Friday, 10 March 2017

ये ख़ामोश यादें....

   सपना अपने पिता के शरीर को एकटक देखे जा रही है।
 क्या इसे शरीर कहा जा सकता है? बस हड्डियों का ढांचा रह गया है। क्या ये वही वर्मा जी हैं जिनके रोबदार व्यक्तित्व के सामने बड़ों बड़ों के हाथ-पैर फूल जाते थे? बात के बिल्कुल पक्‍के थे।  फिर चाहे कुछ भी हो जाए, अपनी बात से मुकरेंगे नहीं। 
 आज कितने असहाय हो गये हैं। मुंह से आवाज़ भी तो नहीं निकल पा रही। हर काम बस कांपते हाथों के इशारों से होता है... ज़ुबान जैसे तालू के साथ ही चिपक सी गई है। अचानक सपना को महसूस हुआ कि पापा पानी मांग रहे हैं।
 उसने गीली आंखों से पापा की ओर देखा।  कमज़ोर हाथ पानी के लिये इशारा कर रहे थे। वह रसोई की ओर गई। सामने खुले डाब (नारियल पानी) में से थोड़ा पानी छोटे गिलास में निकाला और उसमें थोड़ा गंगाजल मिलाने लगी।
 पानी ले कर लौटी तो महसूस हुआ कि थक कर पापा शायद सो गये हैं। उन्हें सहारा दे कर उनकी गर्दन थोड़ी ऊंची की और पानी पिलाना चाहा। पापा ने बस जैसे एक चिड़िया की मानिन्द थोड़ा सा मुंह खोला। उसे कुछ बूंदें उनके गले में उतारने के लिये भी बहुत मशक्कत करनी पड़ी।
 उन्‍होंने टूटे –टूटे शब्‍दों में करवट बदलवाने का इशारा किया है। शारीरिक दुर्बलता ने साथ देने से मना कर दिया है। सपना की आंखों में पानी भर आया और उसने उकड़ूं बैठकर उनकी कमर को दायीं ओर पलट दिया। उन्‍होंने हाथ से ‘बस’ का इशारा किया और आंखें बन्‍द कर लीं।
 पापा को घर लाये दस ही दिन तो हुए हैं। दस दिन पहले के पापा और आज के पापा की दशा में ज़मीन आसमान का अन्‍तर देख रही है। पापा को अस्‍पताल से घर लाने से पहले जब वह अस्‍पताल गई थी तो डॉक्‍टर ने कहा था,
 ‘सपनाजी, वर्माजी का जीवट देखकर हैरान हूं। रात का इनकी जो हालत होती है, उसको देखकर लगता है कि यह उनकी आखिरी रात है। जब सुबह उठते हैं तो चाय पी रहे होते हैं और पेपर पढ़ रहे होते हैं, वह भी बिना चश्‍मे के।‘
 उस दिन भी तो पापा अस्‍पताल में अपनी जि़द पर अड़ गये थे और बाहर पापा की देखभाल करनेवाली नर्स सिर पकड़कर बैठी थी। उसने देखा तो पूछा, ‘सिस्‍टर क्‍या हुआ?’ वह बोली, ‘आप ही अन्‍दर जाकर देखो वर्मा साहब को समझाओ।‘ सपना अपना पसीना पोंछते अन्‍दर गई।
 उसने देखा कि पापा को जो ऑक्‍सीजन का मास्‍क लगाया गया था, उसको चश्‍मे की तरह माथे पर चढ़ाकर बड़े मज़े से डिस्‍कवरी ऑफ इंडिया पढ़ रहे थे। यह उनकी पसन्‍दीदा किताब थी जो न जाने कितनी बार पढ़ चुके थे।
 वह पापा के नज़दीक गई और बोली, ‘पापा, यह क्‍या है?’ उन्‍होंने नज़र उठाकर देखा और बोले, क्‍या हुआ?’ उसने कहा, ‘जो मास्‍क आपने चश्‍मे की तरह माथे पर चढ़ा रखा है, वह नाक पर लगाने का है। क्‍यों नर्स को तंग करते हैं। उसकी नौकरी जा सकती है।‘
 इस पर वे बोले, ‘मुझे इसकी ज़रूरत नहीं है। सांस ले सकता हूं। नर्स से कह दो, वह ख़ुद लगा ले’ और यह कहकर फिर किताब में नज़रें गड़ा दीं। वह झुंझला गई पर फिर उसने उस मास्‍क को पापा की नाक पर यह कहते हुए लगा दिया,
 ‘आप डॉक्‍टर की कस्‍टडी में हैं।  डॉक्‍टर आपकी कस्‍टडी में नहीं हैं। उनकी नहीं सुनेंगे तो आपको अस्‍पताल से निकाल देंगे।‘ यह सुनकर बोले, ‘तुम मुझे डराया मत करो। चलो इसे नाक पर चिपका दो’ और सपना ने हंसकर ऑक्‍सीजन मास्‍क लगा दिया।
 किताबें पढ़ने में तो उनका कोई सानी नहीं था। अस्‍पताल में भी उनके पलंग पर पंचवटी, दानवीर कर्ण, उर्मिला, गबन और सेवासदन किताबें रखी थीं। प्रेमचंद और मैथिलीशरण गुप्‍त उनके पसन्‍दीदा लेखक थे। किसी ज़माने में उन्‍हें तुलसीदास की रामचरित मानस मुंह ज़बानी याद थी और आज..... ?
 पापा चाहते थे कि उनके बच्‍चे खू़ब पढें। अपने पिता का साया अपने सिर से जल्‍दी उठ जाने की वजह से वे ज्‍य़ादा नहीं पढ़ पाये थे और अपनी इस अधूरी साध को वे अपने बच्‍चों में पूरा होते देखना चाहते थे। यह बात वे कई बार सपना के सामने कह चुके थे।
 एक बार बातो-बातों में सपना के पापा ने बताया था, ‘बेटे, मेरे पिताजी तो तभी हमें अकेला छोड़ गये थे जब हमें उनकी सख्‍त़ ज़रूरत थी। उनकी मौत तभी हो गई थी जब मैं मात्र चार वर्ष का था।‘ सपना ने कहा, ‘फिर आपकी पढाई-लिखाई कैसे हुई?’
 उन्‍होंने बताया, ‘उन दिनों संयुक्‍त परिवार हुआ करता था। सो मेरे चाचा-चाची ने मुझे एक तरह से गोद ले लिया और साथ ही पढ़ाने-लिखाने का जि़म्‍मा भी। उन्‍होंने मुझे हॉस्‍टल पढ़ने भेज दिया ताकि घर के और लोगों के तानों से बचा रहूं। सारी उंगलियां बराबर तो नहीं होतीं न? .मैं दसवीं तक पढ़ा और इसके बाद मेरी पढ़ाई रोक दी गई।
 ...किसीके कुछ न  कहने पर भी मैं समझ गया था कि यह अब अपने पैरों पर खड़े होने का इशारा है। यह सही भी था लेकिन उसी दिन मैंने तय कर लिया था कि मैं अपने बच्‍चों को खूब पढ़ाऊंगा। जब तक वे पढ़ना चाहेंगे, वे पढ़ें। पैसे की कमी नहीं होने दूंगा अपने बच्‍चों को।‘
 आगे वे बोले, ‘बेटा, मेरी दिली तमन्‍ना है कि तुम कॉलेज में प्रथम आकर दिखाओ। मेरे चारों बच्‍चों में से कोई प्रथम नहीं आया है। तुम मेरी यह इच्‍छा पूरी कर दो तो मेरी आत्‍मा को बहुत संतुष्टि मिलेगी। ग्‍यारहवीं तो तुम पास कर चुकी हो।‘
 सपना के लिये तो यह चुनौती थी। कॉलेज का प्रथम वर्ष जो छात्राओं के लिये आज़ादी का वर्ष होता है, उस वर्ष में उसने ख़ुद को अतिरिक्‍त आकर्षणों से अलग रखा और जी-जान से पढ़ाई में ध्‍यान लगाने लगी। सपना सुबह चार बजे उठती। पहले अपना होमवर्क करती।
 साढ़े छ: बजे पापा उसके लिये चाय बनाकर लाते। वे बड़े खुश होते कि सपना इतनी मेहनत कर रही है। सपना चाय पीकर ख़ुद को तरोताज़ा करती और फिर उस दिन कक्षा में पढ़ाये जानेवाले पाठों को एक नज़र पढ़ जाती। तब तक मां सब बच्‍चों के लिये टिफिन बनातीं और डिब्‍बे भरती़।
 पिताजी अपने सारे बच्‍चों के कपड़े कोयलेवाली इस्‍त्री से प्रेस करते। वे अपने कपड़े ख़ुद धोते थे और अरारोट का कलफ़ लगाते थे। साफ-सुथरे कपड़े उनकी कमज़ोरी थे। सपना को कभी याद नहीं आता कि मां से पापा ने कभी कपड़े धुलवाये हों। अपनी जूठी थाली तक ख़ुद उठाकर सिंक में रखकर आते थे।
 किसीकी मदद करने का तो यह आलम था कि यदि किसीने उनसे कोई राशि मांगी और पापा के पास पैसे नहीं होते तो पड़ोसी से मांगकर लाकर उसे देते। ऐसे ही एक वाक़ये पर जब सपना ने कहा कि यदि पैसे नहीं थे तो मना भी किया जा सकता था। इस पर वे बोले, ‘उसने कुछ तो सोचकर मुझसे मांगा होगा’ और बात वहीं ख़त्‍म हो गई।
 पापा ने कभी अपनी ज़रूरत के लिये किसी के सामने हाथ नहीं फैलाया।  कभी-कभार उनको यदि ज़रूरत होती तो वे ये पंक्तियां गाकर ख़ुद को रोक लेते थे- ‘ धक् परदार, रख लाज, मत कर किसीका मुहताज़, कर तो ऐसे का कर, जिसकी आंखों में हो लाज।‘
 ये पापा भी न बस, अपने समय के पाबन्‍द। कॉलॉनी में उनके विषय में वॉचमैन कहता, ‘वर्मा साहब बरोबर सवा सात गेट के अन्‍दर आता है और हम वोईच टैम अपना घड़ी का टैम मिलाता है। मज़ाल है कि साब कभी लेट हुआ हो।‘
 वर्मा साहब याने सपना के पिताजी ठीक आठ बजे खाना खाते और साढ़े नौ बजे सो जाते। उनका पूरा काम अनुशासनबद्ध होता। इसमें वे किसी भी प्रकार की ढील बर्दाश्‍त नहीं करते थे। सुबह चार बजे उठना नियम था। मुर्गे की बांग के साथ ही वे ‘हरे राम, हरे कृष्‍ण’ गाना शुरू कर देते थे।
 पापा का यह अनुशासन अवचेतन मन में सपना की नसों में आता जा रहा था। वह पापा के साथ ही सुबह चार बजे जाग जाती। अपने दैनिक कामों के फ़ारिग होकर पढ़ने बैठ जाती। पापा की तरह उसे भी बेवजह हंसना और चकर-चकर बोलना बिल्‍कुल पसन्‍द नहीं था। वह भली और उसकी किताबें भलीं। उसकी दुनिया वही थी।
 नतीज़तन कॉलेज के पहले साल में वह पूरे विश्‍वविद्यालय में चौथे नंबर पर आई थी। दूसरे दिन सपना की फोटो पेपर में थी। सपना खुशी के मारे पागल हुई जा रही थी। पापा की खुशी के तो क्‍या कहने। उनकी बेटी ने उनकी बहुप्रतीक्षित इच्‍छा पूरी जो कर दी थी।
 वे पेपर में छपी फोटो पड़ोसियों को दिखा रहे थे और गर्वोन्‍नत हो रहे थे। घर में खुशी का माहौल छा गया था। अचानक वे बिना कुछ कहे चप्‍पल पहनकर बाहर चले गये। मां को लगा कि वे मिठाई लेने गये होंगे और उन्‍होंने भगवान के लिये आरती तैयार कर दी।
 पापा का यह नियम था कि घर में जब भी कोई अच्‍छा कार्य होता तो भगवान को प्रसाद ज़रूर चढ़ाया जाता था, चाहे सवा रुपये का क्‍यों न हो। वे ईश्‍वर का शुक्रिया ज़रूर अदा करते थे और मां पीतल की घंटी बजाकर पापा का साथ देती थीं।
 एक घंटे बाद वे वापिस आये। हाथ में मिठाई का डिब्‍बा और प्‍लास्टिक की थैली में फूल थे।  आते ही उन्‍होंने मां के हाथ में सब सामान दिया और कुरते की जेब से एक पैकेट निकालकर सपना के हाथ में पकड़ा दिया। सपना ने उस पैकेट को बड़े ही नाजु़क हाथ से खोला और देखते ही खुशी से चिल्‍ला पड़ी, ‘पापा, इतनी सुंदर घड़ी!
 ...इतने पैसे क्‍यों खर्च किये? आपका आशीर्वाद ही काफी है।‘ पापा ने कहा, ‘बेटे, तुमने मेरी जो साध पूरी की है, उसकी कोई कीमत नहीं है। तुम्‍हें जितना पढ़ना है, पढ़ो। पैसे की चिंता मत करना।‘ बस, वह दिन और आज का दिन, सपना ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
 सपना आगे की पढ़ाई के लिये पापा पर अतिरिक्‍त बोझ नहीं डालना चाहती थी। उसने पापा से कहा, ‘पापा, मैं आगे और पढ़ना चाहती हूं पर एक शर्त पर।‘ पापा ने आखें उठाकर देखा तो सपना ने कहा, ‘मैं दिन में नौकरी करूंगी और शाम को कॉलेज जाऊंगी। आप पर और भी तो जि़म्‍मेदारियां हैं।‘
 पापा ने कहा, ‘बेटा, यह तुम्‍हारा अपना निर्णय है। जि़न्‍दगी की आगे की लड़ाई तो तुम्‍हें अकेले ही लड़ना होगा। जैसा तुम ठीक समझो कर लो।‘ सपना को तो मानो मुंहमांगी मुराद मिल गई थी। अपने निर्णय का जल्‍दी ही कार्यान्वित भी कर लिया।
 उसने एक लायसेंस ऑफिस में रिसेप्‍शनिस्‍ट की नौकरी के लिये अर्जी भेज दी। उसे इंटरव्‍यू के लिये बुलाया गया और चुन भी लिया गया। शुरूआत में 300 रूपये प्रतिमाह वेतन तय किया गया। उन दिनों तीन सौ रूपये भी बहुत मायने रखते थे।
 सपना जब पहले दिन नौकरी पर गई तो उसने अपने बॉस से पहले दिन ही कहा, ‘मैं नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखना चाहूंगी।‘ इस पर उसके बॉस ने कहा, ‘देखिये, आप अपनी पढ़ाई जारी रह सकती हैं।‘ अंधा क्‍या चाहे? दो आंखें।
 साथ ही बॉस ने कहा, ‘जब शाम को काम नहीं होगा तो आप अपने ईवनिंग कॉलेज जा सकती हैं। पर जब काम होगा तो रात को आठ बजे तक रुककर काम करना होगा।‘ सपना ने कहा, ‘ठीक है। कोई दिक्‍कत नहीं है। मैं एडजस्‍ट कर लूंगी।‘
 सपना पढ़ाई के मामले में बिल्‍कुल ढील नहीं देना चाहती थी। यदि मन ज़रा भी डांवाडोल हुआ तो गई काम से। पैसे की चमक तो अच्‍छों अच्‍छों का ईमान डिगा देती है। फिर वह किस खेत की मूली है? सो मन बदले, उसके पहले ही वह यूनिवर्सिटी पहुंच गई1
 सपना ने एम ए इवनिंग क्‍लासेस के लिये फॉर्म भर दिया। वह दिन भर ऑफिस में काम करती और शाम को कॉलेज। उसने जैसे ख़ुद को एक मशीन बना लिया था। उस पर भी वह थकती नहीं थी। उसके इरादे मज़बूत और मज़बूत होते जा रहे थे।
 उसका संघर्ष उसे फौलादी व्‍यक्तित्‍व प्रदान कर रहा था। नाज़ुक सी सपना किस तरह आत्‍मनिर्भर बनती जा रही थी, उसकी अपनी समझ से बाहर था। मिस्‍टर वर्मा ने सपना की इच्‍छाओं पर कभी अपनी इच्‍छाओं को नहीं लादा।
 वह सपना की मां से कहा करते थे, ‘हम अपनी बेटियों को खूब पढ़ायेंगे। बेटे तो पत्‍थर भी तोड़कर अपना पेट भर सकते हैं। बेटियों पर कोई तक़लीफ़ आये तो उन्‍हें किसीके सामने हाथ न फैलाना पड़े।‘ उन्‍होंने यह वादा निभाया भी।
 वही पिताजी आज अपनी जि़न्‍दगी के आखि़री दिन गिन रहे हैं। सपना एक बात नोट कर रही थी कि पापा ने वे चीज़ें भी खाना शुरू कर दिया है जिनको कभी नहीं खाया था। मसलन, इडली, डोसा, भेल, आइसक्रीम, तरह-तरह के फल आदि।
 जब कभी मां उनसे अलग-अलग तर‍ह की चीजें खाने के लिये कहतीं तो वे हंसकर कहते, ‘ये सब चीज़ें तो बच्‍चों के खाने की हैं। मुझे तो मर्द की दाल(उड़द की छिलकेवाली दाल को वे मर्द की दाल कहते थे) और चने की रोटी, हरी मिर्च का अचार मिल जाये, बस।‘
 पापा से जुड़ी यादें एक चलचित्र की रील तरह मानो आंखों के सामने घूम रही है और ख़त्‍म होने में नहीं आ रही। एक के बाद एक बात याद आ रही है। वे अपने बच्‍चों की बहुत इज्‍ज़त करते थे और विशेष रूप से बेटियों की। उसे एक बात याद आ रही है।
 वे लोग जिस कॉलॉनी में रहते थे, वहां मीटिंग थी। कॉलॉनी के सेक्रेटरी ने दरवाजा़ खटखटाया। पापा ने दरवाज़ा खोला तो मिस्‍टर पारिख खड़े थे। पापा ने उनको ऊपर से नीचे देखा और बोले, ‘क्‍या काम है?’ मिस्‍टर पारिख ने कहा, ‘आज सोसायटी के सदस्‍यों की मीटिंग है। आपको बुलाने आया हूं।‘
 इस पर पापा ने कहा, ‘वह तो ठीक है, पर आपको य‍ह पता है कि किसीके घर किस तरह के कपड़ों में जाना चाहिये? मेरे घर में जवान बेटियां हैं और आप चड्डी और बनियान में चले आये। ढंग के कपड़े नही हैं क्‍या आपके पास?’
 पारिख से कुछ कहते नहीं बना और चुपचाप सीढि़यां उतर गये। पापा घर में भी अप-टू-डेट रहते थे। पता नहीं चलता था कि वे बाहर से आ रहे हैं या बाहर जा रहे हैं। उन्‍होने जि़न्‍दगी को अपने बनाये सिद्धान्‍तों पर जिया। कभी ग़लत समझौते नहीं किये।
 पापा को छोटे बच्‍चों से बेहद लगाव था और उनको वे किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा लेते थे। पापा की सेक्रेटरी पामेला ने एक बार बताया था, ‘सपना बेटे, सर बहुत ही अच्‍छे और कोमल दिल के मालिक हैं।‘ सपना ने सिर्फ़ प्रश्‍नभरी नज़रों पामेला को देखा। उसने बताया, ‘मेरी जब डिलीवरी हुई थी और बेबी छोटा था। घर में कोई बड़ा नहीं था।
 ...नौकरानी के पास बच्‍चे को छोड़कर आती थी। ऑफिस में पूरी तरह दिल नहीं लगता था। इसकी वजह से डिक्‍टेशन और टायपिंग में ग़लती होती थी। एक दिन साहब ने पूछा, ‘पामेला, आजकल लेटर में बहुत ग़लतियां हो रही हैं। क्‍या समस्‍या है?’ पामेला ने कुछ उत्‍तर नहीं दिया।
 साहब ने फिर अपना सवाल दोहराया तो पामेला ने कहा, ‘सर, दो महीने के बच्‍चे को बाई के आसरे छोड़कर आती हूं तो दिल उधर ही लगा रहता है।‘ मिस्‍टर वर्मा ने सिर्फ़ हुंकारा भरा और दो मिनट बाद कहा, ‘पामेला, एक काम किया करो, तुम तीन बजे घर चली जाया करो।
 ...जो काम रह जाये वह दूसरे दिन पूरा कर दिया करना। आखि़र परिवार के लिये नौकरी कर रही हो, नौकरी के लिये तो परिवार नहीं है। है न?’ मिस्‍टर वर्मा की इस दरियादिली पर पामेला निहाल हो गई थी उसने कहा, ‘सर, मेरे लिये तो आप भगवान हैं।‘
 मि.वर्मा के चेहरे पर सुकून था और पामेला कहे जा रही थी, ‘आज के ज़माने में लोग छोटी सी तनख्‍व़ाह के बदले में कर्मचारी का तेल निकाल लेते हैं, आपने समय की यह रियायत देकर मेरा दिल जीत लिया है। आप खाली मुझे काम बोलिये, कभी मना नहीं करूंगी।‘
 सपना फिर अतीत से निकलकर वर्तमान में लौट आई1 उसने देखा कि पापा सो रहे हैं और कुछ बुदबुदा रहे हैं। उसने हल्‍के से पापा का हाथ पकड़कर हिलाया। उन्‍होंने आंखें खोलीं और फिर बन्‍द करके बुदबुदाने लगे। सपना को लगा कि वे कोई सपना देख रहे थे।
 सपना का बेटा समीर हायर स्‍टडीज के लिये बाहर था और पापा ने उसे क़रीब पांच सालों से नहीं देखा था। वे उसे देखना चाहते थे। सपना ने समीर को फोन करके कहा था, ‘बेटे, तुम्‍हारे नाना का अन्तिम दिन नज़दीक आता जा रहा है। तुमको देखना चाहते हैं। यदि आ सको तो आ जाओ, वे खुश हो जायेंगे।‘
 समीर यह सुनकर विचलित हो गया और उसी दिन फ्लाइट पकड़कर घर आ गया। समीर को देखकर पापा के चेहरे पर जो चमक आई, वह आज भी सपना की आंखों के सामने है। सपना ने अपने बेटे से कहा, ‘तेरे नाना को गिटार बहुत पसन्‍द है।‘
 समीर के लिये अपनी मां का इतना इशारा ही काफी था। वह तीन दिन रहा और उसने तीनों दिन अपने नाना को गिटार बजाकर सुनाया और और उनकी इच्‍छा को पूरा किया। जब समीर जाने को हुआ तो पापा ने उससे पूछा,
 ‘समीर, जब तुम यह पढ़ाई पूरी कर लोगे तो तुम्‍हारी सेलरी कितनी होगी?’ सपना पापा की स्‍पष्‍ट भाषा सुनकर चकित थी। उनमें इतनी ताकत कहां से आ गई?’ उसने समीर को इशारा किया कि वह संभावित सेलरी बता दे।
 समीर अपने नाना के कान के पास मुंह लाया और फुसफुसाकर बोला, ‘एक लाख से शुरूआत होगी।‘ यह सुनकर पापा बच्‍चे की तरह खिलखिलाकर हंस पड़े थे। सपना एक बार फिर हैरान थी अपने पापा के चेहरे पर ताज़गी देखकर। समीर हॉस्‍टेल चला गया।
 एक दिन सपना और सपना के पति सुन्‍दर पापा के पास बैठे थे। दोनों जानते थे कि पापा कुछ दिनों के मेहमान थे। इसलिये उनके साथ जितना समय बिता सकते थे बिताते थे। एक दिन पापा ने कहा, ‘मिस्‍टर सुन्‍दर, एक बात बताओ।‘
 पापा की आवाज़ में एकदम स्‍पष्‍टता थी। सपना यह सोचकर हैरान थी कि अचानक पापा की आवाज़ में पहले जैसी स्‍पष्‍टता और रोब कैसे आ जाता है? अक्‍सर तो आवाज़ टूटी-टूटी रहती है। वह कांप भी जाती थी कि कहीं यह दीये के बुझने से पहले की चमक तो नहीं है?
 सुन्‍दर ने पापा से कहा, ‘पूछिये।‘ इस पर वे बोले, ‘क्‍या मैं तीन साल और जि़न्‍दा नहीं रह सकता?’ सुन्‍दर ने कहा, ‘आपको हुआ क्‍या है? आप तो अभी कई साल जि़न्‍दा रहेंगे।‘ इस पर पापा नाराज़ हो गये और बोले, ‘झूठ बोलने में शर्म नहीं आती?’
 बेचारे सुन्‍दर अचकचाकर चुप हो गये। पापा ने सपना से आईसक्रीम मांगी और सुन्‍दर को जाने का इशारा किया। सुन्‍दर चुपचाप उठकर दूसरे कमरे में चले गये। अचानक घर में चुप्‍पी छा गई थी। सब सबकुछ समझकर चुप थे और यह चुप्‍पी भयावह लग रही थी।
 दूसरे दिन सुबह सुन्‍दर को अपने ऑफिस के काम से दिल्‍ली जाना पड़ गया। रात को साढ़े ग्‍यारह बजे अचानक पापा की तबियत बहुत ज्‍य़ादा बिगड़ गई। घर में कोई भी तो नहीं था। सपना ने फोन करके फैमिली डॉक्‍टर को बुलाया। उसने पापा की नब्‍ज़ टटोली।
 डॉक्‍टर ने टेलिस्‍कोप से सीने की धड़कन देखी। डॉक्‍टर के चेहरे पर परेशानी देखकर सपना डर गई1 उसने डॉक्‍टर से कहा, ‘आप क्‍या कहते हैं?’ वे बोले, ‘कुछ कहा नहीं जा सकता।‘ उन्‍होंने अपनी घड़ी की ओर देखा। सपना को यह इशारा काफी था।
 उसने डॉक्‍टर से फीस पूछी। वे बोले, ‘आपने लेट नाइट बुलाया है, इसलिये पांच सौ रूपये फीस दे दीजिये। रात का डबल रेट है।‘ सपना को डॉक्‍टर और ऑटो/टैक्‍सीवाले में कोई फर्क़ नहीं दिखाई दिया। वे भी रात के बारह बजे के बाद डबल रेट मांगते हैं।
 सपना ने डॉक्‍टर को पांच सौ रूपये देकर विदा किया और चुपचाप आकर पापा के पैरों के पास बैठ गई1 न जाने कब पापा आखि़री सांस लें। उनकी सांस धौंकनी की तरह चल रही थी। उनका सीना तेज़ गति से ऊपर-नीचे हो रहा था और वह सांस रोके देख रही थी। उसके मन में एक अजीब सा डर व्‍याप रहा था।
 सुबह क़रीब साढ़े सात बजे सपना उठी कि अपने लिये चाय बना ले और पापा के मुंह में गंगाजल डाल दे। वह किचन में गई और रुई के फाहे को गंगाजल में डुबोकर लाई। पापा के मुंह को खोला और दो बूंदें गंगाजल टपका दिया और फिर किचन में चली गई1
 सच कहा जाये तो सपना अपने पापा को मरते नहीं देखना चाहती थी। वह उस घड़ी को टालना चाहती थी कि वह अपने पापा को अन्तिम हिचकी लेते देखे। पर मन मानता भी नहीं था, बार-बार एक कमरे से दूसरे कमरे में आ-जा रही थी।
 जीवन और मौत का तांडव चल हा था। सांस थी कि जल्‍दी रुकने का नाम नहीं ले रही थी और मौत थी कि मानो तय करके आयी थी कि वह सांस रोके बिना चैन नहीं नहीं लेगी। सपना ने मौत को इतने क़रीब से अपने घर में कभी नहीं देखा था।
 सुबह के ठीक आठ बजे अचानक उसे पापा के गले से गों-गों की आवज़ सुनाई दी जो अपेक्षाकृत तेज़ थी। वह भागकर पापा के कमरे में आई और देखा कि उनकी गर्दन दायीं ओर लुढ़ककर तटस्‍थ हो गई थी। उसे यह विश्‍वास नहीं हुआ कि पापा नहीं रहे।
 उसने कॉलॉनी के डॉक्‍टर को फोन लगाया और जल्‍दी से बुलाया। वह बेचारा आंखें मलता हुआ आया और सपना ने पापा की ओर इशारा किया। उसने नब्‍ज़ देखी और सपना से कहा, ’आंटी, ही इज नो मोर।‘ यह सुनकर सपना काठ सी बन गई।
 उसके पापा जो दो घंटे पहले तक अपने होने का अहसास करवा रहे थे, अचानक अकेला कर गये। उसे सूझ ही नहीं रहा था कि वह क्‍या करे, क्‍या न करे। सुन्‍दर दिल्‍ली में थे। सारे काम उसे ही करने थे। उसने दरवाज़ा खोला और चुपचाप नीचे उतरी।
 उसे कुछ भी तो होश नहीं था। जैसे कोई नींद में चल रहा हो, वैसे ही उसके पैर अपने आप आगे बढ़ते जा रहे थे। उसके दिमाग़ को यह विचार लगातार मथ रहा था कि पापा उसे इस दुनियां में अकेला छोड़कर कैसे जा सकते हैं?
 मां तो परिवार को रोता-बिलखता छोड़कर तीन साल पहले ही इस दुनियां को छोड़ गई थीं। तब कम से कम यह तसल्‍ली तो थी कि पापा का सरमाया रहेगा और अब ये भी उसको अकेला छोड़कर चल दिये? ईश्‍वर क्‍यों निर्मम हो गया उसके साथ?
 वह अपने विचारों में गुम थी और सामने कार हॉर्न बजा रही थी। कानों ने मानो सुनना बन्‍द कर दिया था। अचानक पापा की मौत ने उसे संवेदनाशून्‍य बना दिया था। आंखों के आगे अंधेरा सा छा रहा था। अपने मन को दर्द किसे बताये?
 अपनी ही दुनिया में खोई सपना से कॉलॉनी के वॉचमैन ने पूछा, ‘मैडम, कुछ चाहिये तो बोलिये, मैं ला देता हूं।‘ सपना ने कहा, ‘मैं जरा डॉक्‍टर को बुलाने जा रही हूं। आज रविवार है। कोई मिलता भी है या नहीं। देखती हूं।‘ उसने पूछा, ‘कौन बीमार है?’
 उत्‍तर में वॉचमैन को चाभी देते हुए कहा, ‘मेरे पापा मेरे पास थे। अभी अभी उनकी मृत्‍यु हुई है। तुम ज़रा घर में जाकर उनके पास बैठो। मृत्‍यु प्रमाणपत्र लेना होगा तभी श्‍मशान ले जा पायेंगे। अपनी कॉलॉनी के डॉक्‍टर के पास उसका लेटरहेड और अथॉरिटी नहीं है।‘
 वॉचमैन का मुं‍ह खुला का खुला रह गया। सपना आगे गई1 कॉलॉनी के गेट के बाहर निकली। सामने अस्‍पताल था। वहां गई तो पता चला कि डॉक्‍टर नियमित नहीं आते। फोन करके बुलाना पड़ता है। सपना ने अस्‍पताल के बोर्ड से डॉक्‍टर का नंबर नोट किया।
 लुटी-लुटी सी वह घर आई। उसने देखा कि उसके घर के दरवाज़ा खुला है और कॉलॉनी के लोगों से घर भर गया है1 वॉचमैन पापा के पास बैठा था। सपना को देखते ही कॉलॉनी के सेक्रेटरी ने कहा, ‘हम हैं न आपके साथ। सब काम हो जायेंगे।‘
 उस वक्‍त़ सपना ने शिद्दत से महसूस किया, ‘सगा दूर, पड़ोसी नेड़े।‘ सपना के आंसू तो मानो सूख चुके थे। उसे वे सारी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करनी थीं जो पापा के अंतिम संस्‍कार के लिये ज़रूरी थीं। उसे कुछ भी तो नहीं पता था।
 ये पड़ोसी तो मानो देवदूत थे उसके लिये। उन लोगों ने सारी जि़ममेदारी अपने ऊपर ले ली। सपना ने अपनी बड़ी बहन को फोन किया जो दूसरे शहर में रहती थी। भाई को फोन किया और कहा, ‘जल्‍दी आओ, तुम्‍हें ही अंतिम संस्‍कार करना होगा पापा का।‘
 उसने घर आकर डॉक्‍टर को फोन किया, ‘डॉक्‍टर साहब, मेरे पापा की मृत्‍यु हो गई है और मृत्‍यु प्रमाणपत्र चाहिये। आप प्‍लीज़ जल्‍दी आ जाईये।‘ साथ ही अपने घर का पता नोट करवा दिया। दोपहर बारह बजे डॉक्‍टर और उनकी डॉक्‍टर पत्‍नी दोनों साथ आये।
 दोनों ने बारी बारी से पापा की नब्‍ज़ देखी और उन्‍हें मृतक घोषित किया। साथ ही दोनों ने अपनी फीस के रूप में डेढ़ डेढ़ हज़ार रुपये मांगे। ऐसी दुखद परिस्थिति में भी सपना के मुंह से निकल गया, ‘एक फीस से काम नहीं चलेगा?’ इस पर डॉक्‍टर ने कहा,
 ‘घोड़ा घास से यारी करेगा तो खायेगा क्‍या? हमारी तो रोज़ी-रोटी का जरिया है यह। अब लोग रोज़-रोज़ तो मरते नहीं हैं।‘ सपना ने बिना कुछ कहे उनके हाथ पर तीन हज़ार रुपये रखे और बदले में उन्‍होंने मृतक प्रमाणपत्र पकड़ा दिया।
 सपना को तो मानो होश ही नहीं था कि वह क्‍या कर रही है। उसकी संवेदनाएं मानो मर चुकी थीं। उसे एक ही चिंता थी कि पापा के शरीर को कोई तक़लीफ न हो। सारे संस्‍कार समय से हो जायें। वे पहले ही काफी कष्‍ट सह चुके थे।
 मगन भाई ने एक श्‍मशान को फोन किया तो पता चला कि वहां जगह नहीं हैं। क़रीब पांच लाशें जलाने के लिये शेष हैं। दूसरे श्‍मशान को फोन किया तो उन्‍होंने बताया कि एक लाश के लिये जगह है। जल्‍दी आ जायें तो बेहतर होगा।
 सपना को याद आया कि पापा को आज से एक महीने पहले शाम को चार बजे अस्‍पताल से सीधे घर लाया गया था और ठीक एक महीने बाद पापा खामोशी से शाम के चार बजे घर छोड़कर उस अनन्‍त में चले गये जहां से कोई वापिस नहीं आता।