Friday, 10 March 2017

पिता जी सूर्या जीजी के लिए नहीं रोये थे

  कड़कड़ाती सर्दी रात का लगभग दस बजा होगा, पिता जी अभी इलाहाबाद से लौटे नहीं थे । माँ हमेशा की तरह उनके  इंतज़ार में जाग रही थीं । अलाव सामने रखकर रज़ाई में  बैठी - बैठी वीर  भैया का स्वेटर बुन रही थीं । अचानक याद आया कि तुलसी को ओढनी ओढ़ाना तो भूल ही गईं । तुलसी की ओढनी वो स्वयं ही धोतीं सुखातीं और ओढ़ातीं हटातीं किसी को उसे छूने की इजाजत नहीं थी ।  पाला एक ही रात में  उसकी नरम  - नरम  पत्तियों को झुलसा डालेगा यह सोचकर ओढनी लेकर माँ चौरे की तरफ चलीं । कड़कड़ाती सर्दी रात के लगभग दस बजे होंगे, तुलसी को ओढ़नी ओढ़ा  कर माँ लौट ही रहीं थीं कि शेरा तेज़ – तेज़ भौंकता हुआ सदर दरवाजे की तरफ दौड़ा, जो आँगन के पार जाकर खुलता था । बाहर से वीर भैया को संबोधित करते पिता जी की रौबीली आवाज़ सुनाई दी,     
 ”वीरेंद्र प्रताप जी दरवाजा खोलिए ।"
 माँ बतातीं थीं कि वीर भैया को पिता जी जब भी आवाज़ लगाते इतने ही सम्मान के साथ लगाते  ।गहरी नींद में सोये डेढ़ बरस के वीर प्रताप सिंह के कानों पर तो जूं भी नहीं रेंगी पर हाँ  पल भर में शेरा के साथ माँ अवश्य  दरवाजे पर पहुँच गईं थीं । ड्योढ़ी पर लगे ज़ीरो वाट के बल्ब की मरियल पीली रोशनी में  भी पिता जी की आंखों में खुशी की जगमगाहट स्पष्ट दीख रही थी ।  माँ ने सोचा पिता जी   इलाहाबाद वाली ज़मीन का केस जीत गए । परंतु नहीं , माजरा कुछ और ही था, पिता जी अपनी छह फुट दो इंच की ऊँचाई के साथ खुद को  कंबल में लपेटे हुए एक तरफ से झुके हुए ,  अपने आप को छिपाते हुए से अंदर दाखिल हुए   । ओह ! फिर किसी को उठा लाये, माँ समझ गईं । पिछले बरस लगभग इन्हीं दिनो, इस शेरा को भी तो अपने ओवरकोट की जेब में  रखकर ले आए थे पिता जी ।
 तेईस बरस की छोटी सी वयस में ही माँ स्वयं दो बच्चों, गौरांगी  जीजी और वीर भैया की माँ बन गईं थीं । दोनों बच्चों के हिस्से से ही नन्हें से शेरा को भी खूब समय देना पड़ा था माँ को । अब कौन आ गया ? वे यही देखने पिता जी के पीछे - पीछे चलीं ।  अबकी बार पिता जी के कंबल में छिपी हुई थी  घोड़े की  अट्ठाईस तीस किलो की,  हष्ट - पुष्ट झक सफ़ेद बच्ची  । माँ ने राहत की सांस ली चलो इसे संभालना तो साईस चाचा  की ज़िम्मेदारी होगी ,परंतु पिता जी के विचार से इतनी  नन्ही  सी वो  बच्ची साईस चाचा  के  ऊपर कैसे छोड़ी  जा सकती थी  । अतः गौरा जीजी, वीर भैया और शेरु के साथ उसकी ज़िम्मेदारी भी  हमारी ममतामई माँ पर ही आन पड़ी । घोड़े की उस नन्ही सी बच्ची के लिए अगले दिन से ही बकरी का दूध लगा दिया गया ।ताकि उसकी हड्डियाँ चौड़ी और मजबूत हो सकें ।  पिता जी कहते, देखना बकरी का दूध पीकर इसका दो सौ पाँच हड्डियों का ढांचा चार सौ दस हड्डियों के ढांचे जैसा दिखेगा । बेसन के लड्डू और चने का दाना उसकी खास पसंद बन गए थे । माँ, अंगूरी बाई के साथ मिलकर मनों लड्डू  बनवातीं , वो दिनों में चट कर जाती और खुश होकर अगले दोनों पैर उठाकर  प्यार से हिनहिनाती । उसका खाना पीना माँ की देख रेख में  घर के आंगन में तुलसी के चौरे के पास ही होता ।
 फिल्मी  गायिका सुरइया की आवाज़ के फैन पिता जी कहते कि सुरइया से किसी भी तरह तो कम सुरीला नहीं है उसका हिनहिनाना ।अतः  नाम रखा गया “सुरैया”। वो भी  जल्दी ही अपना सुरीला नाम पहचानने लगी ।पिता जी दूर ही से उसका नाम पुकारते "सुरैया", वो तुरंत से पहले उनकी तरफ भाग खड़ी होती ।पिता जी उसे देखकर फूले नहीं समाते।
  पिता जी की लाड़ली वो झक सफ़ेद, सुरीली सुरइया, शुक्ल पक्ष के चाँद सी दिनों दिन बढ़ती चली । पैलोमीनो नस्ल की होने की वजह से बेहद सुंदर,सहनशील और गुणों की खान तो थी ही वो। सहनशील इतनी कि  बड़ी और कड़ी परीक्षाओं को भी कुछ नहीं के बराबर मानती  ।  तेज़ - तर्रारी में  भी किसी मुश्टैन्ग  किस्म के घोड़े से उन्नीस तो नहीं थी ।घोड़ों की जिस भी प्रतियोगिता में  चली जाती दूसरों के लिए प्रतियोगिता दूसरे स्थान से ही प्रारम्भ होती और लोगों को  उसी में संतोष भी  करना पड़ता ।
 उस जमाने में पैट्रोल, डीजल से चलने वाले वाहनों का चलन आज के जैसा नहीं था । धनाढ्यों  की भी पहली पसंद अच्छी किस्म के घोड़े ही हुआ करते थे । पिता जी की जीप भी कभी कभार ही निकलती । चार पाँच घोड़े उनके अस्तबल की शान हुआ करते थे । सुरैया हमारे घर आने वाली पहली घोड़ी थी । पिता जी अक्सर आश्चर्य करते कि जब लगभग तीन सौ प्रजातियों के घोड़े पैंतालीस से पचपन मिलियन वर्षों पूर्व ही अस्तित्व में आ गए  थे तो फिर इंसान ने उन्हें पालतू पशु में परिवर्तित  करने में चार हज़ार बी सी तक आने  का लंबा समय व्यर्थ ही क्यों गंवाया । सचमुच बड़ी शान की सवारी है । न प्रदूषण न हरी भरी  वसुंधरा को कोई हानि ग्लानि । इंसान से जुड़ाव भी पूरी तरह भावनात्मक।
 सुरइया, सबकी बेहद लाड़ली बन गई थी । उसका ध्यान  न  रखने पर पुराने  साईस चाचा भी अकसर डांट खा जाते । गौरा जीजी  या वीर भैया भी उसके साथ कोई अन्याय नहीं कर सकते थे । तर्क था, वो तुम दोनों से छोटी है । चार साढ़े चार बरस तक उसका पालन पोषण व प्रशिक्षण  बड़े ढंग से किया गया  । उसके आगे के बारह और पीछे के चौबीस के चौबीस दाँत, उसके गुलाबी मुंह में बगलों की श्वेत अनुशासित पंक्तियों से दिखाई देते । लगभग साढ़े तीन सौ किलो की, पैंसठ इंच ऊंची सौन्दर्य से भरी नवयौवना सी श्वेतवर्णा  सुरइया, जिधर से निकल जाती हर दृष्टि उसकी ओर उठ जाती ।भाव चाहे प्रशंसा, ईर्ष्या या कोई और होता हो, पिता जी की पसंद थी आखिर, जिन्हें हर बात में विशिष्टता चाहिए होती ।
    सुरइया के चर्चे दूर दराज़ तक फैल गए  । जैसे वो कोई साधारण घोड़ी न होकर राणाप्रताप के चेतक की सहोदर हो । निःसन्देह वो अद्वीतीय थी ।  जब अपनी तीव्रतम  गति से दौड़ती तो घर से पचास किलोमीटर दूर धामपुर घंटे भर में  पहुंचा देती । परंतु अब वह घर में सबसे छोटी तो नहीं रही थी । उससे छोटे चौधरी धीरेन्द्र प्रताप सिंह यानी मेरे धीर भैया का जन्म हो चुका था । परंतु अम्मा पिता जी का लाड़ - प्यार  उसके प्रति रत्ती भर भी तो कम नहीं हुआ  । उनके लाड़- प्यार  में बिगड़ी वो, बेचारे साईस चाचा को तो कभी भी दो लात  जड़ देती । अगर खूँटे से खुल गई तो जब तक अम्मा या पिता जी की आवाज़ उसके कानों में न पड़े उसका किसी के हाथ आना लगभग असंभव था । भागते रहने के लिए चाहे उसे अस्तबल का लोहे वाला गेट ही क्यों न फाँदना पड़ता । पिता जी की अनुपस्थिति में साईस चाचा माँ को ही पुकारते उसे पकड़ने के लिए। माँ उसे पुकारतीं उनकी अवज्ञा वो कभी न कर पाती और झट से बेसन के लड्डू के लालच में उछलती हुई माँ के पीछे पीछे   घर के भीतर,अपनी स्वनिर्मित सीमा,  तुलसी के चौरे तक चली आती  ।माँ उसके लिए लड्डू लेने स्टोर रूम में जातीं और वो हिनहिनाती हुई, वहीं तुलसी की चौरे के पास किसी समझदार पर चंचल बच्चे की तरह   उनकी प्रतीक्षा करती ।
 नटखट धीर  भैया चार या पाँच बरस के रहे होंगे कि बैठी हुई सुरइया की पीठ पर जा चढ़े और उसे खड़ी हो  जाने के लिए तिक - तिक करने लगे । छोटे मालिक के आदेश पर वो  आज्ञाकारिणी तुरंत उठ खड़ी हुई । उसके खड़े होते ही अनाड़ी सवार,  धीर भैया उसके नीचे आ गिरे । उसका    बायाँ पैर उनके ठीक पेट के ऊपर हवा में ही था कि संयोगवश माँ सामने आ गईं और ज़ोर से चिल्लाईं ,
 ”सुरइया पाँव नीचे मत रख, पाँव मत रख सुरइया ।“
 न जाने कैसे समझी वो चतुर, पाँव ऊपर ही किए खड़ी रही तब तक,  जब  तक माँ  ने भैया को उसके नीचे से खींच नहीं लिया । पिता जी ने उसकी इस समझदारी  पर उसके लिए मन भर  बेसन के लड्डू उसी दिन बनवाए । निःसन्देह उसने समझदारी भी गजब की ही दिखाई थी । माँ तो उस दिन के बाद धीर  भैया का जीवन उसी की देन  मानती रहीं । बहरहाल, कहने की ज़रूरत नहीं कि वो हमारे घर का हम में  से ही एक सदस्य बन गई थी ।
              पिता जी की प्यारी इकलौती बहन, हमारी चन्द्र कुँवर बुआ की बेटी सूर्यबाला जीजी हमारे ही घर रहकर पलीं बढ़ीं।  वो गौरा जीजी से भी बड़ी थीं, इतनी बड़ी कि अब उनके ब्याह का समय हो आया था। पिता जी ने सूर्या जीजी का रिश्ता अपनी ही पसंद के  एक जमींदार और खानदानी घराने में तय किया था । सब खुश थे । पिता जी बड़ी खुशी - खुशी  जीजी के ब्याह के उपहार जुटा रहे थे । एक से बढ़कर  एक फर्नीचर, बर्तन, बिस्तर, कीमती कपड़े, नायाब गहने, वगैहरा - वगैहरा और  लड़के के लिए मोटर साइकिल, क्यों कि नई उमर  के लड़के ने बातों - बातों में अपनी पसंद की सवारी बता दी थी । सगाई के दिन लड़के के ताऊ जी ने घोड़ी की फरमाइश कर दी, पिता जी सहर्ष घोड़ी देने को राज़ी हो गए । परंतु नहीं, इस मांग को पूरी करने में "सहर्ष" जैसी कोई बात नहीं थी क्यों कि घोड़ी पुष्कर या सोरों  के मेले से थोड़े ही आनी थी । घोड़ी तो वही चाहिए थी जिसका नाम था  सुरैया । क्यों कि सुरैया के अनोखे  किस्से लड़के के ताऊ जी ने खूब सुन रखे थे । पिता जी उनकी इस मांग पर स्तब्ध और निःशब्द रह गए । दूसरी दो - दो घोड़ियाँ उन्हें देने को कहकर मोल भाव सा करने लगे ।  आशावाद के पक्षधर पिताजी के तमाम मान -  मनव्वल, ना – नुकर, अड़ियल रुख  अपना कर देख लेने के बाद भी लड़के के ताऊ जी नहीं माने । प्रिय भांजी सूर्यबाला, ससुरालियों की नाराजगी के साथ ससुराल में पहला कदम रखेगी सोचकर पिता जी ने अपनी आवाज़ नरम कर ली । और अपने व्यवहार के उलट कृपया, कृपा करके आदि कौन - कौन से नरम शब्दों का  प्रयोग नहीं किया  । परंतु लड़के वाले होने का घमंड लड़के के ताऊ जी को मूंछें  ऊपर रखने को उकसा रहा था । अंततः, मरे मन से ही सही पर एक ही विवाह में घर के दो सदस्य देना निश्चित हुआ । प्यारी बेटी सूर्यबाला के साथ ही विदाई थी घर की लाड़ली सुरैया की भी ।
 जीजी के विवाह का प्रतीक्षित उत्साह, सुरैया के अनायास होने वाले विछोह से पनपी कड़वाहट के गहरे कुंड में डूब गया था कहीं । पिता जी की नींद उचटे व्यवहार की हो गई थी, माँ दुखी थीं । सूर्या जीजी, गौरा जीजी, वीर और धीर भैया सबके सब उदास थे । मैं तो खैर पैदा ही सुरैया के चले जाने के बाद गुमी हुई खुशी को ढूंढते उदास माहौल में हुई थी । इसीलिए मेरे नामकरण में सबसे छोटी दावत दी गई थी । और मेरी  जन्मकुंडली तो आज तक पूरी नहीं हो सकी ।
 उदासी में ही सही, पर सूर्या जीजी का विवाह ठीक से सम्पन्न हो गया ।  विदाई के समय लड़के के ताऊ जी को वधू ले जाने की अपेक्षा सुरैया को ले जाने में ज्यादा दिलचस्पी थी। आखिर साईस चाचा उसे अस्तबल से ले आए और  उसकी लगाम लड़के के ताऊ जी को सौंप दी। वो लड़की और लड़के वालों का भेद समझ पाने मे सर्वथा असमर्थ  थी । उस चंचला ने पल भर में स्वयं को उनसे छुड़ा लिया । साईस चाचा ने फिर से उसकी रस्सी उन्हें थमा दी । माँ, जीजी की विदाई पर उन्हें कुछ पैसे देने के लिए घर में आईं तो उन्हें घर के भीतर जाती देखकर एक बार फिर वो रस्सी छुड़ा कर उनके साथ भागी और तुलसी के चौरे के पास आकर रुक गई जहां तक आकर  वह हमेशा रुक जाती थी ।जैसे कह रही हो, "माँ मुझे यहीं छुपा दो न कहीं घर में  ।" साईस चाचा फिर उसे पकड़ कर ले गए लड़के के ताऊ जी के पास ।   जब कई बार इसी पकड़ाने और छुड़ा लेने की पुनरावृत्ति हुई तो पिता जी को सुरैया को  डाटना पड़ा । वह बचपन से उनकी बात सुनती,  समझती और मानती आई थी । आज्ञाकारिणी ने इस बार कोई विरोध नहीं किया । कान दबाकर, सिर झुकाकर चुपचाप खड़ी हो गई  ।लड़के के ताऊ जी अहंकार भरी मुस्कान मुस्कुराते हुए सीना तानकर उसकी रस्सी पकड़े अपनी बड़ी - बड़ी मूँछों पर ताव दे  रहे थे । एक बार को तो सूर्या जीजी ने लड़के के ताऊ जी की इस मांग पर उनके यहाँ विवाह करने से यह कहकर  इंकार कर दिया था कि,
 "अपने प्यारे  मामा  जी की लाड़ली  सुरैया को ज़िद्दन मांगने वालों के यहाँ मैं नहीं जाना चाहती, वो तो और भी न जाने क्या - क्या ज़िद लगा बैठें ।" तब अपने दिल पर पत्थर रखकर पिता जी ने उन्हें समझाया था,
 "सूर्या बेटी सुरैया मुझे प्यारी है, पर तुझसे प्यारी तो नहीं । जब मैं तेरा ब्याह उस घर में कर रहा हूँ तो सुरैया को उन्हें देने में क्या हर्ज़ है बता । फिर तू तो होगी ही न वहाँ , तू अपना और उसका दोनों का ख्याल रखना बस।  " और जीजी एक ही बार में मान भी गईं थीं । क्योंकि जीजा जी का बड़ा घराना और स्वयं जीजा जी का व्यक्तित्व उन्हें भा जो गया था ।
 पिता जी कि डांट खाकर सुरैया ने इस बार अपनी लगाम लड़के के ताऊ जी के हाथों सौंपे जाने का कोई  विरोध  नहीं किया । परंतु  उस निरीह के अन्तःकरण का प्रबल विरोध विवशता की आंच से पिघल , तरल होकर उसकी गहरी काली आँखों से टप – टप टपक पड़ा । वो जाते हुए मुड़ – मुड़ कर कभी पिता जी की तरफ देखती तो कभी माँ की तरफ । इस आशा के साथ कि वो आएंगे और लड़के के इस संवेदनहीन मुच्छड़ ताऊ से उसकी लगाम अपने ममता भरे हाथों में ले लेंगे और वो हमेशा कि तरह अपने दोनों पैर उठाकर अपनी  बालसुलभ खुशी से सराबोर हो हिनहिना देगी । परंतु उन दोनों में से कोई भी उसकी इस  विदाई पर उससे नज़र मिलाने का साहस  नहीं जुटा  सका । हवा पर सवार रहने की आदी सुरइया के पाँव ऐसे उठ रहे थे जैसे नाल की जगह किसी ने उसके कत्थई खुरों में चक्की के पाट ठोक दिये हों । पिता जी अपनी विवशता और उसकी आज्ञाकारिता पर फफक – फफक कर रो दिये ।  दादी के देहावसान के बाद पिछले तीस बरसों के अंतराल में लोगों ने उन्हें पहली बार अपनी भावनाओं को यूं स्वतंत्र छोड़ते देखा । सूर्या जीजी जैसी प्यारी बेटी की विदाई पर आँसू छलक आना कोई अनहोनी  बात तो नहीं थी पर निश्चय ही, उस दिन पिता जी सूर्या जीजी के लिए नहीं रोये थे ।
 शायद उस घर में विवाह से सूर्या जीजी का इंकार ही ठीक था । वहाँ सुरैया की तो क्या, खुद उन्हीं की कदर नहीं हुई । जीजी ने बहुत कुछ सहा पर वो मर्यादित परिवार की ,  संस्कारों की डोर से बंधी इंसान की बेटी ,आजीवन उस परिवार में रहने का साहस जुटा  पाईं, परंतु  सुरइया की अपनी विवशता थी आखिर वह पशु पुत्री, ऐसी मर्यादाओं में बंधना  कैसे सीख पाती । उसने तो की बस अपने मन की, जीजी की ससुराल के एक भी सदस्य को, एक भी बार, ढंग से सवारी नहीं दी ।  बेसन के लड्डुओं पर पलने वाली पिताजी की उस लाड़ली ने, उपेक्षा से डाले गए चारे को सूंघा तक नहीं । भले ही उसका दो सौ पाँच हड्डियों का ढांचा सूखकर मात्र सौ हड्डियों का सा ही क्यों न दिखने लगा ।  उसकी इस अनुशासन हीनता पर, उसके साथ दुगना दुर्व्यवहार हुआ । उसके दाग रहित झक सफ़ेद रंग के नरम – नरम रोएँ जगह – जगह हंटरों की तस्वीर खुद पर उतारे खड़े थे ।
 सूर्यबाला जीजी ने जब हड्डियों का पिंजर बनी उस उदास सुरइया को अपनी ससुराल में पहली बार देखा तो वो बेतहाशा रोईं थीं और एक जानवर  के कारण रो कर घर में  अपशगुन फैलाने के लिए अपनी सासू  माँ से  खूब लताड़ भी खाई थी उन्होने उस दिन  । उसी दिन उन्होने पिता जी को  सुरइया  को वापस ले जाने का आग्रह भरा पत्र भी लिखा था । पिताजी ने भी अपना अहं त्यागकर जीजा जी के मुच्छड़ ताऊ जी को सुरइया को वापस भेजने का आग्रह भरा, एक विनम्र पत्र लिखा था । संवेदनाओं, आग्रह, विनती,और  विनम्रता से भरे पत्र के उत्तर में एक पत्र ही आया, बेहद रूखा और असभ्यता से भरा, जिसका सबसे भद्दा वाक्य  था कि , “दहेज में दी हुई चीजें वापस मांग लेने वालों का क्या भरोसा कल अपनी बेटी ही वापस मांग लें ।“
 उसके बाद उनके और पिता जी के बीच कोई वार्तालाप नहीं हुआ न मौखिक, न लिखित । सुरइया को अपने लिए नकारा जानकार सूर्या जीजी के ससुरालियों ने उसे अपने किसी रिश्तेदार को दे दिया । पर वो वहाँ लंबे समय तक नहीं रह सकी थी वहाँ  से चली गई थी, कहाँ ये कोई नहीं जान पाया ।सूर्यबाला जीजी तो जीवन भर हमारे घर आती जाती रहीं पर वो मानिनी अपनी  मर्ज़ी के खिलाफ एक बार घर से विदा होकर फिर कभी वापस नहीं लौटी ।  कितना रोष रहा होगा उसके मन में खुद को घर से अलग किए जाने का, या शायद जानती थी कि उसके इस तरह लौट आने पर पिता जी को जीजा जी के ताऊ जी के सामने शर्मिंदा होना पड़ता ।  ।
 उस बरस हमारे घर में बड़ी आपदाएँ आईं । चैत में सूर्यबाला जीजी का ब्याह हुआ था , बैसाख में खलिहान में रखे हमारे कटे - कटाए गेहूं  पलों में जलकर राख़ हो गए ,कौन जाने क्यों धान की बालियों में दाना नहीं पड़ा, माँ इतनी ज्यादा बीमार हुईं कि लगभग मरकर  ही ज़िंदा हुईं ।  पिता जी भी महीनों  अवसाद में रहे, हम इलाहाबाद वाली ज़मीन का मुकदमा हार गए और भी ना जाने क्या - क्या छोटे - बड़े, अनेक नुक्सान हुए ।
 यूं तो मेरा जन्म ही सुरैया के जाने के बाद हुआ था, सो मैंने उसे कभी देखा तो नहीं पर रोज़ पिताजी से कहानियाँ सुनने के मेरे शौक ने , बल्कि लत ने सुरइया से मेरा परिचय कराया और खूब कराया रामायण, महाभारत  आदि अनेक पौराणिक कहानियाँ सुनाने के  बाद पिता जी रोज़ मुझसे  सुरैया की कोई चुनिन्दा स्मृति सांझा करते और फिर  बड़े मलाल से कहते, "वैसे तो घोड़ों की आयु पच्चीस से तीस बरस ही होती है परंतु अगर सुरैया मेरे पास रह गई होती तो मैं यकीनन ये दिखा पाता कि अच्छी देख भाल के साथ वो ज़्यादा भी जी सकते हैं ।" यह कहते हुए उनकी  मोटी  - मोटी  आँखों में  लगभग रोज़ ही आँसू तिर  जाते जिन्हें वो मुझसे छिपा लेने का भरसक प्रयास करते ।  अक्सर छुपा भी लेते पर कभी - कभी वो उदण्ड होकर आँसू आँखों  से बाहर दौड़ पड़ते और उनकी छोटी सी बेटी के सामने उन्हें कमजोर दिल का  साबित कर देते । पिता जी की लाड़ली सुरैया का दर्द अक्सर उनके साथ - साथ मेरी  आंखों से भी रिस पड़ता । इस तरह सुरैया से मेरी  घनिष्ठता भी कमोबेश  उतनी ही हो गई थी जितनी पिता जी की अपनी । आज जब मैं बड़ी हो गई हूँ तब पूरी तरह  समझ सकती हूँ कि कितने प्यार से पाला होगा पिताजी ने सुरैया को और कुछ बात तो उसमें भी विशेष रही ज़रूर होगी, जो मात्र दस बारह बरस के साथ को पिता जी मरते दम तक भुला नहीं पाये ।शायद यही होता है  असली प्रेम जो किसी इंसान या जानवर का भेद नहीं करता ।