Thursday, 9 March 2017

अनुकम्पा

 अनुकम्पा
राजीव आनंद
 आपने मेरे लिए किया ही क्या ? आर्यन अपने पिता से हिसाब मांग रहा था. ठीक है आपने मुझे पोस्ट ग्रेजुएट तक पढ़ाया लेकिन मुझे नौकरी आज तक दिला नहीं सके. आज पिता का दायित्व सिर्फ पढ़ाना तक ही सीमित नहीं रह गया है बल्कि आपको चढ़ावा भी देना होगा तभी नौकरी मिल सकती है. सीविल सर्विस, नेट, टेट सभी तो उर्तीर्ण होकर मैंने दिखाया लेकिन आपकी इमानदारी के सिद्धांत कि रिश्वत देकर नौकरी नहीं करनी, मुझे आज भी बेरोजगार बनाए हुए है.
 खेत-बारी जो भी थी, आर्यन कहे जा रहा था, सब कुछ दोनों बहनों के शादी में बेच दिया, मेरे लिए बचा ही क्या है ?
 आर्यन के पिता केशव बाबू वन विभाग में बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत थे, उनके रिटायर होने में एक वर्ष शेष था. केशव बाबू ने कहा, बेटे मैंने तुम्हें पढ़ा-लिखा दिया, अब तुम अपनी जिम्मेदारी खुद उठाओ.
 क्यों अपनी जिम्मेदारी उठाउं, आर्यन विफर उठा. आपने बेटियां पैदा की उनको दान-दहेज देकर अपनी दोनों बेटियों को अच्छे घरों में भेज दिया. मुझे भी सैटल करवाना भी तो आपका ही फर्ज है आखिर आपने क्यों पैदा किया मुझे ?
 और तुम्हारा सिर्फ अधिकार है फर्ज कुछ भी नहीं, केशव बाबू ने जरा तल्ख होते हुए अपने बेटे से पूछा ?
 मेरा फर्ज तो अभी स्थगित है और पूरा अधिकार मिल जाने के बाद ही मेरा फर्ज शुरू होगा, जब मैं ब्याह करूंगा, मेरे बच्चे होंगे, उसे पढ़ा-लिखा कर सैटल करूंगा, आर्यन ने अपना तर्क दिया.
 तुम्हारा अपने माता-पिता के प्रति कोई फर्ज नहीं है, केशव बाबू ने पूछा ? एक साल बाद मैं रिटायर हो जाउंगा, उसके बाद तुम्हें ही तो सबकुछ देखना और करना है, केशव बाबू ने आर्यन को दुनियादारी समझाने की कोशिश कर रहे थे.
 वो तो ठीक है परंतु अगर आपकी रिश्वत देने की मंशा होती, आर्यन कह रहा था, तो मैं कब का नौकरी में लग गया होता. आप न तो रिश्वत देना चाहते है और न ही आपकी कोई रसूखदार से जान पहचान है, तो कहां से मिलेगी नौकरी, आर्यन ने बड़ी तल्खी से अपने पिता को कहा.
 केशव बाबू सीधे-साधे, अपने काम से मतलब रखने वाले, कभी सोचा भी नहीं था कि उनकी अपनी औलाद इतनी बदतमीजी से पेश आ सकता है. केशव बाबू ने इस किचकिच से पीछा छुड़ाने के ख्याल से कहा कि हाॅं ये सच है बेटे कि न तो मैं रिश्वत देकर तुम्हारी जिंदगी की शुरूआत करना चाहता हॅंू और न किसी रसूखदार को मैं जानता हॅंू और अगर मैं किसी रसूखदार को जानता भी तो तुम्हारे नौकरी के लिए कोई पैरवी नहीं करता. नौकरी के लिए मैं योग्यता को सर्वपरि मानता था और आज भी मानता हॅंू. मैं तुम्हारे लिए, केशव बाबू ने आगे कहना शुरू किया कि इतना ही कर सकता हॅंू कि मैं अगर मर जाउं तो तुम्हें अनुकम्पा के आधार पर मेरे विभाग में नौकरी मिल सकती है.
 केशव बाबू ने सोचा था कि मरने की बात सुनकर उनका बेटा समझ जाएगा कि वे आत्महत्या की बात कर रहे है और ऐसा करने से उन्हें रोकेगा.
 पर ये क्या आर्यन क्रोधित होकर बोल पड़ा, हाॅं तो मर जाइए और कमरे से बाहर दनदनाते हुए निकल पड़ा.
 आर्यन के इस व्यवहार से कौन कह सकता है कि वह सभ्य शिक्षित है. आत्मकेन्द्रीत बनाती आज की शिक्षा प्रणाली की पैदाइश था आर्यन, जिसे हर हाल में रोजगार चाहिए थी चाहे वह अपने पिता के लाश पर ही चढ़कर क्यों न मिले.
 केशव बाबू बड़े सकते में आ गए थे यह सब सुनकर. उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि यह वही आर्यन है जो मेरे बिना बचपन में सोता नहीं था, खाता नहीं था और आज मुझे मरने कह रहा है. उनकी दुनिया कहां से कहां पहुंच गयी और केशव बाबू को पता भी नहीं चला.
 सूबह नियत समय में केशव बाबू कार्यालय जाने को निकल पड़े. रास्ते में सोचते जा रहे थे कि उन्होंने कहां भूल कर दी अपने बेटे के परवरिश में. रास्ता पार कर अपने कार्यालय पहुंचने में बस दस कदम ही रह गया था कि सामने से आ रही ट्रªक पर उनकी नजर नहीं पड़ी और केशव बाबू ट्रªक के पीछे बंधी लोहे के सिकड़ से टकरा कर गिर पड़े. माथे से खून बहने लगा, इससे पहले कि वे मदद के लिए किसी को पूकारते वे बेहोश हो गए. कार्यालय के कर्मचारियों ने जब तक देखा और अस्पताल पहुंचाया, बहुत देर हो चुकी थी, केशव बाबू अस्पताल पहुंचने से पहले ही मर चुके थे
 अनुकम्पा के आधार पर आर्यन को वन विभाग में नौकरी मिल गयी थी.