया की कार रुकते ही पूरे घर में हल्ला मच गया। छोटी बहू ने फौरन सिर से दुपट्टा हटाया और बाल खोलकर कन्धों पर फैला लिए। मीना ने फौरन अपनी जीन्स को कमर से और थोड़ा नीचे खिसकाया और चप्पल उतार ऊँची एड़ी की सैंडिल पहनने कमरे में घुस गयी।
इधर जैसे ही दरवाजा खुला छोटी बहू का मुँह भी खुला का खुला रह गया। सुर्ख लाल सूती साड़ी को बड़े करीने से बाँधे, पल्लू सिर पर रखे, माथे पर बड़ी सी गोल बिन्दी लगाये नीली आँखों वाली जेठानी लाल टमाटर से गाल वाले गोल-मटोल बच्चे का हाथ थामे खड़ी थी और दूसरे हाथ से उसने पल्लू के एक छोर को दबाया हुआ था।
"हैलो आई एम् बिंदिया !" छोटी बहू ने हाथ बढ़ाया। जेठानी ने फौरन उसे खींचकर गले से लगा लिया।
"आदि ये टूम्हारी चेची है परनाम क्रो।" बच्चा फौरन आगे बढ़ा और छोटी बहू के पैरों में दण्‍डवत लोट गया। छोटी बहू ने फौरन उसे उठा छाती से चिपका लिया।
"हाय !.." मीना भी चहकी।
"नमस्टे तुम मिना हो ना..?" कहते हुए अंग्रेज बहू मुस्कुरा दी।
अब तक बड़े भैया भी अंदर आ चुके थे । छोटी बहू मानो नींद से जागी। उसने फौरन सर पर पल्ला लिया और प्रणाम करने के लिए पैरों में झुक गयी। ये सब देख कर मीना सकपका गयी। अपनी जीन्स को ठीक करते हुए वह कपड़े बदलने अंदर की तरफ़ भागी।
पुतान ने बच्चों की पीठ पर एक धौल जमाई तो बच्चे रट्टू तोते की तरह गुड इवनिंग बोल पड़े। बड़े भैया ने उन्हें प्यार से अपने करीब बुलाकर उनका सर सहलाया तो बच्‍चे पैर छूना भूल हुलस कर उनके गले से लिपट गए।
बड़े बेटे के परिवार और छोटे बेटे के परिवार की सोच( जो आज सुबह-सुबह विलायत चली गई थी) को विलायत से लौटा देखकर खटिया पर उकडूं बैठी अजिया के पोपले मुँह पर मुस्कान भी लौट आयी।
अपने परिवार को एक साथ, एक ही घर, एक ही देश में देख अजिया ने रात को पूरी दो रोटियाँ खाईं।