Friday, 10 March 2017

कहानी का अंत

जाने कहाँ से कार के हार्न की आवाज सुनाई पड़ी और फाइलों में उलझी मेरी दृष्टि इस तरह घड़ी की तरफ मुड़ गयी जैसे राह चलते फौजी को अपने ऑफिसर की आज्ञा मिल गयी हो। घड़ी की सूईयाँ शाम के पौने पाँच बजा रही थीं। सतीश के आने का समय हो गया था। अनायास ही मेरी नजर मेरी हालत का मुआएना कर आई। अस्त-व्यस्त बाल, मुड़ी हुई साड़ी, पसीना-पसीना चेहरा। ‘इसी समय वह आ जाये तो?’ मैंने सोचा, ‘फिर कहेगा- “कैसी हो तुम देवी? कैसे इस गर्मी में भी तुम्हें एक ही बार नहाने से संतोष हो जाता है? मैं तो...।” और मैं जोर से हँस पड़ी। ‘अरे!’ मेरी हँसी ने मुझे खुद ही चौंका दिया, जैसे यह कोई अपरिचित आवाज थी। ‘यह कैसे?’ पिछली बार कब हँसी थी मैं, मैने याद करने की कोशिश की। मेरी हँसी कभी मुस्कान से ज्यादा में परिणत हुई हो, ऐसा शायद ही कभी हुआ हो। वैसी बातें जिस पर लोग ठहाका लगा कर हँस पड़ते थे, मैं सिर्फ मुस्कुरा कर रह जाती थी। ‘फिर यह आजकल.....!’ आगे सोचने की मेरी इच्छा नहीं हुई। ऐसे भी सतीश के आने का वक्त हो गया था और अभी थोड़ी देर तो अवश्य मैं अपनी चिंताओं से मुक्त रह ही सकती थी। मैं कुर्सी पीछे धकेलती खड़ी हो गयी, खुली फाइल पर पेपर वेट रखा और बाथरूम में घुस गयी।
 जिस वक्त मेरे कानों ने सीढ़ियों पर तेज-तेज कदमों की आहट सुनी, मैं एक बार फिर फाइलों में डूबी हुई थी। मेरे बाल अब भी थोड़े बिखरे हुए थे, जैसे कुछ देर पहले सवाँरे गये होते हैं, साड़ी मुड़ी हुई भले ही थी लेकिन अस्त-व्यस्त नहीं थी। चेहरे पर तन्मयता के भाव अब भी थे लेकिन मेरे कान सुन रहे थे- आंधी-तूफान की तरह आ रहा वह मेरे कमरे से थोड़ी दूर पर रुक गया था और अब दबे पाँव आ कर कमरे के दरवाजे पर खड़ा हो गया था। मेरे हाथ की कलम बहुत तेजी से सामने खुले पन्ने पर चल रही थी, शायद मेरे दिल की धड़कनों ने उससे कोई प्रतियोगिता कर रखी थी।
-“देवी....।” -वह चीख कर बोला और मैं बुरी तरह चौंक कर सीधी हो गयी। -"तुम...? -मेरा स्वर हाँफ रहा था।– “तुमने बिल्कुल डरा ही दिया था मुझे। भला इस तरह भी कोई चीखता है?” –“जी हाँ, और कोई इस तरह भी बे-ख्याल होता है?” -वह उसी स्वर में बोला।– “तुम अच्छी तरह जानती हो कि मैं पाँच बजे आ जाता हूँ, और ये पाँच-पाँच हो रहे हैं और आप हैं कि अभी तक अपनी फाइलों में उलझी बैठी हैं। कोई ऐसे भी करता है भला?” –वह लगातार बोले जा रहा था। -“ओफ्फोह सतीश! कितना काम होता है मुझे। समय का इतना ध्यान रखना सम्भव है क्या?” -मैंने उसे शांत करना चाहा पर मेरी आवाज बीच में ही अटक गयी। ‘यह झूठ अपने आप कैसे निकल आया मेरे मुँह से?’ –“काम-काम-काम। पता नहीं कितने काम होते हैं तुम्हें? किसी दिन तैयार नहीं मिलती।” -वह फिर झल्ला गया।– “तैयार? तैयार ही तो हूँ मैं? साड़ी-वाड़ी तो ठीक ही है। और क्या करना है मुझे?” -मैंने सहज आश्चर्य से पूछा। -“क्या? इसी तरह चलोगी?” -वह आजिज स्वर में बोला।– “ठीक है बाबा, जैसे भी, तुम चलो भी तो।” -उसने मेरे सामने खुली फाइल को झटके से बन्द करते हुये कहा लेकिन उसकी आखोँ मे कुछ कौंध गया था- कुछ आदर, कुछ स्नेह जैसा। शायद मेरी सादगी का पुरस्कार! कुछ था जो मेरे मन को भीगा गया, कुछ-कुछ पहली बारिश की फुहार जैसा। जाने कब तक मैं इस फुहार में भीगती रहती। –“देवी SSS।”- उसने चीख कर मुझे पुकारा। -“क्या सोचने लगी? क्या फिर कोई काम याद आ गया?” -और मेरे उत्तर की प्रतीक्षा किये बिना मेरा हाथ खींचता हुआ दरवाजे की ओर बढ़ गया। बाँये हाथ से अपने बाल ठीक करती मैं उसके साथ बढ़ गई।
 यह हमारा रोज का नियम था। मतलब तब से जब से वह ट्रांसफर हो कर इस शहर में आया है। इस शहर में मैं ही एकमात्र थी जो उसकी दोस्त थी। दोस्ती अब हो गयी थी, पहले तो सिर्फ कॉलेज की क्लास मेट थी। कॉलेज के जमाने में तो ऐसा था ही नहीं कि हमारी दोस्ती होती। वह कॉलेज में अपने क्लास का ‘मोस्ट वांटेट’ था और मैं.......। बस यूँ ही हैलो-हाय। शायद वो भी इसलिये क्योंकि मेरा नाम पढ़ाकुओं में गिना जाता था। और बाद के जमाने में फेस बुक पर फ्रेंड-लिस्ट में एक नाम भर। लेकिन उसके यहाँ ट्रांसफर होने के बाद हमारा परिचय दोस्ती में बदल गया। कारण चाहे जो भी रहा हो, शहर में किसी और परिचित का नहीं होना या फिर उसे मुझमें मित्रता के लायक कुछ दिख गया हो। तो वह अब रोज दफ्तर से छूट कर यहाँ मेरे पास आ जाता और हम पास के इस रेस्तराँ में शाम की चाय के लिये आ जाते।
-“उस लड़के का क्या हुआ देवी?”-सतीश ने वेटर के जानी के बाद पूछा।
-“कौन लड़का?”- मैं थोड़ा चौंक गयी।
-“अरे वही जो तुम्हारे पास पढ़ाई की सहायता के लिये आया था।”
-“अच्छा वो। उसे मैंने एक लॉज में रखवा दिया।”- मैंने सहजता से कहा।
-“लॉज में?” इसका मतलब उसकी पढ़ाई का सारा खर्च भी तुम्हीं उठा रही होगी?” उसके स्वर में आश्चर्य था।
-“हाँ तो उसे अब पढ़ना ही कितना है। थर्ड इयर में है, अगले साल बी.ए. कर जायेगा।”
-“देवी, तुम क्या हो देवी? कितने अनाथ बच्चे तुम्हारे कारण पढ़ रहे हैं, कितनी विधवाएं तुम्हारे दम से जी रहीं हैं। अभी पिछले ही महीने तुमने किसी लड़की की शादी भी कराई थी नी? सच में कितना बड़ा दिल है तुम्हारा।” -उसका स्वर श्रद्धा से ओत-प्रोत था।
-“मेरा नाम देवी है ना, शायद इसीलिये।” -मैनें हँसते हुये उसकी सारी बातों का उत्तर एक ही वाक्य में देने का प्रयत्न किया। मुझसे ज्यादा कुछ बोला भी नहीं जा रहा था। पता नहीं रेस्तराँ में कैसा परफ्यूम छिड़का हुआ था, जैसे किसी ने खुशबू में नशा मिला दिया हो जो आहिस्ता-आहिस्ता मेरी साँसों में समा रहा था। मुझे डर लगने लगा- कहीं मैं होश खो ना बैठूँ। मैंने अपनी चेतना बटोर कर सतीश को देखा। वह कुछ सोचता हुया सूप में चमम्च घुमा रहा था।
-“नहीं देवी, मुझे नहीं लगता कि यह किसी नाम का प्रभाव है।” -उसने धीरे से कहा। -“तुम चूकि चेहरे से देवी नहीं हो सकी इसलिये समाज में अपनी जगह बनाने की तुम्हारी इच्छा ने तुम्हें इस तरफ मोड़ दिया। अगर तुम....। -और वह अचानक रुक गया।- "देवी कहीं तुम बुरा तो नहीं मान गयी? आई एम साँरी अगर मैं कुछ ज्यादा बोल गया होऊँ तो। तुम चूँकि स्पष्टता पसन्द करती हो इसीलिये शायद मैं ऐसा बोल गया। मैं तुम्हें हर्ट ...।”
-“नहीं सतीश। -मैंने उसकी बात काटते हुये कहा। -“हो सकता है ऐसा ही हो। सामान्य मनोविज्ञान तो यही कहता है।” -मैंने सहजता से कहा और सूप का एक बड़ा घूँट कंठ में उतार लिया। सूप शायद बहुत गर्म था। मेरी आँखों मे पानी आ गया। मैंने जल्दी से पानी का ग्लास उठाया लेकिन पूरा पानी पी जाने के बाद भी कंठ मे जलन होती रही।
-“यही तो बात है तुममें जो तुम्हें सब से अलग करती है। अपना हर अच्छा-बुरा स्वीकार लेने की ताकत सब में कहाँ होती है।”- सतीश ने मुझे प्रशंसा भरी दृष्टि से देखते हुये कहा। शायद अपनी कही बात की कड़वाहट कम करने के लिये। मैंने भी हँस कर अपने सह्ज होने का परिचय दिया। रेस्तराँ में फैली पहले वाली खुशबु पता नहीं कहाँ उड़ गयी थी और सामने टेबल पर रखे खाने की गन्ध मेरे माथे को भारी कर रही थी। फिर भी मैंने खाने में मन लगाने की कोशिश की और एक मुस्कान के साथ सतीश की बातों को सुनती रही। लेकिन आज चाय मैने जल्दी खत्म कर के उससे चलने का आग्रह किया तो वह थोड़ा चौंका। यह रोज की रुटिन से हट कर था। चाय को इत्मिनान से पीने की मेरी आदत से हट कर।
-“क्या बात है? आज इतनी जल्दी क्यों?” -उसने थोड़ी सशंकित दृष्टि से मुझे देखते हुये पूछा।
-“आज बहुत काम है सतीश। बहुत सारी फाइलें पेंडिंग पड़ी हुई हैं। आज नहीं निबटाउंगी तो बहुत सारे टेंडर अटक जायेंगे।” -मैंने अपना बैग उठाते हुये माफी मांगने वाली मुस्कान के साथ कहा। उसने कुछ नहीं कहा और वेटर को बिल लाने का संकेत किया। बिल आने तक एक आजीब सी चुप्पी पसर गई जो निश्चित रूप से अप्रिये लग रही थी। -“क्या हुआ? तुम एकदम चुप हो गये? और रुकने का मन था क्या?” -मैंने सब कुछ सहज करने की कोशिश की।
-“अरे नहीं, ऐसा कुछ नहीं है।” -उसने मुस्कुरा कर कहा और चेहरे की असहजता पोंछ ली।
उस शाम के बाद सतीश मेरे और निकट आ गया। उस दिन की बातों से उसने क्या सोचा या समझा, मुझे पता नहीं लेकिन पहले वह सिर्फ ऑफिस में ही आया करता था, अब घर पर भी आने लगा। ढेरों बातें करता। उसके पास बातें भी बहुत थीं। जहाँ-जहाँ उसकी पोस्टिंग हुई थी वहाँ की, स्कूल की, कुछ कॉलेज की भी। उसका बचपन भी बहुत अच्छा बीता था। ढेर सारी मनोरंजक घटनाओं से भरा हुआ। और कुछ नहीं तो मेरी आलोचना तो थी ही। उसका प्रिये शगल! कितनी बार मेरे सफेद साड़ी पर कमेंट कर चुका था। उसकी जिद पर जब मैंने पहली बार काले बार्डर की पीली साड़ी पहनी तो वह बहुत खुश हुआ था। मुझे भी अपने चेहरे की मर्दानगी कुछ कम होती लगी। उस रात मैं देर तक खुद को आइने में देखती रही थी। कभी तरह-तरह के बाल बना कर, कभी माथे पर बड़ी सी बिन्दी लगा कर। हाँ, थोड़ी अच्छी लग सकती थी मैं। मैं माथे पर बिन्दी लगाये हुये ही सो गयी।

 दिन अच्छे गुजर रहे थे। खुश-खुश और निश्चिंत। उस शाम सतीश जब मेरे पास आया तो बहुत घबराया हुआ था। उसके घर से फोन आया था, उसकी माँ की तबियत बहुत खराब थी। शायद उन्हें हार्ट अटैक आया था। सुन कर मुझे दुख हुआ। सतीश अपनी माँ से बहुत जुड़ा हुआ था। अगर उनको कुछ हो जाता तो वह बिल्कुल टूट जाता। वह रात की फ्लाईट से घर निकल रहा था। उसे छोड़ने मैं हवाई अड्डे तक आयी। वह बहुत चिंतित था। जाते समय उसने मेरा हाथ पकड़ कर कहा था- “तुम भी चलती तो बहुत अच्छा रहता। तुम्हारे साथ से मुझे सहारा मिलता।”
-“तुमने पहले कहा होता तो मैं दफ्तर से छुट्टी ले लेती।”- मैंने धीरे से कहा। वह चला गया और मैं देर तक खड़ी प्लेन को आकाश में दूर जाता देखती रही। अपने दूसरे हाथ से उस हाथ से थामे हुए जिसे उसने अभी-अभी पकड़ा था।
 सतीश को गये तीन दिन हो गये। उसका कोई फोन नहीं आने से मन चिंतित था, लेकिन खुद फोन करना अच्छा नहीं लग रहा था। पता नहीं कैसी स्थिति हो! लेकिन मेरी चिंता के बीच भी कुछ सुखद सा था -उसके हाथ के स्पर्श की उष्णता। अब भी तो वैसी ही बनी हुई थी मेरी बाँयी कलाई के ऊपर!
 रात के खाने के बाद मैं हाथ में दूध का ग्लास लिये शाम का डाक देख रही थी। कुछ पत्रिकायें, कुछ दफ्तर से सम्बन्धित कागजात। यह क्या है? इस चौड़े लिफाफ में? शुभ विवाह। किसका? मैंने कार्ड निकाला। ‘मंगलम् भगवान् विष्णु..... । आयुष्मान सतीश चन्द्र ......।’ मेरी समझ में नहीं आया मैं क्या पढ़ रही हूँ। मैंने कार्ड को दो-तीन बार पढ़ा। नहीं, इस पर वही छपा है जो मैं पढ़ रही हूँ। इसके साथ कुछ और भी है -पत्र। मैंने पत्र खोला। पत्र मेरे हाथ में काँप रहा था लेकिन फिर भी मैं उसे पढ़ने लगी। “देवी, यहाँ आ कर फँस गया हूँ। इन लोगों ने मेरी शादी तय रखी है। माँ कोई बिमार-विमार नहीं थी। मेरे लगातार मना करने के कारण मुझे बुलाने के लिये यह सब किया गया था। लड़की बैंक में है और बहुत सुन्दर है। मैंने हाँ कर दी है। आखिर शादी तो करनी ही थी। तुम जल्दी से छुट्टी ले कर आ जाओ। अब तो तुम ही एकमात्र दोस्त बची हो। तुम भी नहीं रहोगी मेरी शादी में तो मुझे बहुत दुख होगा। तुम्हें आना ही है। कोई बहाना नहीं। - तुम्हारा सतीश।
 जाने कब मेरे हाथ से ग्लास छूट कर फर्श पर गिर गया। उसके हर टुकड़े में मेरे जीवन की अब तक की उपलब्धियाँ चमक रही थीं। किसी में मेरी प्रसिद्धि, किसी में मेरी मान-मर्यादा, किसी में मेरी धन-दौलत, किसी में मेरी सहृदयता तो किसी में मेरी दानशीलता। लेकिन सामने के आदम कद आइने में मेरा काला, मर्दाना चेहरा चमक रहा था। मेरी आँखें उस पर जम कर रह गयीं।