Friday, 10 March 2017

कहां तक भगोगी

 आखिरी रात नाइट क्लब की रात थी। अलग अलग फ्लोर पर अलग अलग देशों के नाइट क्लब थे। हमने बालीवुड नाइट नहीं चुना, हम सीधे रशियन बैंड की तरफ बढ गए। सुंदर सुंदर लड़कियां और लड़के फ्लोर पर ठुमक रहे थे। तेज संगीत बज रहा था, रौशनियां भुकभुका रही थीं। बैरे शराब परोसते घूम रहे थे। हम एक कोने में जाकर बैठ गए। घूमते घूमते थक गए थे। कोने में पड़े आरामदायक सोफे पर हम जम गए। यहां गाने हमारा ध्यान बंटा रहे थे। गाने हमारी समझ से बाहर थे, पर संगीत का जादू अपना कमाल भाषा से परे जाकर दिखाता है। अचानक मुझे लगा कि कोई परिचित चेहरा मेरे पास से गुजरा, खुशबू से भरा। वही पहचानी सी खूशबू। मैंने पीछे मुड़कर देखा, एक सुंदर सी लड़की हैंगर से ब्लैक कोट उतार कर पहन रही थी। रौशनी उसके चेहरे से होती हुई मुझ तक आई, सिर्फ मैंने उसे देखा, उसका चेहरा भावशून्य था। मेरा नशा उतर रहा था...
 मैं तेजी से उसकी तरफ लपकी और इंट्रेंस के पास जाकर ठिठक गई।
 तुम यहां !!! पहचाना...?? वही..जो तुम्हें जहाज पर मिली थी...क्या है ये सब..तुम यहां कहां..क्या कर रही हो यहां..कौन हो तुम छमिया ??
 मुझे य़कबयक सामने पाकर वह अचकचा-सी गई थी। ऊपर से मेरे सवालों की बौछार...“तुम..तुम..क्या इसीलिए यहां आई थी...वो क्या था जो तुम जहाज पर बक रही थी?” वह घबराई। रास्ता बदल कर बिना कुछ कहे, उसने निकलना चाहा। मैं बीचोबीच खड़ी थी। मेरे चेहरे के भावों का अंदाजा उसे लग चुका था। उसकी हालत ऐसी थी जैसे रंगेहाथों पकड़े गए हों।
 मेरी दिनभर की थकान दूर हो गई थी। इस नए खुलासे ने मेरा फ्यूज उड़ा दिया था। इसीलिए मैं कुछ अकड़ कर बात कर रही थी। मैं उसे झकझोर कर पूछना चाहती थी कि क्यों..आखिर क्यों..दिन में धर्म प्रचार और रात में अपने असली रुप में...कौन सा है असली रुप, दिन मे बुर्के की पैरोकारी और रात में ये ? सब कितना कंट्रास्ट...।
 छमिया उर्फ इलाबेन उर्फ फातिमा ने मुझे देखा, वैसे ही भावहीन थी आंखें।
 “ मैं आपको जवाब देने के लिए बाध्य नहीं हूं, मुझे जाने दो...”
 मैं नहीं हिली। वो जोर से चीखी...”गेट लौस्ट।“ मैं हकबकाई और वह तेजी से मुझे ढकेलती हुई निकल गई। वह चली गई, अपने पीछे कई कई सवाल छोड़ते हुए। मैं दुबई से लौट आई, धीरे धीरे वह दिमाग से निकलने लगी। बस एक चीज थी जो नहीं निकली नहीं थी। मैं जब भी आईना देखती, खुदा का नूर अपने चेहरे पर तलाशती। पता नहीं कि कैसा होता है खुदा का नूर, वक्त के सितम जरुर देख लेती इसी बहाने। और एक दिन फिर हवा का झोंका सा आया।
 वह इनबौक्स में धड़क रही थी। फोटो के साथ। ईमेल पढते हुए देर तक मन खट्टा होता रहा। सोच रही हूं, जवाब दूं या ना दूं..। क्या लिखूं..कैसे लिखूं ? जबकि सारा सच मेरे सामने खुल चुका था। छमिया ने अपनी कहानी लिख भेजी है। मैं अगर उस शाम जहाज पर उसकी बातों में आ गई होती तो...उस एक पल में मेरा दिमाग घूमा होता तो..तो मैं आज उसकी गति को ही प्राप्त होती। चलो अच्छा हुआ, कुछ रहस्य देर तक आवरण में नहीं रह पाते। मैं जवाब सोच रही हूं लेकिन टाइप नहीं किया जा रहा मुझसे..सारी बातें एक एक कर घूम रही है। मैं अगले पल बड़े से जहाज पर थी, यहां से अनुपस्थित--
 जैसे लौटती है सांझ की किरणें...वैसे ही लौट रही थी वह, पतली काया वाली, छरहरी लड़की, काली लिबास में लिपटी हुई। उसे पता नहीं था कि अभी अभी वह क्या कर गई है। एक दुनिया खोल गई, एक दुनिया बंद कर गई। मैं देख रही हूं उसे जाते हुए..अंधेरा कंपकंपा रहा है। खंभे के नीचे वह पल भर को ठिठकी, रुकी, पलटी, मेरी और देखा, गोरी सुंदर कलाईयां बाहर निकाली, चेहरे से परदा उठाया, रौशनी कौंधी, वह मुस्कुरा रही थी--
 फहमीदा रियाज की नज्म याद आई-
 “तुमको मालूम क्या / तुमने जाने मुझे क्या से क्या कर दिया / मेरे अन्दर अंधेरे का आसेब था /यूँ ही फिरती थी मैं /ज़ीस्त के ज़ायके को तरसती हुई / दिल में आंसू भरे, सब पे हंसती हुई /तुमने अन्दर मेरा इस तरह भर दिया/ फूटती है मेरे जिस्म से रोशनी…”
 दुबई की ऊंची मीनारो से पानी की सतह तक पसरी रौशनी थी या मेरे जिस्म से फूटती हुई, पता नहीं..रास्ता तो मेरा रौशन हुआ था। मैंने अपने हाथो में रखे स्कार्फ से नत्थी उस कागज की नरमाई में खोने लगी थी। जाते-जाते वह कुछ थमा गई थी। कहा था, बाद में पढना। प्रिसेंस क्रूज किनारे पर आ चुका था। मैं ऊपर डेक के पास बिल्कुल सटी हुई कुर्सी पर धम्म से जाकर मैं बैठ गई थी। जहाज पहले से भरा हुआ था। पहले से लोग मनचाही जगह पाने के लालच में आकर डट गए थे। संयोग से एक जगह मुझे मिली और मैंने पूरे समूह के साथ वहां कब्जा जमा लिया। अपराजिता महिला क्लब का यह पहला ट्रिप था। विदेश यात्रा पहली पहली। सीमा, शिल्पा, पारुल, प्रिया, अनु, सबके सब एक साथ डेरा जमाते हैं।
.क्रूज पर डिनर...वाउ...गोवा के बाद विदेश का पहला अनुभव। हिचकोले खाता हुआ जहाज अभी तट से हिला ही था कि मेरी कुर्सी किसी ने हिलाई या खिसकाई। अंदाज खिसकाने जैसा ही थी। बुर्के में लिपटी हुई एक स्त्री, लड़की..जो भी हो मुझे निर्देश दे रही थी..”हमें भी जगह दो..।“
 मीठी, सरगोशियां करने वाली आवाज। वह हिंदी बोल रही थी। ज्यादा हैरानी नहीं हुई, क्योकि दुबई में हिंदी बोलने वाले खूब मिलते हैं। भारतीय पयर्टको को देखकर वैसे भी कई स्थानीय लोग हिंदी बोलने की कोशिश करते हैं। माकेर्टिंग का यह नया फंडा है।
 “यहां जगह कहां है मैडम..किधर ठेल रही हैं हमें..आप कोई और जगह देखकर बैठ जाएं.यहां कोई स्पेस नहीं है।“
 उसने मेरी बात सुनी नहीं, या सुनना नहीं चाहती थी। उसने मेरे बैठे बैठे ही पूरी ताकत लगा कर कुरसी खिसकाई और उंची तख्त डाल कर जम गई।
 “ हैं...” शिल्पा चिल्लाई..”ये क्या जबरदस्ती है..पूरे जहाज में एक यही जगह आपको मिली थी बैठने की..?”
 उसने सुना नहीं..अपने सामने एक तख्त और लगाई, उस पर अपना सारा तामझाम फैला दिया। रंग बिंरगे टयूब्स, कोन में कुछ काला-काला सा भरा हुआ, तेल की शीशियां और कुछ रुइयों के फाहे।
 पारुल ने हैरानी से पूछा..”आप यहां मेंहदी लगाओगे क्या...पूरी दूकान सजा कर बैठ गए हो...यहां हमारा ग्रुप डिस्टर्ब हो रहा है..”
 “कहीं और क्यों नहीं चले जाते ? “ प्रिया ने ऊंची आवाज में बोला।
 अनु ने माथा ठोका, “ यहां तो भीड़ लगेगी। हम तो कोई बात ही नहीं कर पाएंगे। क्रूज वाले से बात करो यार..ये तो सुनेगी नहीं। ”
 वह मेरी तरफ देख रही थी। चेहरा परदे के अंदर था। वह हमारे हावभाव देख रही थी, हमें पता नहीं कि वह मुस्कुरा रही है या खीझ रही है या मोर्चा लेने के मूड में है। मुझे तेज गुस्सा आ रहा था। लगा कि उठा कर पानी में फेंक दूं। अजीब ढीठ है। जितना मना कर रहे हैं, उतनी ढिठाई दिखा रही है। अजनबी देश है, यहां गाइड ने कहा था पंगे मत करना। इस देश के कानून बेहद कड़े हैं। महिलाओं से ग्रुप पर वैसे भी बहुत सी पाबंदिया डाल दी जाती हैं। हम खुल कर फाइट नहीं कर सकते थे, सो धीमे धीमे प्रतिवाद जताते रहे।
 इस बीच उसके पास छोटी छोटी बच्चियों की भीड़ लाइन लगा चुकी थी और वह एक हथेली पर रंगीन मेंहदी के बेलबूटे बनाना शुरू कर चुकी थी। बच्चियों की मम्मियां भी इधर ही नजरें डाले हुए थीं। चमकवाली, रंगीन मेंहदी नई चीज थी। हमारी प्राइवेसी खत्म हो चुकी थी। इतनी भीड़ में सिर्फ औपचारिक बातें ही हो सकती थीं। जहाज पानी की सतह पर तैर रहा था, हौले हौले..दरिया को छूकर आती हवा भली लग रही थी। हमारे पास गगनचुंबी इमारतो को देखने के अलावा कोई चारा नहीं था।
 “ दुबई के वैभव को देखो..और सराहो...” पारुल ने कटुता से कहा।
 अनु ने हवा को अपनी सांसो में भरा...”मरने दे यार...मजे लो..अभी थोड़ी देर में खाना सर्व होगा..क्या करना है, उधर से ध्यान हटा..।“
 मेरी नजरें चमचमाती हुई मेंहदी पर टिकी हुई थी। इसे शायद उस बुर्केवाली ने नोटिस किया था। नन्हीं नन्हीं हथेलियों पर जिस तेजी से वह मेंहदी लगा रही थी, वह देखना दिलचस्प लगा मुझे। वह बीच बीच में मेरी तरफ देख लिया करती थी। भीतर से झांकती हुई आंखें ज्यादा स्पष्ट नहीं थी। मुझे उलझन होती। कई बार सिर को झटका दिया, ध्यान फिर फिर खींच कर उसकी तरफ चला जाता। मैं अचानक घूम कर उसकी सीध में बैठ गई। वह आखिरी हथेली निपटा रही थी।
 “अपनी हथेली दो, मेंहदी लगा दूं।“
 “ मुझे नहीं लगवाना, बहुत कौस्टली होगा।“
 “ सिर्फ 10 दिरहम..इंडियन लोगो से इतना ही लेती हूं। यूरोपियन से डबल चार्ज..तुमसे कुछ नहीं चाहिए...फ्री..”
 बोलते बोलते उसने बच्ची को हथेली छोड़ी और मेरी पकड़ ली। मैं मना नहीं कर पाई। अब मैं उसके बहुत पास थी। वह मुझसे बात कर रही थी। मैं सुन रही थी। सीधा उसने पूछा- “ आपको पता है मैंने इतने लोगो में आपको ही क्यों चुना अपनी मेंहदी लगाने के लिए ?”
 “ आपके चेहरे पर मुझे अल्लाह का नूर नजर आता है। अल्लाह बड़ा रहमदिल है.. मैंने नहीं, अल्लाह ने आपको चुना है कि मैं आपसे बात करुं। नहीं तो दिन भर इतनी हथेलियों में मेंहदी लगाती हूं, सबसे हैलो तक नहीं करती।“
 “ अच्छा...क्यों ?”
 शिल्पा-अनु की आवाजें आ रही थीं—“ देखो, कितनी जल्दी दोस्ती कर लेती है। हो गई इनकी। कल से साथ ना लेकर घूमने लगे..” शिल्पा की फिस्स फिस्स हंसी सुनाई दी। उसे नहीं पता था कि मेंहदी किस मोड़ पर ले जा रही थी मुझे। मुझे दरिया की हवा, जहाज की रौनक, दुबई की रौशनियां, सबका अहसास जाता रहा था। कुछ हो रहा था मुझे।
 “ अल्लाह की इजाजत नहीं कि हम सबसे बातें करें। जबतक हमें उसके चेहरे पर नूर नजर ना आए। तुम्हारे चेहरे पर वो नूर है, अल्लाह ने हुकुम दिया है कि हम तुम्हें चुने। तुम मेरी बात गौर से सुनो...हैरान न हो। मैं कोई आतंकवादी संगठन से नहीं हूं..मैं रिलीजियस हूं, अपने धर्म का प्रचार करती हूं। इसके लिए उचित पात्र चुनती हूं..जो हमारा साथ दे। अल्लाह का पैगाम जगह जगह पंहुचाए। अल्लाह बड़ा रहमदिल है। वो सबको नहीं मौके देता..वे तुम्हें देना चाहते हैं ।”
 मैंने गौर किया, वह बार बार बोलती है- “ अल्लाह बड़ा रहमदिल है...।“
 “ मुझे ही क्यों...” मेरे कंठ से कोई अजनबी स्वर फूटा.
 “ बता तो दिया...बार बार सवालात न खड़ा करो..हमारे साथ आ जाओ..कोई तो बात है कि इतने लोगो की भीड़ में मैं यहां आकर बैठी..”
 मैंने गर्दन को झटका, चैतन्य हुई- “ मुझे आपके धर्म में कोई दिलचस्पी नहीं, मैं हिंदू हूं। लेकिन मैं कोई धरम-वरम का लफड़ा नहीं पालती। ”
 ”तो क्या हुआ...” उसके हाथ कुछ देर के लिए रुक गए..मैंने हथेली खींचनी चाही। वह उन पर अल्लाह लिख रही थी..। उसने हथेली कस दी। मैने उसका दबाव महसूस किया।
 “ सुनो...इसका जवाब बाद में दूंगी..हिंदू-मुसलिम वाली..फिलहाल मेरी बात सुन लो..फैसला तुम्हारे हाथ में। ”
 मैंने सिर घुमा कर देखा, सारी लड़कियां खाने का मजा लेने में व्यस्त थीं और मैं।
 “ मैंने अभी तक तुम्हारा नाम नहीं पूछा, मेरे लिए नाम नहीं, अल्लाह का नूर इम्पोर्टेंट हैं मोहतरमा।”
 “ मुझे बुर्का बिल्कुल पसंद नहीं, औरतों के ऊपर इतनी पाबंदी, ये ना करो..वो ना करो..यहां ना जाओ, अकेली ना जाओ। स्त्रीविरोधी कायदे...उफ्फ...मेरा तो दम ही घुट जाता है सोच कर कि कैसे ? ”
 “ लिसेन..लिसेन...रुको...तुम जो भी हो..”
 “मैं रुपा...रुपा, दिल्ली से, बोलो..”
 “ क्या तुम्हें अच्छा लगता है कि कोई पराया मरद तुम्हें देखे..तुम्हारी देह को अपनी घटिया नजर से बेध दे,रेप कर दे। सोचो, पराये मर्द क्यों देखे हमारी देह, हमारी सुंदरता...क्यों हम उनकी नजर का खुराक बनें..क्यों...हम उस आदमी के लिए बने हैं जो हमें प्यार करता है..सबके लिए नहीं। आप सेफ हो ? नहीं न ?”
 “ ये कहां लिखा है यार...क्या इसी कारण हम खुद को कैद हो जाने दें ? ”
 मैं झल्ला उठी, अपनी हथेलियां खींच ली। उन पर अल्लाह पूरे हो चुके थे। सुंदर-सी कोई आयत जैसी डिजाइन। सिहर उठी। मन हुआ, मुठ्ठी बंद कर लूं। 
 वह बोले जा रही थी, आहिस्ता किंतु ठोस अंदाज में--अलनूर अध्याय के आयत 31 में लिखा है-“ईमानवाली औरतो से कह दो कि वे भी अपनी निगाहें बचाकर रखें। और अपने गुप्तांगो की रक्षा करें। और अपने श्रृंगार प्रकट ना करें। सिवाए उसके जो उनमें खुला रहता है। और अपने सीनों (वक्ष-स्थलों) पर अपने दुपट्टे डालें रहें, और अपना श्रृंगार किसी पर जाहिर ना करें। सिवाए अपने पतियों के बापो या बेटी या पतियों के बेटों या भाईयों या भतीजों के ।”
 “आप आंख बंद करके ये सब मान लेते हो ? पढी लिखी लगती हो यार. क्यों ढो रही हो ? ये सब उतार फेंको. ”
 मैं बौखला रही थी। अब सुध में थी। मुझे लगा ये किताबी भाषा बोल रही है। जीवन के अनुभवो से उपजी भाषा का रंग अलग होता है। सम्मोहन का जादू उतर चुका था। ये सुनकर तो और माथा झुन्न हो गया। ये औरत इस सदी में भी ये सब ढो रही है...ओह..इसे कौन समझाए..ये तो मुझे समझाने में लगी है, गलत जगह कोशिश कर रही है।
 “ कुफ्र ना बोलो रुपा...अल्लाह बड़ा रहमदिल।”
 “ बस करो यार..मैं जाती हूं।”
 “सुनती जाओ...कुरान के अल-अहजाब अध्याय की आयत 59वीं अध्याय में कहा गया है कि ऐ नबी..अपनी पत्नियों से और अपनी बेटियों और ईंमानवाली औरतो से कह दो कि वे घर से बाहर निकले तो अपने ऊपर चादरों का कुछ हिस्सा लटका लिया करें। इससे इस बात की संभावना है कि वे पहचान ली जाएं और सताई न जाएं।”
 मैं भौंचक उसका रट्टू ज्ञान देख सुन रही थी।
 “मैं तुम्हें ये देना चाहती हूं..जरुरी समझो तो पहन लेना और ये रहा मेरा कार्ड...फोन कर लेना..अगले साल मार्च में सम्मेलन होगा..उसमें बुलाएंगे तुम्हें..आना, सारा इंतजाम हमारा..आना जाना सब...क्लास करना। ठीक लगे तो हमारा साथ देना, नहीं तो वापस लौट जाना।“
 उसके हाथ में स्कार्फ था, सुंदर सा। मैंने थाम लिया। मेरे भीतर औपन्यासिक नायिका  कादीफे की सीडी बज रही थी-” कुरान पाक खुदा का लफ्ज है और अल्लाह जब कोई हुक्म देता है तो साधारण नश्वर इनसान उस पर सवाल नहीं उठा सकते..। मैंने अंदरूनी आवाजों को अनसुना करते हुए पूछा-“ मुझे करना क्या होगा ?” मुझे लगा, ये आवाज मेरी नहीं थी, कादिफे की थी। लेकिन कादीफे की तरह बुर्केवाली की आवाज भी ज्यादा आत्मविश्वास से भरी हैं।
 “वही जो मैं अभी कर रही हूं ।”
 लगा वह भीतर मुस्कुराई होगी। मुझे लगा एक बार चेहरा देखूं, उसकी आंखें देखूं, उसका आत्मविश्वास देखूं, बिना चेहरे के किसी का चरित्र पता करना कठिन काम है।
 “ लोगो से मिलो-जुलो, उन्हें कन्विंस करो और इस्लाम धर्म के बारे में लोगो को बताओ, कि कैसे हम श्रेष्ठ हैं, इसे अपना कर ही मनुष्यता बच सकती हैं। सबकुछ नष्ट होने के कगार पर है। यकीन न आए तो कुरान पढो..हम ट्रेंड करेंगे न तुम्हें..आ जाओ बस।“
 “ तो क्या ये ये...में..ह..मेंहदी एक बहाना है...” मैंने हकलाते हुए पूछा।
 “ टूरिस्ट प्लेसेज पर कई गुनाहगार, टूटे, ऊबे, थके लोग मिलते हैं दोस्त...उन्हें अपनी तरफ खींचो..इनसानियत का पाठ पढाओ...बड़ा सुकून है यहां। अल्लाह बड़ा रहमदिल है।“
 “ चलो यार...कहां अटक गई...” अनु मुझे खींच रही थी। बुर्केवाली ने अपना सामान समेट लिया था। जहाज किनारे पर लग चुका था और सवारियां उतर रही थीं।
 मेरे आगे आगे वह उतरी।
 “ अपना नाम तो बताती जाओ...इतनी देर बात की...कभी संपर्क करना हो तो कैसे...”
 “ स्कार्फ खोल कर देख लेना।“
 सीढियों से उतर कर वह ठिठकी...
 “ मैं भी हिंदू हूं...गुजराती हिंदू...इला बेन। कन्वर्टेड मुस्लिम। हिंदू धर्म से मेरा मोहभंग हो चुका है। वहां किसके किसको साधती, इतने देवी देवता..इतने पंथ..यहां अल्लाह एक है। वहां सुकून नहीं है। 8 साल पहले दुबई आ गई थी। अब मैं फातिमा हूं...फातिमा...। मुझे वहां वापस कभी नहीं जाना। मेरी कहानी फिर कभी...हैरान मत हो...बिना बुर्के का जीवन देख चुकी हूं...हो सके तो ढंक लो...लुट जाओगी..सबकी सब...।” आवाज में हल्की सी कंपन थी।
 वह देखते देखते झपटती हुई ओझल हो गई। जाते-जाते अपने चेहरे से परदा उठा गई। हम रौशनी में देर तक चौंधियाएं खड़े रहे। मेरे सारे साथी मुंह बाए सारा तमाशा देख रही थीं। मैंने कागज को जेब में रखा और स्कार्फ को गर्दन में लपेट कर भारी भारी कदमो से सबके पीछे चल पड़ी। वह कुछ कर गई थी, जादू-टोना सा कुछ । अपने पीछे कई सवाल छोड़ कर। जल्दी मेरा मुक्त होना संभव नहीं था। मैं उससे बहुत सी बहसें करना चाहती थी। बहुत से सवाल पूछना चाहती थी। मैं उसे कहना चाहती थी कि औरतो का कोई धर्म, कोई मुल्क, कोई जाति कहां होती है। धर्म बदलने से लिंग परिवर्तन तो नहीं हो जाता न, रहोगी तो स्त्री ही। कहां तक भागोगी खुद से, अपने स्त्री होने से। मैं उसकी किसी बात से सहमत नहीं थी फिर भी उसमें कुछ ऐसा था जिसने मुझे जमा दिया था।
 मां की आवाज सुनी। होश आया...देखा, लैपटौप पर भी हल्का अंधेरा भर गया है..टाइम औफ का अंधेरा..इंटर दबाया, दो तीन बार..तब जाकर झक्क से नीली रौशनी फैली। मेल बौक्स खुला था..क्रशर धड़क रहा था पन्ने पर।
 मैंने टाइप किया...
 “ छमिया,
 मैंने तुम्हारी कहानी पढ ली, समझ सकती हूं। मैं तो सारा माजरा वहीं समझ गई थी, जब डांस फ्लोर से तुम्हें निकलते हुए देखा था। मैं जानती हूं कि तुम अकेली नहीं होगी वहां..तुम जैसी अनगिन लड़कियां-औरतें, पता नहीं क्या कर रही होंगी वहां। सबको मैं नहीं जानती, तुम्हें जान गई हूं, जो करना है, यहां करो। ये कैसा पलायन है, मुल्क से ही नहीं, अपनी अस्मिता से भी. बीयर बार मुंबई में फिर से खुलने के आसार है, सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया है...। तुम्हें यहां भी यही काम मिल जाएगा। उसके लिए दोहरी जिंदगी का नाटक क्यों..?
 क्या तुम लौटना चाहोगी फातिमा..नहीं नहीं..इलाबेन..नहीं छमिया..
 “अल्लाह बड़ा रहमदिल है...।“