Thursday, 9 March 2017

आपकी सुरक्षा में

 ठंडी ठिठुरती रात में सात किलो की रजाई के सपने भी बड़े गुनगुने होते हैं। वहाँ से निकलने की इच्छा नहीं होती लेकिन उस सपने में आज एक खटका-सा हुआ। उसे लगा जैसे सपने में कोई मेकैनिक उसके स्कूटर की मरम्मत कर रहा हो। इन दिनों वह अपने स्कूटर से परेशान था। शहर में इधर-उधर जाते हुए जब भी सिग्नल लाइट पर रुकना पड़ता कि वह अचानक बन्द हो जाता और लगातार कई किक मारने के बाद ही मुश्किल से स्टार्ट होता। कभी-कभी ऐसा भी हुआ कि चैराहे पर हरी बत्ती का सिग्नल मिलने पर उसे पैदल ही हैंडल थामे सड़क पार करना पड़ा है। इस तरह घर से निकलते समय ही उसे एक आशंका घेर लेती कि न जाने किस मोड़ पर यह धोखा दे जाय इसलिए उसने निर्णय लिया था कि चाहे जो भी हो, इस सप्ताहांत वह उसे मेकैनिक के शरण में अवश्य ले जाएगा।
इस मेकैनिकी खटपट से उसकी नींद उचट गई। उसने आँखें मूँदे-मूँदे अपनी चेतना को टटोला तो उसके कान ने उसी खटपट को स्पष्ट सुना। रजाई से अपने कान को बाहर निकालकर उसने उस खटपट तक पहँुचने की कोशिश की। सच तो यह था कि उसे मेकैनिक के पास कल जाना था। भीषण ठण्ड की नीरव रात में चूहे सावधानी से भी कुछ कुतर रहे हों तो वह साफ सुनाई देता है। उसने कमरे की तरंग को पकड़ने की कोशिश की। खटपट की आवाज साफ सुनाई दे रही थी, पर उनींदा होने के कारण वह उस आवाज को ठीक तरह पकड़ नहीं पार रहा था। एक क्षण के लिए बड़े-बड़े चाकलेटी काॅकरोच भी अपनी एन्टिना हिलाते उसकी जेहन में उभरे। ऐसा है तो वह अभी उठकर किसी झाड़ू से उसका तमाम कर देगा। रसोई में प्रकाश होते ही इधर-उधर भागते काॅकरोचों को मारने में अब उसे कोई झिझक नहीं होती और वैसा कोई पापबोध भी मन में नहीं जगता जैसा कभी मुफलिसी के दिनों में जगा करता था। बेकारी के दिनों में एक बार एक काॅकरोच मारने के बाद वह कई दिनों तक परेशान रहा था। कई तरह की आशंकाएँ, डर, पापबोध, ग्लानि उनके मन की भावों में गड्डमड्ड करते रहे पर अब ऐसा नहीं होता। घर में पैसे के आने के साथ मन भी पक्का होता चला गया।
अन्तर्चेतना से वाह्यचेतना की यात्रा के दौरान एक ख्याल यह भी उभरा कि ऊपरी मंजिल में रहने वाले शायद अब तक सोये नहीं। अक्सर देर रात तक वहाँ से कोई न कोई आवाज बेकार वस्तुओं की तरह नीचे टपकती रहती। कभी बिछती फोल्डिंग के जंग लगे कब्जों की चित्कार तो कभी कुछ गिरने की ढनढनाहट। कई बार ऐसी आवाज भी सुनाई देती जैसे बादाम या अखरोट तोड़ा जा रहा हो। ऊपर के पड़ोसियों के बारे में उसे पक्का पता है कि बादाम या अखरोट का तो क्या, वे किसी तरह का कोई कारोबार नहीं करते, पर इतनी रात गए बादाम या अखरोट फोड़ने का सबब उसे आज तक समझ में नहीं आया। इन फालतू की आवाजों से नींद में अक्सर खलल पड़ता रहता है, पर अक्सर ऐसी आवाजें आती रहने के कारण अगले ही पल दूसरी दुनिया में लौट जाने में कोई मुश्किल पेश नहीं आती।
बगल में सोयी पत्नी भुनभुनाती है। वह अर्द्धनिद्रा में ही उसकी भुनभुनाहट सुनने के बावजूद चुप्पी साधे रहता है क्योंकि उस समय नींद के आस-पास उसकी खड़मस्तियाँ चल रही होती हैं। बहरहाल आज का मौजूं सच यह था कि खटखट की आवाज अधखुली खिड़की के रास्ते उनके कमरे में प्रवेश कर रही थी। चैतन्य-शक्ति ने जैसे बिजली का नंगा तार छू लिया हो। उसके मस्तिष्क के मूक फिल्म में जैसे अविरल संवाद चलने लगे। जहाँ से आवाज आ रही थी, वहाँ उसका स्कूटर खड़ा रहता है, शयनकक्ष के ठीक बाहर बरामदे में। इसका मतलब यह है कि कोई उसके स्कूटर के साथ सचमुच ही छेड़खानी कर रहा है।
रजाई परे हटाकर वह बिस्तर पर उठ बैठा और खिड़की के परदे सरका दिए। स्ट्रीट लाइट के धुँधलके और कुहासे के मिश्रण में उसने दो सायों को अपने स्कूटर के करीब उकडँ़ू बैठे देखा। एक के हाथ में छोटा-सा टाॅर्च था। दो अन्य दीवार के सहारे पीठ टिकाए बैठे थे जिनमें एक बीड़ी या सिगरेट का कस खींच रहा था जिसकी आग रह रहकर चमकती। बिना समय गँवाए वह अँधेरे में ही चिल्लाया,‘‘कौन है वहाँ ?’’
उन सायों पर जैसे कोई असर ही न हुआ हो। वे चुपचाप अपने काम में लगे रहे। बस एक हल्की-सी हँसी उभरी जो उसकी बातों का मजाक उडाते हुए ठण्ड में उनके आस-पास ही दबकर रह गई।
‘‘मैं पूछता हँू कौन है?’’ उसने अँधेरे को चीरने का एक और असफल प्रयास किया।
‘‘चुपचाप सो जा और हमें अपना काम करने दे।’’ एक स्वर अँधेरे में उभरा और फिर से सबकी मिली-जुली बेहुदगी भरी हँसी सुनाई दी।
इस बीच पत्नी भी जाग गई थी। उसने झट से उठकर कमरे की लाइट जला दी। बाहर के चारों ओर साये और घने हो गए। बाहर का अँधेरा और डर जैसे अधखुली खिड़की के रास्ते कमरे में घुसने के लिए बेताब हो उठे। अभी वह खिड़की को पूरी तरह खोलने के लिए कुंडे की ओर हाथ बढ़ा ही रहा था कि पत्नी ने उसे रोक दिया। उसने बाहर के सायों को धमकाने की कोशिश की, ‘‘क्या हो रहा है?’’
‘‘कुछ नहीं मैडम, बस स्कूटर का इंजन निकाल रहे हैं।’’
‘‘इतनी हिम्मत तुमलोगों की। अभी निकलती हूँ बाहर।’’
‘‘बाहर आने की कष्ट न करें मैडम। इंजन और टायर खोलने के बाद हम खुद ही चले जाएँगे।’’
उनके इस दुस्साहस पर पति को गुस्सा आ गया। पत्नी के बेकार गए शब्दों को समेटते हुए वह बोला, ‘‘अभी करवाता हँू तुमलोगों से चोरी। ठहरो जरा, खोलता हँू दरवाजा। तुमलोगों ने समझ क्या रखा है? अभी आता हूँ बाहर।’’
‘‘ऐसा मत करना साहब। कहीं छुरा-वुरा जोर का लग गया तो जान जा सकती है।’’ बाहर सुलगती सिगरेट की आखिरी कश ने उसे सचेत किया।
वह सहम गया। पत्नी भी निस्सहाय-सी हो उठी। एक बेबसी भरी बेचैनी ने जैसे कमरे को अपने गिरफ्त में ले लिया हो। उन्हें तो जैसे पुलिस का खौफ भी नहीं था। शहर की चाक-चैबंद पुलिस हमेशा जान-माल की सुरक्षा में तैनात रहती है और अक्सर सुरक्षा के बड़े-बड़े वायदों के साथ उनके अफसर कभी अखबारों तो कभी टीवी के पर्दे पर बयान देते रहते हैं। अगर यह सच है तो यहाँ तक पहुँचने में ही न जाने कितनी बार कई जगहों पर उन्हें रोका गया होगा। इसी बीच पत्नी ने मोबाइल से सौ नंबर मिलाकर उसके हाथ में थमा दिया। घंटी बजती रही, पर दूसरे सिरे से कोई आवाज नहीं आई। उसने फिर से काॅल किया, पर चुप्पी पसरी रही। उन्हें ऐसा लगा कि हमेशा की तरह दूर संचार की यह सेवा ऐन मौके पर आज भी दगा दे गई।
दीवार के साथ बैठा एक शख्स खड़ा होकर कमरे के प्रकाश में अन्दर की सारी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। शायद उसी ने कहा, ‘‘क्यों साहब, पुलिस का नंबर नहीं मिल रहा। मैं दूँ क्या दूसरा नंबर? हमारे पास एस. पी. और एस. एस. पी. का नंबर भी है, पर क्या फायदा? इतनी रात में क्या वे आपकी बात सुनेंगे? खामखाह क्यों उन भले लोगों को डिस्टर्ब कर रहे हैं। सोने दीजिए बेचारों को। वैसे भी आज एक नेता के शहर में आने के कारण उसकी चाक-चैबंद के चलते पहले ही उनकी हालत खस्ता है। उस पर ठण्ड भी देखो कितनी पड़ रही । क्या उन्हें जगाना ठीक होगा?..... आप ही सोचें।......बेइंसाफी नहीं होगी?’’
वह लगातार फोन पर पुलिस से सम्पर्क साधने की कोशिश किए जा रहा था। साथ ही अपने आप को भी कोस रहा था कि क्यों नहीं सौ नंबर के अलावा दूसरे जरूरी नंबर
भी अपने पास रखे। उसे वे चोर खुद से अधिक समझदार और पढ़े-लिखे लगे। उनकी बोली से भी ऐसा लग रहा था।
‘‘बोलो जी।’’ अचानक फोन पर एक जादुई स्वर उभरा। वह हकला गया, ‘‘पु... पुलिस... पुलिस स्टेशन.... कंट्रोल रूम...।’’
‘‘हाँ जी, बोलो।’’ एक लापरवाह-सा स्वर उभरा।
‘‘सर, मैं गाँधी मुहल्ले के मकान नंबर 722 से बोल रहा हूँ। मेरे घर के बाहर खड़े स्कूटर का टायर-इंजन कुछ लोग निकाल रहे हैं।’’
‘‘तो फिर आप क्या कर रहे हैं?’’ इस बार स्वर में उनका कीमती समय बर्बाद होने की बौखलाहट थी।
‘‘उनके पास खतरनाक हथियार हैं। घर में मैं और मेरी पत्नी ही हैं। वे लोग चार हैं। .... जान से मार डालने की धमकी दे रहे हैं।’’ उसने लाचारी प्रकट की।
‘‘पड़ोसियों को बुला लो।’’
‘‘सर घर से बाहर कैसे निकल सकते हैं... वे चार हैं।’’
‘‘अरे भाई उन्हें फोन करो। तब तक हम आते हैं।’’ स्वर में झल्लाहट थी।
’’जल्दी आइए सर।’’ वह अभी पूरा वाक्य बोल भी नहीं पाया था कि फोन कट गया।
सचमुच इसका उन्हें ख्याल ही नहीं आया कि पड़ोसियों को फोन करें। उसने उसी समय अपने पड़ोसी सिंह साहब को फोन लगाया। फोन की घंटी बजती रही, पर फोन किसी ने नहीं उठाया। दूसरी बार उनके मोबाइल पर नंबर मिलाया तो दूसरी ओर से सेवा-प्रदाता महिला का स्वर गूँजा, ‘‘जिस नंबर पर आप फोन कर रहे हैं, वह अभी स्वीच-आॅफ है।’’
उसने सीधे मुहल्ले के प्रधान को सूचित करना उचित समझा। फोन मिलाने पर कुछ देर बाद प्रधान ने नहीं बल्कि उनकी पत्नी ने बताया कि वे शहर से बाहर हैं। कल सुबह तक आएँगे। इससे पहले कि वह कुछ और कह पाता, फोन काट दिया गया।
उसे घबराहट होने लगी। ऐसा लगा जैसे वह किसी जंगल में भटक गया हो, जहाँ से निकलने का कोई रास्ता नहीं सूझ रहा। आदमी इतना अकेला और बेसहारा भी हो सकता है, वह भी इतने सारे नियम-कानून और वायदों के बावजूद। उसने आस-पड़ोस के तीन नंबर और मिलाए पर सारे फोन लगातार बजते रहे। कहीं से आश्वासन का एक शब्द तक नहीं मिला।
अन्त में उसने सुख-दुःख में काम आने वाले अपने परम मित्र ठाकुर का फोन मिलाया जो पास ही के मुहल्ले में रहता है और दबंग किस्म का है। आधे किलोमीटर की दूर पर था उसका मकान, पर उसका मोबाइल फोन भी अनवरत भजन गाकर चुप हो गया। उसने दूसरी बार कोशिश की परन्तु असफल रहा। हारकर उसने उसकी पत्नी का नंबर मिलाया पर रिंग बजते ही वह इस कदर स्वीच-आफ हुआ जैसे उसे ढेर सारी घरेलू गाली दी गई हो।
इधर इंजन स्कूटर के हृदय से बाहर निकल आया था। अँधेरे में स्पष्ट कुछ दिख नहीं रहा था पर उसे लगा कि वह सचमुच एक किनारे पर पड़ा उसी की तरह तड़फ रहा है। वह एक हारे हुए व्यक्ति के सामने अपने कमरे में छटपटाता रहा। करे भी तो क्या? पुलिसवाले ने कहा था, अभी पहुँचते हैं पर उनके आश्वासन को जैसे भीषण ठण्ड ने जकड़ लिया हो। बीस मिनट से भी अधिक गुजर गए। इधर अपने सधे हुए हाथों से वे चारों अपने कार्य को अंजाम तक पहँुचाने में बिना किसी घबराहट के इत्मीनान से जुटे रहे।
वह कुछ भी नहीं कर पा रहा था और कर भी क्या सकता था। सुरक्षा के सारे दरवाजे जैसे बन्द कर दिए गए हों। मदद के लिए किसे पुकारे? बस दोनों पति-पत्नी आँखों ही आँखों में एक दूसरे को निराशा भरी सांत्वना देते रहे। पिछले दिनों शहर में सुरक्षा को चिढ़ाती कई घटनाएँ उनके जेहन में टुकड़े-टुकड़े फिल्म की तरह गड्डमड्ड होती रहीं। अब तो कमरे की रोशनी से भी उन्हंे डर-सा लगने लगा था। बस यही एक रास्ता बचा था कि चुपचाप रोशनी बुझाकर अपने-अपने बिस्तर में दुबक जाएँ और जो हो रहा है, उसे चुपचाप हो जाने दें। पुराना स्कूटर है, इस पर ही तसल्ली की जा सकती है। अभी वे रोशनी बुझाने के बारे में सोच ही रहे थे कि गली का आवारा कुत्ता बौन्जो रोशनी को सूँघता हुआ वहाँ आ पहुँचा। उन पति-पत्नी में से किसी को भी कभी वह बाहर बरामदे में खड़ा देखता है तो एक बार मुलाकात करने जरूर चला आता है। अक्सर वे उसे पात्र में दूध डालकर एक रोटी दे देते हैं। यह कुत्ता बिना दूध के रोटी नहीं खाता और मुहल्ले के कुछ घरों को ही यह पता है। बिना झोली का वह फकीर भी दूसरे घरों में भिक्षा के लिए नहीं जाता। कमरे में रोशनी देखकर वह वहाँ आ गया था और बरामदे में अपरिचितों को देखते ही जोर-जोर से भौंकने लगा। मुहल्ले के जब दूसरे आवारा कुत्तों ने भी उसके सुर से सुर मिलाया, तो बौन्जो उन चारों के बिल्कुल पास जाकर इस तरह आक्रमक हो उठा जैसे उन्हें फाड़ ही डालेगा। इसी बीच और चार कुत्ते भौंकते हुए वहाँ आ पहँुचे। उन्हें देखते ही चारों चोर अपना सारा सामान वहीं छोड़कर जिधर रास्ता मिला उधर भागे। कुत्तों की आवाज जब उनका पीछा करती हुई दूर तक चली गई तो वह साहस बटोरकर बाहर निकला। टाॅर्च की रोशनी में स्कूटर का सामान और उसे खोलने के औजार वहाँ इस तरह पड़े हुए थे जैसे उनका कोई वेल्ली-वारिस न हो।